Blog

  • अंतर महाविद्यालय टूर्नामेंट में एस एन एस पेश करेगी मजबूत दावेदारी: प्राचार्य

    अंतर महाविद्यालय टूर्नामेंट में एस एन एस पेश करेगी मजबूत दावेदारी: प्राचार्य

    टिकारी संवाददाता: मगध विश्विद्यालय अंतर महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में कई वर्षों के बाद सत्येंद्र नारायण सिन्हा कालेज की क्रिकेट टीम भाग लेगी। टीम चयन के लिए शुक्रवार को कालेज परिसर में ट्रायल का आयोजन किया गया। जिसमे काफी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों को चार कटेगरी यथा गेंदबाज, बल्लेबाज, विकेट कीपर और आल राउंडर में बांटा गया। ट्रायल में खिलाड़ियाें की हुनर को परखा गया। क्रिकेट के जानकारों की मौजूगदी में ट्रायल का आयोजन किया गया। सभी खिलाड़ियों को सामान्य माैके दिया गया। कई खिलाड़ियों ने अपने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं के सामने दावेदारी पेश की है। कालेज के खेल प्रभारी प्रो. राज कुमार ने बताया कि ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों की सूची जल्द जारी की जाएगी।

    वंही कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डा. उदय पासवान ने कहा कि क्रिकेट प्रतियोगिता अक्टूबर महीने के अंतिम में होना है। तैयारी के लिए चयनित खिलाड़ियों को भी ट्रायल मैच ख़िलाया जाएगा। उन्हें जरूरी कीट प्रदान किये जाएंगे। कालेज अंतर महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी जोरदार दावेदारी पेश करेगी। सिड्यूल के अनुसार खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान परीक्षा नियंत्रक डा. दीनदयाल गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रो. शशि रंजन, डा. मनोज कुमार, प्रो. शक्ति कुमार पासवान, डा. कुमार गौरव, डा. गीता कुमारी, प्रो. उपासना बेसरा, डा. आरती कुमारी, डा. कुणाल कुमार यादव मौजूद थे। प्रो. राज कुमार के साथ सुधीर चौधरी, चंदन कुमार, अविनाश ने खिलाड़ियों का ट्रायल लिया। ट्रायल में उत्तम कुमार, राकेश कुमार, नीरज, अनिश, दिनेश, अनमोल, अंकित, पप्पू, सत्यम, रीतेश, अभिषेक, रुपेश आदि शामिल हुए।

  • सीयूएसबी के लीगल एड क्लिनिक में साइबर सुरक्षा की दी गयी जानकारी

    सीयूएसबी के लीगल एड क्लिनिक में साइबर सुरक्षा की दी गयी जानकारी

    टिकारी संवाददाता: सीयूएसबी के स्कूल आफ ला एंड गवर्नेंस में संचालित लीगल एड क्लिनिक द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह व डा. सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गया रेलवे स्टेशन पर जागरूकता शिविर लगाया गया। जिसमे पासवर्ड सुरक्षा, दो-चरणीय सत्यापन, ओटीपी सुरक्षा, सोशल मीडिया, धोखाधड़ी, संरक्षित वेबसाइटों का उपयोग, एंटीवायरस साफ़्टवेयर और बैंकिंग लेनदेन जैसे विषयों के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया।

    सीयूएसबी की टीम ने अक्षरों, संख्याओं और प्रतीकों के मिश्रण का उपयोग करके विभिन्न आनलाइन खातों के लिए मजबूत, अद्वितीय पासवर्ड बनाने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गयी। साथ ही दो-चरणीय सत्यापन को सक्षम करने के महत्व पर जोर दिया गया और ओटीपी साझा करने के खतरों की जानकारी दी गयी। बैंकिंग लेनदेन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया विज्ञापन धोखाधड़ी जैसी समस्याओं से बचने की सलाह दी गयी। कार्यक्रम में डा एस.पी. श्रीवास्तव, डा पवन कुमार मिश्रा, डा सुरेंद्र कुमार, डा अनंत प्रकाश नारायण, डा चंदना सूबा आदि मौजूद थे।

  • पड़ोसी की खुदाई से गिरी घर का दीवार, जनता दरबार में पहुंचा मामला, डीएम ने जांच का दिया आदेश

    पड़ोसी की खुदाई से गिरी घर का दीवार, जनता दरबार में पहुंचा मामला, डीएम ने जांच का दिया आदेश

    गया। जिले में हर शुक्रवार को होने वाला जनता दरबार इस सप्ताह स्थगित रहा, लेकिन जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने कुछ आवश्यक मामलों की सुनवाई की। दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

    मोहनपुर प्रखंड के इटवा गांव निवासी राज कुमार मालाकार ने एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोसी ने बगल की खाली जमीन में गड्ढा खोदा, जिससे उनके पुश्तैनी मकान की दीवार ढह गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत जांच के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने बताया कि ऐसे भूमि विवाद संबंधी मामलों की सुनवाई हर शनिवार को स्थानीय थाने में की जाती है।

    एक अन्य प्रकरण में, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महसूद आलम ने शिकायत की कि कुछ दबंग लोग उनकी खुद की जमीन पर मकान बनाने में बाधा डाल रहे हैं। जिलाधिकारी ने इस मामले में अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को संयुक्त रूप से सुनवाई करने का निर्देश दिया।

    दरबार में एक और महत्वपूर्ण मुद्दा उठा जब अतरी, मोहड़ा और नीमचक बथानी के चार जलछाजन सचिवों ने अपना 10 महीने का बकाया वेतन न मिलने की शिकायत की। यह मामला प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना से जुड़ा हुआ था। जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारी को इस मामले की गहन जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

    जनता दरबार में जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जिनमें डीडीसी, एडीएम (राजस्व), ओएसडी, डीपीआरओ (पंचायत और जनसंपर्क), और सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण शामिल थे। यह दरबार स्थानीय प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी मंच साबित हो रहा है, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाता है।

  • विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को दी गई भावभीनी विदाई, लक्खीसराय के बनाए गए सीजेएम

    विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को दी गई भावभीनी विदाई, लक्खीसराय के बनाए गए सीजेएम

    ✍️देवब्रत मंडल

    गया जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव आशीष कुमार अग्निहोत्री का स्थानान्तरण सिविल कोर्ट लखीसराय में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के पद पर हो गया है। उनके सम्मान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय गया में शुक्रवार को विदाई समारोह आयोजित किया गया। कर्मचारियों ने शॉल और बुद्ध भगवान की स्मृति चिन्ह देकर सचिव महोदय को सम्मानित किया। साथ LDCS के अधिवक्ताओं ने भगवान विष्णु के चरण चिन्ह देकर सचिव को सम्मानित किया।

    विदाई समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कर्मियों ने सचिव आशीष कुमार अग्निहोत्री के व्यक्तित्व व कृतित्व के साथ ही उनके कार्यकाल की चर्चा की गई। समारोह में सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकार कर्मचारीगण हादी अकरम, प्रतुल कुमार, विकास कुमार, मनीष प्रकाश, उदय कुमार, राणा कुमार, अनिल कुमार एवम LDCS अधिवक्तागण चीफ लीगल एड डिफेंस कौंसिल मुकेश चन्द्र सिंहा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस कौंसिल कृष्ण कुमार पाठक, डिप्टी लीगल एड डिफेंस कौंसिल नीरज अखौरी भी मौजूद थें।

  • नवोदय विद्यालय छात्र हत्याकांड: 14 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

    नवोदय विद्यालय छात्र हत्याकांड: 14 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

    गया, 9 अगस्त 2024: गया के तेतर डैम में मिले जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र के शव मामले में घटना के 14 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी न होने के बीच आज एक बड़ा घटनाक्रम हुआ, जब गया के वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की प्रगति की समीक्षा की।

    वरीय पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम के साथ तेतर डैम पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मृतक छात्र के शैक्षणिक संस्थान और आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा किया। अंत में, अतरी थाना पहुंचकर उन्होंने मामले की विस्तृत समीक्षा की और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में 26 जुलाई को अतरी थाना में कांड संख्या 274/24 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक, गया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। हालांकि, दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जो चिंता का विषय बना हुआ है।

    जांच टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नीमचक बथानी), अतरी थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस कर्मी और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल हैं। साथ ही, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीमों की भी मदद ली जा रही है।

    गया एसएसपी आशीष भारती ने बताया, “हमारी टीम आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित कर रही है। हम जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम समझते हैं कि समय बीत रहा है, लेकिन हम हर संभव कोण से जांच कर रहे हैं।”

    गौरतलब है कि 25 जुलाई को प्रिंस कुमार नामक 11वीं कक्षा का छात्र बाल कटवाने के बहाने विद्यालय से निकला था और फिर लापता हो गया था। 27 जुलाई को उसका शव तेतर डैम में पत्थर से बंधा हुआ मिला था।

    इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए हैं। विशेषकर, तेतर डैम की सुरक्षा और विद्यालय के सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगे हैं।

    स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वे न्याय की मांग के साथ-साथ जांच की धीमी गति पर भी सवाल उठा रहे हैं। पुलिस के इस नवीनतम कदम से उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा हो सकेगा और दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जाएगा।

    पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वे इस मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर होंगे बड़े बदलाव, यात्रियों के लिए उन्नत सुविधाओं की सौगात

    डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर होंगे बड़े बदलाव, यात्रियों के लिए उन्नत सुविधाओं की सौगात

    डेहरी ऑन सोन, 09 अगस्त 2024: यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत आने वाले डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का समग्र विकास किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनका असर जल्द ही जमीनी स्तर पर देखने को मिलेगा।

    क्या-क्या बदल रहा है?

    डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर अब यात्रियों के लिए यात्रा और भी आरामदायक होने वाली है। प्लेटफार्म संख्या 2/3 और 4/5 पर न केवल लिफ्ट की सुविधा दी जा रही है बल्कि सर्कुलेटिंग एरिया में भी एक लिफ्ट लगाई जा रही है। इसके अलावा, उपरिगामी पैदल पुल के पास स्वचालित सीढ़ी की भी स्थापना की जा रही है, जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में कोई परेशानी न हो।

    वाहन पार्किंग क्षेत्र

    ट्रेन पर चढ़ना-उतरना होगा और भी आसान

    प्लेटफार्म संख्या 4/5 का उच्चीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों के लिए ट्रेन पर चढ़ना-उतरना और भी आसान हो जाएगा। प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर पश्चिमी दिशा में एक अतिरिक्त यात्री शेड की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे यात्रियों को धूप और बारिश से बचाव मिलेगा।

    सौंदर्यीकरण और अन्य सुविधाएं

    स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, पीने के पानी की व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, ज्यादा बैठने की व्यवस्था और अतिरिक्त पार्किंग एरिया के विकास का काम भी तेजी से चल रहा है। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा उपरिगामी पैदल पुल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

    भविष्य की योजनाएं

    डेहरी ऑन सोन स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें उन्नत यात्री सुविधाओं के साथ-साथ कई अन्य विकास कार्य भी शामिल हैं। रेल प्रशासन का कहना है कि यह सभी कार्य जल्द ही पूरी तरह से संपन्न होंगे, जिससे यात्रियों को एक बेहतरीन यात्रा अनुभव मिलेगा।

    इस विकास कार्य के बाद, डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर यात्रा करना एक नया अनुभव होगा। यात्रियों के लिए यह सुविधाएं न केवल उनकी यात्रा को आरामदायक बनाएंगी बल्कि स्टेशन पर समय बिताना भी और सुखद हो जाएगा।

  • ना तो चेक, ना कोई मैसेज और बैंक अकाउंट से निकल गए 28 लाख रुपए, मामला अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल बोधगया से जुड़ा

    ना तो चेक, ना कोई मैसेज और बैंक अकाउंट से निकल गए 28 लाख रुपए, मामला अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल बोधगया से जुड़ा

    ✍️देवब्रत मंडल

    ये साइबर ठगी या फिर फ़्रॉड या साइबर क्राइम का मामला है? या फिर बैंककर्मियों की सोची समझी साजिश के तहत गबन का मामला है? यह कहना मुश्किल है लेकिन खाताधारी एक ग्राहक का आरोप है कि उसके खाते से लाखों रुपए निकल गए हैं। यह मामला अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल बोधगया से जुड़ा हुआ है। खाताधारी ने पीएनबी बैंक के कर्मचारियों के मिलीभगत से अकाउंट से पैसे निकालने का ने आरोप लगाया है। वो एक दो लाख रुपए की बात नहीं बल्कि 28 लाख रुपए का मामला है। इस वक्त बोधगया में एक हैरान कर देने वाली मामला सामने आया है। जिसमें एक खाताधारी के पीएनबी के बोधगया की शाखा के अकाउंट से 28 लाख रुपए एक दिन में निकल गया है। पैसे निकालने के लिए कस्टमर ना तो किसी को चेक दिया है और ना ही पैसे निकलने का कोई मैसेज ही उसके मोबाइल पर आया है।

    पीड़ित ने साइबर थाना में दर्ज कराई शिकायत

    इस संबंध में पीड़ित बैंक ग्राहक ने बुधवार को गया के साइबर थाने में एक आवेदन दिया है। इसके बाद पीड़ित गुरुवार को पीएनबी बोधगया शाखा में पहुंचा और बैंक के कर्मचारियों पर मिलिभगत का आरोप लगाते हुए रुपये निकाल लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित की बात सुनकर बैंक के प्रबंधक सहित सभी कर्मी हैरान हैं।

    बैंक स्टेटमेंट निकाला तो बैलेंस शून्य बताया

    साइबर ठगी का शिकार हुए बोधगया पच्छहट्टी के रहने वाले कौशल कुमार गुरुवार को बैंक की शाखा में पहुंचे। इस संबंध में बैंक के मैनेजर को अवगत करवाते हुए पैसे कैसे निकला इसकी जानकारी मांगी है। इस संबंध में कौशल ने बोधगया थाने में भी लिखित शिकायत की है। कौशल ने बताया कि 6 अगस्त की शाम जब पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपए निकालने गए तो उनका अकाउंट का बैलेंस शून्य बताया। यह देख उसके होश उड़ गए। यहां से सीधे कौशल बोधगया स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा पहुंचे। स्टेटमेंट निकाला तो उसे मालूम हुआ कि वे साइबर ठगी के शिकार हो चुके हैं। एकाउंट से पांच- पांच हजार रुपए करके एक दिन में 28 लाख 46 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिया गया है।

    पीड़ित ग्राहक का मोबाइल(सिम) अचानक बंद हो गया था

    पीड़ित कौशल ने बताया कि 4 अगस्त को उसका मोबाइल जो बैंक के खाता से लिंक था वो अचानक बंद हो गया। जब वे मोबाइल बनाने वाले मिस्त्री को दिखाने गए तो मालूम हुआ कि उसको नया सिम कार्ड लेना पड़ेगा। 5 अगस्त को नया सिम कार्ड मिला। उसने बताया कि 6 अगस्त को जब अपने एटीएम से रुपए निकालने गए तो अकाउंट शून्य बताया। इसके बाद हम तुरंत पंजाब नेशनल बैंक शाखा बोधगया पहुंचे और इसकी शिकायत की तो बैंक प्रबंधक ने साइबर थाना जाने की सलाह दी। पीड़ित ने बैंक की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि एटीएम या नेट बैंकिंग की एक लिमिट होती है लेकिन उसके एकाउंट से एक दिन में 28 लाख रुपए कैसे निकल गए? सभी रुपए 5 अगस्त को 5-5 हजार करके ट्रांसफर किया गया हैं। यह बैंक की व्यवस्था और कर्मियों के कार्यशैली पर सवाल खड़ी कर रही है।

    शिकायत दर्ज, बैंक के द्वारा भी कराई जा रही जांच

    बहीं बैंक के अधिकारियों के ओर से बताया जा रहा है कि हेड ऑफिस के स्तर पर व नोडल ऑफिस से ट्रांजेशन इसकी जांच कराई जा रही है। जिसका प्रोग्रेस बहुत ही जल्द दिख जाएगा।
    बहरहाल कौशल इस ठगी के बाद बैंक के कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं लेकिन यह मामला सायबर ठगी या फ़्रॉड का है या फिर कुछ और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

    रजौली पीएनबी शाखा में भी कुछ दिन पहले हुई करोड़ रुपए की निकासी

    बता दे कि कुछ दिन पहले बिहार के नवादा जिले के रजौली के पीएनबी शाखा से पीएनबी मेट लाइफ इन्सुरेंस की एक बड़ी राशि के गबन का मामला सामने आने पर तत्कालीन बैंक प्रबंधक समेत छह बैंककर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। जिसकी जांच में यह मामला सामने आया था कि बैंक के ही कर्मियों के मिलीभगत से एक करोड़ रुपये से अधिक की निकासी बैंककर्मियों ने मिलकर ही कर ली थी। एक अलग खाता उसी बैंक में खोलकर इन्सुरेंस की राशि का चेक क्लेरेन्स कर आपस में बांट लिए थे।

  • पीएम स्वनिधि योजना में गया नगर निगम सूबे में पहले पायदान पर

    पीएम स्वनिधि योजना में गया नगर निगम सूबे में पहले पायदान पर

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम द्वारा 5 से 10 अगस्त 2024 तक पीएम स्वनिधि योजना का विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा भा.प्र.से ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत फुटपाथ विक्रेता को तीन प्रकार के ऋण उपलब्ध कराए जाते हैं। जिसमें प्रथम लोन ₹10,000 द्वितीय लोन ₹20,000 एवं तृतीय लोन ₹50,000 दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया गया नगर निगम पीएम स्वनिधि योजना में बिहार में प्रथम स्थान पर है। प्रथम लोन में 6391 लक्ष्य के विरुद्ध 6110, द्वितीय लोन में 2041 लक्ष्य के विरुद्ध 1780, एवं तृतीय लोन में 89 लक्ष्य के विरुद्ध 314, इस प्रकार प्रथम लोन में अब तक 95.60% द्वितीय लोन में 93.80% एवं तृतीय लोन में 264.04% की उपलब्धि गया नगर निगम के द्वारा प्राप्त की गई है। नगर आयुक्त ने फुटपाथ विक्रेताओं को अधिक से अधिक संख्या में कैंप में आकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

  • रेलयात्री का बैग लेकर भाग रहा अपराधी प्लेटफॉर्म पर ही दबोच लिया गया, भेजा गया जेल

    रेलयात्री का बैग लेकर भाग रहा अपराधी प्लेटफॉर्म पर ही दबोच लिया गया, भेजा गया जेल

    देवब्रत मंडल

    गुरुवार को आरपीएफ एवं जीआरपी के बल सदस्य संयुक्त रूप से प्लेटफार्म पर अपराधी गतिविधियों निगरानी रख रहे थे। इसी क्रम में पिलग्रिम प्लेटफार्म की तरफ पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति एक बैग लेकर दौड़ते हुए हावड़ा छोर की तरफ भाग रहा है। जिस पर शक होने पर बल सदस्यों के सहयोग से घेर कर उसे पकड़ लिया गया। आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मोनू कुमार (काल्पनिक) जिला गया बताया। उसके पास के बैग के बारे में पूछने पर वह घबरा गया। इतने में एक यात्री पीछे से शोर मचाते हुए आया और पकड़े व्यक्ति के पास के कब्जे के बैग को पहचानते हुए कहा कि यह बैग उसका है। यात्री ने बताया कि उसका बैग कुछ समय पहले प्लेटफार्म से चोरी हो गया है।

    तत्पश्चात उपस्थित गवाहों के समक्ष पकड़े गए बैग की तलाशी ली गई जिसे यात्री ने उसमें रखे सामान को अपना होना पुष्टि किया। बैग के सत्यापन उपरांत उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार आरपीएफ द्वारा मौके की कार्रवाई करते हुए पकड़े गए व्यक्ति को यात्री के साथ जीआरपी थाना गया ले गए। जहां यात्री राजकुमार ठाकुर पिता जामुन ठाकुर पता नयाटोला हसनपुर, पोस्ट हसनपुर गुर्दा,थाना महनार बाजार, जिला वैशाली द्वारा दिए गए लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी थाना में कांड संख्या 191/2024 दिनांक 08.08.24 अंतर्गत धारा 305 एवं 317 (02) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया। उन्होंने बताया बरामद सामान का कुल मूल्य ₹10,000/ आंका गया है।

  • गया बना राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन, नन्हे तीरंदाजों ने दिखाया अपना दम

    गया बना राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन, नन्हे तीरंदाजों ने दिखाया अपना दम

    गया। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित तृतीय राजा कर्ण राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में गया ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। 6 से 8 अगस्त तक चली इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन गुरुवार को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव पंकज राज ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।

    गया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 09 गोल्ड, 08 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल जीते। इस प्रकार गया ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। पिछले वर्ष की चैंपियन टीम बी.एस.एस.ए. इस बार दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में भोजपुर, औरंगाबाद, आरा, रोहतास, शाहिद और अन्य जिलों से लगभग 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें गया के नन्हे तीरंदाजों ने विशेष योगदान दिया।

    आदर्श कुमार ने अंडर 10 रिकर्व श्रेणी में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया, जो गया की सफलता में एक और महत्वपूर्ण योगदान है।

    आर्चरी कोच जय प्रकाश भावुक होकर बोले, “यह ट्रॉफी उन नन्हे तीरंदाजों को समर्पित है जिन्होंने कठिन परिश्रम करके गया को ओवरऑल चैंपियन बनाया।” गया की इस सफलता पर महानिदेशक खेल प्राधिकरण रविंद्र संकरण, गया जिला खेल पदाधिकारी नरेश चौहान, मगध आर्चरी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. रतन कुमार, कोषाध्यक्ष अंजय कुमार, राकेश कुमार, अखिलेश कुमार, धर्मदेव दास, विवेकानंद भास्कर, सतीश कुमार और अन्य लोगों ने बधाई दी है।