Blog

  • पानी संकट को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

    पानी संकट को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

    कोंच: स्थानीय कोंच थाना क्षेत्र के डबुर महादलित टोला में पानी संकट को लेकर गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया और पानी की मांग की है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डबूर महादलित टोला में नल जल का मोटर जल गया है और चापाकल बिगड़ गया है जिससे गांव के ग्रामीणों को पानी संकट से जूझना पड़ रहा है। पानी को लेकर ग्रामीणों ने तसला लेकर प्रदर्शन किया और जल संकट दूर करने को लेकर पी एच ई डी के अधिकारियों से गुहार लगाई है। तत्काल ग्रामीणों ने निजि व्यक्ति के घर में लगे मोटर से पानी लेने को लेकर आग्रह किया तो पानी लेने को लेकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बता दें कि जल संकट व हीट वेव को लेकर प्रशासन अलर्ट है बावजूद लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर समाजसेवी धनंजय कुमार शिक्षक, सुनील दास, वीरेंद्र मांझी, अशोक दास, धर्मेंद्र मांझी, जटा मांझी, विजय मांझी समेत महिलाए शामिल रहीं।

  • आपकी कलम से गरीबों को राशन मिलता है, यह काफी पुण्य का काम है, पूरी तत्परता से कार्य करें: मंत्री लेशी सिंह

    आपकी कलम से गरीबों को राशन मिलता है, यह काफी पुण्य का काम है, पूरी तत्परता से कार्य करें: मंत्री लेशी सिंह

    खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री लेशी सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय के सभागार में लक्षित जन वितरण प्रणाली के संबंध में समीक्षा बैठक की गई।
    बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया एवं जिले में जन वितरण प्रणाली के वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।

    धान अधिप्राप्ति/ सीएमआर अधिप्राप्ति के संबंध में बताया कि कुल 90 मिल निबंधित हैं। मिल से संबद्ध पैक्स एवं व्यापार मंडल कुल 332 हैं। ज़िले का धान का कुल निर्धारित लक्ष्य 167213 मी०टन० है। अब तक 29032 किसानों से धान खरीदे जा चुके हैं। जिला पदाधिकारी ने बताया कि जून माह में 90.59% अनाज बांटे गए हैं। जुलाई माह में 92.27% अनाज बांटी गई है तथा अगस्त अब तक 39.41% अनाज का वितरण किया गया है। जिले में कुल 6,76,000 राशन कार्डधारी हैं तथा 2,52,000 अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के राशन कार्ड धारी हैं। सभी महादलित टोलों में पिछले एक वर्ष से विशेष अभियान जिले में चलाया जा रहा है जिसके तहत 8287 लागू को राशनकार्ड समग्र उत्थान अभियान के तहत बनवाया गया है। इसके साथ ही सरकार की अन्य विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ करवाया जा रहा है।

    मंत्री लेशी सिंह ने निर्देश दिया कि 20 अगस्त तक हर हाल में सीएमआर का उठाव शत प्रतिशत करवाएं। लोगों के बीच अनाज वितरण में धीमी प्रगति को देखते हुए मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वितरण के प्रतिशत में सुधार लाने का निर्देश दिए। उन्होंने फतेहपुर, परैया, गया टाउन, इमामगंज, टंनकुपा एवं वजीरगंज को विशेष रूप से सुधार हेतु निर्देश दिए। आधार सीडिंग के समीक्षा के दौरान इमामगंज टांकोपा एवं वजीरगंज में सबसे कम प्रगति पर उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में 80% से नीचे आधार सीडिंग में कमी रहने वाले प्रखंडों को अगले माह में निगरानी रखते हुए संबंधित एम०ओ० पर कार्रवाई करें। जिले के विभिन्न आरटीपीएस काउंटर पर लंबित राशन कार्ड के आवेदन पर उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी इसे अपनी निगरानी में प्राप्त आवेदनों को निष्पादित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह सभी एमओ, सभी अनुमंडल पदाधिकारी अपने अधीनस्थ सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों का चेक लिस्ट के अनुसार हर हाल में जांच करेंगे उसमें विशेष रूप से पॉस मशीन तथा वजन सही से मिल रहा है या नहीं इस पर ध्यान देंगे।

    अनाज के क्वालिटी में कहीं भी कमी आने की शिकायत आती है तो उसे तुरंत जांच करते हुए समस्या का निराकरण करेंगे। जो लोग अभी भी राशन कार्ड से वंचित हैं उन्हें चिन्हित कर योजना को लाभ दिलाने हेतु विस्तार पूर्वक जन जागरूकता अभियान चलावे। अंत में उन्होंने कहा कि सभी एम. ओ अपने क्षेत्र के मुख्यालय में ही रहे ताकि समय पर काम का निपटारा हो सके। आमजनो की सहूलियत हो इसके लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। यह विभाग गरीबों को सीधे मदद पहुंचाता है। उन्होंने एमओ के बारे में कहा कि आपकी कलम से गरीबों को राशन मिलता है, यह काफी पुण्य का काम है। इसे पूरी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि क्वांटिटी एवं क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं करें। जन वितरण प्रणाली के दुकान के निरीक्षण के दौरान बोर्ड पर निर्धारित दर एवं मात्रा अंकित रहे इसे सुनिश्चित करावें। अंत में उन्होंने कहा कि बिना जांच किए राशन कार्ड रदद् ना करें। बैठक में विधायक, जिला परिषद के उपाध्यक्ष, विधायक के प्रतिनिधि सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • गया नगर निगम गेट के सामने से एक युवक की बाइक हुई चोरी, केदारनाथ मार्केट में लेने गया था सब्जी

    गया नगर निगम गेट के सामने से एक युवक की बाइक हुई चोरी, केदारनाथ मार्केट में लेने गया था सब्जी

    गया नगर निगम कार्यालय के गेट के सामने से एक युवक की बाइक चोरी चली गई है। पीड़ित युवक अंकुश कुमार 20 पिता विजय प्रसाद, निवासी छोटकी नवादा ब्रहम स्थान महादेव मंदिर गया थाना डेल्हा, जिला गया का निवासी है।जिसकी बाइक गया नगर निगम कार्यालय के गेट के सामने से चोरी हो गई। इस संबंध में सिविल लाइन थाना में पीड़ित ने बाइक चोरी चले जाने का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित अंकुश ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि 10 अगस्त की देर शाम करीब 7:52 बजे केदारनाथ मार्केट, नगर निगम गेट के पास अपनी बाइक TVS Apache grey Colour का खड़ा किये थे। उसके बाद सब्जी लाने मार्केट में गए। सब्जी लेने के बाद 8:10 बजे करीब वापस आए तो बाइक हमारी वहां पर नही थी। उसके बाद आसपास बहुत खोजबीन किए परन्तु बाइक नही मिला। उसके बाद 112 पर call किये तो पुलिस आई। आने के बाद वह भी केदार नाथ मार्केट में और आसपास वे भी खोजबीन किये। कहीं अतापता नहीं चला। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर- BRO2AU 4681, chassis NO:- MD634C 649K2611284 है।

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

  • पंचायत का विकास कार्य ठप्प, अधिकार में कटौती पर मुखिया में घोर नाराजगी -अधिकार में कटौती को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे मुखिया

    पंचायत का विकास कार्य ठप्प, अधिकार में कटौती पर मुखिया में घोर नाराजगी -अधिकार में कटौती को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे मुखिया

    पंचायत का विकास कार्य ठप्प, अधिकार में कटौती पर मुखिया में घोर नाराजगी

    टिकारी संवाददाता: टिकारी डाक बंगला में बुधवार को मुखिया लोगों की एक आवश्यक बैठक हुई। प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष संडा पंचायत के मुखिया रामजी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बिहार सरकार और पंचायती राज विभाग द्वारा मुखिया के हक और अधिकार में लगतार कटौती पर एक स्वर से विरोध के साथ कड़ी नाराजगी प्रकट की गई। मुखियो ने कहा कि वर्तमान में सरकार पंचायतों अपंग बना दिया है। राशि आवंटन नही होने के कारण विकास का पूरा काम ठप्प है।  बैठक में विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि संघ का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान का मांग करेगा।

    बैठक के माध्यम से कबीर अंत्योष्टि योजना का पैसा पंचायत को देने, कन्या विवाह योजना का पैसा शीघ्र सभी लाभुकों के खाता में हस्तांतरण करने, अन्नपूर्णा योजना को चालू करने एवं पंचायतों को अधिकार देने, 15वीं वित्त तथा षष्ठम वित्त की राशि अविलम्ब पंचायत को उपलब्ध कराने, सर्वे कर गरीबों को राशन कार्ड निर्गत करने, मुखियों पर लगातार हो रहे हमले के मद्देनजर सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने आदि की मांग की। संघ द्वारा यह भी कहा गया कि सरकार द्वारा लगातार मुखिया को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है जिसका असर पंचायत के विकास पर पड़ रहा है। बैठक में मुखिया प्रतिनिधि अशोक आजाद, बुलबुल शर्मा, राधेश्याम शर्मा, लालबाबू शर्मा, अमिताभ कुमार, अरबिंद सिंह, मुखिया पुष्पेन्द्र कुमार उर्फ रिंकू ठाकुर, आशुतोष कुमार मिश्रा सहित अन्य मुखिया उपस्थित थे।

  • नेहरू युवा केन्द्र ने सीयूएसबी में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का किया आयोजन

    नेहरू युवा केन्द्र ने सीयूएसबी में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का किया आयोजन

    टिकारी संवाददाता: नेहरू युवा केंद्र गया द्वारा बुधवार को सेंट्रल यूनिवर्सिटी में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कुलपति कामेश्वर नाथ सिंह ने मेरी माटी मेरा देश पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर नेहरू युवा केंद्र एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा विवि कैम्पस में पौधरोपण कार्यक्रम भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेहरु युवा केंद्र के सुरेंद्र तिवारी ने कहा कि वर्तमान में मानव जीवन के लिए पर्यावरण प्रदूषण सबसे बड़ा खतरा है।

    ऐसे में आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को अनुकूल बनाने के लिए हर व्यक्ति को एक पौधा लगाने और उसे संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानव और पर्यावरण एक दूसरे के पूरक हैं। साथ ही बुरी आदतें जैसे बेवजह पानी बर्बाद करना, पॉलिथीन का उपयोग, वृक्षों की कटाई आदि को त्याग करने पर बल दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक मंतोष कुमार, सौरव शर्मा, अमन कुमार मिश्रा, मोनू कुमार, क्षितीज कुमार आदि उपस्थित मौजूद थे।

  • ब्राह्मण जागृति मंच अनुमंडल शाखा टिकारी के सदस्यों ने यूपीएससी में सफल निखिल को किया सम्मानित

    ब्राह्मण जागृति मंच अनुमंडल शाखा टिकारी के सदस्यों ने यूपीएससी में सफल निखिल को किया सम्मानित

    टिकारी संवाददाता: ब्राह्मण जागृति मंच अनुमंडल शाखा टिकारी के सदस्यों ने यूपीएससी के सीएपीएफ में 94 वां स्थान लाकर सफलता हासिल करने वाले निखिल कुमार द्विवेदी को सम्मानित किया। बुधवार को तिताईगंज स्थित उसके आवास पर जाकर निखिल व उनके स्वजनों से मुलाकात की और प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करने पर बधाई देते हुए मुह मीठा कराया। निखिल से मिलकर बधाई देने वालों में मंच के अनुमंडल अध्यक्ष ब्रजराज पाण्डेय, संरक्षक गोविन्द पाठक, रामकृष्ण त्रिवेदी, बिहारी पाण्डेय, अनिल कुमार द्विवेदी, डाक्टर जितेंद्र मिश्र, शिवबल्लभ मिश्र आदि शामिल थे।

  • ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत 188 लोग चेन पुलिंग करने के मामले में पकड़े गए

    ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत 188 लोग चेन पुलिंग करने के मामले में पकड़े गए

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग करके रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम पूर्व मध्य रेल के सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंब ना हो। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि इस विशेष अभियान में 01 से 07 अगस्त तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 188 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन लोगों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई।

    ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत् इन 07 दिनों में सर्वाधिक 75 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये जबकि समस्तीपुर मंडल में 42, सोनपुर मंडल में 38, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 20 तथा धनबाद मंडल में 13 लोगों को हिरासत में लिया गया।
    विदित हो कि गाड़ियों को बिना ठहराव एसीपी (चेन पुलिंग) करके रोकने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबी दूरी वाली गाड़ियों में सफर करने वाले यात्री एसीपी के कारण और ज्यादा परेशान हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल द्वारा यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

  • बीटीएमसी के नए भवन का उद्घाटन करने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा, जब भी वे समय देंगे, इसका जल्द ही उद्घाटन होगा: डीएम

    बीटीएमसी के नए भवन का उद्घाटन करने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा, जब भी वे समय देंगे, इसका जल्द ही उद्घाटन होगा: डीएम

    बीटीएमसी के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष बीटीएमसी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को किया। जिला पदाधिकारी ने अभियंता पुल निर्माण निगम को निर्देश दिया कि अगस्त अंतिम तक हर हाल में निर्माण कार्य को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। वर्तमान में किये गए कार्य लगभग फाइनल टच में है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि काफी भव्य तरीके से अच्छे डिजाइन के साथ लगभग में यह भवन बनकर तैयार है। कुछ ही दिनों में इस भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए जाने हेतु आमंत्रित किया जाएगा। जब भी वह समय देंगे जल्द ही उद्घाटन होगा। मंदिर के सामने अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ भवन बनकर तैयार है।

    कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया कि दिन एवं रात अलग-अलग शिफ्ट में पर्याप्त संख्या में मैनपावर बढ़ाकर कार्य करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हर दिन का एक कार्य योजना का लिस्ट बनाएं और उसी अनुरूप अंतिम तिथि को ध्यान में रखते हुए युद्ध स्तर पर कार्य करें। उन्होंने कार्यपालक अभियंता बिजली विभाग को निर्देश दिया कि नए भवन में बिजली आपूर्ति हेतु लोड कंपैरिजन संबंधित आकलन करते हुए अगले दो दिनों के अंदर प्रतिवेदन उपलब्ध करवाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर सेपरेट ट्रांसफार्मर लग सके। इसके अलावा बिजली मीटर भी बीटीएमसी को जल्दी उपलब्ध करवाएं। बीटीएमसी के निर्माणाधीन नए भवन के चारों ओर बाउंड्री वाल भी लोहे के आकषर्क डिज़ाइन वाले रेलिंग बनकर लग चुका है। इसके साथ ही समानांतर नाला का भी निर्माण कराया जा रहा है।

    अगले दो दिन के अंदर जेसीबी मशीन लगाकर निर्माणाधीन स्थल के कैंपस में फैले हुए यत्र तत्र को हटाकर समतल कराते हुए पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य करें। ताकि भवन के साथ साथ कैम्पस का भी काम पूरा हो सके। इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर तथा सेकंड फ्लोर के एक- एक कर सभी कमरों का घूम घूम कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां देखी गयी उसे तुरंत ठीक करवाने को कहा। मीटिंग हॉल में वायरलेस माइक सिस्टम लगवाने को कहा। इसके उपरांत भवन के ऊपरी फ्लोर (छत) पर जा कर निरीक्षण किया गया। चारो ओर रेलिंग देने को कहा साथ ही रेलिंग पर गार्डेनिंग करवाने को कहा ताकि और आकर्षक दिख सके। रूफ पर लगे पारदर्शी शीशा (उच्च गुणवत्ता वाले ग्लास) की जानकारी लेने पर बताया गया कि ये प्लास्टिक कोटेड ग्लास है, कोई आदमी भी इसपर चढ़ने से ग्लास में किसी प्रकार का कोई दिक्क्क्त नही आएगा। उन्होंने इलेक्ट्रिक अभियंता बीटीएमसी अमित कुमार को निर्देश दिया कि इलेक्टिरिक पैनल को शिफ्ट अगले 2 दिनों के अंदर करवाना सुनिश्चित करे। इसके उपरांत महाबोधि मंदिर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में प्रभारी सचिव बीटीएमसी अभिषेक कुमार, सदस्य बीटीएमसी, मोंक दीनानाथ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • “एक राष्ट्र, दो पेंशन नीति नहीं चलेगी” को मुद्दा बनाकर रेलकर्मी निकले दिल्ली, 10 को संसद भवन के समक्ष प्रदर्शन

    “एक राष्ट्र, दो पेंशन नीति नहीं चलेगी” को मुद्दा बनाकर रेलकर्मी निकले दिल्ली, 10 को संसद भवन के समक्ष प्रदर्शन

    ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा से लगभग 100 कर्मचारियों का दल नई दिल्ली के लिए 12397 अप गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस से 9 अगस्त को रवाना हुआ। नेशनल काउंसिल फॉर ज्वाइंट फोरम के नेता कॉम शिवगोपाल मिश्रा के नेतृत्व में 10 अगस्त को अजमेरी गेट नई दिल्ली से एक विशाल रैली निकलकर दिल्ली रामलीला मैदान पहुंचेगी। जहां सभा होगी। इसके बाद रामलीला मैदान से संसद भवन के समक्ष प्रदर्शन करने के लिए सभी केंद्रीय विभागों के कर्मचारी जैसे रेलवे , डाक विभाग, आयकर विभाग तथा राज्य सरकार के कई ट्रेड यूनियन संगठन, शिक्षक संगठन इस प्रदर्शन में भाग लेंगे। डीडीयू मंडल का नेतृत्व कार्यकारी अध्यक्ष ईसीआरकेयू हाजीपुर सह पीएनएम प्रभारी डीडीयू सह कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली, मिथिलेश कुमार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 5 से 6 लाख कर्मचारी सभी विभागों के मिलाकर नई दिल्ली में जूटेंगे। जिसमें रेल कर्मचारियों की संख्या लगभग तीन लाख होगी।

    कार्यकारी अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि हमारी मांग नई पेंशन स्कीम को हटाकर पुरानी पेंशन स्कीम देने की है। इससे कम हमें मंजूर नहीं। पुरानी पेंशन हमारा मौलिक अधिकार है यह बुढ़ापे का सहारा एवं सामाजिक सुरक्षा कर्मचारियों को प्रदान करती है। इसमें किसी भी प्रकार का बदलाव कर्मचारी हित में नहीं होगा। “एक राष्ट्र, एक पेंशन” की नीति पर सरकार को चलना चाहिए। संपूर्ण भारतवर्ष के केंद्रीय एवं राज्य सरकारों के ट्रेड यूनियन इस प्रदर्शन में भाग ले रहे हैं। गया शाखा मंत्री मुकेश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन का मुद्दा काफी महत्वपूर्ण है यदि कर्मचारियों को नई पेंशन स्कीम की जगह पर पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं की जाती है तो आगामी वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वर्तमान सरकार को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

    उनका कहना था कि जो पेंशन की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा। प्रत्येक कर्मचारी एवं उनके परिवार 10- 10 वोट को प्रभावित करने का क्षमता रखता है तो इसका परिणाम दोगुना असर डालने वाला होगा। सरकार को इस पर विचार करनी चाहिए क्योंकि अधिकांश राज्य सरकारें फिर से पुरानी पेंशन योजना लागू कर रही है। यदि नई पेंशन स्कीम बहुत अच्छी है तो नेताओं को 1.1. 2004 के बाद पुरानी पेंशन क्यों दिया जा रहा है। सोचने का विषय है। जबकि राष्ट्र के लाभांश में, उत्पादकता में उनका कोई योगदान नहीं होता है वे देश सेवा,राज सेवा के लिए आते हैं। वे कहते हैं की जनता का सेवक हूं तो जनता के सेवक को इतनी सुख -सुविधा और पुरानी पेंशन की आवश्यकता क्यों महसूस होती है। इसलिए एक राष्ट्र, दो पेंशन नीति नहीं चलेगी।

  • ऑटो के धक्के से एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

    ऑटो के धक्के से एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

    बेलागंज: मंगलवार की देर शाम बेलागंज खिजरसराय सड़क मार्ग पर कबीरपुर मोड़ के समीप ऑटो के धक्के से एक बुजुर्ग व्यक्ति सुरेंद्र चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां परिजनों ने हनन-फानन में इलाज के लिए बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज हेतु अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। घायल बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान बेलागंज थाना क्षेत्र के पथरा गांव के रहने वाला बताया जाते हैं।