देवब्रत मंडल

राष्ट्रीय लीगल सर्विस अथॉरिटी, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को जागरूक करने के लिए रविवार को जिला न्यायालय परिसर, गया से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रचार वाहन को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया श्री प्रदीप कुमार मलिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि 09 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, चेक बाउंस के मामले, सिविल वाद, पारिवारिक विवाद, कुटुंब न्यायालय के प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा, ट्रैफिक चलान, ग्राम कचहरी व क्षतिपूर्ति मामलों का आपसी सहमति से समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार दास ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु अधिक से अधिक प्रकरणों को लोक अदालत में रखकर उनका निराकरण करने के लिए अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा, एडीजे-1 शशिकांत ओझा, सचिव अरविंद कुमार दास, प्रेसिडेंट ऑफ बार, प्रभारी सचिव बार, चीफ एलईडीसीएस, डिप्टी चीफ एलईडीसीएस और अन्य न्यायिक पदाधिकारीगण एवं अधिवक्तागण उपस्थित थे।
