Blog

  • गया निवासी एक ही पिता के दो लाल, अवैध शराब की बिक्री कर हो रहे थे मालामाल

    गया निवासी एक ही पिता के दो लाल, अवैध शराब की बिक्री कर हो रहे थे मालामाल

    ✍️देवब्रत मंडल

    अवैध शराब के धंधे में साझेदारी कर मालामाल हो रहे एक पिता के दो लाल मद्य निषेध विभाग की टीम के हत्थे चढ़ गए। दोनों भाई उस वक्त पकड़े गए जब मद्य निषेध विभाग की टीम ने दोनों के पास रहे बैग की जांच की। दोनों भाइयों को रंगे हाथों बीयर के साथ पकड़े जाने पर खुलासा हुआ कि दोनों युवक सहोदर भाई है।
    सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने बताया कि समेकित जांच चौकी डोभी के पास से गुजर रहे दो युवकों को टीम ने रोका। पास रहे बैग की जांच की तो दोनों के बैग से बीयर निकले। उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक सहोदर भाई हैं। एक का नाम नवीन कुमार है और दूसरे का नाम प्रवीण कुमार। पिता का नाम स्व. भगवान सिंह है।

    जो साकिन आंती, फतेहपुर, थाना आंती, जिला गया का रहनेवाला है। उन्होंने बताया दोनों के पास से केन बीयर के 58 बोतल बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि समेकित जांच चौकी डोभी के पास मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर रामप्रीति कुमार के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब के परिवहन को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा था। टीम में अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार,सहायक अवर निरीक्षक अंजन कुमार साह, राहुल कुमार, दिलीप कुमार एवं सैप व मद्य निषेध विभाग के जवान शामिल थे।

  • जीबीएम कॉलेज में विश्व स्तनपान सप्ताह पर विशेष कार्यशाला

    जीबीएम कॉलेज में विश्व स्तनपान सप्ताह पर विशेष कार्यशाला

    माँ का दूध शिशुओं के सर्वांगीण विकास हेतु है अति आवश्यक: डॉ. सहदेब बाउरी

    जीबीएम कॉलेज में विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. सहदेब बाउरी ने की, जबकि संयोजन गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका कुमारी द्वारा किया गया। कार्यशाला में स्त्री रोग, प्रसूति एवं आइवीएफ विशेषज्ञ डॉ. वर्षा श्रीवास्तव को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया, जिनका स्वागत पौधा प्रदान करके किया गया।

    प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. बाउरी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए माँ के दूध को शिशु के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यावश्यक बताया और छात्राओं को डॉ. वर्षा द्वारा दी जाने वाली जानकारी को ध्यानपूर्वक सुनने और उसे जीवन में अपनाने की सलाह दी।

    डॉ. वर्षा श्रीवास्तव ने ‘क्लोजिंग द गैप: ब्रेस्टफीडिंग सपोर्ट फॉर ऑल’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि शिशु को जन्म से छः महीने तक केवल माँ का दूध देना चाहिए और इस दौरान पानी भी नहीं पिलाना चाहिए, क्योंकि दूध में ही जल की पूर्ति हो जाती है। उन्होंने स्तनपान के दौरान बरती जाने वाली सतर्कताओं और इसके फायदों पर भी प्रकाश डाला।

    गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका कुमारी ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से घर की महिलाओं को भी शिशुओं को नियमित रूप से स्तनपान कराने के फायदों के बारे में बताने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दो वर्षों तक माँ को शिशु के आहार का पूरा ध्यान रखना चाहिए ताकि कुपोषण जनित बीमारियों से बचा जा सके।

    डॉ. शगुफ्ता अंसारी ने भी छात्राओं को इस संबंध में समाज के लोगों को जागरूक करने की सलाह दी, ताकि सभी शिशु स्वस्थ और निरोगी रहें। डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने शिशु के पहले दूध ‘कोलस्ट्रम’ के महत्व को बताते हुए इसे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि स्तनपान के दौरान माँ और शिशु भावनात्मक रूप से भी और अधिक जुड़ जाते हैं।

    कार्यशाला में डॉ. फरहीन वजीरी, डॉ. रुखसाना परवीन, प्रीति शेखर, डॉ. बनीता कुमारी, डॉ. प्यारे माँझी, नुजहत जहाँ, रागिनी, जूही, सृष्टि, जूली, सीमा, सिंकी, मुस्कान, श्रेया, अन्या, हर्षिता मिश्रा, नेहा, नैना, अंजलि, सोनाली एवं अन्य छात्राएँ उपस्थित थीं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रश्मि ने किया।

  • कोंच थाना पुलिस ने दहेज मामले में विवाहिता की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजा जेल

    कोंच थाना पुलिस ने दहेज मामले में विवाहिता की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजा जेल

    कोंच। थाना क्षेत्र के ढिबरी गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया है। थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि कांड संख्या 103/24 के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुब्बा लाल यादव और अनीता देवी शामिल हैं। उन्हें पीएसआई सत्यम कुमार ने पुलिस बल की सहायता से गिरफ्तार किया।

    मृतका के भाई, बुधीलाल यादव, ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन धानो देवी की शादी लगभग दस महीने पहले उपेंद्र यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही धानो देवी को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था और मारपीट की जाती थी। अंततः, इस अत्याचार के चलते धानो देवी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

    यह मामला दहेज प्रथा के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता को और अधिक उजागर करता है।

  • टिकारी: नगर परिषद में आयोजित कैम्प में दर्जनों मामलों का हुआ निष्पादन

    टिकारी: नगर परिषद में आयोजित कैम्प में दर्जनों मामलों का हुआ निष्पादन

    टिकारी संवाददाता: नगर परिषद परिषद में सम्पन्न एक दिवसीय कैम्प में सरकार के महत्वाकांक्षी एवं कल्याणकारी योजनाओं से प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। इस अवसर पर दर्जनों मामलों का आन स्पोट निष्पादन भी किया गया। योजनाओं का लाभ नगर के सभी नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित कैम्प में संबंधित विभाग पदाधिकारी एवं कर्मी काउंटर पर लोगों की समस्यांए सुनी और आवेदन संग्रह किया। कैम्प के माध्यम से आपूर्ति, जीविका, चिकित्सा, नल जल योजना, शिक्षा, श्रम,राजस्व, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड एवं बाल विकास से संबंधित समस्याओं का निष्पादन किया गया।

    नियमानुसार दस्तावेज जमा करने वाले पात्र आवेदकों के आवेदन पर अग्रेतर कारवाई की गई। मुख्य पार्षद अजहर इमाम ने बताया कि शीघ्र ही अगले कैम्प का आयोजन किया जाएगा। एसडीओ के निर्देश पर आयोजित कैम्प में बीडीओ नीरज आनंद, ईओ राजेश कुमार झा सहित सभी विभागों के लोग मौजूद थे।

  • विधायक से अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध कराने की मांग

    विधायक से अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध कराने की मांग

    टिकारी संवाददाता: टिकारी नगर स्थित विश्व हिंदू परिषद के प्रांगण में भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष पुष्पा चौरसिया की अध्‍यक्षता में मंगलवार को एक बैठक आयोजित हुई। जिसमे मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डा. अनिल कुमार ने पार्टी भाजपा कार्यकर्ताओं की बात और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत हुए। विधायक ने लोगों को विकास कार्य का भरोसा दिया।

    अध्यक्ष चौरसिया ने अनुमंडलीय अस्पताल में एक और एक्स-रे मशीन लगाने, शव वाहन की व्यवस्था करने, शांति समिति का पुनर्गठन करने आदि की मांग की। इसपर विधायक ने यथोचित कार्यवाई का भरोसा दिया। बैठक में विधानसभा संयोजक रमेश कुमार, महामन्त्री प्रभास आनन्द, रंजीत कुमार, दीपक चौरसिया, अनिरुद्ध शर्मा, राजू ठाकुर, राजेश रजक, सिद्धनाथ कुमार, बिट्टू कुमार, मोहित चैरसिया, सुभाष ठाकुर आदि मौजूद थे।

  • गायक किशोर कुमार के जन्मदिवस पर सम्मानित हुए बाल कलाकार

    गायक किशोर कुमार के जन्मदिवस पर सम्मानित हुए बाल कलाकार

    टिकारी संवाददाता: महान गायक किशोर कुमार का जन्मदिवस मंगलवार को टिकारी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके तैलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। मौके पर मौजूद संगीत प्रेमियों ने उनके गीत संगीत और उनके व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

    इस अवसर पर द एक्सपर्ट म्यूजिक क्लासेज द्वारा दो दिन पूर्व कराए गए लाइव गायन प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जिसमे बालिका वर्ग में सुदीप्त राय प्रथम, मौसम द्वितीय और शिल्पी, सृष्टि, शिवानी एवं जागृति को तृतीय स्थान प्राप्त किया। मास्टर शशांक को बेस्ट चाइल्ड सिंगर, जान्हवी सिंह को बेस्ट गेस्ट अपीयरेंस सिंगर एवं छोटू कुमार को भोजपुरी सिंगिंग का पुरस्कार प्रदान किया गया।

    वंही बालक वर्ग में प्रथम अमर, द्वितीया प्रशांत और तृतीया स्थान ऋषि व कुशाग्र में प्राप्त किया। कार्यक्रम में कई अतिथि कलाकारों का सहयोग सराहनीय रहा। द एक्सपर्ट के निदेशक रवि कुमार ने आगत अतिथियों के साथ सफल प्रतिभागियों को मेडल एवं परस्सति पत्र से सम्मानित और पुरस्कृत किया।

  • मउ थाना क्षेत्र में दुखद घटना: पोखर में डूबने से बुजुर्ग की जान गई

    मउ थाना क्षेत्र में दुखद घटना: पोखर में डूबने से बुजुर्ग की जान गई

    टिकारी संवाददाता: मउ थानाक्षेत्र के भट्ट बिगहा ग्राम में पोखर में डूबने से एक वृद्ध की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घटना सोमवार की शाम की है। बताया जाता है कि 60 वर्षीय धनेश्वर मोची गांव के बधार में जाने के दौरान पोखर के समीप पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी पर पहुंची मउ थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गया भेज दिया।

    थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को शव सौंप दिया गया है। यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बीडीओ नीरज आनंद ने बताया कि मृतक के आश्रित को पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

  • गया के चरोखरी गाँव में बारिश से मिट्टी का घर गिरा, एक मवेशी की मौत

    गया के चरोखरी गाँव में बारिश से मिट्टी का घर गिरा, एक मवेशी की मौत

    फतेहपुर: 7 अगस्त 2024: गया जिले के फतेहपुर प्रखंड में स्थित चरोखरी गांव में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। रविवार देर रात, फूला देवी का मिट्टी का मकान भारी बारिश के कारण ढह गया, जिसके परिणामस्वरूप एक मवेशी की मृत्यु हो गई और एक अन्य घायल हो गया।


    पीड़िता फूला देवी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। रविवार रात को अचानक मकान की एक दीवार गिर गई, जिसके नीचे दो मवेशी दब गए। “हम किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले, लेकिन हमारे मवेशियों को बचाने का मौका नहीं मिला,” उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा।


    मकान के ढहने से परिवार का सारा सामान, जिसमें अनाज, कपड़े, सहित अन्य सामग्री नष्ट हो गया है। फूला देवी ने बताया, “हमारा सब कुछ इस मकान में था। अब हमारे पास न तो खाने के लिए अनाज है, न पहनने के लिए कपड़े, और न ही रहने के लिए छत।”


    इस घटना के बाद, फूला देवी ने फतेहपुर प्रखंड अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन सौंपा है, जिसमें तत्काल सहायता की मांग की गई है। “हम गरीब किसान हैं। इस नुकसान से उबरने में हमें सरकारी मदद की सख्त जरूरत है,” उन्होंने कहा।


    फतेहपुर के बीडीओ, राहुल रंजन ने बताया, ” घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है। नुकसान का आकलन कर रहे हैं। प्रभावित परिवार को तत्काल राहत प्रदान की जाएगी और मृत मवेशी के लिए मुआवजे की व्यवस्था की जाएगी।”

  • टिकारी से लापता स्कूली छात्र इलाहाबाद से सकुशल हुआ बरामद

    टिकारी से लापता स्कूली छात्र इलाहाबाद से सकुशल हुआ बरामद

    टिकारी संवाददाता: टिकारी शहर अंतर्गत बहेलिया बिगहा मुहल्ले से लापता स्कूली छात्र बाल कृष्ण उर्फ यश राज को इलाहाबाद स्टेशन से परिजनों ने सकुशल बरामद कर लिया। बाल कृष्ण मां की डांट से नाराज होकर रविवार को घर से निकल गया था। बाल कृष्ण ट्रेन के माध्यम से पहले राजस्थान के अलवर पहुंचा और इलाहाबाद। परिजनों के अनुसार यश अलवर में किसी व्यक्ति के मोबाइल से अपनी मां को सोमवार को काल कर खुद को अलवर में होने की बात कही और कौल डिस्कनेक्ट कर दिया।

    परिजनों द्वारा जब पुनः उस नंबर पर सम्पर्क किया गया तो उसने बताया कि वह इलाहाबाद जाने वाली ट्रेन पर बैठकर चला गया। जिसके बाद आननफानन में स्वजन निजी वाहन से मंगलवार को अलसुबह इलाहाबाद स्टेशन पहुंचे और अलवर से आई ट्रेन से यश को सकुशल बरामद किया। मालूम हो कि रविवार की सुबह बहेलिया बिगहा मुहल्ले स्थित अपने घर से यश गायब हो गया था। जिसके बाद टिकारी थाना में गुमशुदगी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। मामले को लेकर टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि यश के सकुशल बरामद होने की सूचना प्राप्त हुई है। पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया है।

  • पिचकारी आर्ट महोत्सव: 23 नवंबर को गया में सजेगी कला की महफिल ‘स्प्लैश 2024

    पिचकारी आर्ट महोत्सव: 23 नवंबर को गया में सजेगी कला की महफिल ‘स्प्लैश 2024

    गया। स्थानीय कला संस्थान पिचकारी आर्ट की वार्षिक कला प्रदर्शनी “स्प्लैश 2024” का आयोजन इस वर्ष 23 नवंबर को होगा। इसकी तैयारियों को लेकर संस्थान के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई।

    पिचकारी आर्टिस्ट ग्रुप के अध्यक्ष रूपक सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सदस्य ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जुड़े। बैठक में प्रदर्शनी के विषय, स्थान चयन, कलाकारों की भागीदारी और प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

    संस्थान के संस्थापक पंकज कुमार ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से कला के क्षेत्र में नई ऊर्जा लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह आयोजन कला प्रेमियों के लिए एक उत्कृष्ट अवसर होगा।”

    बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदर्शनी के लिए एक ऐसे स्थान का चयन किया जाएगा जहां पर्याप्त जगह और यातायात की सुविधा उपलब्ध हो। साथ ही, नए कलाकारों को भी इसमें भाग लेने का मौका दिया जाएगा।

    प्रदर्शनी के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और स्थानीय टीवी चैनलों का सहारा लिया जाएगा।

    बैठक में उपाध्यक्ष अशोक कुमार, उपसचिव फरहाना इमाम, कोषाध्यक्ष माला सिन्हा सहित कई प्रमुख कलाकार मौजूद थे।

    गौरतलब है कि पिचकारी आर्ट गया का एक प्रसिद्ध कला शिक्षण संस्थान है, जो पिछले कई वर्षों से कलाकारों को प्रशिक्षित कर रहा है।