मुख्य प्रबंधक रूबी कुमारी बोलीं- हर संभव मदद देंगे, पेंशन लोन, व्हाट्सएप बैंकिंग समेत कई योजनाओं की दी जानकारी
देवब्रत मंडल

गया, 6 मई 2026
भारतीय स्टेट बैंक, मेन ब्रांच गया में बुधवार को पेंशनधारियों और बैंक पदाधिकारी-कर्मचारियों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पेंशनधारियों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और बैंक द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर चर्चा की। बैंक अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मुख्य प्रबंधक ने किया स्वागत, योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत में SBI मेन ब्रांच गया की मुख्य प्रबंधक रूबी कुमारी ने सभी पेंशनधारकों का स्वागत किया। उन्होंने बैंक द्वारा पेंशनधारियों को दी जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।रूबी कुमारी ने विशेष रूप से पेंशन लोन पर साधारण ब्याज दर, व्हाट्सएप बैंकिंग के जरिए मिलने वाली सभी सहायताओं, म्यूचुअल फंड, एलीट कार्ड, मुख्य ऋण योजनाएं, जमा योजनाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
“खुद संज्ञान लेकर करूंगी समाधान”: मुख्य प्रबंधक
मुख्य प्रबंधक ने पेंशनधारकों को आश्वासन दिया कि ब्रांच में उन्हें ससम्मान विशेष सहायता दी जाएगी। पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मदद से हर संभव बैंक संबंधित उचित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सहायता की जरूरत पड़ने पर वे खुद संज्ञान लेकर समस्याओं का समाधान करेंगी।
पेंशन प्रभारी ने भी दी जानकारी
इस अवसर पर पेंशन प्रभारी पदाधिकारी रश्मि सिंह, राकेश कुमार सहित अन्य कर्मियों ने भी बैंक द्वारा दी जा रही सुविधाओं से पेंशनधारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुक पेंशनधारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
