अतरी संवाददाता: नीमचक बथानी, 19 जुलाई: नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला से ट्रेन पर लूटपाट करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले की जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी विक्रम कुमार उर्फ विक्की को बेलदारी टोला से गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।
जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल चार लोग आरोपी हैं। इनमें से दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बाकी दो आरोपी अभी भी फरार हैं और पुलिस उनका पता लगाने में जुटी हुई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अतरीसंवाददाता : आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर शुक्रवार को अतरी प्रखंड मुख्यालय के सभागार में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का नेतृत्व अतरी आपूर्ति पदाधिकारी रवि रंजन कुमार ने किया, जिसमें प्रखंड के सभी डीलरों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान रवि रंजन कुमार ने सभी डीलरों को सख्त निर्देश दिए कि लाभुकों को हर हाल में आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए और एक भी लाभुक छूटने न पाए। उन्होंने बताया कि जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर लाभुकों को लाने में जीविका दीदी, आशा और आंगनबाड़ी सेविकाओं की मदद ली जाएगी। ये कर्मचारी घर-घर जाकर लाभुकों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
अतरी बीडीओ ने भी इस मौके पर सभी वार्ड सदस्यों को फोन पर सूचना देने की बात कही, ताकि वे भी लाभुकों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जन वितरण प्रणाली की दुकान पर भेज सकें। रवि रंजन कुमार ने यह भी कहा कि अगर किसी प्रकार की कोई समस्या आती है तो तुरंत उनकी जानकारी में लाया जाए। साथ ही, यदि किसी सहयोगी द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक का उद्देश्य आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिकतम लाभुकों को जोड़ना और उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है।
टिकारी (संवाददाता): टिकारी शहर में गुरुवार देर रात मुहर्रम के मौके पर आयोजित विशेष अखाड़ा में शमा क्लब ने “बेस्ट अखाड़ा” का खिताब जीता। पुलिस प्रशासन की देखरेख में विभिन्न कमेटियों द्वारा निकाले गए इस अखाड़े में देर रात तक प्रदर्शन हुए और शहर में उत्साह का माहौल बना रहा।
शमा क्लब को उनके आकर्षक और रोमांचक प्रदर्शन के लिए बेस्ट अखाड़ा चुना गया। मिल्लत क्लब और न्यू मिल्लत क्लब ने भी इस अखाड़े में हिस्सा लिया। अखाड़ा के दौरान अकीदतमंदों ने इतिहास की अजीम शहादत को याद किया। देशभक्ति व धार्मिक गीतों पर युवा जमकर झूमे।
अखाड़े का मुख्य आकर्षण शमा क्लब की लड़कियों द्वारा किया गया हैरतअंगेज तलवारबाजी का प्रदर्शन रहा। दर्शकों को अपने कौशल से मंत्रमुग्ध कर देने वाली इन लड़कियों का अखाड़े में यह पहला प्रदर्शन था।
विभिन्न कमेटियों ने दलसिंहसराय और बेगूसराय से संगीत बैंड को भी आमंत्रित किया था। जैसे ही अखाड़े का जुलूस टिकारी थाने के पास पहुँचा, कलाकारों ने पारंपरिक हथियारों और लाठियों से करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम का समापन करबला जुलूस के साथ हुआ।
इस आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। इस अवसर पर शमा क्लब से मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद नसीम आलम, मुजफ्फर सबा, अरशद आलम, मोहम्मद राजू, मोहम्मद सुहैल और मिल्लत क्लब से मोहम्मद लल्लन, सुहैल अंसारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
गया। बिहार सरकार ने गया में एक नए ग्रीन फील्ड टाउनशिप के निर्माण की योजना को मंजूरी दे दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर चर्चा की गई।
गया नगर निगम की आयुक्त अभिलाषा शर्मा (IAS) ने बताया, “मार्च 2024 में मंत्री परिषद ने राज्य के प्रमुख शहरों के आसपास नए सैटेलाइट टाउनशिप के विकास को मंजूरी दी थी। इसी क्रम में गया में यह नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा।”
अभिलाषा शर्मा (IAS) , नगर आयुक्त
प्रमुख बिंदु:
स्थान: टाउनशिप गया नगर निगम और जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थापित किया जाएगा। परैया और बोधगया प्रखंड में इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है।
विशेषताएं: टाउनशिप में आधुनिक ड्रेनेज, सीवरेज, स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग, हरित क्षेत्र और ग्रीन बफर जोन शामिल होंगे।
लाभ: इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नए रोजगार अवसर भी सृजित होंगे।
योजना निर्माण: नगर आयुक्त के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ टीम द्वारा विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
शर्मा ने आगे कहा, “यह टाउनशिप न केवल आधुनिक शहरी जीवन का मॉडल होगा, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल विकास का भी उदाहरण बनेगा।” नगर निगम ने इस संबंध में जनता से सुझाव आमंत्रित किए हैं। परियोजना के विस्तृत प्रारूप और समयसीमा की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना गया के शहरी विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी और इसे एक आधुनिक, स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गया डीएम ने जनता दरबार में दिए कड़े निर्देश, सरकारी जमीन की सुरक्षा और जन समस्याओं के समाधान पर जोर
गया, 19 जुलाई : गया जिले के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस दरबार में लगभग 250 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें डीएम ने गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
सरकारी जमीन की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में सरकारी जमीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, “सरकारी जमीन की कहीं से भी अतिक्रमण की सूचना मिलते ही तुरंत जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।” यह निर्देश सरकारी संपत्ति के संरक्षण के प्रति प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है।
आवास योजनाओं का लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना से संबंधित मामलों पर, डीएम ने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि वे सभी आवेदनों की शीघ्र जांच करें और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं। यह कदम गरीब और जरूरतमंद लोगों को आवास सुविधा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
भूमि विवाद और अन्य मुद्दों का निपटारा:
भूमि विवाद, आपसी बंटवारा और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर डीएम ने थाना और अनुमंडल स्तर पर हर शनिवार को जनता दरबार आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “इन दरबारों में दोनों पक्षों को बुलाकर मामलों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए।”
परिमार्जन मामलों में तेजी:
जमीन से संबंधित परिमार्जन के मामलों में, डीएम ने संबंधित अंचलाधिकारियों और राजस्व पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
ग्रामीणों और किसानों की सहायता:
डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ग्रामीणों और किसानों को सरकारी प्रक्रियाओं में हर संभव मदद करें। उन्होंने कहा, “जरूरत पड़े तो ग्रामीणों को आवेदन लिखवाने में मदद करें, ताकि किसी को बेवजह भटकना न पड़े।”
विशिष्ट मामलों पर कार्रवाई:
मानपुर के नौरंगा पंचायत में नाला निर्माण की मांग पर डीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
इमामगंज और बोधगया में आहर और पैन पर अतिक्रमण के मामलों में संबंधित अधिकारियों को नापी करवाकर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया गया।
डीएम ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि प्राप्त शिकायतों की जांच 7 दिनों के भीतर पूरी की जाए और दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपर समाहर्ता राजस्व को थाना स्तर पर होने वाले जनता दरबारों की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। इस जनता दरबार ने प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया, जिससे स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश मदन किशोर कौशिक ने शुक्रवार को बाल सुधार गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बच्चों की स्थिति का जायजा लिया और उनके कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव आशीष कुमार अग्निहोत्री, वरीय उप समाहर्ता टोनी कुमारी, सिविल सर्जन, एडिशनल डायरेक्टर, और बाल सुरक्षा इकाई की डीएसपी साक्षी राय भी मौजूद थीं।
न्यायाधीश कौशिक ने बच्चों के रहन-सहन, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बाल सुधार गृह प्रशासन को निम्नलिखित निर्देश दिए:
बच्चों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था करना।
बच्चों के पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाना।
चिकित्सा सुविधाओं और शिक्षकों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करना।
बच्चों की शैक्षिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करना।
न्यायाधीश ने कहा, “बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं आनी चाहिए। हमारा लक्ष्य है कि यहां रहने वाले हर बच्चे को बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया जाए।”
यह निरीक्षण बाल सुधार गृह में रहने वाले बच्चों के कल्याण और विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दिए गए निर्देशों का पालन शीघ्र किया जाएगा।
टिकारी संवाददाता: टिकारी थानाक्षेत्र के शिवा बिगहा ग्राम में विधुत स्पर्शाघात से एक युवती की मौत हो गई। हालांकि युवती के ननिहाल वाले विधुत स्पर्शाघात करा हत्या कर देने का आरोप लगा रहे है। युवती की पहचान शिवा बिगहा ग्राम निवासी स्व कवींद्र यादव की पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई। मामले की जानकारी मिलते ही टिकारी एसएचओ चंद्रशेखर कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे व घटना की जानकारी ली। युवती की मां व नाना के द्वारा हत्या कर देने का आरोप लगाये जाने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेजा। मृत युवती के पिता व भाई नही है। ग्रामीणों के अनुसार युवती रात को अपने घर में खाना पका रही थी इसी क्रम में विधुत तार के सम्पर्क में आ गई जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं युवती के ननिहाल वालों द्वारा युवती के पिता व भाई के नही होने पर सम्पत्ति की लालच में हत्या कर दिये जाने का आरोप लगाया है। हत्या का आरोप युवती के दादा, फुआ व फूफा पर लगाया जा रहा है। हालांकि मामले को लेकर कोई लिखित शिकायत नही की गई है। टिकारी एसएचओ चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
10 रात और 11 दिन की यात्रा में रहने, खाने पीने आदि की सुविधा मुफ्त
✍️ देवब्रत मंडल
भारतीय रेलवे की शाखा की इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड ”पटना से देखो अपना देश” के तहत ‘भारत गौरव ट्रेन’ की शुरुआत करने जा रही है। भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 33% रियायत प्रदान कर रहा है। इस संबंध में शुक्रवार को गया के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी के गया जंक्शन के स्टेशन ऑफिसर गौतम किशोर, पर्यटन पर्यवेक्षक रोहित राज एवं संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि यह पर्यटक ट्रेन दिनांक 24.08.2024 को बेतिया से खुलेगी। जो कि बेतिया, सुगौली, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर जंक्शन, पटलिपुत्रा, आरा, बक्सर और पंडित दीनदायल उपाध्याय स्टेशन पर तीर्थ यात्रियो को ट्रेन में सवार होने के लिए रुकेगी। इस यात्रा में तीर्थ स्थलों उज्जैन (श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग) द्वारका (श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री द्वारिकाधीश मंदिर), सोमनाथ (श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग) शिर्डी (साई बाबा दर्शन) एवं नासिक (श्री त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं शनि शिंगनापुर मंदिर) का दर्शन कराते हुए दिनांक 03.09.2024 को वापस लौटेगी।
गया के लोगों को विशेष सुविधा दी जाएगी
स्टेशन ऑफिसर गौतम किशोर ने बताया कि गया से इस यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए विशेष सुविधा दी जा रही। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन से यात्रा की बुकिंग कराने वाले पर्यटकों को आईआरसीटीसी अपने खर्च पर पाटलिपुत्र स्टेशन के लिए ले चलेगी। जो भी ट्रेन किराया गया से पाटलिपुत्र स्टेशन तक का होगा, उतना किराया वापस कर दिया जाएगा।
यात्रा शुल्क और समावेश
भारतीय रेल द्वारा संचालित भारत गौरव ट्रेन में दो श्रेणी रखी गयी है। पहला बजट श्रेणी में स्लीपर क्लास से यात्रा होगी। इसका शुल्क रु. 20899/- प्रति व्यक्ति रखा गया है। जबकि दूसरा स्टैंडर्ड श्रेणी मे 3 एसी क्लास से यात्रा होगी। जिसका शुल्क ₹ 35795/- प्रति व्यक्ति है।
इसके अलावा ये सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी
स्टेशन ऑफिसर गौतम किशोर ने बताया श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित होटल में रात्री विश्राम कराया जाएगा। शाकाहारी भोजन (सुबह, दोपहर और रात का भोजन), सुबह शाम चाय, साथ ही बंद बोतल पानी दिया जाएगा। उन्होंने बताया घूमने के लिए श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित बस की व्यवस्था रहेगी। पूरी यात्रा के दौरान कोच में सुरक्षागार्ड, सफाईकर्मी और टूर एस्कॉर्ट उपलब्ध रहेंगे।
बुकिंग के लिए इनसे संपर्क करें
उन्होंने बताया कि इच्छुक पर्यटक यात्रा सम्बन्धी विस्तृत जानकारी एवं बुकिंग के लिए IRCTC, बिस्कोमान टावर (चौथा तल्ला 2. पश्चिमी गाँधी मैदान, पटना-1 या दूरभाष संख्या 8595937731, 8595937732 से प्राप्त कर सकते है या IRCTC के वेबसाइट www.irctctourism.com पर जाकर बुकिंग कर सकते है। या नहीं तो IRCTC के अधिकृत एजेंट से भी बुकिंग करा सकते है।
बीते दिनों गया में भाजपा के एक नेता एक मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा एक पत्रकार को उनके मोबाइल फोन पर गोली मारने की धमकी देने का ऑडियो तेजी से वायरल होने के बाद विष्णुपद थाना में पत्रकार ने आरोपी भाजपा नेता पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है लेकिन इसी बीच मुहर्रम के दौरान सेवा भाव से कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी को भाजपा के आरोपी नेता एक मंच से सम्मानित करने का काम किया। लेकिन जिस सुसंगत धाराओं के तहत कांड आंकित किया गया है, उसके अनुसार आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार करने के बजाय उनके हाथों सम्मानित हो रहे थे। इस संबंध में पीड़ित पत्रकार रमेश कुमार के द्वारा विष्णुपद थाने में भाजपा नेता के विरुद्ध मामला भी दर्ज कराने के बाद इसकी सूचना लिखित रूप से एसएसपी को भी दी गई। बावजूद इसके पुलिस धमकी देने वाले आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार नहीं कर उनके हाथों सम्मानित हो रहे हैं।
मामले में सुलह समझौता की हो रही कोशिश
यह मामला गया के भाजपा नेता सह मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा उर्फ मनीष पंकज और पत्रकार रमेश के बीच का है। इस कांड में आरोपी बनाए गए भाजपा नेता अब येन केन प्रकारेण सुलह समझौता कराने के लिए अपने स्तर से किसी न किसी को माध्यम बना रहे हैं। ये बात शुक्रवार को एक कार्यक्रम का कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
गिरफ्तारी के बजाय एसएचओ को कर रहे थे सम्मानित
पिछले दिनों मुहर्रम पर्व के मौके पर कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचयतिया अखाड़ा मुहल्ला में पानी एवं बिस्किट वितरण का एक स्टाल लगाया गया था। जहां कोतवाली थानाध्यक्ष को विष्णु चरण का प्रतीक चिन्ह देकर आरोपी भाजपा नेता पंकज मिश्रा के द्वारा सम्मानित भी किया गया। बावजूद गया पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
पटना में पार्टी के कार्यक्रम में शामिल थे आरोपी भाजपा नेता
बताते चलें कि विष्णुपद थाना क्षेत्र के नई सड़क मुहल्ला निवासी पत्रकार रमेश कुमार को भाजपा नेता मनीष पंकज उर्फ मनीष मिश्रा के द्वारा फोन पर गोली मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पीड़ित पत्रकार रमेश कुमार के बयान पर विष्णुपद थाना में 385,387,504 ,506 के तहत कांड संख्या 188/24 दर्ज किया गया है। आरोपी भाजपा नेता मनीष मिश्रा को गिरफ्तार नहीं किया गया है। चर्चा है कि आरोपी नेता पटना में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री के साथ दिखाई दिए थे।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ने भी उठाया है यह मुद्दा
पिछले दिनों भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का एक शिष्टमंडल बिहार सरकार से मिलकर पत्रकारों के विरुद्ध हो रहे गलत मुकदमे की उच्चस्तरीय जांच कर बिहार के पत्रकारों को कांड से अलग करते जिसे खत्म करने व पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था।
थानाध्यक्ष ने कहा छापेमारी जारी है, जल्द होगी गिरफ्तारी
विष्णुपद थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार उनके घर एवं छिपे हुए ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी जहां कहीं भी है उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कांड के अनुसंधान कर्ता हंसराज मंडल हैं। जिनके द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
टिकारी संवाददाता: अनुमण्डल कार्यालय में टिकारी प्रखण्ड क्षेत्र के 24 महादलित परिवार को भूमि बंदोबस्ती परवाना सौंपा गया। एसडीएम सुजीत कुमार, डीसीएलआर अमित विक्रम बेनामी व सीओ मयंक शेखर की मौजूदगी में सभी परिवारों को परवाना का दस्तावेज सौंपा गया। सभी भूमिहीन परिवार को बिहार सरकार की भूमि में से 0.05 डिसमिल भूमि का परवाना दिया गया। भूमि बंदोबस्ती परवाना प्राप्त करने वाले लंगटपुर ग्राम निवासी राणा पासवान ने बताया कि परवाना विगत वर्ष 2023 के जनवरी माह में ही तैयार हो चुका था लेकिन अंचल कार्यालय की लेट लतीफी के कारण अब तक परवाना नही मिल सका था।
मामले को लेकर लोक शिकायत अधिनियम के तहत भी वाद दायर की गई थी जिसमें अंचल कार्यालय को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। विगत जून माह में अंचल अधिकारी द्वारा वरीय अधिकारियों से आदेश मिलने के उपरांत ही निर्गत करने की बात कही गई थी जबकि परवाना दस्तावेज पूर्व में तैयार कर लिया गया था। गुरुवार को कई भूमिहीन महादलित परिवार राणा पासवान के नेतृत्व में अनुमण्डल कार्यालय पहुंच एसडीएम को मामले से अवगत कराया जिसके बाद एसडीएम सुजीत कुमार द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी भूमिहीन परिवार को परवाना सौंपा। प्रखण्ड के गहरपुर ग्राम के 23 व लंगटपुर ग्राम के एक भूमिहीन को परवाना दिया गया।