Blog

  • बाइक सवार युवक बाइक से गिरकर हुआ घायल, इलाज जारी

    बाइक सवार युवक बाइक से गिरकर हुआ घायल, इलाज जारी

    कोंच। प्रखंड के कोराप पंचायत अंतर्गत ग्राम भीखनपुर निवासी एक युवक ग्राम चकलदह में बाइक से गिरकर घायल हो गया जिसे स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है।
    जानकारी देते हुए गांव के ग्रामीण जयनंदन शर्मा ने बताया कि ग्राम भीखनपुर निवासी सूचित कुमार (20) पिता स्व.अवधेश शर्मा शुक्रवार की दोपहर किसी कार्य को लेकर बाइक से रफीगंज बाजार जा रहा था तभी गुरारू रफीगंज मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम चकलदह में सड़क पर एक कुत्ता अचानक आ गया जिसे बचाने के क्रम में उक्त युवक बाइक से गिर गया और घायल हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती करा कर इलाज जारी है। युवक को चेहरे पर गंभीर चोट आई है।

    महताब अंसारी , कोंच संवाददाता

  • कोंच डीह के मृत्युंजय हत्याकांड का मास्टर माइंड सुजीत दास हुआ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

    कोंच डीह के मृत्युंजय हत्याकांड का मास्टर माइंड सुजीत दास हुआ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

    रिपोर्ट : महताब अंसारी ,कोंच

    कोंच। कोंच डीह के मृत्यंजय हत्याकांड का मास्टर माइंड सुजित दास को कोंच पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया। हालांकि पुलिस इसमें कुछ विशेष बताने से परहेज करती दिख रही है। मालूम हो कि विगत 2 सितंबर 2021 को कोंच डीह के मृत्यंजय दास की गोली मारकर हत्या कर शव को कोंच के बधार में फेंक दिया गया था। जिसमें मृतक के पत्नी बेबी देवी के द्वारा पूर्व मुखिया राम जीवन पासवान, पूत्र गौतम कुमार व भाई नरेश पासवान, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मंटू पासवान व संतोष शर्मा को अभियुक्त बनाया गया था।

    जिसमें राम जीवन पासवान को पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दी थी। वही शेष चारो अभियुक्तों को न्यायालय से जमानत लेना पड़ा था। लेकिन मृत्यंजय हत्या कांड में एक अलग मोड़ लेते हुए दिख रहा है। मृत्यंजय हत्या कांड का मास्टर माइंड के रूप में कोंच माना बीघा के सुजित दास को कोंच पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसमें पूछताछ में कई मामले उजागर हुआ है। हत्या का प्लान बनाने का श्रेय इसी को जाता है। सुजित दास बीएमपी के जवान है और घटना के दिन मोबाइल पर काफी सक्रिय रहने की बात सामने आई है। वही कोंच थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने कहा कि पूछताछ में कई मामला सामने आया है। जिसपर काम किया जा रहा है।

  • राहुल के मामले में न्यायालय का फैसला सत्य की जीत-सत्येन्द्र नारायण

    राहुल के मामले में न्यायालय का फैसला सत्य की जीत-सत्येन्द्र नारायण

    टिकारी संवाददाता: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद रहे राहुल गांधी को उनपर लगे आरोपों में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिलने पर समर्थकों एवं पार्टी पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गयी। न्यायालय के फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूर्व जिला पार्षद सत्येंद्र नारायण, बृजमोहन शर्मा, बाल्मीकि प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष नाथुन पासवान आदि ने कहा कि उनकी सजा पर रोक के साथ संसद सदस्य्ता बरकरार रहने का रास्ता साफ हो गया है। भाजपाइयों ने मोदी से जिस सवाल को लेकर संसद से उन्हें बाहर करने की साजिश रची थी, सुप्रीम कोर्ट में उसपर पानी फेर दिया है। इस फैसले के बाद राहुल गांधी एक बार फिर संसद में पीएम मोदी से एक बार फिर आंख में आंख डालकर सवाल पूछने का अवसर मिलने वाला है। वंही अन्य कांग्रेसी एवं महागठबंधन नेताओं ने न्यायालय के फैसले को सत्य की विजय बतलाते हुए संविधान पर अपनी आस्था व्यक्त किया है। आज राहुल गांधी विपक्ष का सबसे बड़ा चेहरा है। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब विपक्षी एकता को और अधिक मजबूती मिलेगी।

  • जीबीएम कॉलेज में एनसीसी में नामांकन प्रारंभ

    जीबीएम कॉलेज में एनसीसी में नामांकन प्रारंभ

    गया। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में प्रधानाचार्य प्रो. जावैद अशरफ़ के निर्देशानुसार सत्र 2023-25 के लिए सीनियर विंग के कैडेट्स के नामांकन की प्रक्रिया दिनांक 4 अगस्त, 2023 से प्रारंभ हो चुकी है। नामांकन हेतु आईए/आईएससी प्रथम वर्ष, (सत्र 2023-25) तथा बीए/बीएससी/बीकॉम फर्स्ट सेमेस्टर (सत्र-2023-27) की नव नामांकित छात्राओं को कॉलेज की एनसीसी केयर टेकर अॉफिसर(सीटीओ) डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, असिस्टेंट प्रोफेसर, अंग्रेजी विभाग के पास अपने अॉनलाइन नामांकन रसीद एवं कक्षा दशम के प्रमाण पत्र की छायाप्रतियाँ दिनांक-10 अगस्त, 2023 तक अनिवार्य रूप से जमा कर देनी होंगी। दिनांक 10 अगस्त को 6 बिहार बटालियन से आये एनसीसी अॉफिसर्स के द्वारा अपराह्न 12.30 बजे से महाविद्यालय परिसर में एनसीसी में नामांकन हेतु चयन किया जायेगा। नामांकन के समय चयनित छात्राओं को दो नामांकन प्रपत्र भरने होंगे, जिसमें कैडेट्स के पासपोर्ट आकार के छायाचित्र कॉलेज एएनओ/सीटीओ द्वारा सत्यापित होने चाहिए। एनसीसी में नामांकन हेतु अधिकतम उम्र सीमा 22 वर्ष है।

  • मउ के सत्येंद्र दूसरी बार बने जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव

    मउ के सत्येंद्र दूसरी बार बने जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव

    टिकारी संवाददाता: बिहार प्रदेश जनता दल (यू.) किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार ने टिकारी के जदयू नेता मऊ पैक्स अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार शर्मा को दूसरी बार महासचिव मनोनीत किया है। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में महासचिव शर्मा को मनोनयन पत्र प्रदान करते हुए कहा कि संगठन में इनके रहने से पहले भी और इस बार भी प्रकोष्ठ और पार्टी प्रदेश के साथ गया जिला को मजबूती प्रदान करेगा। वंही प्रकोष्ठ का दूसरी बार महासचिव मनोनीत करने पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति शर्मा ने आभार प्रकट किया है।इधर शर्मा के किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ का दूसरी बार प्रदेश महासचिव बनने पर जदयू के जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक अभय कुशवाहा, अनिल कुमार वर्मा, कमलेश कुमार वर्मा, विजय नारायण सिंह, राजू यादव, मदन सिंह, शशि रंजन, राजीव रंजन आदि अधिकांश पैक्स अध्यक्षों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

  • महाराष्ट्र के पुरातत्वविद सागर कामले ने केसपा का किया दौरा

    महाराष्ट्र के पुरातत्वविद सागर कामले ने केसपा का किया दौरा

    टिकारी संवाददाता: यात्राकार एवं पुरातत्वविद सागर कामले ने अपनी टीम के साथ महाराष्ट्र से चलकर टिकारी प्रखंड अंतर्गत केसपा गांव का भ्रमण किया । सागर कामले विगत पच्चीस दिनों में चार हजार किलोमीटर की यात्रा करते हुए मगध के कई ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया। केसपा गांव में उन्होंने सर्वप्रथम मां तारा देवी मंदिर का दर्शन किया एवं मंदिर परिसर में रखी हुई कई खंडित मूर्तियों का अवलोकन किया। उन्होंने सोरबहियां जी, भगवान गौतम बुद्ध की आदम कद प्रतिमा एवं गरूड़ पर सवार भगवान विष्णु की प्रतिमा का अवलोकन किया। इस अवसर पर ग्रामीण प्रो अरुण कुमार एवं हिमांशु शेखर ने उन्हें गांव की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया।

    भगवान बुद्ध की प्रतिमा को खुले आकाश में देखकर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि, आज तक पुरातत्व विभाग एवं प्रशासन ने इतनी अद्भुत प्रतिमा का क्यों नहीं सुध लिया ? उन्होंने कहा कि केसपा ग्राम को भी राजगीर और बोधगया की तरह पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करना चाहिए। इस गांव की खुदाई से आज भी कई दुर्लभ अवशेष की प्राप्ति हो सकती है, जिससे इतिहास की कई परतें खुल सकती है। सागर कामले अपने यूट्यूब चैनल बोधिसत्व के जरिए आमजन को ऐतिहासिक स्थलों से अवगत करा रहे है।

  • टिकारी में एसडीपीओ कार्यालय का एसएसपी ने किया निरीक्षण

    टिकारी में एसडीपीओ कार्यालय का एसएसपी ने किया निरीक्षण

    टिकारी संवाददाता: एसएसपी आशीष भारती ने शुक्रवार को एसडीपीओ कार्यालय टिकारी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीपीओ गुलशन कुमार सहित अनुमण्डल के सभी थाना के थानाध्यक्ष एवं ओपी अध्यक्ष मौजूद थे। इस अवसर पर एसएसपी भारती ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, त्वरित एवं प्रभावी अनुसंधान, संचिकाओं का बेहतर संघारण, पूर्ण शराबबंदी का सख्ती से अनुपालन, अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंट, इश्तेहार, कुर्की का निष्पादन, अवैध खनन तथा परिवहन पर पूर्ण रोकथाम, प्रभावी गश्ती को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

    उन्होंने अनुमंडल के सभी थानों के महत्वपूर्ण कांडों की भी समीक्षा की और बदमाशों की त्वरित गिरफ्तारी तथा त्वरित गति से अनुसंधान पूर्ण कर कांडों के निष्पादन को लेकर सम्बन्धित थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। इससे पूर्व एसडीपीओ कार्यालय पहुंचने पर एसएसपी को टिकारी थाना के पुलिस बल के जवानो ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

  • टिकारी के पूरा मे 5 करोड़ की लागत से बनेगा नया ओपी भवन, एसएसपी ने प्रस्तावित स्थल का किया निरीक्षण

    टिकारी के पूरा मे 5 करोड़ की लागत से बनेगा नया ओपी भवन, एसएसपी ने प्रस्तावित स्थल का किया निरीक्षण

    एसडीपीओ को पुलिस पिकेट चालू करने का दिया निर्देश

    टिकारी संवाददाता: वर्ष 2014 में एक अनुसूचित जाति की हत्या और दबंगई का आरोप लगाकर गांव से इस वर्ग के सभी परिवार के पलायन कर जाने के बाद गांव में ओपी बनाने घोषणा अब साकार होता दिख रहा है। तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के कैबिनेट से ओपी बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगी थी। शुक्रवार को एसएसपी आशीष भारती स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ घटना पीड़ित गांव टिकारी प्रखंड के पूरा पहुंचे। जंहा संचालित मध्य विद्यालय के समीप ओपी के लिए प्रस्तावित स्थल का जायजा लिया। एसएसपी भारती ने पूर्व में संचालित पुलिस पिकेट को पुनह चालू करने का निर्देश एसडीपीओ गुलशन कुमार को दिया। साथ ही ओपी के लिए प्रस्तावित स्थल अनवाद बिहार सरकार के नाम से उपलब्ध भूखंड में से 60 डिसमिल भूमि में से ओपी के निर्माण के लिए सम्बन्धित विभाग को हस्तांतरित भूमि का सुरक्षा सहित अन्य दृष्टिकोण से निरीक्षण किया।

    एसएसपी ने बताया कि पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा ओपी का भवन निर्माण के लिए पांच करोड़ की राशि का प्राविधान किया गया है जिसका निविदा भी प्रकाशित की जा चुकी है। ओपी का निर्माण हो जाने से अनुमण्डल क्षेत्र के दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और क्राइम कंट्रोल में लाभ मिलेगा।  यंहा बता दें कि वर्ष 2014 में पैक्स चुनाव से पूर्व एक अनुसूचित जाति की हत्या के बाद घटना को राजनीतिक रंग दिया गया था। इसी कड़ी में गांव के लगभग 300 अनुसूचित जाति के परिवारों को उकसाकर घर छोड़कर गांव से पलायन कराकर सामाजिक माहौल को खराब कर दिया गया था। कई दिनों तक हाई वोल्टेज राजनीतिक ड्रामा के बीच जिला प्रशासन ने पलायन करने वालों को घर वापसी पर सुरक्षा का भरोसा देते हुए तत्काल गांव में पुलिस पिकेट की स्थापना की गई थी। जिसे बाद में हटा लिया गया था। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि ओपी बनने से आम लोगों को कोई लाभ नही मिलेगा। वल्कि लोकल पोलटिक्स में आम लोग झूठे मुकदमे का शिकार बनेंगे। बहरहाल स्थल निरीक्षण के दौरान एसएसपी के साथ एसडीपीओ, एसएचओ श्रीराम चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद थे। 

  • अलीपुर पुलिस ने ट्रैक्टर चोर को किया गिरफ्तार

    अलीपुर पुलिस ने ट्रैक्टर चोर को किया गिरफ्तार

    टिकारी संवाददाता: अलीपुर थाना की पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी में शामिल एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। अलीपुर थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि अलीपुर थाना में दर्ज कांड संख्या 50/23 के अनुसंधान के क्रम में ट्रैक्टर को मगध मेडिकल थानाक्षेत्र के कोशडीहरा ग्राम से बरामद किया गया। चोरी की गई ट्रैक्टर कोशडीहरेया निवासी महावीर यादव के पुत्र छोटू कुमार के घर से बरामद हुआ था। मौके पर से छोटू फरार हो गया था। जबकि घटना में संलिप्त कुंदन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

    पुलिस द्वारा छोटू कुमार को कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था। घटना के बाद से छोटू फरार चल रहा था। शुक्रवार को अलीपुर थानाध्यक्ष श्री शर्मा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि छोटू अपने घर पर ही है। सूचना मिलते ही श्री शर्मा दल बल के साथ मगध मेडिकल थाना की पुलिस के सहयोग से छोटू को गिरफ्तार कर ली। पुलिस द्वारा पूछताछ कर छोटू को न्यायालय को सुपुर्द कर दिया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

  • Breaking news: गया में बालू माफियाओं ने पुलिस पर बोला हमला, पुलिस वाहन चालक जख्मी

    Breaking news: गया में बालू माफियाओं ने पुलिस पर बोला हमला, पुलिस वाहन चालक जख्मी

    रिपोर्ट – अजीत कुमार ,बेलागंज

    फल्गु नदी से बालू की चोरी करके ले जा रहे ट्रैक्टर को जब्त करने गए चाकन्द थाने पुलिस पर शुक्रवार को बालू माफिया गिरोह के लोगों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। रोड़ेबाजी में पुलिस वाहन का चालक की उंगली फ्रैक्चर हो गया है। बालू चोर गिरोह के हमले में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया है।जबकि,बालू माफिया गिरोह ने पुलिस द्वारा जब्त ट्रैक्टर को जबरन छुड़ा कर भागने में सफल रहे।अपर थानाध्यक्ष रामाशीष सिंह ने बताया कि फल्गु नदी के तिनेरी घाट से अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस तिनेरी घाट पहुंचकर बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसे थाना लाया जा रहा था।इसी बीच बालू चोरों के गिरोह के लोगों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया‌। जहां रोड़ेबाजी में पुलिस वाहन चालक ओमप्रकाश कुमार की उंगली टूट गई है और पुलिस वाहन का शीशा टूट गया है। मामले को लेकर पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस बल पर हमले में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। उसके बाद अग्रतर कारवाई किया जाएगा।