गया शहर के दो नंबर रेलवे गुमटी पर बने ओवरब्रिज पर शनिवार की सुबह एक दुर्घटना में एक बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सचिन कुमार के रूप में की गई है। घटना के बारे में बताया गया कि मिर्जा गालिब कॉलेज की तरफ से बुलेट बाइक पर डेल्हा की तरफ आ रहे सचिन को एक बस ने टक्कर मारी थी। जिसके बाद घटनास्थल पर ही काफी खून बह चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे ANMMCH ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। इस घटना पर सीपीआई के नेता राम जगन गिरी आदि ने गहरी संवेदना प्रकट की है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता राम जगन गिरी ने कहा कि डेल्हा ओवर ब्रिज पर लगभग 10 बजे सचिन कुमार एक बस की चपेट में आ गया था। इस दुर्घटना मे सचिन की मौत हो गई। सचिन बड़की डेल्हा-परैया रोड के निवासी थे। उन्होंने बताया ये दो भाई थे। सचिन की मौत पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता राम जगन गिरी, मसूद मंज़र अधिवक्ता मो. यहिया, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डेल्हा शाखा के सहायक मंत्री अशोक मिश्रा, डॉ. कुमार विनोद सिन्हा, डॉ. विशव नाथ प्रसाद, विमल यादव, बिरेंद्र यादव ने सचिन कुमार के डेल्हा ओवरब्रिज पर बस के चपेट मे आने से मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है l
फतेहपुर थाना क्षेत्र के उतरी लोधवे गांव पंचायत के कांटी गांव के एक 12 वर्षीय बच्चे की आहर में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार कांटी गांव के पप्पू सिंह के 12 वर्षीय पुत्र निशांत कुमार गांव के नजदीक आहर में नहाने गया था। इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से बच्चे की डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना मिलने के बाद फतेहपुर थाना एसआई खालिद हुसैन एवं एसआई रविकांत कुमार सहित अन्य पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर शव को ग्रामीणों की मदद से आहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
कॉटन मिल बालाजी नगर स्थित निर्मित घरों की मापी करते कर्मी
जिस जमीन घर बने थे, उस जमीन को परती बताकर निबंधन करा लिए जाने की शिकायत पर शुक्रवार को विभागीय जांच हुई। मामले की जांच में सही तथ्य छिपाकर रजिस्ट्री किए जाने की बात सत्य प्रतीत हुआ। जिससे निबंधन विभाग को भारी राजस्व की क्षति पहुंचाई गई। जिसका आंकलन किया जाएगा और संबंधित से वसूली की जाएगी। मामला गया शहर के कॉटन मिल बालाजी नगर से जुड़ा हुआ है। विभाग को लाखों रूपये के राजस्व का चुना लगाने का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर जिला अवर निबंधन पदाधिकारी राकेश के निर्देश पर निबंधन विभाग की एक टीम शुक्रवार को स्थलीय जांच करने पहुंची तो यह तथ्य सामने आया है।
राकेश कुमार ( अवर निबंधन पदाधिकारी )
शुक्रवार को निबंधन कार्यालय के कई कर्मचारी शहर के छोटकी नवादा स्थित कॉटन मिल बालाजी नगर में जांच को पहुंचे। कर्मियों ने स्थल का निरीक्षण करते हुए कई प्लॉट की मापी भी की। हालांकि जांच के दौरान यह बात सामने आया कि जो चर्चा और शिकायत थी कि मंदिर और छोटकी नवादा पुलिस अड्डा की जमीन को बेच दिया गया है, यह असत्य है। यह दावा एक पक्षकार ने मीडिया के समक्ष किया है। इस पक्षकार की मानें तो यह अफवाह फैलाई गई थी कि मंदिर और टीओपी की जमीन की खरीद बिक्री कर दी गई, वो सत्य से परे है। मंदिर प्रांगण में बना चबूतरा जांच के दायरे में आया है।
कॉटन मिल एरिया , बालाजी नगर
वहीं पक्षकार का कहना है कि टीओपी भवन जर्जर हालत में है, जिसे जल्द ही बनवाया जाएगा। इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। लाखों लोगों की सुरक्षा का सवाल है। वहीं मंदिर के बारे में कहा कि ये उनके पूर्वजों ने बनवाया है। यह जमीन उनकी है, एनएलबीडी इसे कैसे बेच सकता है। वहीं जिनकी शिकायत पर जांच हुई उनका कहना है कि कई प्लॉट ऐसे भी है जो आम गैर मजरुआ और खास गैरमजरूआ है, जिसे भी एनएलबीडी के स्थानीय मैनेजर ने बेच दिया है। इसकी भी जांच की मांग सरकार से लेकर डीएम से कर चुके हैं।
शुक्रवार को जांच के दौरान संबंधित प्लॉट की मापी भी की गई। जिसपर कई मंजिला मकान बने पाए गए। जिसमें कुछ व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी हैं। इस संबंध में अवर निबंधन पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जांच में तथ्यों को छिपाकर रजिस्ट्री का मामला सामने आया है। संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर जमीन के निबंधन के दौरान राजस्व के भारी हुए नुकसान की वसूली की जाएगी। डीएम के निर्देश पर कानूनी कार्रवाई भी होगी। विभाग ऐसे मामलों में काफी सख्त है। बता दें छोटकी नवादा मोहल्ले के रहने वाले पूर्व मुखिया रविन्द्र यादव राजस्व की क्षति पहुंचाने संबधित शिकायत राजस्व विभाग के सचिव से लेकर डीएम तक कर चुके हैं। इन्हीं की शिकायत पर यह जांच शुरू हुई है।
कोंच। प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा वर्कर्स का 9 सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को 31 वें दिन भी हड़ताल जारी रहा और अस्पताल के समक्ष धरना दिया। बता दें कि आशा कार्यकर्ताओं का बीते 12 जुलाई से लगातार हड़ताल जारी है जिसका सीधा असर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर देखने को मिल रहा है। अस्पताल प्रसव के लिए आने वाली गर्भवर्ती महिलाओं को बेरंग वापस लौटना पड़ रहा है और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं हड़ताल की वजह से अस्पताल में ओपीडी सेवा भी प्रभावित हो रहा है।आशा संगठन के प्रखंड अध्यक्ष एरूना कुमारी ने बताया कि हमारी 9 सूत्री मांग है, जिसे सरकार पूरी कर दे तो अपना हड़ताल वापस ले लेंगे। उन्होंने बताया कि आशा वर्कर्स के लिए 2006 में जो प्रोत्साहन राशि लागू हुआ है वह अभी तक बरकरार है। अभी भी मासिक भत्ता के नाम पर एक हजार ही मिल रहा है।
टिकारी संवाददाता: जिला धावा दल ने शहर के बेल्हड़िया मोड़ पर संचालित नैतिक राज स्वीट्स एंड चाट होटल से दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व में टिकारी आए धावा दल ने सूचना के आधार पर उक्त दुकान में छापेमारी की कार्रवाई की। जिसमे होटल में काम करते दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने बताया कि दोषी नियोजक के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार 20 हजार रुपये का अर्थ दंड बाल पुनर्वास सह कल्याण कोष में जमा करने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा सर्टिफिकेट केस दायर कर वसूली की जाएगी। जिला धावा दल में गया सदर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विजेता भारती एवं कोंच के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजेश कुमार के साथ सहयोग में टिकारी थानाध्यक्ष श्रीराम चौधरी एवं पुलिस बल के जवान शामिल थे।
टिकारी संवाददाता: बिजली चोरी रोकने के लिए चलाये गए अभियान में तीन लोगों पर कार्रवाई की गई है। प्रखंड के कुरकुट बिगहा गांव पहुंची बिजली विभाग की टीम ने मीटर बाईपास और कनेक्शन काटे जाने के बाद भी अनाधिकृत रूप से बिजली की चोरी करते हुए तीन लोगों को चिन्हित किया। मऊ ओपी में तीन लोगों पर कुल 23 हजार 445 रुपया का जुर्माना लगाते हुए शिकायत दर्ज कराया है। मऊ प्रशाखा के जेईई राकेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई है।
कुरकुट बिगहा की सुनीता देवी पर 1935 रुपया, धर्मवीर रंजन पर 15 हजार 932 रुपया और सुधीर कुमार पर 5578 रुपया का जुर्माना लगाया गया है। मालूम हो कि दो दिनों के भीतर सात लाेगों पर बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है। जेईई ने कहा कि कार्रवाई जारी रहेगी।
रेवई और मुसी में शनिवार को लगेगा बिजली सुधार कैम्प
बिजली बिल में सुधार, नया बिजली कनेक्शन लेने सहित बिजली विभाग से जुड़ी अन्य समस्याओं के निष्पादन हेतु शनिवार को रेवई और मुसी में कैंप का आयोजन किया जाएगा। विभाग के जेईई राकेश कुमार और हिमांशु कुमार ने बताया कि कैंप में सारी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
टिकारी संवाददाता: लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर नगर परिषद टिकारी के सफाईकर्मियों का हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। इस कारण शहर के मुख्य मार्ग, भीड़ वाला बाजार सहित सभी चौक-चौराहों पर कूड़े का अंबार लग गया है। परिषद के दैनिक भत्ता भोगी सफाई मजदूरों को पिछले तीन माह से वेतन भुगतान नही मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गयी। सुबह शाम खाने से लेकर बच्चों का स्कूल फीस, कपड़ा, दिनचर्या की वस्तुएं एवं अन्य जरूरत के सामान के लिए उन्हें काफी मसक्कत करनी पड़ रही है।
हड़ताली सफाईकर्मी कुंदन कुमार ने बताया कि भुगतान को लेकर नगर प्रशासन द्वारा अबतक कोई कार्रवाई नही की गयी है। कार्यपालक पदाधिकारी ने वित्तीय प्रभार नही मिलने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लिए हैं। उन्होंने बताया कि जब तक लंबित वेतन एवं पीएफ की राशि का भुगतान नही होगा तब तक आंदोलन के साथ हड़ताल जारी रहेगा।
टिकारी संवाददाता: बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम में किए गए प्रावधान के तहत संबंधन प्राप्त महाविद्यालय की शासी निकाय में शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव की घोषणा के मद्देनजर शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इस क्रम में टिकारी स्थित महिला महाविद्यालय, भूलिमठ महमन्ना में शिक्षक प्रतिनिधि पद के लिए तीन अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमे प्रो. बेंकटेश शर्मा, डा. उमेश यादव एवं प्रो. आनंदी राम जार्डन ने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सह सहायक निर्वाचन पदाधिकारी डा. रामाशीष प्रसाद के समक्ष अपना-अपना नामांकन पत्र जामा किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को शिक्षकों की नामावली का प्रकाशन, 5 अगस्त को नाम जोड़ने व सुधार के बाद 7 अगस्त को शिक्षक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। सहायक निर्वाचन पदाधिकारी डा. प्रसाद ने बताया कि विश्विद्यालय द्वारा चुनाव संबंधी जारी अधिसूचना के अनुसार 14 अगस्त को नामंकन पत्र की जांच, 17 अगस्त को नाम वापसी, 19 अगस्त को उम्मीदवारों के नाम का प्रकाशन, 21 अगस्त को चुनाव, मतों की गणना एवं परिणाम की घोषणा की तिथि निर्धारित है। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को चयनित उम्मीदवार के नाम की सूचना विश्विद्यालय प्रतिनिधि से अग्रसारित होने के बाद विश्वविद्यालय को प्रेषित किया जाएगा।
टिकारी सवांददाता: प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता और केंद्रीय कमिटी के सदस्य प्रमोद मिश्रा और सब जोनल कमांडर अनिल यादव पर टिकारी थाना में केस दर्ज किया गया है। एसडीपीओ गुलशन कुमार के बयान पर दोनों नक्सलियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। टिकारी थाना कांड संख्या 480/23 की जांच की जिम्मेवारी विधि-व्यवस्था डीएसपी मो. खुर्शीद आलम को सौंपी गई है। दर्ज केस में एसडीपीओ द्वारा कहा गया है कि नक्सली की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने कमरा की जब तलाशी ली तो 3900 रुपया नगद, नक्सली संगठन से जुड़ा चार पत्र, दादी के घरेलू नुक्सा लिखा किताब, विहंगम योग संदेश और दस्तक नामक किताब, चार मेमोरी कार्ड आदि बरामद किया।
घर के दरवाजा पर लगा एक बाइक भी जब्त किया गया है। पूछताछ में प्रमोद ने पुलिस को बताया कि मेमोरी कार्ड में नक्सली साहित्य और वीडियो है जो संगठन को मजबूति प्रदान करने में सहायक होता है। पुलिस की पूछताछ में प्रमोद मिश्रा ने खुद को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का केंद्रीय कमिटी सदस्य और पूर्वी रिजनल ब्यूरो का चीफ बताया है। जबकि अनिल यादव ने खुद को संगठन का सब जोनल कमांडर बताया है। बड़े नक्सली की गिरफ्तारी के लिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी लगातार प्रमोद की गतिविधि पर नजर रख रही थी।
9अगस्त को एजेंसी ने टिकारी के एसडीपीओ गुलशन कुमार को सूचना दी कि कुख्यात नक्सली प्रमोद मिश्रा अपने साथी अनिल के साथ हुड़रही गांव में विनोद मिश्रा के घर पर आया हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ गुलशन कुमार ने टिकारी थानाध्यक्ष और अन्य छह पुलिसकर्मियों के साथ सुबह तीन बजे हुड़रही गांव पहुंचकर छापेमारी की कार्रवाई की। जिसमे दोनो पुलिस के हत्थे चढ़ गए। बहरहाल झारखंड सरकार के इनामी नक्सली की गिरफ्तारी टिकारी एसडीपीओ की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
टिकारी संवाददाता: सीयूएसबी के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डा. उषा तिवारी ने चीन के चेंगदू में सम्पन्न 31वें वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया। पीआरओ मो. मुदस्सीर आलम ने बताया कि डा. तिवारी को एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) द्वारा महिला तीरंदाजी टीम के आकस्मिक प्रबंधक के रूप में नियुक्त किया गया था। लौटने के बाद डा. तिवारी ने बताया कि एआईयू सोसायटी पंजीकरण अधिनियम 1860 के तहत एक पंजीकृत सोसायटी है जिसके सदस्य भारतीय विश्वविद्यालय हैं।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा एआईयू को अनुदान दिया जाता है और एआईयू का खेल प्रभाग अंतर-विश्वविद्यालय टूर्नामेंट के साथ – साथ वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स को प्रायोजित करता है। उन्होंने बताया कि भारत एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 में अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 26 पदकों में 11 स्वर्ण, 5 रजत और 10 कांस्य के साथ सातवें स्थान पर रहा। भारतीय तीरंदाजों ने प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण सहित सात पदकों का योगदान दिया। डा. तिवारी ने बताया कि भारत ने 1959 में अपनी शुरुआत से लेकर अब तक वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में कुल 18 पदक जीते हैं। इसलिए इस वर्ष 26 पदकों को हासिल करना काफी अनुकरणीय है।