गया जी में माँ मथुरासिनी प्राण-प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ संपन्न, माँ को 256 प्रकार के भोग अर्पित किए गए

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image776816918 17724564464426763876036195809294 गया जी में माँ मथुरासिनी प्राण-प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ संपन्न, माँ को 256 प्रकार के भोग अर्पित किए गए
शोभायात्रा में शामिल लोग


माहुरी वैश्य मंडल गयाजी के तत्वावधान में आयोजित माँ मथुरासिनी प्राण-प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ का पांच दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हो गया। पूरे आयोजन के दौरान शहर का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।

चौथे दिन विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न हुआ। मंडल प्रांगण में आयोजित भव्य महाआरती में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर माँ मथुरासिनी को 256 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। संध्या में आयोजित रामकथा प्रवचन का वाचन कथावाचक आचार्य दीपक जी पांडे द्वारा किया गया, जिनके प्रेरक प्रवचनों से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इसके पहले महोत्सव के तीसरे दिन माँ मथुरासिनी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अबीर-गुलाल और जयकारों के बीच निकली इस नगर भ्रमण में समाज की महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विभिन्न मार्गों से गुजरी इस यात्रा ने शहर में धार्मिक ऊर्जा का संचार किया। संध्या में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
पांचदिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन पूजन, श्रृंगार, हवन, पूर्णाहुति एवं कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न इस आयोजन ने समाज की एकता एवं धार्मिक आस्था को और सुदृढ़ किया। अंतिम दिन आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रवचन के समापन अवसर पर फूलों की होली खेली गई, जिससे पूरा मंडल प्रांगण भक्तिरस एवं उल्लास से सराबोर हो उठा। इसी अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह गया के विधायक डॉ प्रेम कुमार का आगमन हुआ। उन्होंने माँ मथुरासिनी की पूजा-अर्चना कर आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर मंडल के सचिव अमित कुमार पिंटू, माहुरी वैश्य मंडल गयाजी ने कहा कि यह ऐतिहासिक आयोजन समाज के सामूहिक सहयोग, समर्पण एवं आस्था का परिणाम है। उन्होंने सभी समाजजनों, श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। साथ ही माहुरी वैश्य मंडल नवयुवक समिति एवं माहुरी वैश्य मंडल महिला समिति के सक्रिय योगदान की सराहना की।
सचिव अमित कुमार पिंटू, माहुरी वैश्य मंडल गयाजी ने जानकारी दी कि मंडल प्रांगण में आगामी 11 मार्च को माँ मथुरासिनी महोत्सव, 13 मार्च को भव्य जागरण तथा 15 मार्च को महा भंडारा का आयोजन किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *