टिकारी संवाददाता: टिकारी के नए अंचलाधिकारी के रूप में मुन्ना प्रसाद ने अपना पदभार ग्रहण कर किया। उक्त पद ए दूसरी बार अपनी सेवा दे रहे हैं। पदभार ग्रहण करने आये नए सीओ को कार्यालय कर्मियों में बुके देकर स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद वे कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और अपनी कार्य की प्राथमिकता गिनाई।
सीओ प्रसाद ने कहा कि लोगों के कार्यो को समय पर निष्पादित करना, दाखिल खारिज के लंबित वादों का निष्पादन के साथ राजस्व की बसूली पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा के अंदर भूमि विवादों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने आरटीपीएस कार्यालय के कर्मियों को समय सीमा के अंदर जाति, आय, आवासीय आदि प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु निर्देशित किया। मौके पर धर्मेंद्र कुमार सहित सभी कर्मी मौजूद थे।
वंही थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार मे लोगों की भी समस्याओं को सुना और भूमि विवाद के दो मामले का निष्पादन आपसी समझौता के आधार पर कराया। उन्होंने बताया कि जनता दरबार मे भूमि विवाद से सम्बंधित कुल सात मामले आये थे।
कोंच। आंती थाना क्षेत्र के खटनही गांव से मारपीट मामले में तिनेरी पंचायत के उप सरपंच को आंती पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है। जानकारी देते हुए आंती थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि कांड संख्या 58/23 के प्राथमिकी अभियुक्त श्रृंगारी देवी पति ललन पासवान ग्राम खटनही को थानाध्यक्ष व एस आई अभिलाष सिंह ने महिला पुलिस बल के सहयोग से गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया गया है। मालूम हो कि बीते दिनों ग्राम खटनही में नाद के पानी बहाने को लेकर दो पक्ष में मारपीट हुई थी जिसमें रेशमी कुमारी (20) पिता सुखेंद्र पासवान एवं कौशल्या देवी (55) पति सुखेंद्र पासवान दोनों मां- बेटी घायल हो गईं थी। बता दें कि श्रृंगारी देवी तिनेरी पंचायत के उप सरपंच सह हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सेकुलर के मनोनित प्रखंड महिला अध्यक्ष हैं।
टिकारी संवाददाता: अलीपुर थाना की पुलिस ने शनिवार को अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर थानाक्षेत्र के चैताखार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के समीप से परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को रुकवाकर जांच की गई। जिसमे ट्रैक्टर अवैध बालू की ढुलाई करता पकड़ा गया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर चालक एवं ट्रैक्टर मालिक की पहचान की जा रही है।
टिकारी संवाददाता: शराब पीकर मारपीट करने एवं प्रताड़ित करने पर पत्नी ने अपने ही पति को जेल के सलाखों के पीछे भेजवा दिया। मामला अलीपुर थानाक्षेत्र के उर विशुनपुर गांव का है। शराबी पति से पीड़ित महिला संजू देवी ने शुक्रवार को अलीपुर थाना मे पति राजू साव के खिलाफ शिकायत की थी। जिसमे उसके द्वारा कहा गया था कि मेरे पति राजू शराब के नशे में मारपीट करते हैं। शराब पीने के लिए पैसा नही देने पर घर के सामान तोड़ फोड़ और प्रताड़ित करते हैं। संजू ने पुलिस को बताया कि आरता बनाकर उसे बाजार में बेचकर अपना एवं अपने बच्चो का भरण पोषण करती हूं। घटना के दिन अचानक मेरे पति राजू साव शराब के नशे में घर आये और मारपीट करने लगे। किसी तरह घर में छुप कर अपनी जान बचाई। शराब के नशे में होने के कारण वे गिरकर जख्मी भी हो गए। पीड़िता के शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपित राजू साव को गिरफ्तार कर लिया। अलीपुर थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि राजू साव के खिलाफ मिली शिकायत पर सुसंगत धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय को सुपुर्द कर दिया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उद्घाटन समारोह में डॉ कुमार ने भविष्य में भी कॉलेज के निर्माण कार्य में सहयोग देते रहने का दिया आश्वासन
गया: गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय के नवनिर्मित पुस्तकालय भवन का उद्घाटन गया शहर के लोकप्रिय नेता पूर्व मंत्री-सह-नगर विधायक, बिहार सरकार एवं बिहार विरासत विकास समिति के सभापति डॉ प्रेम कुमार, प्रधानाचार्य प्रो. जावैद अशरफ़ एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित करके, नारियल फोड़कर तथा फीता काट करके किया। इस अवसर पर डॉ कुमार ने उद्घाटन शिलापट्ट का अनावरण भी किया। डॉ कुमार तथा अन्य अतिथियों का स्वागत माला पहनाकर किया तिलक लगा करके किया गया। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ कार्यक्रम का संचालन कर रही अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी के नेतृत्व में हारमोनियम पर छात्रा नमन्या, प्रगति आदि द्वारा प्रस्तुत महाविद्यालय कुलगीत तथा स्वागत गीत की सुमधुर प्रस्तुति से हुआ। डॉ. प्रेम कुमार, प्रधानाचार्य प्रो. अशरफ़ तथा अन्य अतिथियों ने सम्मिलित रूप से पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ एस आर रंगनाथन के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया।
तत्पश्चात, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. जावैद अशरफ़, बर्सर डॉ सहदेव बाउरी, संगीत विभागाध्यक्ष डॉ नूतन कुमारी एवं नैक समन्वयक डॉ. शगुफ्ता अंसारी ने मुख्य अतिथि डॉ प्रेम कुमार तथा अन्य अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, कॉलेज पत्रिका ‘गरिमा’ तथा कॉलेज डायरी प्रदान करके किया। स्वागत वक्तव्य में प्रधानाचार्य ने समस्त कॉलेज परिवार की ओर से डॉ प्रेम कुमार के स्नेह तथा सहयोग के प्रति हार्दिक आभार जताया। कहा कि मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत डॉ कुमार के सौजन्य से प्राप्त धनराशि से ही पुस्तकालय भवन के निर्माण का कार्य संभव हो सका। प्रधानाचार्य ने कॉलेज की अन्य उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए यह उम्मीद जतायी कि आगे भी डॉ कुमार का सहयोग कॉलेज परिवार को मिलता रहेगा तथा छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नये भवन निर्माण कार्य होते रहेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम कुमार ने प्रो अशरफ़ तथा कॉलेज के टीचर्स की लगन तथा कर्मशीलता की प्रशंसा करते हुए कॉलेज में अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने हेतु यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने जीबीएम कॉलेज को गया शहर का अत्यंत सक्रिय तथा सफल शिक्षण संस्थान ठहराते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रकृति संरक्षण तथा महिलाओं के सर्वांगीण कल्याण पर भी डॉ कुमार ने अपने भाव प्रकट किये। कार्यक्रम समन्वयक- सह-मीडिया प्रभारी डॉ रश्मि ने बतलाया कि कार्यक्रम के उपरांत डॉ प्रेम कुमार द्वारा जीबीएम कॉलेज परिसर तथा चित्रगुप्त मध्य विद्यालय प्रांगण में पौधरोपण अभियान के तहत उपयोगी पौधे भी लगाये गये।
समारोह में आगंतुक अतिथियों में देवानंद पासवान, प्रेम सागर, अमित लोहानी, धीरू कुमार, गोपाल चंद्रवंशी, सुरेंद्र यादव, अमित कुमार के अतिरिक्त प्रो अफ्शाँ सुरैया, डॉ प्रियंका कुमारी, डॉ नगमा शादाब, डॉ जया चौधरी, डॉ प्यारे माँझी, डॉ पूजा, डॉ पूजा राय, डॉ अनामिका कुमारी, डॉ अमृता कुमारी घोष, कृति सिंह आनंद, डॉ शिल्पी बनर्जी, डॉ रुखसाना परवीन, डॉ फरहीन वज़ीरी, बनीता कुमारी, डॉ सुनीता कुमारी, डॉ सुरबाला कृष्णा, अभिषेक कुमार, भोलू, रौशन कुमार, सुनील कुमार, अजय कुमार, राजेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार, मीरा देवी की भी उपस्थिति रही।
ऐतिहासिक गया धाम चारों ओर पहाड़ से घिरा हुआ शहर है और शहर के उतर में काफी पुराना धार्मिक रामशिला पहाड़ है। भगवान श्रीराम के गया आगमन और इस स्थान पर आने के बाद यह पहाड़ रामशिला पहाड़ के नाम से जाना लगा हैं।
आइए जानते हैं कहां है यह पहाड़ और इसकी विशेषताएं
विष्णुपद मंदिर से लगभग 8 किमी उतर फल्गु नदी के किनारे रामशिला पहाड़ है। पहाड़ के नीचे सामने रामकुण्ड नामक सरोवर है और इस सरोवर के दक्षिण एक शिव मंदिर है। रामशिला पहाड़ के ऊपर लगभग 20 सीढ़ी चढ़ने के बाद भगवान श्रीराम मंदिर है. यहा भगवान् के चरण-चिन्ह बना है। मंदिर के दक्षिण में बरामदे में कुछ प्राचीन मूर्तियां है।
मंदिर में स्फटिक का बना अदभुत शिवलिंग
रामशिला पहाड़ के तलहट्टी स्थापित मंदिर में, जहां देश का तीसरा स्फटिक शिवलिंग विराजमान है। पहला स्फटिक शिवलिंग रामेश्वरम में, दूसरा जम्मू के रघुनाथ मंदिर और तीसरा इस मंदिर में है। इस स्फटिक शिवलिंग की खास बात यह है कि इसके पास आरती दिखाने पर माता पार्वती व भगवान शिव के दिव्य नेत्रों का भक्त दर्शन करते हैं। मंदिर में करीब एक फीट ऊंचे और इतना ही वृत्ताकार शिवलिंग जो काफी दुर्लभ है। स्फटिक शिवलिंग के अंदर नाग की आकृति अभी तक रहस्य और विस्मयकारी बनी हुई है।स्फटिक या क्वार्ट्ज (Quartz) यह रेत एवं ग्रेनाइट का मुख्य घटक है। पृथ्वी के धरातल पर क्वार्ट्ज दूसरा सर्वाधिक पाया जाने वाला खनिज है।
एक मूंगा पत्थर से है निर्मित गणेश की प्रतिमा
रामशिला पहाड़ी के तलहटी में बने मंदिर में भगवान श्री गणेशजी के मूंगा की पांच फीट उंचा भव्य प्रतिमा है। यह बहुत ही दुर्लभ मूर्ति है और भारत वर्ष में बहुत ही कम देखने को मिलता है और बहुत ही कीमती है। यह प्रतिमा एक ही मूंगे के पत्थर से निर्मित है। श्रीगणेश जी के सूंढ़ दक्षिणविमुखी है। जो महाराष्ट्र और जम्मू के बाद यही देखने को मिलेंगे।
भगवान् राम का यहां हुआ था आगमन
अपने पिता दशरथ जी की मृत्यु के बाद भगवान राम ने फल्गु तट पर पिण्डदान किया और उसके बाद यहाँ आ कर रामशिला पहाड़ के ठीक सामने सड़क के पार रामकुंड में भगवान राम ने स्नान कर रामशिला वेदी पर पिता राजा दशरथ को पिंड दिया था। भगवान् राम रामशिला पहाड़ के शिखर पर ऋणमोचन-पापमोचन शिवलिंग की स्थापना की। इसे सशक्त शैव केन्द्र के रूप में माना जाता है।जहाँ पर आज के समय भी पिंडदानी लोग अपने पूर्वज के पिंड दान करते है। भगवान राम ने लक्ष्मण और सीता के साथ गया धाम के उत्तरी सिरे पर अवस्थित पर्वत के शिखर पर विश्राम किया था। शिखर पर उन्होंने रामेश्वर/पातालेश्वर महादेव शिवलिंग की स्थापना और पूजन किया।तभी से इस पर्वत का नामकरण रामशिला कर दिया गया। यहां पिंडदान करने से पूर्वज सीधे स्वर्गलोक जाते हैं। रामकुंड में पिंडदान करने से पितरों को मोक्ष मिलता है।
रामेश्वर/पातालेश्वर महादेव मंदिर
रामशिला पहाड़ के उपर उसके आस पास बहुत पुराने कई मूर्ति स्थापित है और उसमें कुछ नए भी है। यह सन 1041 में मुख्यतः बना है। उसके बाद समय समय पर मंदिर में पुनरुदार और मरम्मत का कार्य कई बार हुआ है। रामशिला पहाड़ पर पातालेश्वर महादेव मंदिर से गया शहर का सुन्दर एवं मनोरम दृश्य दिखाई पड़ता है।रामशिला एक प्रसिद्ध धर्म तीर्थ है.रामशिला पहाड़ की ऊंचाई 715 फीट है। पहाड़ पर बने पातालेश्वर शिव और राम लक्ष्मण मंदिर दर्शनीय है। साथ ही वासुकीनाथ भी अपने अलौकिक रूप में नजर आते है. यहां पूजा-अर्चना करने से काल सर्प और असामयिक मृत्यु का भय दूर हो जाता है।
मंदिर निर्माण का इतिहास और निर्माण
इस शिव मंदिर का निर्माण टिकारी महाराज गोपाल शरण सिंह के पिता बाबु अम्बिका शरण सिंह ने टिकारी राज के Court of Wards के समय, गया शहर के पहसी में प्रवास के दौरान, सन 1886 ई. में इसका निर्माण कराया था। उन्होंने रामशिला पहाड़ पर पातालेश्वर महादेव मंदिर जाने के लिए सीढियों का पुनरुद्धार और मरम्मत भी करवाई।
मंदिर में शीतलता
शीतलता का प्रतीक है स्फटिक शिवलिंग, सावन में लगती है भीड़ रामशिला स्थित शिव मंदिर में स्थापित स्फटिक शिवलिंग शीतलता का प्रतीक है। इस शिवलिंग पर दूध चढ़ाने से मन को चंद्रमा के समान शीतलता मिलती है. इसके अलावा बाबा भोलनाथ भक्तों के हर प्रकार के कष्ट को दूर कर देते हैं।
मनोकामना पूर्ण होना, शुक्र ग्रह का मिटता है संताप
गया के उत्तरी क्षेत्र के रामशिला पहाड़ की तलहटी में स्थापित स्फटिक के शिवलिंग की पूजा-अर्चना का खास महत्व है। यहां पूरे साल भक्तों की भीड़ लगी रहती है। स्फटिक भी एक तरह का रत्न है जो शुक्र ग्रह के लिए है. ‘शुक्र’ ‘कामदेव’ माने जाते हैं। जिनकी पूजा-अर्चना करने से मन व शरीर दोनों की कामना पूरी होती है। कोई मनुष्य यदि स्फटिक के शिवलिंग की पूजा, जलाभिषेक तथा आराधना समर्पित भाव से करे तो शुक्र ग्रह का संताप मिट जाता है।
सावन महिना में सर्वाधिक होती है भीड़
श्रावण के महीने में हर शिवालय में भक्तों की भीड़ होती है लेकिन इस मंदिर में श्रावण में शिव की विशेष पूजा अर्चना का एक अलग महत्व है।
हर माह में होते हैं महाशिवरात्रि पर्व
सालभर में 12 शिवरात्रि व्रत किए जाते हैं लेकिन इनमें फाल्गुन महीने के कृष्णपक्ष की चतुर्दशी महाशिवरात्रि पर्व बहुत खास है। महाशिवरात्रि पर्व के दिन मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने के लिए काफी संख्या में भक्तगण आते है, इस दिन यहाँ बहुत संख्या में लोग शिव-पार्वती के विवाह में सम्मिलित होने के लिए मंदिर परिसर में आते है, मेला लगता है और सम्पूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय हो जाता है।
जानें स्फटिक शिवलिंग के बारे में—
स्फटिक शिवलिंग सुख-शांति बनाए रखता है और आपको जीवन में होने वाले बुरे प्रभावों से बचाता है. जो भी भक्त महाशिवरात्रि के दिन सच्चे मन से स्फटिक शिवलिंग की पूजा करता है उसकी भगवान शिव स्वयं रक्षा करते हैं। स्फटिक शिवलिंग की ऊर्जा में इतनी शक्ति होती है कि मात्र इसकी पूजा करने से आपके मन शुद्ध हो जाता है। जो भी व्यक्ति पूजन स्थल में स्फटिक शिवलिंग की पूजा करता है उसे जीवन में कभी भी धन की कमी नहीं होती हैं। यहां के पुजारी दीप नारायण पांडेय बताते हैं कि रामशिला स्वयं में एक संपूर्ण तीर्थ स्थल है। शिव और राम(विष्णु) के साथ साथ विघ्नहर्ता श्री गणेश की पूजा करने के साथ पिण्डदान के लिए सालों भर भक्तगण और श्रद्धालु आते रहते हैं।
मंदिर जाने के लिए क्या करना होगा
गया-पटना सड़क के सटे इस मंदिर में जाने के लिए गया जंक्शन से आने वाले श्रद्धालु इस स्थल पर ऑटो के जरिए टावर चौक, किरानी घाट, पंचायती अखाड़ा होते हुए रामशिला पर्वत के पास पहुंच सकते हैं। इसके अलावा स्टेशन से बागेश्वरी मंदिर, छोटकी नवादा होते हुए भी इस स्थल पर पहुंचा जा सकता है।
दीपू हत्या कांड के नामजद आरोपी एवं भाई के सास को बेलागंज पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्याययिक हिरासत में जेल भेज दिया। गुप्त सूचना के आधार पर गया शहर से दीपू हत्याकांड के नामजद आरोपी विभा कुमारी को बेलागंज पुलिस ने गुरुवार की रात गया शहर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी महिला मृतक के भाई के सास थी। जो दीपू हत्याकांड में नामजद आरोपी है। 17 जुलाई को गया न्यायालय से गवाही देकर लौटने के दौरान अपाची सवार बदमाशों ने चाकन्द-बेलागंज के बीच सड़क मार्ग पर दिनदहाड़े गोली मारकर जख्मी कर दिया था।जिसकी मौत इलाज के दौरान 20 जुलाई को पटना में हो गयी थी।उक्त घटना को ले दिप्पू की मां कृष्णामनी देवी ने अपने समधी राजेश कुमार, समधिन विभा कुमारी, बहु सुनीता कुमारी एवं गिरिधर कुमार सहित दो अज्ञात के खिलाफ बेलागंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। दीपू की मौत के बाद बेलागंज पुलिस ने तत्काल छापेमारी करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।वही अन्य आरोपियों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है।
शुक्रवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से गया जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में मानपुर प्रखंड के नौरंगा ग्राम पंचायत के पंचायत सरकार भवन में ‘महिला शक्तिकरण’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुकून कुमार मांझी के द्वारा दीप प्रज्वलित कर जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। मानपुर प्रखंड के प्रमुख एवं नौरंगा पंचायत के मुखिया एवं सरपंच प्रखंड पंचायती राज अधिकारी के उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागी के रूप में आंगनबाड़ी, सेविका , आशा दीदी ,जीविका दीदी, शिक्षिकागण विद्यालय के छात्र एवं जनप्रतिनिधि महिलाओं ने भाग लिया।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया ने उक्त कार्यक्रम में महिलाओं के अघिकारो के बारे में एवं P.N.D.T अधिनियम एवं अन्य विधिक जानकारी दी। रिसोर्स पर्सन कुमारी सुमन सिंह ने भी महिलाओं से संबंधित घरेलू हिंसा अधिनियम एवं अन्य कानूनों के बारे में विस्तृत रूप से उपस्थित महिलाओं को जानकारी दी। इस कार्यक्रम के अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुकून मांझी ने पंचायत भवन में अशोक पेड़ का पौधरोपण कर इस मौके को यादगार बनाया। कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन अंजू बर्मा, रंजीत स्वार्था, प्रिया पायल, पंचायत सचिव, रिंकी कुमारी, शामानज़, कुमारी सुप्रिया एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी प्रतुल कुमार, हारून राशिद, विकास कुमार उपस्थित थे।
डुमरिया प्रखंड के भोक हा उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रवेशोत्सव विशेष नामांकन अभियान चलाकर बीस बच्चों का नामांकन कराया गया।+उच्च माध्यमिक विद्यालय भोकहा में मुखिया सविता कुमारी वार्ड सदस्य सरिता कुमारी,प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामाधार प्रसाद,प्राचार्य मिथलेश राम और उनके सह योगी शिक्षक शीतल प्रसाद,बबिता कुमारी,टोला सेवक अमित कुमार ने उच्च वर्गों में नामांकन के लिए रब्दी, झंगट, बकरीडीह,भोकहा बधान,राक्ष्या, इत्यादि गावों में जाकर अभिभावकों से मिलकर बच्चो का नामांकन कराया गया।बिहार सरकार के आदेश के बाद सभी विद्यालयों में नया नामांकन कराया जा रहा है।
शुक्रवार को नागरिक मोर्चा, गया के आह्वान पर मणिपुर में कुकी(एक जाति) आदिवासी दो महिलाओ के साथ निर्वस्त्र कर सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में कैंडिल मार्च अम्बेडकर पार्क से निकाला गया। जो जीबी रोड से होते हुए गया टॉवर चौक के पास संपन्न हुआ। सभा की अध्यक्षता मो. यहिया ने की। वक्ताओं ने कहा कि मणिपुर की घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि तत्काल वहां की विरेंन सिंह की सरकार को बर्खास्त करने की माँग कि गई। साथ ही साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए फांसी देने की मांग की गई। भाजपा सरकार की यह घोर विफलता है कि मणिपुर में करीब ढाई महिना से हिंसा जारी है। जिसे रोक पाने में डबल ईंजन की सरकार विफल है। सभा को लालजी प्रसाद पूर्व पार्षद, डिप्टी मेयर चिंता देवी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री सीता राम शर्मा, कपिल देवी सिंह, कर्मचारी यूनियन के बिहार राज्य अध्यक्ष शिवबचन शर्मा, जहांगीर खान, राजकुमार रजक, पीएन सिंह, सी. पी. आई. के राज्य नेता अखिलेश कुमार, राम जगन गिरी, विधानंद विकल, राम बलि प्रसाद आदि लोग संबोधित किया।