Blog

  • पूर्व मुखिया के आकस्मिक निधन पर शोक

    पूर्व मुखिया के आकस्मिक निधन पर शोक

    बेलागंज प्रखंड के रौना और एरकी पंचायत के पूर्व मुखिया रही मंजु देवी का आकस्मिक निधन शनिवार की देर रात इलाज के क्रम में हार्ट अटैक से हो गई। पूर्व मुखिया के निधन की खबर मिलते ही बेलागंज क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रखंड के रौना महादेव विगहा निवासी प्रसिद्ध समाजसेवी उमाशंकर सिंह की पत्नी दिवंगत पूर्व मुखिया मंजु देवी वर्ष 2012-17तक रौना और 2017-22कार्यकाल में एरकी पंचायत की मुखिया रही।

    उक्त पंचायत क्षेत्रों के अलावा प्रखंड क्षेत्र में भी मंजु देवी काफी लोकप्रिय थीं। पूर्व मुखिया मंजु देवी चुनाव में शिकस्त के बाद भी जनकल्याण हेतु हमेशा सक्रिय रहतीं थीं। पूर्व मुखिया के निधन पर पैक्स अध्यक्ष राकेश कुमार सोलंकी,विनय कुमार सिंह, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक उपेन्द्र कुमार सिंह,जदयू नेता जितेन्द्र कुमार,मो शमीम, युवा नेता नितिन कुमार सिंह, कुमार धीरेन्द्र सिंह आदि ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि मंजु देवी के निधन से समाज ने एक बेहतरीन समाजसेविका को खो दिया है। इसकी भरपाई निकट भविष्य में नहीं होगा।

  • रामेश्वर बाग, पंचानपुर पहुंचे पूर्व सांसद डा. अरुण कुमार, स्वामी जी से लिया आशीर्वाद

    रामेश्वर बाग, पंचानपुर पहुंचे पूर्व सांसद डा. अरुण कुमार, स्वामी जी से लिया आशीर्वाद

    रामेश्वर बाग को पर्यटन स्थल बनाने पर दिया जोर

    टिकारी संवाददाता: श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ स्थल श्री विष्णु पंचायतन मंदिर परिसर रामेश्वर बाग, पंचानपुर में रविवार को जहानाबाद के पूर्व सांसद सह लोक जनशक्ति पार्टी (रा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. अरुण कुमार पहुंचे और स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद स्थानीय लोगों से मिले और उनका हालचाल जाना। इस क्रम में लोगों से बातचीत के दौरान मंदिर परिसर की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की।

    उन्होंने स्थानीय लोगों से सामूहिक प्रयास से ऐतिहासिक धरोहर को विकसित कर पर्यटन का रूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस स्थल को पर्यटक के रूप में विकसित कर स्थानीय लोगो को रोजगार का अवसर प्रदान किया जा सकता है। धरोहर का संरक्षण और विकास के बजाय कुछ गलत मानसिकता के लोग इसके विकास में बाधक बने है। उन्होंने इसके विकास के लिए जन प्रतिनिधियों एवम अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और उनके समर्थक मौजूद थे।

  • चौकीदार हत्याकांड के अप्राथमिकी अभियुक्त के घर पर अलीपुर थाना की पुलिस ने चिपकाया इस्तेहार

    चौकीदार हत्याकांड के अप्राथमिकी अभियुक्त के घर पर अलीपुर थाना की पुलिस ने चिपकाया इस्तेहार

    टिकारी संवाददाता: अलीपुर थाना की पुलिस ने रविवार को चौकीदार हत्याकांड के अप्राथमिकी अभियुक्त के घर आत्मसमर्पण करने का इश्तेहार चिपकाया है। अलीपुर थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि अलीपुर थाना में दर्ज कांड संख्या 37/20 का अप्राथमिकी अभियुक्त विमलेश यादव मूल रूप से वंशी थानाक्षेत्र के बेलौरा ग्राम का रहने वाला है। विमलेश उक्त कांड को अंजाम देने में शामिल था। घटना के बाद से फरार चल रहा है। विमलेश के आत्मसमर्पण करने को लेकर न्यायालय द्वारा इश्तेहार निर्गत किया गया था। जिसे अलीपुर थाना की पुलिस टीम ने वंशी थाना की पुलिस के सहयोग से अभियुक्त के घर इश्तेहार का तामिला कराते हुए एक प्रति उसके दीवार पर चस्पा किया गया है। थानाध्यक्ष श्री शर्मा ने यह भी बताया कि अभियुक्त विमलेश यादव अरवल जिला के टॉप टेन अपराधी की सूची में शामिल है और कई कांड में वांछित है।

  • गया के गया कॉलेज खेल परिसर में जुटेंगे बिहार के 250 से अधिक तीरंदाज, 7 से 9 अगस्त तक होगी प्रतियोगिता

    गया के गया कॉलेज खेल परिसर में जुटेंगे बिहार के 250 से अधिक तीरंदाज, 7 से 9 अगस्त तक होगी प्रतियोगिता

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया में 7 अगस्त से 9 अगस्त 2023 तक द्वितीय राजा कर्ण तीरंदाजी प्रतियोगिता लक्ष्य 2023 का आयोजन गया कॉलेज,गया के खेल परिसर में होगा। होने वाले इस तीरंदाजी प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 250 से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। मगध प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवडे 7 अगस्त को प्रातः 9 बजे प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि लक्ष्य तीरंदाजी प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि मगध प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवडे करेंगे। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में गया के जिलाधिकारी डॉ. एस.एम. त्यागराजन और बीएमपी-3 के कमांडेंट पुष्कर आनंद भी उपस्थित रहेंगे।

    श्री शंकरण ने कहा कि इस तीरंदाजी प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 250 से ज्यादा बालक और बालिकाएं दोनों वर्ग में प्रतिभागी भाग ले रहे हैं । विजेताओं और प्रतिभागियों को 9 अगस्त को पुरस्कार तथा प्रमाण पत्र दिया जाएगा । समापन और पारितोषिक वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह तथा विशिष्ट अतिथि गया के एसएसपी आशीष भारती रहेंगे। द्वितीय राजा कर्ण तीरंदाजी प्रतियोगिता लक्ष्य के सफल आयोजन ने लिए बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विहग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय, अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण और निदेशक सह सचिव पंकज राज ने अपनी शुभकामनाएं दी है।

  • गया जंक्शन से बाराचट्टी के अभिषेक को आरपीएफ ने लोडेड कट्टा के साथ किया गिरफ्तार

    गया जंक्शन से बाराचट्टी के अभिषेक को आरपीएफ ने लोडेड कट्टा के साथ किया गिरफ्तार

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर अपराध करने के नीयत से आए एक क्रिमिनल को आरपीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार क्रिमिनल गया जिले के बाराचट्टी का रहने वाला है। जिसके पास से देसी लोडेड कट्टा, ऑटोमैटिक छुरी, एंड्रॉइड मोबाइल व बाइक बरामद किया गया है। गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि आरपीएफ गया की टीम साथ में सीआईबी गया के एक स्टाफ स्टेशन एरिया में गश्त कर रही थी। गस्ती के क्रम में सर्कुलेटिंग एरिया से अभिषेक कुमार , उम्र 22 वर्ष, पिता- नंद किशोर प्रसाद , पता वभनदेव, थाना- बाराचटी, जिला-गया (बिहार) को गिरफ्तार किया गया है। अभिषेक की तलाशी लेने पर कमर में एक देशी कट्टा जिसमें लोडेड .315 बोर का एक कारतूस, दो एंड्रॉयड मोबाइल, पिट्ठू बैग से दो चाकू ( जिसमें एक ऑटोमैटिक शार्प नाइफ पुस बटन वाला भी शामिल है) तथा एक बाइक( हीरो स्पलेंडर प्लस) बरामद किया गया है। उन्होंने बताया आरपीएफ के द्वारा एक लिखित शिकायत प्रतिवेदन के आधार पर जीआरपी थाना में कांड दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया ज़ब्त सामानों का अनुमानित मूल्य ₹1,80,000/- आंका गया है।

  • एकल अभियान ग्रामोत्थान फाउंडेशन वूमेन इंपावरमेंट केंद्र में सिलाई प्रशिक्षण का परीक्षा सम्पन्न

    एकल अभियान ग्रामोत्थान फाउंडेशन वूमेन इंपावरमेंट केंद्र में सिलाई प्रशिक्षण का परीक्षा सम्पन्न


    टिकारी संवाददाता: शहर के दुर्गास्थान के समीप एकल अभियान ग्रामोत्थान फाउंडेशन वूमेन इंपावरमेंट केंद्र में सिलाई प्रशिक्षण का कोर्स समाप्त होने के बाद शनिवार को परीक्षा लिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रथम बैच के 11 महिलाओं ने इस परीक्षा में भाग लिया। केंद्र का संचालन कर रहे अधिकारियों ने बताया कि 6 माह के प्रशिक्षण कोर्स में कुल 25 भाग ले रही थी। जिसमे 11 प्रशिक्षणर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा में सफल होने वाले प्रशिक्षणर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। करने का प्रावधान है जो करीब एक माह के बाद सभी को सर्टिफिकेट मुहैया कराया जायेगा। परीक्षा के सफल संचालन में विक्षक के रूप में प्रशिक्षक कुमारी छायावती, संजना कुमारी के साथ टिकारी संच के अध्यक्ष गणेश प्रसाद, सचिव शिवबल्लभ मिश्र, रामनिवास ठाकुर, प्रमुख महेश कुमार की भूमिका सराहनीय रही।

  • 9 सूत्री मांग के समर्थन में अंचल कार्यालय पर खेग्रामस का धरना

    9 सूत्री मांग के समर्थन में अंचल कार्यालय पर खेग्रामस का धरना

    टिकारी संवाददाता: खेग्रामस के बैनर तले शनिवार को 9 सूत्री मांग के समर्थन में अंचल कार्यालय के समक्ष कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे खेग्रामस नेता रोहन यादव एवं माले नेता रवि कुमार ने धरना को संबोधित करते हुए कहा की आजादी से लेकर आज तक गांव में गरीबों को आशियाना झोपड़ी ही है। लेकिन उसे अब उजाड़ा जा रहा है। मनरेगा में मजदूरों को रोजगार नही मिल रहा है। गरीबों को शिक्षा और स्वास्थ के अधिकारों के साथ 200 यूनिट फ्री बिजली, बुजुर्गो, विकलांगो और विधवाओ को 3000 रूपया मासिक पेंशन सरकार व्यवस्था करे।

    सभी भूमहिनों को 5 डिसमिल जमीन और पक्का मकान, हाउसिंग राइट को संवैधानिक दर्जा मिलनी चाहिए। अन्य वक्ताओं ने हाल के वर्षों में प्रशासन अथवा भूमाफियाओं द्वारा अतिक्रमण के नाम पर उजाड़े गए प्रखंड के दरियापुर सहित अन्य तमाम जगहों में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की। धरना प्रदर्शन समाप्ति से पूर्व 9 सूत्री मांग पत्र सीओ को सौंपते हुए कार्रवाई का आग्रह किया है। धरना प्रदर्शन में हरि मांझी, धर्मेंद्र मांझी, अवधेश मांझी, विनेश्वर मांझी, जयराम दास, गीता देवी, पार्वती देवी, मीना देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।

  • अग्निशमन कर्मियों ने टीपीएस स्कूल के बच्चों को सिखाए आग पर काबू पाने के गुर

    अग्निशमन कर्मियों ने टीपीएस स्कूल के बच्चों को सिखाए आग पर काबू पाने के गुर

    सिरदला प्रखंड क्षेत्र के बांधी पंचायत के कुशाहन-पीपरा गांव स्थित टीपीएस इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देश पर फायर मैन और गृहरक्षक के द्वारा माक ड्रिल किया गया । अग्निशमन से आये हुए फायर मैन गुड्डू पासवान के नेतृत्व में विभाग के कर्मियों ने आग से सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया । स्कूली बच्चों को आग से बचाव के विभिन्न उपायों का प्रदर्शन माक ड्रिल के माध्यम से किया गया । अग्निशमन दस्ता के सदस्यों ने सबसे पहले कागज की ढेर में आग लगाकर कार्बन डाइआक्साइड से बुझा कर दिखाया । इसके बाद सिलेंडर से निकले गैस में लगी आग पर नियंत्रण पाने के लिए पानी से भीगे हुए कपड़े को गैस सिलेंडर पर लगा आग बुझाकर दिखाया । वहीं सिलेंडर से निकलें गैस में लगी आग पर नियंत्रण पाने के लिए प्लास्टिक के बाल्टी से गैस सिलेंडर पर लगा आग बुझाकर दिखाया । अग्निशामक दल के गुड्डू पासवान ने बताया कि आपदा से निपटने के लिए जागरूकता आवश्यक है ।

    जागरूकता फैलाकर हम आग से होने वाले नुकसान को कम कर सकते हैं । यह प्रदर्शन इसलिए किया गया, ताकि आमलोग एवं स्कूली बच्चें आग लगने पर खुद का बचाव करने के साथ आग पर काबू पा सकें । आग लगने के कई कारण हो सकते हैं । आग कभी-कभी इतनी विकराल हो जाती है कि लोग पूरी तरह बर्बाद हो जाते हैं । उनकी कमाई का सब कुछ जलकर राख हो जाता है । ऐसे प्रदर्शनों से जागरूकता फैलाकर आग पर काबू पाया जा सकता है । इनमें गैस चूल्हा जलाने के तरीके एवं इससे आग लगने पर सावधानीपूर्वक से बुझाने के नयाब तरीके बताए । साथ ही रात में खाना बनाने के बाद गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बंद करने, सुबह किचन में प्रवेश करने से पहले अगर गैस के रिसाव का गंध आने लगे, तो सावधानी से खोलें, बिजली का स्विच न दें सहित कई बिंदुओं पर जानकारी दी गयी । किसानों के लिए भी खेत में फसल कटनी तक बोरिंग कर पंप सेट तैयारी की हालत में रखें, खेत के आसपास बीड़ी, सिगरेट आदि का सेवन न करें और न ही किसी को पीने दें, बांस के खंभे के द्वारा नंगे बिजली के तार खेतों में न रखें । वहीं मवेशियों के लिए आग से सुरक्षा के लिए बड़ें एवं घने पीपल, पाकड़, बरगद, आदि के छायादार पेड़ होते हैं । जहां गाय जानवरों का बथान गर्मी के मौसम में बनाना अग्नि सुरक्षा दृष्टिकोण से सुरक्षित होगा । जानवरों के रखने वाले घरों के नजदीक पानी की पर्याप्त मात्रा में रखना चाहिए सहित कई उपायों की भी जानकारी दी गयी ।

    वहीं विद्यालय प्रबंधक दयाशंकर कुमार भट्ट ने बताया कि अग्निशामक दस्ता का यह प्रदर्शन स्कूल में प्रथम बार आयोजित किया गया है । इससे बच्चें और अभिभावक जागरूक होंगे । अग्निशमन कर्मियों के द्वारा मॉक ड्रिल से छात्र-छात्राएं के मन में आग के प्रति डर खत्म हुआ । वहीं आगजनी से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण तरीके भी सिख पाएं । भविष्य में ऐसी स्थिति में बताए गए उपायों को प्रयोग में लाएंगे । मौके पर प्रबंधक दयाशंकर कुमार भट्ट, शिक्षका आशा साव, हनी सिंह, ज्योति दीक्षित, रागनी कुमारी, रौशनी सिंह, अर्पिता मंडल, सुमाना लायक, राजीव प्रकाश सिंह, बम सिंह, भीम कुमार, रमेश सिंह, बबिता देवी, सुनैना देवी, अग्निशमन विभाग के फायरमैन गुड्डू पासवान, गृह रक्षक दिवाकर कुमार, उमेश सिंह, चालक सतीश कुमार, समेत अन्य उपस्थित थे ।

  • ऐतिहासिक पहल के तहत प्रधानमंत्री 6 अगस्त को गया जंक्शन समेत देश के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए रखेंगे आधारशिला, गया जंक्शन पर तैयारियां लगभग पूरी

    स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा स्टेशन भवन का डिजाइन

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    पहाड़पुर रेलवे स्टेशन (मॉड्यूल चित्र)

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक पहल के तहत 6 अगस्त की सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के कोने-कोने में 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखेंगे। जिसमें पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल का गया जंक्शन भी शामिल है। स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा। इस योजना के हिस्से के रूप में प्रधानमंत्री द्वारा 508 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी जा रही है। जिसकी तैयारियां गया जंक्शन पर की गई है। स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार तैयारी पर नजर बनाए हुए हैं। डीडीयू रेल मंडल प्रबंधक के निर्देश पर सभी आवश्यक तैयारियों को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है। वहीं ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के गया शाखा अध्यक्ष रामप्रवेश प्रसाद के नेतृत्व में इस कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी की गई है।

    पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक अनुपम शर्मा (मध्य में)

    अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 24,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा

    मालूम हो कि इन 508 स्टेशनों का पुनर्विकास 24 हजार 470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाना है। शहर के दोनों किनारों को समुचित रूप से जोड़ते हुए इन स्टेशनों को ‘सिटी सेंटर’ के रूप में विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किए जा रहे हैं। यह एकीकृत दृष्टिकोण रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र पर केंद्रित शहर के समग्र शहरी विकास के विजन से प्रेरित है।
    आपको बता दें कि 508 स्टेशन देश के 27 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में स्थित हैं। जिनमें उत्तर प्रदेश में 55, राजस्थान में 55, बिहार में 49, महाराष्ट्र में 44, पश्चिम बंगाल में 37, मध्य प्रदेश में 34, असम में 32, ओडिशा में 25, पंजाब में 22, गुजरात में 21, तेलंगाना में 21, झारखंड में 20, आंध्र प्रदेश में 18, तमिलनाडु में 18, हरियाणा में 15, कर्नाटक में 13 स्टेशन शामिल हैं।

    गया जंक्शन परिसर में कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारी

    शहर के दोनों किनारों को समुचित रूप से जोड़ते हुए स्टेशनों को ‘सिटी सेंटर’ के रूप में विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है

    आपको बताते चलें कि प्रधानमंत्री अक्सर अत्याधुनिक सार्वजनिक परिवहन के प्रावधान पर जोर देते रहे हैं। रेलवे को देश भर में लोगों के परिवहन का पसंदीदा साधन बताते हुए उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया। इस विजन से प्रेरित, देश भर में 1309 स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की गई थी। केंद्र सरकार का मानना है कि पुनर्विकास कार्य से अच्छी तरह से सुव्यवस्थित यातायात सुविधा, इंटर-मोडल एकीकरण और यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए अच्छी तरह से डिजाइन किए गए चिन्हों को सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

  • दिल्ली सेवा विधेयक: विपक्ष और सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ चुनौती कम नहीं, विपक्षी एकता में एकजुटता की कमी तो नहीं

    दिल्ली सेवा विधेयक: विपक्ष और सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ चुनौती कम नहीं, विपक्षी एकता में एकजुटता की कमी तो नहीं

    राज्यसभा में सत्ता पक्ष के पास हालांकि बहुमत नहीं है, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली सेवा विधेयक (Delhi Services Bill) को पारित कराना उसके लिए ज्यादा मुश्किल नहीं होगा। एनडीए और इंडिया के गठबंधनों से बाहर के छह दलों के राज्यसभा में 28 सांसद हैं, जिनमें से तीन दल सरकार को समर्थन का संकेत दे चुके हैं। ऐसे में संख्या बल में मजबूत होने के बावजूद विपक्ष एकजुटता की कमी के चलते कमजोर रहता है।

    राज्यसभा में अभी 238 सदस्य हैं और यदि दिल्ली विधेयक पर वोटिंग के वक्त इनमें से सभी मौजूद रहते हैं तो सरकार को बिल पारित कराने के लिए 120 सदस्यों का समर्थन चाहिए, लेकिन एनडीए के पास इस समय 110 सदस्य हैं।

    हालांकि, तीन निर्दलीयों में से भी एक के समर्थन का दावा किया जा रहा है। फिर भी नौ और सदस्यों की जरूरत है। ऐसे में 11 तटस्थ दल हैं, जिनकी लोकसभा में उपस्थिति है और उनके पास वहां 63 सांसद भी हैं। पर इनमें से छह दलों के पास ही राज्यसभा में सांसद हैं जिनकी संख्या 28 है।
    इनमें से तीन दलों वाईएसआर कांग्रेस, बीजद और तेदेपा ने दिल्ली से जुड़े विधेयक पर सरकार को समर्थन के संकेत दिए हैं। वाईएसआर कांग्रेस और बीजद के नौ-नौ सदस्य हैं जबकि तेदेपा का एक सदस्य है। इस प्रकार सरकार के पास 19 अतिरिक्त सीटों का जुगाड़ हो गया है।

    राज्यसभा में NDA की ताकत

    भाजपा : 92

    मनोनीत : 5

    अन्नाद्रमुक : 4

    आरपीआई : 1

    एनपीपी : 1

    एमएनएफ : 1

    टीएमसी (मूपनार) : 1

    पीएमके : 1

    एजीपी : 1

    यूपीपीएल 1

    एसडीएफ :1

    एनसीपी (अजित गुट) : 1

    INDIA गठबंधन के कुल 97 सदस्य

    तृणमूल : 13

    आप : 10

    डीएमके : 10

    आरजेडी : 6

    माकपा : 5

    जदयू : 5

    सपा : 3

    शिवसेना : 3

    एनसीपी : 3

    भाकपा : 2

    जेएमएम : 2

    आईयूएमएल : 1

    एमडीएमके : 1

    केसीएम : 1

    आरएलडी : 1

    तटस्थ दलों के 28 सांसद

    वाईएसआर कांग्रेस : 9

    बीजद : 9

    बीआरएस : 7

    बीएसपी : 1

    जेडीएस : 1

    टीडीपी : 1

    समूचा विपक्ष एकजुट हो तो मुश्किल

    यहां महत्वपूर्ण यह है कि राज्यसभा में असल ताकत विपक्ष के पास है। यदि समस्त विपक्ष एकजुट हो जाए। सभी छह तटस्थ दल इंडिया के साथ आ जाए तो फिर सरकार के लिए मुश्किल खड़ी हो जाएगी क्योंकि ऐसे में तब विपक्ष के पास 127 सीटों का संख्या बल होता है, लेकिन राज्यसभा में विपक्ष कभी भी एकजुट नहीं दिखा है।

    इंडिया’ का पलड़ा फिलहाल कमजोर

    राज्यसभा में विपक्ष यानी इंडिया के पास अभी कुल 97 सीटों का संख्या बल है। तीन निर्दलीयों में से एक एनडीए के साथ जाता है और दो इंडिया के साथ आते हैं तो भी यह संख्या 99 तक ही पहुंचती है। ऐसे में तटस्थ छह दलों के 28 में से 19 सांसद पहले ही एनडीए के साथ जाने के संकेत दे चुके हैं। ऐसे में शेष नौ सदस्य बचते हैं जो विपक्ष का साथ दे सकते हैं। इनमें बीआरएस के 7 तथा जेडीएस तथा बीएसपी के एक-एक सदस्य हैं, लेकिन बीएसपी और जेडीएस को लेकर कहा जा रहा है कि वे या तो सरकार के साथ जाएंगे या तटस्थ रहना पसंद करेंगे। अलबत्ता बीआरएस इस मामले में इंडिया का तो नहीं, लेकिन ‘आप’ का साथ देने को तैयार है।
    खबर के श्रोत(livehindustan)