देवब्रत मंडल

गया, 24 अप्रैल 2026
गया जी के बागेश्वरी गुमटी (71-ए) पर बनने वाले रेल ओवरब्रिज को लेकर नया अपडेट सामने आया है। पुल निर्माण शुरू करने से पहले बागेश्वरी रोड पर भारी वाहनों का परिचालन बंद करने की तैयारी है। इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग पर मंथन शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को सदर एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और पुल निर्माण निगम के अभियंताओं की संयुक्त टीम ने बागेश्वरी मोहल्ले का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने ट्रैफिक दबाव और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर वैकल्पिक रूट पर चर्चा की।
बागेश्वरी मंदिर साइड से शुरू होगा काम
निरीक्षण के बाद टीम इस निष्कर्ष पर पहुंची कि ROB का निर्माण कार्य बागेश्वरी मंदिर की तरफ से बागेश्वरी रोड पर शुरू करना ज्यादा व्यावहारिक होगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। यदि एक साथ बागेश्वरी रोड और पावरगंज रोड दोनों को ब्लॉक किया गया तो शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा सकती है।
बैरिकेडिंग के साथ चलेगा काम, दोपहिया को छूट
टीम ने स्पष्ट किया कि चयनित वैकल्पिक मार्ग से स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। निर्माण स्थल पर सड़क के दोनों किनारे बैरिकेडिंग की जाएगी। शेष बचे हिस्से को सर्विस रोड के रूप में विकसित कर दोपहिया वाहनों के लिए खोला जाएगा, ताकि लोगों का आना-जाना जारी रहे।
वहीं निर्माण के दौरान बड़े वाहनों को रोकने के लिए गांधी मोड़ के पास अवरोधक लगाए जाएंगे।
शनिवार को डीएम करेंगे स्थल निरीक्षण
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को जिलाधिकारी को भी निरीक्षण के लिए आना था, लेकिन अन्य जरूरी कार्यों में व्यस्तता के कारण वे नहीं पहुंच सके। उम्मीद है कि डीएम शनिवार को स्थल का दौरा करेंगे। डीएम के आदेश के बाद ही रूट डायवर्जन पर अंतिम मुहर लगेगी।
पुल निर्माण निगम के अभियंताओं के अनुसार, ROB बनने से बागेश्वरी गुमटी पर लगने वाले जाम से शहर को स्थायी राहत मिलेगी।
मुख्य बिंदु:
- निर्माण कहाँ से: बागेश्वरी मंदिर साइड, बागेश्वरी रोड से शुरू होगा
- प्रतिबंध: निर्माण के दौरान बड़े वाहनों की नो एंट्री
- राहत: दोपहिया वाहन सर्विस रोड से चल सकेंगे
- अगला कदम: शनिवार को डीएम का निरीक्षण, उसके बाद रूट डायवर्ट
