Blog

  • 12 अगस्त को हर घर से निकलेगी तिरंगा यात्रा, अधिक से अधिक जनभागीदारी की अपील, हर प्रखंड को 4000 दिए जाएंगे तिरंगा

    12 अगस्त को हर घर से निकलेगी तिरंगा यात्रा, अधिक से अधिक जनभागीदारी की अपील, हर प्रखंड को 4000 दिए जाएंगे तिरंगा

    देवब्रत मंडल

    जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित होंगे देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम

    गया: जिला पदाधिकारी, गया शशांक शुभंकर के निर्देश एवं राज्य सरकार द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में जिले में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के सफल आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करना तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
    अभियान के तहत 12 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय एवं सभी प्रखंड मुख्यालयों में “तिरंगा यात्रा” आयोजित की जाएगी। तिरंगा यात्रा में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, मेरा युवा भारत, जीविका दीदियों, स्वयं सहायता समूहों, खेल संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगा यात्रा के दौरान तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं साइकिल रैली सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
    जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में एनसीसी एवं स्काउट एंड गाइड कैडेट्स की सहभागिता होगी। साथ ही विष्णुपद मंदिर एवं फल्गु घाट के समीप मानव श्रृंखला के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
    अभियान के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में “सेल्फी विद तिरंगा”, तिरंगा एवं वंदे मातरम् पर प्रदर्शनी, ऑनलाइन क्विज, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, चित्रकला एवं निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर भी पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से झंडोत्तोलन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
    जिले के प्रत्येक प्रखंड में 4,000 तिरंगे झंडों की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जीविका दीदियों के माध्यम से तैयार कराए गए तिरंगे झंडों को पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं सहित अन्य माध्यमों से आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा तथा उन्हें अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
    अभियान के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी भवनों एवं प्रमुख स्थानों पर तिरंगा थीम पर आधारित त्रिवर्णीय प्रकाश सज्जा भी की जाएगी।
    जिला पदाधिकारी द्वारा तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात एवं विधि-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया है। तिरंगा यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा मीडिया कवरेज के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा।
    जिला पदाधिकारी, गया ने जिलेवासियों से अपील की है कि “हर घर तिरंगा अभियान-2026” में उत्साहपूर्वक भाग लें और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करें।

  • रामशिला मोहल्ला स्थित कबाड़ी की दुकान की जांच करने पहुंची पुलिस, दुकान में लगा मिला ताला

    रामशिला मोहल्ला स्थित कबाड़ी की दुकान की जांच करने पहुंची पुलिस, दुकान में लगा मिला ताला

    देवब्रत मंडल

    एक हार्डवेयर कारोबारी की शिकायत पर रामशिला मोड़ स्थित कबाड़ी दुकान पहुंची कोतवाली पुलिस, मामले की जांच जारी

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    गया। गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक हार्डवेयर कारोबारी की शिकायत के बाद पुलिस रामशिला मोड़ स्थित एक कबाड़ी की दुकान की जांच करने पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने के समय दुकान में ताला लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस को बिना जांच किए ही लौटना पड़ा।
    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामशिला मोड़ स्थित कबाड़ी की दुकान मोहम्मद इदरीश नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। किसी व्यापारी द्वारा की गई शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना की पुलिस दुकान की जांच के लिए पहुंची थी।
    इस संबंध में पूछे जाने पर कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि एक व्यापारी की शिकायत पर कबाड़ी की दुकान की जांच के लिए पुलिस टीम गई थी। उन्होंने मामले की जांच का हवाला देते हुए फिलहाल विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया।
    इधर, सूत्रों के अनुसार, एक हार्डवेयर कारोबारी की दुकान से लोहे की छड़ें गायब हुई थीं। कारोबारी को आशंका है कि उसकी दुकान से गायब हुई लोहे की छड़ें इसी कबाड़ी की दुकान में बेची गई हैं। इसी शिकायत और संदेह के आधार पर पुलिस दुकान की जांच करने पहुंची थी।
    हालांकि, दुकान बंद मिलने के कारण मौके पर तत्काल कोई जांच नहीं हो सकी। पुलिस अब पूरे मामले की छानबीन कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हार्डवेयर कारोबारी की दुकान से गायब लोहे की छड़ों का कबाड़ी की दुकान से कोई संबंध है या नहीं।

  • स्टेशन रोड के शौचालय एवं स्नानागार का गंदा पानी रेल क्षेत्र में गिरने पर जताई नाराजगी, एसआईजी टीम ने तत्काल बंद करने को कहा

    स्टेशन रोड के शौचालय एवं स्नानागार का गंदा पानी रेल क्षेत्र में गिरने पर जताई नाराजगी, एसआईजी टीम ने तत्काल बंद करने को कहा

    गया जंक्शन पर एसआईजी टीम का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं की कमियां दूर करने के निर्देश

    देवब्रत मंडल


    गया। गया जंक्शन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को एसआईजी की टीम ने विभिन्न प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां यात्री सुविधाओं में कमी मिली, उसे तत्काल दूर करने के लिए संबंधित पर्यवेक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

    निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह पड़े प्लाईवुड को भी टीम ने गंभीरता से लिया। संबंधित कर्मियों को इसे तत्काल हटाने को कहा गया, ताकि यात्रियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, कुछ प्लेटफॉर्म पर बैरिकेडिंग नहीं होने का मुद्दा भी सामने आया। टीम ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

    रेल क्षेत्र में गिर रहा था शौचालय का गंदा पानी

    निरीक्षण के क्रम में एसआईजी की टीम गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंची। यहां स्टेशन रोड की ओर गया नगर निगम द्वारा संचालित शौचालय-सह-स्नानागार से निकल रहे गंदे पानी और गंदगी का मामला सामने आया।
    टीम ने मौके पर देखा कि शौचालय-सह-स्नानागार से निकलने वाला गंदा पानी रेलवे क्षेत्र में गिर रहा है, जिससे परिसर में गंदगी के साथ-साथ जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर टीम ने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद कर्मचारी को इसे तत्काल बंद करने का निर्देश दिया।
    टीम पे एंड यूज शौचालय के कर्मचारी को भी मौके पर ले गई और स्थिति दिखाते हुए स्पष्ट किया कि शौचालय से निकल रहे पानी की वजह से रेलवे परिसर में गंदगी और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसे तत्काल प्रभाव से रोकने को कहा गया।

    कई विभागों के पर्यवेक्षक रहे मौजूद

    एसआईजी टीम के निरीक्षण में रेल यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं को देखने वाले विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक शामिल थे। इसके अलावा गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्य की निगरानी कर रहे कंस्ट्रक्शन विभाग के पर्यवेक्षक भी टीम के साथ मौजूद रहे।
    निरीक्षण का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ रेलवे परिसर की स्वच्छता, सुगम आवागमन और निर्माण कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना रहा।

  • तकनीकी खराबी से कोडरमा-वैशाली मेमू ट्रेन हुई लेट, गया में बदली गई रैक, रास्ते में यात्रियों का हंगामा

    तकनीकी खराबी से कोडरमा-वैशाली मेमू ट्रेन हुई लेट, गया में बदली गई रैक, रास्ते में यात्रियों का हंगामा

    करीब दो घंटे से अधिक विलंब से गया पहुंची 63384 कोडरमा-वैशाली सुपरफास्ट मेमू एक्सप्रेस, यात्रियों को दूसरी रैक से भेजा गया वैशाली

    देवब्रत मंडल

    प्लेटफॉर्म पर तकनीकी टीम, रेलकर्मी व आरपीएफ


    गया। कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री में निर्मित आधुनिक 3-फेज मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (MEMU) रेक वाली 63384 कोडरमा-वैशाली सुपरफास्ट मेमू एक्सप्रेस रविवार को तकनीकी खराबी के कारण विलंबित हो गई। ट्रेन को तकनीकी समस्या के कारण करीब ढाई घंटे की देरी से गया जंक्शन पहुंचना पड़ा। इस बीच रास्ते में रोकी गई इस ट्रेन के यात्रियों ने हंगामा भी किया। जिसकी सूचना कंट्रोल रूम को मिली। गया जंक्शन पर कोई और हंगामा नहीं हो। इसके लिए पहले से ही एक रेक को मंगवा लिया गया।
    ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने के बाद रेलवे के संबंधित रेल कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने तत्काल खराबी की जांच शुरू की। यात्रियों को अधिक परेशानी न हो और ट्रेन का परिचालन आगे बाधित नहीं हो, इसके लिए रेलवे ने वैकल्पिक रैक की व्यवस्था की।

    काफी देर तक इंतजार नहीं करना पड़ा, फंसे रहे यात्री

    तकनीकी खराबी वाली ट्रेन को प्लेटफॉर्म संख्या चार पर लिया गया। पूछताछ कार्यालय के उद्घोषणा प्रणाली से यात्रियों को इसकी जानकारी प्रसारित की जा रही थी। वहीं वैशाली जाने वाले यात्रियों के लिए दूसरी रैक को प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर लाया गया। यात्रियों को दूसरी रैक में सवार कर वैशाली की ओर रवाना किया गया। इस व्यवस्था के कारण तकनीकी खराबी वाली ट्रेन में सवार यात्रियों को लंबे समय तक फंसे रहना पड़ा। रेलवे की ओर से यात्रियों को दूसरी रैक उपलब्ध कराए जाने के बाद उन्हें राहत मिली।

    दूसरे रेक वाली ट्रेन में सवार होते यात्री

    आधुनिक तकनीक से लैस है MEMU रेक

    गौरतलब है कि इस तरह की आधुनिक MEMU रेक भारतीय रेलवे के लिए कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री में तैयार की जाती हैं। इन रेक में 3-फेज आईजीबीटी नियंत्रित वीवीवीएफ प्रणोदन प्रणाली, रीजनरेटिव ब्रेकिंग, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली (PIS), एलईडी डेस्टिनेशन डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कुशनयुक्त सीट और चौड़े प्रवेश द्वार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।
    रीजनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक के जरिए ट्रेन की गति कम होने के दौरान उत्पन्न ऊर्जा को वापस ओवरहेड विद्युत ग्रिड में भेजा जाता है, जिससे ऊर्जा की बचत होती है।

    नेटवर्किंग सिस्टम में खराबी हो सकती है वजह

    प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर ठहरी ट्रेन

    हालांकि, रविवार को इसी आधुनिक MEMU रेक में तकनीकी खराबी आने के कारण कोडरमा-वैशाली ट्रेन का परिचालन प्रभावित हुआ। रेलवे की तकनीकी टीम खराबी की जांच और उसे दूर करने में जुटी रही। दूसरी रैक से ट्रेन रवाना किए जाने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। बताया गया कि नेटवर्किंग सिस्टम में तकनीकी रूप से गड़बड़ी के कारण ऐसी समस्या उत्पन्न हुई होगी। जिसकी पड़ताल की जा रही है।

  • गया में शराब तस्करी का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार, दो टेंपो और कार भी जब्त, झारखंड निर्मित देसी विदेशी शराब भी बरामद

    गया में शराब तस्करी का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार, दो टेंपो और कार भी जब्त, झारखंड निर्मित देसी विदेशी शराब भी बरामद

    देवब्रत मंडल


    गया। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 693 लीटर शराब बरामद की है। इस दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो तीनपहिया वाहन (टेंपो) और एक चारपहिया वाहन को जब्त करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बूढ़ी नदी पर बने पुल के पास, करमाइन मोड़ के समीप की गई। उक्त स्थल थाना शेरघाटी एवं थाना आमस के क्षेत्र के आसपास बताया गया है।
    सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को शराब परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद वाहनों की जांच के दौरान शराब बरामद की गई और मौके से सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

    जांच के दौरान झारखंड राज्य निर्मित विभिन्न ब्रांड की शराब भी बरामद की गई। बरामद शराब में—
    जुलाई शराब की कुल मात्रा : 250 लीटर
    विदेशी शराब : 143.625 लीटर (320 बोतल)
    देशी शराब : 300 लीटर (1000 बोतल)
    शामिल है।
    उत्पाद विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में गया जी शहर के खरखुरा मोहल्ला तरवाना निवासी नीरज कुमार, अनुराग, राहुल, रौशन, अंकुश अमित कुमार, शिवरंजन कुमार सहित कुल सात लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों की उम्र करीब 17 से 29 वर्ष के बीच बताई गई है।

    सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन के अनुसार, मामले में अनुसंधान के उपरांत आरोप पत्र समर्पित किया जा रहा है। शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
    उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को बिहार में जारी शराबबंदी के बीच शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। टीम में सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह, मो. शाहिल तथा सहायक अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह और नीतू कुमारी सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।

  • उत्पाद विभाग की सख्ती के बाद ट्रेन से 372 लीटर शराब बरामद, गिरफ्तारी शून्य

    उत्पाद विभाग की सख्ती के बाद ट्रेन से 372 लीटर शराब बरामद, गिरफ्तारी शून्य

    देवब्रत मंडल


    पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेल सुरक्षा बल पोस्ट गया ने  कार्रवाई करते हुए 372 लीटर लावारिस देशी शराब बरामद की है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफार्म नं-01 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गाड़ी सं0-13553 आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर गया जंक्शन PF-01 पर आई। चेकिंग के दौरान सीट के नीचे कुछ प्लास्टिक के बोरे संदिग्ध अवस्था में रखे मिले। बोरों को खोलकर जांच की गई तो उसमें 62 प्लास्टिक पैकेट मिले। जो 372 लीटर थे। अनुमानित कीमत करीब  ₹37,200 बताया गया है। इस मामले को लेकर राजकीय रेल पुलिस गया में कांड संख्या 205/26 धारा 30(A) बिहार मध्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बता दें उत्पाद विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ट्रेन द्वारा शराब के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिए थे। इसके बाद  यह कार्रवाई कई दिनों के बाद हुई है। आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

  • अचानक गया जंक्शन पहुंचे डीआरएम उदय सिंह मीना, यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

    अचानक गया जंक्शन पहुंचे डीआरएम उदय सिंह मीना, यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

    बरसात में यात्रियों की परेशानी को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर शेड निर्माण का दिया निर्देश, जलजमाव दूर करने को कहा

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर डीआरएम व अन्य

    गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना शनिवार की देर शाम अचानक गया जंक्शन पहुंचे। डीआरएम के अचानक आगमन से स्थानीय रेल अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई। करीब आधे घंटे तक गया जंक्शन पर रुककर उन्होंने यात्री सुविधाओं और चल रहे कार्यों का जायजा लिया।

    बताया गया कि डीआरएम उदय सिंह मीना पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पटना जंक्शन पहुंचे थे। वहां से वे गया जंक्शन पहुंचे और स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक निरीक्षण किया।

    यात्री शेड की कमी देख जताई चिंता

    निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ स्थानों पर यात्री शेड की कमी महसूस की।

    बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को बारिश के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक स्थानों पर जल्द से जल्द शेड का निर्माण कराया जाए।

    आईओडब्ल्यू से जानकारी प्राप्त करते डीआरएम

    जगह-जगह जलजमाव पर भी दिए निर्देश

    निरीक्षण के दौरान डीआरएम की नजर गया जंक्शन परिसर में जगह-जगह जलजमाव की समस्या पर भी पड़ी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जलजमाव की स्थिति की जानकारी ली और इसे जल्द दूर करने का निर्देश दिया।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण यात्री परिसर में जलजमाव से यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

    डीआरएम के पहुंचते ही अलर्ट हुआ रेल प्रशासन

    डीआरएम के गया जंक्शन पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर के पर्यवेक्षक और रेलकर्मी सक्रिय हो गए। पर्यवेक्षक स्तर के कई कर्मचारी स्टेशन पर उनकी आगवानी के लिए मौजूद रहे।

    वहीं, डीआरएम के आगमन को लेकर गया जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात आरपीएफ के अधिकारी और जवान भी अलर्ट मोड में नजर आए।

    निरीक्षण करते डीआरएम

    आधे घंटे के निरीक्षण के बाद डीडीयू रवाना

    करीब आधे घंटे तक गया जंक्शन पर निरीक्षण करने के बाद डीआरएम उदय सिंह मीना डीडीयू मंडल मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।

    डीआरएम के स्टेशन पर रहने के दौरान स्थानीय रेल अधिकारी और पर्यवेक्षक स्तर के कर्मचारी उनके साथ मौजूद रहे। अचानक हुए इस निरीक्षण में मुख्य रूप से यात्री सुविधाओं, बरसात में यात्रियों की सहूलियत और स्टेशन परिसर में जलजमाव जैसी समस्याओं पर उनका ध्यान रहा।

  • गया जंक्शन पर यात्री सुविधाओं में जुड़ा एक और नया आयाम, बौद्ध स्तूप आकार की अराइवल बिल्डिंग में एक्सलेटर का शुभारंभ

    गया जंक्शन पर यात्री सुविधाओं में जुड़ा एक और नया आयाम, बौद्ध स्तूप आकार की अराइवल बिल्डिंग में एक्सलेटर का शुभारंभ

    पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर किया गया एक्सलेटर का ट्रायल, जल्द यात्रियों को मिल सकती है सुविधा

    देवब्रत मंडल

    विधिपूर्वक शुभारंभ करते सुपरवाइजर


    गया। गया जंक्शन के सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण की दिशा में चल रहे कार्यों के बीच यात्रियों की सुविधाओं में एक और नया आयाम जुड़ गया है। ग्लास से बने बौद्ध स्तूप के आकार में तैयार की जा रही अराइवल बिल्डिंग में एक्सलेटर का शुभारंभ किया गया। इस दौरान रेलवे के निर्माण विभाग के अभियंता, निर्माण कार्य कर रही एजेंसी केपीसीएल के अभियंता, तकनीकी विशेषज्ञ, पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
    करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से गया जंक्शन के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण एजेंसी के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात कार्य में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में अराइवल बिल्डिंग में लगाए गए एक्सलेटर का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुभारंभ किया गया। केपीसीएल के तकनीकी विशेषज्ञ ने नारियल फोड़कर इसका शुभारंभ किया।


    तकनीकी टीम की मौजूदगी में सफल संचालन

    शुभारंभ के बाद तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में एक्सलेटर का सफल संचालन किया गया। संबंधित अभियंताओं एवं तकनीकी टीम के अनुसार, एक्सलेटर का काम कम समय में पूरा किया गया है। अब आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इसे जल्द ही यात्रियों के लिए समर्पित किए जाने की उम्मीद है।
    एक्सलेटर के चालू होने के बाद यात्रियों को अराइवल बिल्डिंग के विभिन्न तलों तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। साथ ही इसी बिल्डिंग से यात्रियों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म की ओर जाने के लिए एक्सलेटर और लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

    ग्राउंड फ्लोर पर यात्रियों के बैठने व कैफेटेरिया की बेहतर व्यवस्था

    गया जंक्शन की नई अराइवल बिल्डिंग को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर यात्रियों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा यहां कैफेटेरिया का भी निर्माण कराया जा रहा है।
    जी प्लस थ्री संरचना वाली इस बिल्डिंग में यात्रियों के साथ-साथ रेल अधिकारियों के लिए भी कई कमरे बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य तेजी से जारी है और आने वाले समय में इस भवन के पूरी तरह तैयार होने के बाद गया जंक्शन की यात्री सुविधाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

    बौद्ध स्तूप की झलक देगा नया भवन

    गया जंक्शन के पुनर्विकास की खास बात यह है कि नई संरचनाओं में गया की ऐतिहासिक एवं बौद्ध विरासत की झलक देने का प्रयास किया जा रहा है। ग्लास वाले बौद्ध स्तूप के आकार में तैयार हो रही अराइवल बिल्डिंग इसी आधुनिकता और स्थानीय पहचान के मेल का उदाहरण है।

    पितृपक्ष मेला को ध्यान में रखकर कार्य तेजी से

    इस अराइवल बिल्डिंग में एक्सलेटर के सफल संचालन के बाद अब यात्रियों को इसके जल्द शुरू होने का इंतजार है। प्रयास ये हो रहा है कि पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान यात्रियों के बैठने की व्यवस्था पूरी कर ली जाए। कैफेटेरिया के बारे में इतना बताया गया कि निर्माण कंपनी और रेल विभाग(कंस्ट्रक्शन) अपनी ओर से इसे तैयार कर दिया है। लेकिन मामला कमर्शियल विभाग से जुड़ा हुआ है। इसके लिए बेहतर वही बता सकते हैं। इस एक्सलेटर के शुरू होने से गया जंक्शन पर आने वाले यात्रियों को स्टेशन परिसर में आवागमन के दौरान पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।

  • विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026: डीडीयू मंडल ने रचा नया कीर्तिमान, 21 विभागीय शील्ड और 16 रेलकर्मी सम्मानित

    विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026: डीडीयू मंडल ने रचा नया कीर्तिमान, 21 विभागीय शील्ड और 16 रेलकर्मी सम्मानित

    देवब्रत मंडल

    मेडल के साथ खुशियां मनाते अधिकारी व कर्मचारी


    गया: पूर्व मध्य रेल के 71वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 (VRSP-2026) समारोह में पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 विभागीय शील्ड अपने नाम की हैं। पाटलिपुत्र रेल परिसर में आयोजित समारोह में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने विभागीय शील्डों एवं व्यक्तिगत पुरस्कारों का वितरण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने शाखा अधिकारियों के साथ डीडीयू मंडल की ओर से पुरस्कार एवं शील्डें प्राप्त कीं।
    डीडीयू मंडल को इस वर्ष 8 एकल और 13 संयुक्त सहित कुल 21 विभागीय शील्डें मिली हैं। इसके साथ ही मंडल के 16 रेलकर्मियों को उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य के लिए विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।
    सबसे प्रतिष्ठित महाप्रबंधक दक्षता (एफिशिएंसी) रनर-अप कप डीडीयू मंडल को सोनपुर मंडल के साथ संयुक्त रूप से मिला। वहीं समग्र दक्षता की विजेता शील्ड धनबाद मंडल को प्रदान की गई।

    इन क्षेत्रों में मिला सम्मान

    डीडीयू मंडल को परिचालन, संरक्षा, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, वित्त, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, कार्मिक और स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य के लिए शील्डें प्रदान की गईं। प्रमुख उपलब्धियों में पंक्चुअलिटी एफिशिएंसी शील्ड, ट्रैक मेंटेनेंस शील्ड, सेफ्टी शील्ड, एकाउंट्स एफिशिएंसी शील्ड, बेस्ट डीजल शेड (डीडीयू), बेस्ट ट्रेन सेट शेड (गया), बेस्ट कोचिंग डिपो (गया) तथा क्लीनलीनेस शील्ड (बिग स्टेशन) शामिल हैं।

    डीआरएम उदय सिंह मीना ने जताया गर्व

    मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि यह उपलब्धि डीडीयू मंडल के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के सामूहिक समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 21 विभागीय शील्ड और 16 व्यक्तिगत पुरस्कार इस बात का प्रमाण हैं कि मंडल हर क्षेत्र में उत्कृष्टता के उच्च मानक स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। यह सम्मान भविष्य में भी सुरक्षित, समयबद्ध, विश्वसनीय और यात्री-केंद्रित रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित करेगा।

    विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 से सम्मानित 16 रेलकर्मी

    अजय कुमार चौधरी – वरिष्ठ मंडल अभियंता (इंजीनियरिंग)
    सुधीर प्रसाद सिंह – वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक
    संतोष कुमार – वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी
    सुमित चटर्जी – सहायक कार्मिक अधिकारी
    ऋषिकेश मीणा – सहायक मंडल अभियंता
    मोहम्मद वसीम – मुख्य प्रचार निरीक्षक
    धर्मेंद्र कुमार यादव – वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेलपथ)
    वकील अली अंसारी – वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (टीआरएस)
    अजीत कुमार – वरिष्ठ वाणिज्य सह टिकट क्लर्क
    प्रिंस कुमार – स्टेशन मास्टर
    इन्दुभूषण मिश्रा – स्टेशन मास्टर
    सौरभ कुमार – वरिष्ठ सहायक लोको पायलट
    जयमाला कुमारी – पॉइंट्समैन-बी
    रोहित कुमार – तकनीशियन ग्रेड-III
    अनुष्का सिन्हा – तकनीशियन ग्रेड-III
    जितेन्द्र कुमार सिंह – तकनीशियन ग्रेड-III (इलेक्ट्रिकल)

  • स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे अलर्ट: 12 से 15 अगस्त तक पार्सल बुकिंग पर रहेगी रोक, आदेश सभी जोन के लिए जारी

    स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे अलर्ट: 12 से 15 अगस्त तक पार्सल बुकिंग पर रहेगी रोक, आदेश सभी जोन के लिए जारी

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का पार्सल कार्यालय

    गया। आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। इसी क्रम में उत्तरी रेलवे मुख्यालय, बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली ने आदेश जारी कर 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक दिल्ली क्षेत्र में पार्सल यातायात (Parcel Traffic) पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
    जारी आदेश के अनुसार इस अवधि में नई दिल्ली (NDLS), पुरानी दिल्ली (DLI), हजरत निजामुद्दीन (NZM), आनंद विहार टर्मिनल (ANVT) और दिल्ली सराय रोहिल्ला (DEE) स्टेशनों पर सभी प्रकार के पार्सल की बुकिंग, लोडिंग और अनलोडिंग पर रोक रहेगी। सुरक्षा कारणों से इन स्टेशनों के पार्सल गोदाम और प्लेटफॉर्म भी पार्सल पैकेजों से पूरी तरह खाली रखे जाएंगे।

    लीज्ड एसएलआर और वीपी सेवाएं भी रहेंगी प्रभावित

    रेलवे के आदेश के मुताबिक यह प्रतिबंध लीज्ड एसएलआर (SLR) और वीपी (VPs) सेवाओं, जिसमें डिमांड वीपी भी शामिल हैं, पर भी लागू होगा। दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों के साथ-साथ अन्य मंडलों और जोनों से आने वाली वे ट्रेनें भी इस आदेश के दायरे में होंगी, जिनका दिल्ली में पार्सल लोडिंग या अनलोडिंग के लिए ठहराव होता है।

    यात्रियों के निजी सामान पर नहीं होगी रोक

    रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को अपने निजी सामान के साथ यात्रा करने की अनुमति रहेगी। वहीं पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग भी निर्धारित व्यावसायिक औपचारिकताओं और सुरक्षा जांच के बाद की जा सकेगी।

    सभी जोनों को जारी किया गया निर्देश

    उत्तरी रेलवे ने यह आदेश देश के विभिन्न रेलवे जोनों के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधकों (Pr. Chief Commercial Managers) को भेजा है और निर्देश दिया है कि संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
    रेलवे का यह कदम स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के उद्देश्य से उठाया गया है।