गया के 6 लोगों की हजारीबाग में दर्दनाक मौत, शादी में जाना था…रास्ते में पूरा परिवार खत्म, सिर्फ एक बेटा बचा

Deobarat Mandal

महताब अंसारी

img 20260426 wa00261395129131145689174 गया के 6 लोगों की हजारीबाग में दर्दनाक मौत, शादी में जाना था…रास्ते में पूरा परिवार खत्म, सिर्फ एक बेटा बचा

गया जिले के एक ही परिवार के 6 लोगों की झारखंड के हजारीबाग में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी लोग कार से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में कार अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का पता तब चला, जब एक राहगीर की नजर नीचे गिरी कार पर पड़ी।

घटना हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ जंगल-घाटी के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।

img 20260426 wa00252497567490642293211 गया के 6 लोगों की हजारीबाग में दर्दनाक मौत, शादी में जाना था…रास्ते में पूरा परिवार खत्म, सिर्फ एक बेटा बचा
फ़ाइल फोटो

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं—

शिव कुमार मांझी (43)

पत्नी रूबी देवी (38)

बेटी सोनी कुमारी (13)

बेटी सोहानी कुमारी (12)

ससुर कृत मांझी (60)

प्रेम कुमार (10)

सभी लोग गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के तेतरिया और मसूरी गांव के रहने वाले थे।

बीमार ससुर को छोड़ने जा रहे थे

जानकारी के अनुसार, शिव कुमार मांझी धनबाद में नौकरी करते थे। वे अपने बीमार ससुर कृत मांझी को इलाज के बाद गांव छोड़ने आ रहे थे। इसके बाद उन्हें गुरुआ के बरवाडीह गांव में रिश्तेदारी के शादी समारोह में भी शामिल होना था। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।

घर में बचा सिर्फ एक बेटा

इस हादसे के बाद परिवार में सिर्फ 14 वर्षीय बेटा रंजीत कुमार बचा है, जो फिलहाल धनबाद में है। उसने हाल ही में मैट्रिक पास किया है। परिजनों ने अभी तक उसे इस दर्दनाक हादसे की जानकारी नहीं दी है। गांव में मातम पसरा है और हर कोई बेटे के भविष्य को लेकर चिंतित है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

दनुआ घाटी में इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हर बार सड़क सुरक्षा, रेलिंग और चेतावनी बोर्ड की मांग उठती है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस बार फिर एक ही परिवार की 6 जिंदगियां सड़क निगल गई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *