Blog

  • कारगिल शहीदों की उपेक्षा पर फूटा गुस्सा: पंडित यदुनंदन शर्मा सेवा आश्रम ट्रस्ट अध्यक्ष ने उठाई सम्मान की मांग, सरकार की संवेदनहीनता पर जताया दुख

    कारगिल शहीदों की उपेक्षा पर फूटा गुस्सा: पंडित यदुनंदन शर्मा सेवा आश्रम ट्रस्ट अध्यक्ष ने उठाई सम्मान की मांग, सरकार की संवेदनहीनता पर जताया दुख

    टिकारी संवाददाता: भारत देश आजादी के अमृत महोत्सव और अमृत काल मना रहा है लेकिन वतन की सुरक्षा मे जान न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को उचित सम्मान मयस्सर नहीं हुआ है। जो दुखद होने के अलावा शर्मनाक भी है। उक्त बाते पंडित यदुनंदन शर्मा सेवा आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष रविशंकर कुमार ने टेकारी प्रखंड के कुतुलूपुर के कारगिल युद्द मे शहीद हुए रामपुकार शर्मा के परिजनों से मुलाकात के दौरान कहा। उन्होंने ट्रस्ट की ओर से शहीद के प्रतिमा पर अंग वस्त्र रख श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उनके माता बच्ची देवी को अंग वस्त्र से सम्मानित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

    शहीद के माता से उनके जन्मभूमि और स्मारक का मिट्टी ग्रहण किया। इस दौरान माता सहित सभी की आंखे नम हो गई। माता की अपने लाल के शहादत को याद कर गला भर आई।उन्होंने बताया कि कारगिल युद्द के 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी शहीद के सम्मान में हुए घोषणा आजतक जमीन उतर नहीं पाई है न ही पटना में कारगिल विजय स्मारक में इनका नाम दर्ज हुआ है। इस मिट्टी को कारगिल विजय स्मारक पटना में स्थापित किया जाएगा। सरकार और जनप्रतिनिधियों की संवेदना मर चुकी है। इनके गांव में जाने वाली सड़क और इनके नाम पर तोरणद्वार जैसे मामूली घोषणा का अबतक पूरा नहीं होना इसका उदाहरण है।

    परिजनों को आज भी सरकारी घोषणाओं के पूरा होने के इंजतार कर रहे हैं।कमोवेश धर्मशाला के दूसरे कारगिल शहीद मिथिलेश पाठक की है। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा कि पंचानपूर स्तिथ दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय मे दोनो शहीद की प्रतिमा स्थापित कर मुख्य द्वार इनके नाम से किया जाए। जल्द ही योजना बना कर दोनो शहीदों के स्मारक की मिट्टी पटना ले जाया जाएगा। प्रधानमंत्री राज्यपाल मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसके लिए मांग किया जाएगा। इस समाजसेवी हिमांशु शेखर सहित परिजन उपस्थित थे।

  • बेलागंज बाजार में चोरों की बड़ी वारदात, चोरों ने लाखों का सामान उड़ाया

    बेलागंज बाजार में चोरों की बड़ी वारदात, चोरों ने लाखों का सामान उड़ाया

    बेलागंज: बेलागंज बाजार में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य सड़क पर स्थित एक घर और दुकान को निशाना बनाकर लगभग तीन लाख रुपए के सामान की चोरी कर ली। चोरों ने इतनी चालाकी से इस वारदात को अंजाम दिया कि घर के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

    पीड़ित सचिन कुमार, जो स्वर्गीय रामाशंकर गुप्ता के पुत्र हैं, ने बताया कि रविवार की रात सभी परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने के कंगन, मंगलसूत्र, हार के अलावा घर में मौजूद मोबाइल दुकान से दो वीवो सेट, एक ओपो सेट, दो आईटेल सेट, और एक ओटोपी सेट सहित कुल आधा दर्जन मोबाइल फोन चुरा ले गए।

    सुबह जब गृहस्वामी को चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी बेलागंज थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।

  • बेलागंज में अवैध शराब और हथियार के साथ कारोबारी गिरफ्तार

    बेलागंज में अवैध शराब और हथियार के साथ कारोबारी गिरफ्तार

    बेलागंज: बेलागंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और हथियार रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। प्रशिक्षु डीएसपी सदानंद कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 17 बोतल विदेशी शराब और एक देसी कट्टा बरामद किया है।

    सूत्रों के अनुसार, श्रीपुर गांव से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान शराब कारोबारी विद्यानंद कुमार को गिरफ्तार किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से हथियार के बल पर अवैध शराब का कारोबार चला रहा था।

    प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष सदानंद कुमार ने बताया, “हमने 17 बोतल विदेशी शराब के साथ-साथ एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। आरोपी विद्यानंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया है।”

    उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षु डीएसपी सदानंद कुमार के बेलागंज थाने में पदभार संभालने के बाद से क्षेत्र में शराब माफिया और बालू माफिया पर कार्रवाई में तेजी आई है। यह गिरफ्तारी इसी कड़ी का एक हिस्सा है।

    स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस तरह की कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार होगा।

  • कालका मेल में यात्री के लाखों के आभूषण की चोरी, आरपीएफ व जीआरपी ने गिरोह का किया उदभेदन

    कालका मेल में यात्री के लाखों के आभूषण की चोरी, आरपीएफ व जीआरपी ने गिरोह का किया उदभेदन

    ✍️देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर हुई हीरे, सोने आदि के जेवरात की चोरी के मामले में आरपीएफ़ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने इस घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी गए डायमंड जड़ित आभूषण को केवल बरामद ही नहीं किया। बल्कि इस गिरोह में शामिल अपराधियो के छिपे हुए ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
    गया जंक्शन के आरपीएफ़ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश एवं रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि दिनांक 23.7.2024 को जीआरपी गया में 176/24 कांड संख्या अज्ञात के विरुद्ध पंजीकृत किया गया था। इसके बाद निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ गया अजय प्रकाश एवं थानाध्यक्ष जीआरपी गया राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में इस कांड के उद्वभेदन हेतु वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त डीडीयू एवं पुलिस अधीक्षक रेल पटना महोदय के आदेश के अनुपालन में एक संयुक्त टास्क टीम का गठन किया गया।

    पीड़ित यात्री आशीष पोद्दार ने दर्ज कराई थी शिकायत

    पीड़ित रेलयात्री आशीष पोद्दार द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो घटनास्थल सत्य पाया गया। गाड़ी संख्या 12311 कालका मेल (नेताजी एक्सप्रेस) गया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर सुबह 05.10 बजे आई और गाड़ी खुलने के बाद पीड़ित कोच के बगल वाले एसी कोच से एक व्यक्ति को गया स्टेशन से खुलने के तुरंत बाद कूदते हुए पाया गया। इसके बाद वह प्लेटफॉर्म 01 से फुट ओवर ब्रिज से होकर प्लेटफॉर्म नंबर 06/07 पर पहुंचा और 06/07 से दूसरे फुट ओवर ब्रिज का उपयोग करते हुए प्लेटफार्म नंबर 02/03 पर उतर गया। इसके बाद गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी- कोलकाता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चढ़कर कोडरमा कस्टेशन की ओर प्रस्थान कर गया।इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया कि जांच के क्रम में ज्ञात हुआ कि आरोपी जीआरपी डीडीयू में मामला पूर्व में पंजीकृत किया गया है और जेल भी भेजा गया है।

    भोजपुर और सासाराम में की गई छापेमारी

    उन्होंने बताया जीआरपी डीडीयू के द्वारा समर्पित आरोप पत्र में अंकित पते का गुप्त रूप से सत्यापन किया गया। गुप्त तरीके से उसके द्वारा प्रयोग किया जा रहे मोबाइल नंबर को उपलब्ध किया गया। उसके टावर लोकेशन लिया गया। इसके बाद वरीय अधिकारी के आदेश पर आरपीएफ एवं जीआरपी गया तथा भोजपुर जिला के स्थानीय थाना सिमरी का सहयोग लेते हुए उसके घर से शेषनाथ राय उर्फ कंचन राय पिता राधेश्याम राय पता गायघाट थाना सिमरी जिला भोजपुर आरा को 04 अगस्त(रविवार) को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया छापेमारी के क्रम में एक अदद हीरे और सोने का गले का पेंडेड जिसका वजन 5.172 ग्राम, एक अदद गले का चेन जिसका वजन 5.640 ग्राम तथा एक अदद मोबाइल फोन उसके घर से बरामद किया गया।
    इसके निशानदेही पर बिहार के सासाराम जिला स्थित स्थानीय थाना नोखा के मदद से नोखा थाना क्षेत्राधिकार अंतर्गत एक दुकान में छापेमारी कर बेचे गए एक अदद डायमंड का कड़ा और एक अदद डायमंड की अंगूठी और एक सोने की गिन्नी को बरामद किया गया।

    चोरी का सामान बहन को दिया, बहन ने एक फाइनेंस कंपनी से लोन ले ली

    गिरफ्तार अभियुक्त अपने स्वीकारोक्ति बयान में यह भी बताया कि वह सामान को चोरी कर अपने बड़ी बहन के यहां बोकारो चला गया था। इनकी बड़ी बहन द्वारा एक चेन, एक रिंग, मोबाइल और घड़ी को रख लिया गया। जिसे इनकी बहन द्वारा मणिपुरम फाइनेंस में जमा कर दी और उसके एवज में 1,40,000 लोन ले ली। जिसमें से गिरफ्तार अभियुक्त को ₹60,000 दे दी थी। शेष सभी सामान अभियुक्त अपने पास लेकर अपने घर आ गया था।

    आरोपी को भेजा गया सेंट्रल जेल, पहले भी जा चुका है

    उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को दिनांक 5 अगस्त(सोमवार) को रेलवे कोर्ट गया में उपस्थापन के पश्चात न्यायिक हिरासत गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया। इस कांड के उदभेदन में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।

  • ब्रेकिंग न्यूज़: बेलागंज बाजार स्थित स्टेट बैंक शाखा में जनरेटर में लगी आग, मची अफरातफरी

    ब्रेकिंग न्यूज़: बेलागंज बाजार स्थित स्टेट बैंक शाखा में जनरेटर में लगी आग, मची अफरातफरी

    बेलागंज बाजार स्थित स्टेट बैंक शाखा में लगे जनरेटर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिससे बैंक में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। आग लगते ही सभी लोग तुरंत अपनी जान बचाने के लिए बैंक से बाहर निकल आए, जिससे वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई।

    सूचना मिलते ही बेलागंज थाने के अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना से किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन इसने सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर किया है।

  • गया में सूने घर में लाखों के जेवरात व नकद की हुई चोरी, घर लौटे तो मालिक के उड़ गए होश

    गया में सूने घर में लाखों के जेवरात व नकद की हुई चोरी, घर लौटे तो मालिक के उड़ गए होश

    देवब्रत मंडल

    गया-पटना एनएच-83 पर स्थित कंडी नवादा गांव में एक सूने घर से लाखों के जेवरात व नकद सहित अन्य सामान की चोरी की मामला सामने आया है। घटना कब हुई ये पता नहीं चल पाया है लेकिन घटना की जानकारी घर के लोगों को रविवार को हुई, जब परिवार के लोग कई दिनों बाद अपने घर लौटे। घर की स्थिति को देख मकान मालिक के होश उड़ गए। पीड़ित परिवार ने चंदौती थाना को इसकी सूचना दी। घटना स्थल पर पुलिस की टीम पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

    गया-पटना एनएच-83 पर स्थित महाबोधि आईटीआई कंडी नवादा के पास एक मोहल्ले में रहने वाले अनिल कुमार सिंह और उनकी पत्नी व पुत्र 26 जुलाई को किसी कार्य को लेकर पटना चले गए थे। अनिल सिंह ने पुलिस को बताया है कि 26 जुलाई को सपरिवार किसी काम से पटना चले गए थे। घर पर कोई नहीं था। रविवार को जब घर लौटे तो मुख्य दरवाजा के ताला को खोलकर अंदर प्रवेश किए तो देखा कि अन्य कमरों के ताले टूटे हुए हैं और घर में रखा सामान बिखरे पड़े हैं। जिस जगह पर सोने के जेवरात आदि रखा था वो नहीं है। अनिल सिंह और उनकी पत्नी अनिता सिंह ने पुलिस को बताया कि अपराधी घर के पीछे के दरवाजे का कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश करने के बाद चोरी की घटना को बड़े आराम से अंजाम दिया है। पीड़ित दंपति के अनुसार करीब 50 ग्राम सोने के जेवरात और करीब 30 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामानों की चोरी हुई है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

  • गया जिले में करंट की चपेट में आने से शिक्षक की मृत्यु

    गया जिले में करंट की चपेट में आने से शिक्षक की मृत्यु

    गया, 4 अगस्त 2024: गया जिले के फतेहपुर प्रखंड में एक दुखद घटना में, एक 40 वर्षीय शिक्षक की करंट लगने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान संडेश्वर निवासी पंकज कुमार सुमन के रूप में हुई है, जो मध्य विद्यालय भवारी खुर्द में प्रभारी प्रधानाध्यपक के पद पर कार्यरत थे।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पंकज कुमार अपने खेत में काम कर रहे थे। खेत में एक टूटा हुआ बिजली का तार गिरा हुआ था, जिससे वे अचानक संपर्क में आ गए। करंट लगते ही उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए गया रेफर कर दिया। दुर्भाग्य से, गया ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

    File photo


    यह घटना की खबर सुनते ही फतेहपुर प्रखंड के शिक्षक समाज और ग्रामीणों के बीच शोक की लहर पैदा कर दी है। विद्यालय भवारी कलां के एक सहकर्मी शिक्षक बासुदेव प्रसाद ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “पंकज जी न केवल एक कुशल शिक्षक थे, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी थे। उनका जाना हम सभी के लिए एक बड़ी क्षति है। वे हमेशा छात्रों और सहकर्मियों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनकी कमी हमें हमेशा खलेगी।”

  • बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने टैलेंट सर्च टेस्ट की तिथि बढ़ाई, जानें नई तारीख और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

    बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने टैलेंट सर्च टेस्ट की तिथि बढ़ाई, जानें नई तारीख और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

    पटना, 4 अगस्त 2024: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने कक्षा 6 से 12 के छात्रों के लिए आयोजित होने वाली “टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिकल साइंसेज 2023” की प्रतियोगिता परीक्षा की तिथि को बदल दिया है। अब यह परीक्षा 4 अगस्त 2024 के बजाय 01 सितंबर 2024 को आयोजित की जाएगी।

    परीक्षा तिथि और समय:

    संयोजक डॉ. विजय कुमार, जो कि कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पटना में गणित विभाग के प्रमुख भी हैं, ने बताया कि परीक्षा दो पाली में आयोजित की जाएगी:

    • प्रथम पाली: कक्षा 6 से 8 के छात्र, समय: 10:30 बजे से 11:30 बजे पूर्वाह्न।
    • द्वितीय पाली: कक्षा 9 से 12 के छात्र, समय: 12:30 बजे से 1:30 अपराह्न।

    एडमिट कार्ड डाउनलोड जानकारी:

    छात्र अपने एडमिट कार्ड बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://coaching.biharboardonline.com या बिहार मैथमेटिकल सोसायटी की वेबसाइट www.bmsbihar.org से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी छात्र को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में समस्या हो, तो वे जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से भी प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

    परीक्षा में शामिल होंगे कुल 77637 छात्र:

    इस प्रतियोगिता परीक्षा में कुल 77637 छात्रों ने पंजीकरण किया है, जिनमें से:

    • कक्षा 6 से 12622 छात्र
    • कक्षा 7 से 13368 छात्र
    • कक्षा 8 से 17144 छात्र
    • कक्षा 9 से 19344 छात्र
    • कक्षा 10 से 7880 छात्र
    • कक्षा 11 से 3976 छात्र
    • कक्षा 12 से 3303 छात्र

    परीक्षा केंद्र पर निर्देश:

    जिला संयोजक ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के 1 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र पर जूता-मौजा पहनकर आना निषेध है।

    परीक्षा प्रारूप:

    परीक्षा 100 अंकों की होगी जिसमें कुल 25 प्रश्न होंगे। किसी भी गलत उत्तर के लिए अंक नहीं काटे जाएंगे। प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम में उपलब्ध होंगे।

    चयनित छात्रों को मिलेगा पुरस्कार और प्रशिक्षण:

    इस प्रतियोगिता परीक्षा में चयनित छात्रों को पुरस्कृत करने के साथ-साथ विशेष प्रशिक्षण देने की भी योजना है।

    बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का यह कदम छात्रों को गणितीय विज्ञान में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगा और उनकी योग्यता को निखारेगा।

  • गयाजी रबर डैम पर से युवती ने फल्गु नदी में लगाई छलांग, बचाने के लिए कूद पड़े तीन युवक

    गयाजी रबर डैम पर से युवती ने फल्गु नदी में लगाई छलांग, बचाने के लिए कूद पड़े तीन युवक

    बिहार पुलिस के एक जवान ने नदी में डूबती युवती की बचाई जान

    ✍️देवब्रत मंडल

    गया के फल्गु नदी में बने गयाजी डैम पर से एक युवती ने छलांग लगा दी। जिसे देख एक युवक उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। इस बीच दो और युवक युवती को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। शनिवार को नदी में और दिनों की अपेक्षा पानी का तेज बहाव था। इस बीच इसकी सूचना जब विष्णुपद थाना को मिली तो एनडीआरएफ की टीम को राहत एवं बचाव के लिए भेजा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी बीच थोड़ी देरी के बाद मानपुर प्रखड़ के नारायण नगर से आ रहे बिहार पुलिस के एक जवान रामकुमार सिंह ने देखा कि युवती को बचाने के लिए तीन युवक प्रयास कर रहे हैं तो उन्होंने भी अपनी जान की परवाह किए बगैर नदी में उन्होंने में छलांग कर डूबते हुए लोगों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े।

    जिन्होंने युवकी को पानी के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकल लाया। वही एसडीआरएफ की टीम नदी के तेज बहाव में उतरी और तीनों युवकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। करीब दो घंटे चले इस ऑपरेशन में युवती और तीनों युवकों को बचा लिया गया।

    इस संबंध में विष्णुपद थानाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सूचना मिली कि रबर डैम से एक युवती ने छलांग लगा दी है और एक स्थान पर रुकी(अटकी) हुई है। दो युवक भी उसको बचाने के लिए कूद गए हैं। वरीय पुलिस पदाधिकारी को घटना की जानकारी दी गई। वरीय पुलिस पदाधिकारी ने एसडीआरएफ की टीम को तत्काल घटना स्थल पर भेजा। उन्होंने बताया एसडीआरएफ टीम के द्वारा सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। युवती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसका नाम श्यामा कुमारी है। जो कि सुनील कुमार दुबे की पुत्री है। युवती ने बताया कि मोहनपुर प्रखड़ के डेमा गाँव की रहने वाली है। नदी में क्यों छलांग लगाई के बारे में पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई की जा रही है

  • मोहनपुर: अवैध नर्सिंग होम में 5 वर्षीय बच्चे की मौत, चिकित्सक फरार, पत्नी हिरासत में

    मोहनपुर: अवैध नर्सिंग होम में 5 वर्षीय बच्चे की मौत, चिकित्सक फरार, पत्नी हिरासत में

    मोहनपुर, 3 अगस्त 2024 – गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मंझौली में एक अवैध नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह दुखद घटना स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति और क्षेत्र में फल फूल रहे कई अवैध नर्सिंग होम पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

    मृतक बच्चे की पहचान पीयूष कुमार के रूप में हुई है, जो सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के घुघरी गांव का निवासी किसून यादव का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, बुखार के कारण बच्चे को 2 अगस्त की शाम को डॉक्टर संतोष कुमार के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। हालांकि डॉक्टर ने बच्चे को ठीक करने का दावा किया था, लेकिन स्थिति बिगड़ने के बावजूद उसे रेफर नहीं किया गया।

    नर्सिंग होम को सील करते स्वास्थ विभाग के अधिकारी

    शनिवार की सुबह लगभग 9 बजे बच्चे की मृत्यु हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान चिकित्सक मौके से फरार हो गया। परिजनो ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

    घटना की सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएचसी मोहनपुर के प्रभारी पदाधिकारी ने नर्सिंग होम को तत्काल सील कर दिया। जांच में पता चला कि नर्सिंग होम से कई अवैध दवाएं, जिनमें प्रतिबंधित बेहोशी की दवाएं भी शामिल हैं, बरामद हुई हैं। इसके अलावा, चिकित्सक के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।

    पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है। साथ ही, जांच में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पुलिस ने फरार चिकित्सक की पत्नी को हिरासत में लिया है और पूछताछ के लिए मोहनपुर थाने ले जाया गया है।

    पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है। साथ ही, जांच में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पुलिस ने फरार चिकित्सक की पत्नी को हिरासत में लिया है और पूछताछ के लिए मोहनपुर थाने ले जाया गया है।

    प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि फरार चिकित्सक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    यह घटना क्षेत्र में चल रहे अवैध नर्सिंग होम और अनियमित चिकित्सा सेवाओं पर कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता को रेखांकित करती है। स्थानीय प्रशासन से इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है, जबकि फरार चिकित्सक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।