Blog

  • नगर निगम के सहायक शंभू सिन्हा हुए सेवानिवृत्त, प्रभार की चिट्ठी शाम 4:30 बजे निर्गत हुआ, 29 साल सेवा दी, 12 दिन ही सीएल लिए

    नगर निगम के सहायक शंभू सिन्हा हुए सेवानिवृत्त, प्रभार की चिट्ठी शाम 4:30 बजे निर्गत हुआ, 29 साल सेवा दी, 12 दिन ही सीएल लिए

    देवब्रत मंडल

    शंभू शरण सिन्हा

    गया जी नगर निगम के सामान्य शाखा के प्रभारी सहायक के पद पर कार्यरत शंभू शरण सिन्हा 31 अक्टूबर 2025 को अपनी अंतिम सेवा दी। कार्यालय की कार्यावधि समाप्त होने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। आदर्श चुनाव आचार संहिता लगे रहने की वजह से इन्हें समारोह आयोजित कर विदाई नहीं दी जा सकी। श्री सिन्हा ने गया नगर निगम को 28 साल 11 महीने सेवाएं दी। शुक्रवार को गया जी नगर निगम कार्यालय में अपनी सेवा अवधि के दौरान भी काफी व्यस्त रहे। शांत स्वभाव और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने वाले शंभू सिन्हा के सेवानिवृत्त होने से आधा घन्टे पहले तक पता नहीं था कि उनकी जगह पर किस कर्मचारी को प्रभार सौंपा जाना है। ये बात निगम में चर्चा का विषय बना हुआ था। स्थापना शाखा से देर शाम प्रभार सौंपे जाने संबंधित पत्र निर्गत हुआ। इनके स्थान पर किरण कुमारी-1 को पदभार ग्रहण करने के लिए आदेश जारी किया गया। इस पत्र के निर्गत होने के पीछे की कहानी लंबी है लेकिन देर शाम पत्र जारी कर दिया गया। टैक्स कलेक्टर(कर संग्रहकर्ता) के पद पर इनकी नियुक्ति हुई थी। कालक्रमानुसार पेशा कर में भी जिम्मेदारी संभाली। बाद में रोकड़पाल(राजस्व शाखा) के दायित्व का भी निर्वहन किया। इसके बाद पूर्व नगर आयुक्त भाप्रसे सावन कुमार ने इन्हें सामान्य शाखा में कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी। कर्तव्यों के प्रति इतने सजग कि कभी विलंब से कार्यालय नहीं आए। इससे भी बड़ी बात यह रही कि सेवाकाल में करीब 11-12 दिन ही आकस्मिक अवकाश प्राप्त किया। एक बार जब इनकी तबीयत खराब हुई थी तो अवकाश के लिए आवेदन देने पर अधिकारी ने कह दिया था कि-नौकरी ही क्यों नहीं छोड़ देते हो। उस परिस्थिति में केवल दो दिन ही केवल अवकाश को मंजूरी दी गई थी। इन दो दिनों में पटना से इलाज करवा कर पुनः ड्यूटी जॉइन कर लिए थे। ईमानदारी और कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार कर्मचारी श्री सिन्हा 31 अक्टूबर को अंतिम सेवा देने के बाद जब रिटायर हुए तो सहकर्मियों ने भाव विह्वल हो गए और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए विदाई दी। श्री सिन्हा कहते हैं नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से जो स्नेह मिला उसे जीवनपर्यंत नहीं भूल पाएंगे।

  • गया शहर का एक ऐसा विद्यालय, न तो पीने का पानी और ना ही शौचालय, छात्र और शिक्षक दोनों चिंतित

    गया शहर का एक ऐसा विद्यालय, न तो पीने का पानी और ना ही शौचालय, छात्र और शिक्षक दोनों चिंतित

    देवब्रत मंडल

    लोको मध्य विद्यालय भवन

    क्या आप गया शहर में ऐसा विद्यालय देखा है, जिसमें पढ़ने वाले बच्चों के लिए और न तो पढ़ाने वाली शिक्षिकाओं के लिए शौचालय है और ना तो पीने के लिए पानी की ही व्यवस्था। और तो और कमरे भी दो और कक्षाएं आठ तक। छात्र-छात्राओं की संख्या करीब 175 है तथा शिक्षिकों की संख्या आठ। सभी महिला।

    डीएम से शिकायत करतीं वार्ड पार्षद

    डीएम से ऊपर के अधिकारियों तक शिकायत नहीं पहुंची है

    इस विद्यालय की दास्तां कुछ ऐसी है कि मानवाधिकार आयोग तक यदि बात पहुंच जाए तो अधिकारियों के ऊपर गाज गिरना तय है। शुक्र है कि इसकी शिकायत अबतक किसी ने बड़े अधिकारी या आयोग तक नहीं पहुंचाई है। हां! क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षद डीएम से यहां की समस्याओं से अवगत कराया है।

    हाल लोको मध्य विद्यालय का, जो शिफ्ट होकर बागेश्वरी मंदिर के पास आ गया

    जी हां! यह विद्यालय गया शहरी विधानसभा क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं। जिसका नाम राजकीय मध्य विद्यालय, लोको, गया है। जिसे लोको मध्य विद्यालय के नाम से भी जाना जाता है। यह विद्यालय पहले लोको कॉलोनी में रेलवे के एक भवन में संचालित हो रहा था लेकिन सरकार ने उस भवन को जर्जर घोषित कर दिया है तब यहां(न्यू कॉलोनी बागेश्वरी) में बने भवन में इस विद्यालय को शिफ्ट कर दिया गया है।

    डॉ. प्रेम कुमार ने किया था भवन का उद्घाटन, उठे थे सवाल

    इस विद्यालय भवन का उद्घाटन हाल ही में गया शहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह मंत्री डॉ. प्रेम कुमार करने आए थे। यहां के लोगों ने बताया कि उसी दिन इस विद्यालय के शिक्षिकाओं ने यह प्रश्न उठाया था तो मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने भरोसा दिलाया था कि जो भी सुविधाओं की कमी है उसे दूर करवा दिया जाएगा। लेकिन वर्तमान समय में सुविधाओं की कमी छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक भी महसूस कर रहे हैं।

    दो छोटे कमरों में संचालित हो रहा है विद्यालय

    धनतेरस के दिन से ही इस दो छोटे कमरे वाले विद्यालय में वर्ग संचालित हो रहे हैं। कमरों की लंबाई चौड़ाई इतनी कम है कि आम आदमी भी देख लेगा तो समझ सकता है कि इन दो छोटे कमरों में वर्ग एक से लेकर वर्ग आठ तक के 175 छात्र छात्राएं कैसे बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं।

    एकसाथ तीन कक्षा के छात्रों को पढ़ाती शिक्षिकाएं

    वर्ग एक और दो के बच्चे बरामदा में जमीन पर बैठते हैं

    वर्ग कमरों की संख्या कम होने और इसके क्षेत्रफल कम होने के कारण जहां वर्ग एक और दो के बच्चे बरामदा में दरी पर बैठते हैं तो एक कमरे में वर्ग तीन, चार और पांच के छात्र एकसाथ और दूसरे कमरे में वर्ग छः, सात एवं आठ के छात्र एकसाथ पढ़ते हैं।

    गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

    इसी दो कमरे में शिक्षिकाओं को एक साथ पढ़ाना पड़ता है जो कहीं से भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के पैमाने पर सही नहीं कहा जा सकता है। और तो और आज तक स्कूल में श्यामपट्ट नहीं है। स्कूल के महत्वपूर्ण पत्र व कागजात प्रधानाध्यापिका को पर्सनल बैग में रखना पड़ता है।

    विद्यालय का अपना न तो शौचालय और न तो पीने का पानी

    विद्यालय के दो कमरों के अलावा न तो शौचालय निर्माण कराया गया है और न तो पीने के पानी के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। मिड डे मील करने के बाद छात्रों को पास के सामुदायिक भवन के नल का पानी उपयोग करना पड़ता है। इधर एक दो दिन पहले इसी सामुदायिक भवन की चाबी मौखिक रूप से चाबी दी गई है तो इसका शौचालय का उपयोग किया जा रहा है। लेकिन कागजी तौर पर लिखित रूप में नहीं दिया गया है। शायद मतदान केंद्र होने की वजह से चाबी दी गई है।

    मुख्य मार्ग से सटे होने से बना रहता है खतरा

    बागेश्वरी रोड से सटे होने के कारण इस विद्यालय के बच्चे मध्यांतर में कब सड़क पर आ जाएं कहना मुश्किल है। वैसे यहां की शिक्षिकाएं इस बात का ख्याल रखती हैं कि बच्चे सड़क पर न निकलें। विद्यालय आने के समय और छुट्टी होने के बाद बच्चों को मुख्य सड़क से ही आना जाना करना पड़ता है जिससे हमेशा खतरे की आशंका बनी हुई रहती है।

  • दूसरे दिन भी डीआरएम गया जंक्शन पहुंचे, समग्र वातावरण का लिया जायजा, एक दिन में 21.46 लाख के बिके टिकट

    दूसरे दिन भी डीआरएम गया जंक्शन पहुंचे, समग्र वातावरण का लिया जायजा, एक दिन में 21.46 लाख के बिके टिकट

    देवब्रत मंडल

    लगातार दूसरे दिन गुरुवार को गया जंक्शन पर डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने उपलब्ध सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और समग्र वातावरण का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफार्मों पर यात्रियों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने की आवश्यकता को दोहराया और संबंधित विभागों को सतर्कता बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने गया जंक्शन पर प्लेटफार्म संख्या 1 के वर्तमान प्रवेश द्वार और स्टेशन के फ्रंट साइड (अधिकारी विश्राम गृह की दीवार के समानांतर) का भी अवलोकन किया। उन्होंने सौंदर्यीय दृष्टिकोण से इन क्षेत्रों को बेहतर बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि स्टेशन का समग्र दृश्य और यात्री अनुभव दोनों सकारात्मक बने रहें तथा उस क्षेत्र में यात्रियों का अवरोध मुक्त आवागमन सुनिश्चित रहे। पूरे निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे। बता दें कि बुधवार को भी डीआरएम गया जंक्शन आए हुए थे।

    …और एक नजर इधर भी

    एक दिन में 21 लाख 45 हजार 850 रुपए के टिकट बिके

    छठ पर्व समाप्ति के बाद गया जंक्शन से ट्रेनों के माध्यम से लोग अपने अपने काम पर या फिर काम के सिलसिले में विभिन्न रेलवे स्टेशनों के लिए यात्रा करने लगे हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है और साथ में टिकटों की बिक्री भी बढ़ रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार 29 अक्टूबर को गया जंक्शन से विभिन्न जगहों के लिए 31 हजार 677 यात्रियों ने टिकट खरीदे। जिससे 21 लाख 45 हजार 850 रुपए की आय अर्जित की गई। ये आंकड़े यूटीएस, एटीवीएम  से बिक्री हुए टिकटों की है। इनमें सर्वाधिक पटना जंक्शन के थे। एमयूटीएस की मशीन के बारे में पता चला कि कल तक(29.10.25) तक काम नही कर रहे थे। M-UTS मशीन की संख्या 10 बताई गई है। जबकि मोबाइल एप्प के जरिए हुए टिकटों की बिक्री और पीआरएस के आंकड़े नहीं प्राप्त हो सके।

  • बिहार विस चुनाव को लेकर आरपीएफ व जीआरपी सजग, दो अलग-अलग मामले में शराब की खेप पकड़ी गई

    बिहार विस चुनाव को लेकर आरपीएफ व जीआरपी सजग, दो अलग-अलग मामले में शराब की खेप पकड़ी गई

    देवब्रत मंडल

    आरपीएफ पोस्ट में बरामद शराब व गिरफ्तार आरोपी

    बिहार में विधानसभा चुनाव को देखते हुए आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर नियंत्रण रखने को लेकर एक नीतिगत निर्णय के तहत धनबाद रेल मंडल की आरपीएफ की टीम कार्य कर रही है। गया-धनबाद और धनबाद-कोलकाता ग्रैन्डकोर्ड रेलखंड पर आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की टीम सतत नजर बनाए हुए हैं। इसी नीति के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में शराब की खेप पकड़ी है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। जो कि झारखंड का रहने वाला है।

    पहला मामला:

    धनबाद आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी धनबाद की संयुक्त टीम ने रंगाटांड रेलवे कॉलोनी में एक व्यक्ति को 2 बोतल में कुल 5 लीटर देसी शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत लगभग 1,500 रुपये है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम गुड्डू बांसफोर है।

    दूसरा मामला:

    धनबाद आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी धनबाद की संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 के कालका छोर में एक लावारिश झोले में 48 बोतल अंग्रेजी शराब (बीयर और वोडका) बरामद की। जब्त शराब की कीमत लगभग 6,170 रुपये है।

    आरपीएफ की टीम ने दोनों मामलों में जब्त शराब को उत्पाद विभाग, धनबाद को सुपुर्द कर दिया है। इस कार्रवाई में आरपीएफ के कई जवान शामिल थे, जिन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण से इस सफलता को हासिल किया।

    पहला मामला को इस तरह समझें:

    गिरफ्तार व्यक्ति: गुड्डू बांसफोर, उम्र 28 वर्ष, पति राजेश बांसफोर, पता रंगाटांड डोमपट्टी, थाना धनबाद, जिला धनबाद

    जब्त सामग्री: 2 बोतल देसी शराब (कुल 5 लीटर), 1 रियलमी स्मार्टफोन, और 330 रुपये नकद

    जब्त सामग्री का मूल्य: लगभग 1,500 रुपये

    कार्रवाई करने वाली टीम: आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी धनबाद की संयुक्त टीम

    दूसरे मामले को इस प्रकार:

    जब्त सामग्री: 46 बोतल HAYWARDS 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर, 1 बोतल Bacardi Limon वोडका, और 1 बोतल Magic Moments Remix Pink वोडका

    जब्त सामग्री का मूल्य: लगभग 6,170 रुपये

    कार्रवाई करने वाली टीम: आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी धनबाद की संयुक्त टीम। सीनियर कमांडेंट के निर्देश पर टीम का नेतृत्व पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश कर रहे थे।

  • गंगा दामोदर एक्स. ट्रेन के नीचे आई एक महिला की आरपीएफ ने बचाई जान, महिला पटना जा रही थी

    गंगा दामोदर एक्स. ट्रेन के नीचे आई एक महिला की आरपीएफ ने बचाई जान, महिला पटना जा रही थी

    देवब्रत मंडल

    महिला यात्री व आरपीएफ के पदाधिकारी

    29 अक्टूबर को भीड़ नियंत्रण एवं ट्रेन पासिंग के लिए ड्यूटी पर तैनात रेसुब के सब-इंस्पेक्टर ने ट्रेन के नीचे आई एक महिला की जान बचा लिया। इसके लिए महिला ने आरपीएफ के प्रति अपना आभार जताया है। आरपीएफ पोस्ट धनबाद के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश के नेतृत्व में पोस्ट तथा सीआईबी के अधिकारी व स्टाफ तैनात थे। लाउड हेलर एवं सुरक्षा उपकरणों के साथ यात्रियों को जागरूक कर रहे थे। इसी दौरान समय करीब रात के 22:50 बजे ट्रेन संख्या 13329 गंगा दामोदर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर प्लेसमेंट हेतु आई। अत्यधिक भीड़ के कारण चलती ट्रेन में एक महिला गेट के हैंडल को पकड़ने का प्रयास की तथा इसी दौरान असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच में गिर गई। तत्काल ड्यूटी में तैनात उप-निरीक्षक आभाष चन्द्र सिंह के द्वारा उक्त महिला का दोनों हाथ पकड़कर उसके शरीर को सीधा किया गया तथा रॉलिंग होने से रोक लिया। उन्होंने एक झटके में महिला को ट्रेन एवं प्लेटफार्म के बीच से बाहर निकाल लिया। गाड़ी रुकने के उपरांत महिला को सुरक्षित ट्रेन के जनरल कोच में सीट दिलाकर बिठाया गया। बाद में उक्त महिला ने पूछने पर अपना नाम रिंकी देवी, उम्र-करीब 40 वर्ष, पता धनबाद बताई। जिन्होंने बताया कि उसे आरा जाना है, जिसके लिए धनबाद से पटना जाने हेतु गंगा दामोदर एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए अपने परिवार के साथ धनबाद रेलवे स्टेशन आए थे। ट्रेन प्लेस होने के समय प्लेटफार्म संख्या 02 पर मेरा संतुलन बिगड़ गया तथा ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच में नीचे ट्रैक पर आ गई। महिला ने कहा कि सर नहीं होते तो मेरी जान चली गई होती। आरपीएफ के जीवन रक्षा के कार्य के लिए वहां उपस्थित सभी यात्रियों के द्वारा बहुत धन्यवाद व सराहना की।

  • टिकारी में हम(से.) के प्रत्याशी पर हमला, नौ लोग हिरासत में लिए गए, डीएम व एसएसपी ने घटना का लिया जायजा

    टिकारी में हम(से.) के प्रत्याशी पर हमला, नौ लोग हिरासत में लिए गए, डीएम व एसएसपी ने घटना का लिया जायजा

    देवब्रत मंडल

    घायल से मिलते डीएम

    29 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मंत्री हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी डॉ अनिल कुमार पर हमला बोला गया गया है। जिसमें टेकारी विस क्षेत्र के प्रत्याशी श्री कुमार सहित तीन लोग जख्मी हो गए। घटना दिघौरा गांव में हुई, जहां जनसंपर्क अभियान के क्रम में पूर्व मंत्री श्री कुमार वाहन से पहुंचे थे। जहाँ ग्रामीणों ने विरोधस्वरूप ईंट पत्थर चलाया। प्रत्याशी अनिल कुमार घायल हो गए हैं। जिन्हें ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही गया जिलापदाधिकारी और एसएसपी ने घटनास्थल का दौरा किया और घायल श्री कुमार को देखने अस्पताल पहुंचे। डीएम के हवाले से बताया गया कि पंचानपुर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि टिकारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रत्याशी अनिल शर्मा के काफिले पर दिघौरा गांव (पंचानपुर थाना क्षेत्र) में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अचानक पत्थरबाजी की गई। इस घटना में लगभग 3-4 लोगों को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही ज़िला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। ज़िला पदाधिकारी ने घायलों से मुलाकात कर हाल चाल एवं घटित घटनाएं संबंधित जानकारी लिया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 09 लोगों को हिरासत में लिया गया एवं शेष आरोपियों के विरूद्ध छापामारी जारी है। इस संबंध में पंचानपुर थाना द्वारा कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

  • डीआरएम ने भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधाओं का किया समग्र निरीक्षण, सुव्यवस्था बनाए रखने का निर्देश

    डीआरएम ने भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधाओं का किया समग्र निरीक्षण, सुव्यवस्था बनाए रखने का निर्देश

    देवब्रत मंडल

    छठ पर्व के बाद यात्री वापसी के लिए गया जंक्शन पर की गई व्यवस्था का लिया जायजा

    डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना बुधवार को गया जंक्शन आए। जिन्होंने छठ पर्व के बाद यात्री वापसी के लिए यहां की गई व्यवस्था का निरीक्षण किया। गया जंक्शन पर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमीना ने यात्री सुविधाओं, जारी विकास कार्यों, स्वच्छता, छठ पर्व के बर्द यात्रियों की संख्या(फुटफॉल) की स्थिति, ट्रेन परिचालन आदि का समग्र निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने डीडीयू मंडल की टीम द्वारा छठ पर्व के दौरान अब तक गया जंक्शन पर यात्रियों सुविधाओं, सुरक्षा आदि सहित समग्र व्यवस्थाओं को देखने के बाद कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की और इसी भावना से कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

    महिला कोच में पुरुष यात्रियों को देख तत्काल हस्तक्षेप किया

    निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री मीना पहले प्लेटफार्म संख्या दो से फुट ओवर ब्रिज से होते हुए प्लेटफार्म संख्या 1 पर आए। यहां से आगे की व्यवस्था देखते हुए प्लेटफार्म 1A के अंतिम छोर तक गए। बीच रास्ते में उन्होंने देखा कि कुछ पुरुष यात्री प्लेटफार्म पर खड़ी मेमू ट्रेन के महिला कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सुरक्षा कर्मियों को कोच की जांच करने का निर्देश दिया। महिला कोच में पुरुष यात्रियों के न चढ़ने का माइक से अनाउंसमेंट भी कराया। मंडल रेल प्रबंधक स्वयं वहीं खड़े रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।

    होल्डिंग एरिया को स्वच्छ व व्यवस्थित रखने का निर्देश

    इसके बाद डीआरएम प्लेटफार्म संख्या 1 के यात्री प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया में सुविधा-व्यवस्था आदि का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों को हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए ताकि यात्रियों को सुखद अनुभव प्राप्त हो। गया जंक्शन से अच्छा संदेश लेकर जाएं।

    हेल्प डेस्क का किया निरीक्षण, कर्मचारियों को किया प्रेरित

    मंडल रेल प्रबंधक ने होल्डिंग एरिया के पास ही स्थित यात्री सहायता बूथ का भी अवलोकन किया और वहाँ उपस्थित स्टाफ को यात्रियों को समय पर सहायता प्रदान करते रहने हेतु प्रेरित किया। वहां निरीक्षण के दौरान उन्होंने M-UTS डिवाइस के माध्यम से अनारक्षित टिकटिंग की प्रक्रिया को भी देखा। उन्होंने M-UTS टिकटिंग स्टाफ को कहा कि यात्रियों की मांग पर टिकट देने के अलावा संभावित यात्रियों से स्वयं पूछते रहें कि क्या उन्हें टिकट की आवश्यकता है। पूरे निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

    …और अंत में एक नजर इधर भी

    दिल्ली छोर के एफओबी से जुड़ने वाली सीढ़ी संकरी

    बुधवार को गया से लौटने वाले और गया को आने वाले यात्रियों को दिल्ली छोर के फुट ओवर ब्रिज से प्लेटफॉर्म नंबर 2, 3, 4 एवं 5 पर आने जाने के वक्त काफी परेशानी हो रही थी। कारण कि इन दोनों सीढ़ियों की चौड़ाई मात्र 1.6 मीटर ही है। साथ ही फेंसिंग कर दिए जाने से इसकी चौड़ाई और कम हो गई है। भीड़ प्रबंधन से जुड़े तमाम रेलकर्मियों सहित यात्रियों ने महसूस किया कि इसकी चौड़ाई काफी कम है। एक साथ अधिकतम दो यात्री ही आना जाना कर सकते हैं। क्योंकि अधिकांश यात्री के साथ कुछ न कुछ लगेज होते हैं। जिससे इन सीढ़ियों पर भीड़ की वजह से जाम की स्थिति बन जाती है और प्लेटफॉर्म और एफओबी पर यात्रियों को भीड़ कम होने के लिए इंतजार करना पड़ता है।

  • आरपीएसएफ के जवान ने बचाई यात्री की जान, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में गिर गया था

    आरपीएसएफ के जवान ने बचाई यात्री की जान, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में गिर गया था

    देवब्रत मंडल

    गया रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना में एक यात्री की जान बचाई गई। रेलवे सुरक्षा विशेष बल के जवान ने अपनी त्वरित कार्रवाई से एक यात्री को चलती ट्रेन के नीचे आने से बचा लिया।

    घटना का विवरण:

    • गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर एक यात्री ट्रेन नंबर 12444 डाउन हल्दिया-आनंदविहार एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी वह चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के स्थान में गिर गया।
    • मौके पर तैनात आरपीएसएफ के आरक्षी नारायण राम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री को खींचकर बाहर सुरक्षित निकाल लिया।
    • यात्री को कोई चोट नहीं आई और वह अपनी यात्रा जारी रखने में सक्षम था।
    • इस घटना का वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया है।

    आरपीएफ जवान की बहादुरी:

    • आरक्षी नारायण राम की त्वरित कार्रवाई और साहस ने एक यात्री की जान बचाई।
    • उनकी इस मानवीय और साहसिक कार्य ने सभी को प्रेरित किया है।
    • इस घटना से यह साबित होता है कि आरपीएफ जवान अपनी ड्यूटी के प्रति कितने सजग और संवेदनशील हैं।
  • टिकट लेना हुआ और आसान: रेलवे स्टेशनों पर M-UTS डिवाइस से ऑन-द-स्पॉट अनारक्षित टिकट की सुविधा

    टिकट लेना हुआ और आसान: रेलवे स्टेशनों पर M-UTS डिवाइस से ऑन-द-स्पॉट अनारक्षित टिकट की सुविधा

    पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और गया जंक्शन पर सुविधा उपलब्ध

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन

    यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीडीयू मंडल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तथा गया स्टेशन पर M-UTS डिवाइस के माध्यम से अनारक्षित टिकट जारी करने की ऑन-द-स्पॉट सुविधा उपलब्ध कराया गया है। यह डिवाइस एक मोबाइल जैसे उपकरण के रूप में कार्य करता है, जिसमें एक मिनी प्रिंटर संलग्न होता है। अधिकृत रेलवे स्टाफ द्वारा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों को तत्काल टिकट प्रदान किया जा रहा है। इस सुविधा के माध्यम से यात्रियों को पारंपरिक बुकिंग काउंटर की कतार में लगने की आवश्यकता नहीं है। विशेषकर त्योहारों, भीड़भाड़ वाले समय या तुरंत यात्रा की स्थिति में यह व्यवस्था यात्रियों के लिए अत्यंत सहायक है। रेलवे द्वारा टिकटिंग को सरल और बहुविकल्पीय बनाने की दिशा में अन्य माध्यम भी हैं। यात्री RailOne मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अनारक्षित टिकट बुक कर सकते हैं, जो डिजिटल भुगतान और पेपरलेस यात्रा को बढ़ावा देता है। इसके अतिरिक्त, स्टेशन परिसर में उपलब्ध ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के माध्यम से भी यात्री स्वयं टिकट प्राप्त कर सकते हैं। डीडीयू मंडल यात्रियों को सहज, तेज और आधुनिक टिकटिंग अनुभव प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील किया है कि वे डिजिटल विकल्पों का अधिकाधिक उपयोग करें और टिकट लेकर ही यात्रा करें।

  • छठ महापर्व को लेकर आरपीएफ ने कर रखा था व्यापक प्रबंध, छठ व्रतियों एवं लोगों की सुरक्षा में रहे तैनात

    छठ महापर्व को लेकर आरपीएफ ने कर रखा था व्यापक प्रबंध, छठ व्रतियों एवं लोगों की सुरक्षा में रहे तैनात

    देवब्रत मंडल

    सुरक्षित पास कराने के लिए ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ

    गया रेलवे स्टेशन पर छठ महापर्व के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया के बल सदस्यों द्वारा व्यापक बंदोबस्त किया गया था। मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया।

    बंदोबस्त के मुख्य बिंदु:

    • रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया के बल सदस्यों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था, जिनमें गेट संख्या-4, मेमो शेड के पास स्थित तालाब के पास, गुमटी संख्या-01 के पास, गया रेलवे स्टेशन के दिल्ली एफ.ओ.बी., स्टेशन के हावडा छोर पर, गेट संख्या-71 बागेश्वरी गेट, पंचायती अखाड़ा, फल्गु नदी तथा रसलपुर गेट के पास शामिल हैं।
    • रेलवे सुरक्षा बल गया के बल सदस्यों ने गया रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेलवे लाइन के पार फल्गु नदी पर स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा छठ व्रत का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल गया के अधिकारी एवं बल सदस्य मौजूद रहे।
    • आर.पी.एफ. कर्मियों द्वारा रेल लाइन के आस-पास यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
    • रेल संचालन में किसी प्रकार का बाधा न हो, इसके लिए रेलवे लाइन पर निरंतर गश्त की गई तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षा हेतु निर्धारित सीमा के भीतर रहने का निर्देश दिया गया।
    • ड्यूटी के दौरान बल सदस्यों ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
    • आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सकुशल रूप से संपन्न हुई तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।