डुमरिया प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना में भारी अनियमिता को लेकर एसडीओ अनिल कुमार रमन ने डुमरिया प्रखंड में कार्यरत 5 ग्रामीण आवास सहायक को लाभुकों का चयनित सूची के साथ समीक्षा हेतु अनुमंडल कार्यालय शेरघाटी बुलाया गया था। ग्रामीण आवास सहायक ने आवास योजना से संबंधित चयनित सूची प्रस्तुत नहीं किया। डुमरिया प्रखंड में प्राय यह शिकायतें मिलती रहती है कि मुकेश कुमार नामक का एक दलाल रहता है। कई ऐसे लोग हैं जिन्हें आवास नहीं दिया गया और ग्रामीण आवास सहायक क्षेत्र का भ्रमण नहीं करते है।
अनिल कुमार रमन , एसडीओ शेरघाटी
योग्य लाभुक इस योजना से वंचित रह जाते हैं और आयोग्य लाभुकों का चयन हो जाता है ऐसी स्थिति में लेखा सहायक, सभी ग्रामीण आवास सहायक एवं संबंधित ग्रामीण आवास ऑपरेटर जिम्मेवार हैं। कार्य के प्रति लापरवाही बरते जाने, योग्य लाभुकों को आवास योजना से वंचित रखने एवं लाभुको को चयन में बिचौलिया को प्रश्रय देने जैसी शिकायतें के लिए इन्हें दोषी मानते हुए अगले आदेश तक वेतन भुगतान स्थगित किया जाता है। इन्हें 2 दिनों के अंदर समय देते हुए निर्देश दिया जाता है कि ऐसे सूची जिसमें पंचायत अंतर्गत कितने लोगों को स्वीकृत प्राप्त हुई। कितने लोगों का भुगतान हुआ। कितने लोगों का गलत भुगतान हुआ। जो दूसरे के खाते में चला गया। कितने ऐसे लोग का भुगतान हुआ जिन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिलना चाहिए और दे दिया गया के विरूद्ध नियामाकूल कार्रवाई करते हुए सूची के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। कार्य के प्रति संतुष्ट नहीं होने तक 1 लेखासहायक5 आवास सहायक, 1 ग्रामीण आवास ऑपरेटर का वेतन स्थगित करते हुए दिशा निर्देश् दिया है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के झारखंड राज्य से सटे क्षेत्रो मे हो रही शराब तस्करी के खिलाफ फतेहपुर पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इस दौरान सोमवार को थाना क्षेत्र के गंगहर -गुरिसर्वे रास्ते से पुलिस ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे दो बाइक पर लदे 90 लीटर देशी शराब तथा 17लीटर अंग्रेजी शराब समेत दो शराब तस्करों को दबोच लिया। अपर थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया की थाना क्षेत्र के गंगहर से गुरिसर्वे जाने वाली कच्ची सड़क से तस्करी के लिए ले जाई जा रही 90लीटर देशी शराब एवं 17लीटर अंग्रेजी शराब सहित दो बाइक समेत दो शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शराब तस्कर छोटू कुमार पिता रामप्रसाद यादव ग्राम गुरिसर्वे का रहनेवाला है। वहीं दूसरा शराब तस्कर अरुण कुमार पिता रामलखन यादव ग्राम मचरक के रहने वाला है। वहीं फतेहपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि फतेहपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के धंधे को पूरी तरह से बंद करने के लिए प्रयास जारी है। पुलिस इसके लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
28 मई को पटना स्थित होटल चाणक्यके के दरबार हॉल में विश्व माहवारी दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरजीत कौर निर्देशक महिला एवं बाल विकास विभाग ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विवेक कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपक कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव (शिक्षा) प्रत्यय अमृत अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य विभाग ) विनय कुमार सिंह अध्यक्ष सह प्रबंध निर्देशक (बिहार पुलिस निर्माण विभाग) के साथ ICDS, समाज कल्याण विभाग एवं यूनिसेफ से भी कई वरिष्ठ अधिकारीयों ने अतिधि के रूप में शिरकत की। इस कार्यक्रम में माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छत-प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षिकाओं, जीविका दीदीयों, पुलिस विभाग में महिला कार्यकर्ताओं एवं आगनवाड़ी कार्यकताओं को सम्मानित किया गया। गया जिला से कुमारी आरती सिंह शिक्षिका ( उच्च विद्यालय, गेरे) को पुरस्कार के रूप में लैपटॉप के साथ-साथ प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इनके द्वारा माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छत- प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के फलस्वरूप प्रदान किया गया है। यह गया जिला एवं जिला के शिक्षा कार्यालय के लिए गौरव की बात है। गया जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने शिक्षिका आरती सिंह को इसके लिए बधाई दी है।
बेलागंज: रविवार की सुबह गया पटना मुख्य मार्ग पर बेलागंज थाना क्षेत्र के रामपुर मोड़ के समीप एक अनियंत्रित हाईवा सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे दो लोगों को अपने चपेट में ले लिया। जिससे एक की मौत घटनास्थल पर हीं हो गई। वहीं दूसरे को गंभीर स्थिति में मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया में भर्ती कराया गया है। जहां गंभीर स्थिति में चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा है। घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच को लगभग तीन घंटे तक जाम कर दिया। जिससे यातायात व्यवस्था में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनो तरफ छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना के संबंध मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले बेलागंज बाजार निवासी 40 वर्षीय कौशलेंद्र कुमार उर्फ रॉकी और बाजितपुर निवासी 50 वर्षीय मो मौजीव एक अनियंत्रित मिट्टी लदे हाईवा में चपेट में आ गए। जिससे कौशलेंद्र कुमार उर्फ रॉकी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं मो मौजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल सीएचसी बेलागंज में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया रेफर कर दिया।
इधर घटनास्थल पर हुई रॉकी की मौत से आक्रोशित लोगों ने एनएच को रामपुर मोड़ के समीप जाम कर दिया। सड़क दुर्घटना में मौत और एनएच जाम की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बेलागंज थाना की पुलिस को अक्रोशित लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। एनएच जाम कर रहे लोग मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाने और कंस्ट्रक्शन कंपनी के अनियंत्रित चल रहे हाईवा वाहनों के स्पीड पर नियंत्रण किए जाने की मांग पर अड़े रहे। स्थानीय पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के पहल के बाद लगभग तीन घंटे बाद जाम हटाया गया। तब जाकर यातायात व्यवस्था बहाल हुई। थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा हाईवा चालक को पकड़ लिया गया था। जिसे पुलिस हिरासत में लेते हुए हाईवा को जब्त कर लिया गया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया गया है।
टिकारी संवाददाता: क्षेत्र व समाज में शांति एवं सद्भावना बनाये रखने के उद्देश्य से रविवार को नौ दिवसीय पुलिस पब्लिक मैत्री वालीबाल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। टिकारी राज स्कूल के मैदान में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन डीएसपी गुलशन कुमार एवं एसएचओ श्रीराम चौधरी ने फीता काटकर किया। इसके बाद उद्घाटन मैच के लिए कोर्ट पर उतरी उप मुख्य पार्षद सागर कुमार के नेतृत्व में टिकारी नगर परिषद और मुखिया आशुतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में लाव पंचायत की टीम के खिलाड़ियों का दोनो अधिकारियों ने परिचय प्राप्त कर टास किया। दोनो टीमों के बीच खेले गए टूर्नामेंट के प्रथम मैच में नगर परिषद की टीम ने लाव को 2-0 से पराजित कर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
इसके बाद टूर्नामेंट का दूसरा मैच पलुहड़ एवं महमन्ना पंचायत की टीम के बीच खेला गया। जिसमें महमन्ना की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। इस अवसर पर चारों टीम के खिलाड़ियों को डीएसपी और एसएचओ द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। मैच में रेफरी के रूप में सुजीत कुमार एवं रंजीत कुमार तथा स्कोरर के रूप में अविनाश व अभिषेक ने कार्य किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी ट्विंकल सिंह, विजय कुमार, विकास कुमार, रंजन सिंह, मुखिया रिंकू ठाकुर, सुबोध सिंह, पैक्स अध्यक्ष कृष्णगोपाल सिंह उर्फ मंटू शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे। आज यानी सोमवार को भोरी व अमाकुआं और छठवां व शिवनगर के बीच मैच खेला जाएगा।
भाकपा माले और इंसाफ मंच की एक जिला स्तरीय जांच टीम ने रविवार को नगर प्रखंड के बलना गांव जाकर मृतक कमलेश चौधरी के परिजनों से मुलाकात की। जांच टीम में भाकपा माले नगर प्रभारी तारिक अनवर, इंसाफ मंच जिला सचिव आमिर तुफैल, आइसा नेता मो. शेरजहां व फ़राज़ हाली शामिल थे। गौरतलब है की चंदौती थाना के बलना गांव से बेलागंज के नीमचक में 26 मई को बारात गई थी जिसमे कमलेश चौधरी भी बारात में शामिल थे। रात में ही बारात लौटने के क्रम में बतसपुर मोड़ के पास इनपर निर्मम हमला हुआ जिससे उनकी जान चली गई। जांच टीम से मृतक के पिता रामाशीष चौधरी, उनके परिजन व बारात में शामिल लोगों ने बताया की गांव के सुरेश यादव के बेटे की शादी में बाराती बनकर कमलेश चौधरी नीमचक गांव गए थे। डीजे पर गाना बजाने को लेकर बाराती और सराती पक्ष में विवाद हुआ जिसको सुलझा लिया गया। जिसके बाद शादी की सारी रस्में निभाई गई व खाना खाकर बाराती में शामिल लोग लौटने लगे।
उनके साथ लौट रहे एक बाराती ने कहा की कमलेश चौधरी डीजे वाले ट्रॉली लगे ट्रैक्टर पर अन्य 12/13 लोग के साथ सवार थे। जैसे ही ट्रैक्टर गांव से थोड़ी दूर बतसपुर मोड़ पहुंचा, पहले से वहां मौजूद 15/20 की संख्या में लोगों ने उसे ट्रैक्टर से खींच कर उतार लिया और मारने पीटने लगे। उनके हाथों में रॉड और लाठी डंडा भी था। बाराती और सराती दोनों पक्ष के लोग इसमें शामिल थे। हमलोग ट्रैक्टर रोकने की कोशिश किए मगर गाड़ी नहीं रुकी व दहशत से सभी लोग वहां से आगे बढ़ गए। कमलेश को कॉल किए मगर कॉल नहीं उठा व फोन ऑफ हो गया। जिसके बाद हमलोगों ने परिजन को कॉल करके घटना व किसी अनहोनी की जानकारी दी। बाराती गए गांव वाले ने मृतक के पिता को कॉल कर बताया की नीमचक आइए हादसा हो गया है। इतने में हमको गांव के सामने नवनिर्मित फोरलेन पर बुलाया की चलिए मेडिकल चलना है। रामाशीष चौधरी ने बताया की हमने अपने बेटे का जख्मी शरीर देखा। उसमे कोई हलचल नहीं थी। हमलोग 27 मई की सुबह 4 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में बाराती और सराती पक्ष का कोई भी व्यक्ति नहीं था, जिसपर मुझे शक हो गया।
शरीर पर गहरे जख्म के निशान
मृतक के पिता ने टीम को बताया की मेरे बेटे के शरीर पर गहरे जख्म के निशान थे व खून बह रहा था। गर्दन के ऊपर सर फटा हुआ था, हाथ में रॉड घोंपा हुआ था व कई जगह पर टूटा हुआ था। शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान थे। मुझे यह भी जानकारी मिला की वर पक्ष का लोग अपने साथ रॉड भी ले गया था और उसी से उसे मारा पीटा गया।
दहशत में जी रहा परिवार
जांच टीम को पीड़ित परिजनों ने बताया की घटना के बाद हमलोग दहशत में जी रहे हैं। अभी तक पुलिस हमारे घर नहीं आई है। पहले भी हमलोग के साथ गांव के दबंग और आपराधिक छवि के लोग उत्पीड़न अत्याचार करते रहते हैं।
मृतक का परिचय
मृतक कमलेश चौधरी (30 वर्ष) गया मोर्या घाट में क्रॉम्पटन कंपनी के सर्विस सेंटर में 5 साल से काम कर अपनी आजीविका चला रहे थे। पत्नी रंजू देवी 28 वर्ष, पुत्री राधिका 8 वर्ष और आराध्या 5 वर्ष, पुत्र ऋतिक 2 वर्ष।
परिजनों का खंडन
मृतक के पिता ने कहा की नीमचक में गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में इसे ना ही चोट आया और ना वो इसमें शामिल था। मृतक डीजे संचालक नहीं था, वो सिर्फ डीजे वाले ट्रैक्टर से लौट रहा था। डीजे या ट्रैक्टर से गिरकर हुई मौत की बात भी सही नहीं है, उसके पूरे शरीर पर चोट का निशान है। जांच टीम ने कहा की यह पूरी तरह से साजिशन हत्या है। पीड़ित परिवार लंबे समय से गांव में दबंग और आपराधिक छवि के लोगों का शोषण झेल रहा है। भाकपा माले नेता तारिक अनवर ने मांग की के आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए व पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कर पीड़ितों को न्याय दिया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत मुआवजा दिया जाए।
टिकारी संवाददाता: टिकारी थानाक्षेत्र के मदारपुर गांव में 24 मई को हुए गैस सिलिंडर ब्लास्ट कांड के एक जख्मी महिला की रविवार को मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गया में मौत हो गई। वह नदौल थानाक्षेत्र के सेवनन गांव की रहने वाली पूनम देवी (53 वर्ष) है जो नीतीश कुमार की शादी में शिरकत करने मदारपुर आयी हुई थी। अस्पताल में भर्ती एक और जख्मी महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सिलिंडर ब्लास्ट की घटना में 13 लोग जख्मी हुए थे और सभी को गया स्थित मगध मेडिकल सह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतिका के स्वजनों द्वारा शव सेवनन ले जाया गया है। मौत की खबार आते ही दोनों गांव एवं परिवार के लोग सदमे में है। पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने बताया कि अस्पताल में इलाजरत दो लोग रिकवर होकर गांव लौट चुके हैं और अब भी 10 लोगो का इलाज चल रहा है। मालूम कि बीते 24 मई को शादी वाले घर में मड़वा का भोजन बनाने के दौरान गैस सिलिंडर ब्लास्ट कर जाने से 13 लोग उसके चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। जिनका इलाज मगध मेडिकल में चल रहा था।
रविवार को गया जंक्शन से खुल चुकी पुरुषोत्तम एक्स. से एक यात्री गिरकर घायल हो गया। गया जंक्शन पर तैनात आरपीएफ के जवानों की मदद से यात्री से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल यात्री यूपी का रहने वाला है, जिनकी उम्र 75 वर्ष बताई गई है। गया आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि गाड़ी संख्या 12802 नई दिल्ली पुरी एक्सप्रेस गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02 पर समय करीब 13.16 बजे आई, जिसमें कोच संख्या ए 2 , बर्थ संख्या 13 पर यात्रा कर रहे एक यात्री डॉक्टर हरी बंधु दासगुप्ता जो अपने परिजनों के साथ डीडीयू से पूरी तक यात्रा कर रहे थे, गया रेलवे स्टेशन पर गाड़ी रुकने पर पानी लेने के लिए नीचे उतरे, उसी दौरान गाड़ी खुल गई। जिसमे चलती गाड़ी में चढ़ने के दौरान यात्री का पैर फिसल गया और वह यात्री गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच गैप में गिर गए।
जहां ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक सुभाष राम द्वारा कार्यरत गार्ड आईबी सिंह मुख्यालय डीडीयू को बोलकर गाड़ी को रुकवाया गया। अविलंब आरपीएफ स्टाफ और उपस्थित यात्रियों की मदद से उपरोक्त यात्री को प्लेटफार्म गैप से बाहर निकाला गया। जिन्हें स्ट्रेचर पर उठाकर निजी वाहन से प्राथमिक उपचार हेतु तत्काल रेलवे अस्पताल गया ले जाया गया। जहां डॉक्टर द्वारा बताया गया कि इनके पैर और हाथों में चोट है। संभवतः इनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। यात्री पूरी तरह बोलने की स्थिति में थे। जिनसे नाम पता पूछने पर अपना नाम हरी बंधु दास गुप्ता, पिता राम दास गुप्ता, पता- महमूरगंज दासगुप्ता क्लीनिक छितुपुर वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताए। घटना की पूरी सूचना घायल यात्री के पुत्र डॉक्टर देशबंधु दासगुप्ता को दिया गया। जिनके द्वारा बताया गया कि हमलोग वाराणसी से सड़क मार्ग से प्रस्थान कर गए हैं। तत्पश्चात घायल यात्री को रेलवे अस्पताल गया द्वारा बेहतर इलाज हेतु मगध मेडिकल अस्पताल गया भेजा गया। जिनके साथ प्रधान आरक्षी आर पी कनौजिया को भर्ती कराने हेतु अस्पताल भेजा गया। ऑपरेशन थिएटर में डॉ. एस. कुमार द्वारा इलाज किया जा रहा है।
गया नगर निगम में करीब छः महीने नई सरकार के गठन हो गए। छः महीने के भीतर निगम में कई बार तूफान आए। निगम का माहौल अशांत रहा। सशक्त स्थायी समिति के गठन से लेकर विभिन्न समिति, उपसमिति के गठन को लेकर हलचल मची। यह जब शांत हुआ तो आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। यह मामला जब ठंडा पड़ गया तो दो वार्ड में उपचुनाव को लेकर फिर एक बार हलचल पैदा हो गया। अब जबकि चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार का दौर है तो इन दो वार्डों में कुछ अधिक ही हलफल है। लेकिन शांति है। यह शांति किसी बड़े तूफान के तो संकेत नहीं है? मगध लाइव के पास एक ऐसी ही खबर सामने आ रही है, जिसे देख एक बड़े तूफान की आशंका बलवती दिख रही है। यह खबर आधिकारिक तौर पर पुष्टि होना बाकी है, पर विश्वसनीय स्रोत से मिल रही जानकारी के अनुसार खबर सत्य है। जिसका बहुत ही जल्द खुलासा हो सकता है। बात कहने की भी है और नहीं भी कहने की। पर बात सोलह आने सच है। जिसको लेकर पिछले कई सालों से प्रयास किया जाता रहा है और एक बार फिर उसी प्रयास को फलीभूत करने की मंशा है। बात चुनाव से ही संबंधित है। लेकिन, जिसकी बात हम कर रहे हैं, उसमें जीत हार हो चुकी है और उसी जीत हार के फासले इतने दूर हो चुके हैं कि बात भी अब काफी दूर तक चली गई है। शिकायत करने वाले नेताजी एक राजनीतिक दल से संबंध रखते हैं। जो इस समय बिहार में विपक्ष की भूमिका में है। इस दल से जुड़े एक बड़े नेताजी अर्जी दाखिल कर चुके हैं जो अब गया जिले के एक शीर्ष अधिकारी के पास पहुंच गया है। मामला चुकी काफी बड़ा है तो इसके लिए बड़े स्तर पर ही जांच होनी है। जांच शुरू होने से लेकर इसे पूरा होने तक चुप रहने की बात है। लेकिन अधिकृत तौर पर वहीं सबकुछ मीडिया के सामने लाने वाले हैं, जिन्होंने अधिकारी तक शिकायत दर्ज कराई है। उम्मीद की जा रही है कि बहुत जल्द ही सभी मीडिया हाउस के सामने वो बात नेताजी रखने वाले हैं, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। ऐसे में निगम के राजनीतिक प्याले में उठने वाले तूफान का इंतजार करना होगा।
पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर से प्राप्त प्रबल डाटा के सत्यापन को लेकर आरपीएफ पोस्ट गया एवं सीआईबी गया के अधिकारी व स्टाफ ने लक्ष्मण सहाय लेन रोड, गया स्थित शुभम टूर एंड ट्रेवल्स नामक दुकान में रेलवे ई- टिकट के अवैध कारोबार को लेकर छापेमारी की गई। आरपीएफ के गया पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि छापेमारी की गई तो दुकान संचालक वीरेंद्र प्रसाद उम्र 44 वर्ष पिता स्व. उमाशंकर प्रसाद पता अंदर बैरागी डेल्हा थाना डेल्हा जिला गया द्वारा आईआरसीटीसी एजेंट आईडी ( WNEARBY00162)की आड़ में 06 अदद व्यक्तिगत यूजर आईडी का उपयोग कर सदोष पूर्ण लाभ हेतु बनाए गए 06 अदद Future ई टिकट मूल्य Rs-13598/- तथा 04 अदद व्यतीत किया हुआ रेलवे ई टिकट मूल्य ₹ 6744/- बरामद किया गया। जिसका कुल मूल्य ₹ 20342/- बरामद हुआ। उन्होंने बताया मौके की कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उनि अजय तिग्गा द्वारा दिए गए लिखित शिकायत पर आरपीएफ पोस्ट गया पर कांड संख्या 615/23 धारा 143 रेल अधिनियम के तहत पंजीकृत करते हुए आरोपी को न्यायालय में उपस्थापित कराया गया है।