बेखौफ तस्कर: मिनी ट्रक से लेकर चल रहा था शराब तस्कर गिरफ्तार, जबकि ई-रिक्शा से शराब के साथ बालक पकड़ा गया

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 539875342 17805680282091637683376327476856 बेखौफ तस्कर: मिनी ट्रक से लेकर चल रहा था शराब तस्कर गिरफ्तार, जबकि ई-रिक्शा से शराब के साथ बालक पकड़ा गया

गया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक आयुक्त उत्पाद प्रिय रंजन के अनुसार, समेकित जांच चौकी डोभी (थाना बाराचट्टी) क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पंजीकरण संख्या BR-01GK-0644 वाले एक मिनी ट्रक (410) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 1328.400 लीटर अवैध विदेशी शराब, कुल 3792 बोतलें, बरामद की गईं।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान वीरेन्द्र कुमार (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय राम प्रसाद राय, निवासी भानपुर बेचा, थाना गोरौल, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अनुसंधान पूर्ण होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा।
छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के कई अधिकारी एवं जवान शामिल थे, जिनमें विजय कुमार, दिलीप कुमार, कमल किशोर, हलेंद्र कुमार, धर्मेंद्र बैठा, बंटी यादव सहित सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल रहे।

ई-रिक्शा से शराब तस्करी, 321 बोतल देसी शराब के साथ बालक गिरफ्तार

गया जिले में अवैध शराब कारोबारियों द्वारा लगातार नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। एक-दो दिन पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के धंधे में धकेले गए एक निरुद्ध बालक को ई-रिक्शा में छिपाकर भारी मात्रा में देसी शराब लाते हुए पकड़ा था। अब एक और कार्रवाई में उत्पाद थाना शेरघाटी की टीम ने तीन पहिया टोटो से शराब की खेप ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
उत्पाद विभाग के पदाधिकारी अनुसार, शेरघाटी थाना क्षेत्र के घनियारी प्राथमिक विद्यालय के समीप वाहन जांच के दौरान एक टोटो को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 96.300 लीटर अवैध देसी शराब (321 बोतल) बरामद की गई।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की 14 वर्षीय पहचान चंदन कुमार (काल्पनिक नाम), पिता संजय यादव, निवासी कुजापी, थाना आमस, जिला गया के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है तथा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इस छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह एवं नितु कुमारी सहित अन्य कर्मी शामिल थे।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई से यह स्पष्ट हो रहा है कि शराब तस्कर पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए ई-रिक्शा, टोटो तथा अन्य छोटे वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। विभाग की सतर्कता के कारण उनकी कोशिशें नाकाम भी हो रही हैं। लेकिन लगातार हो रही बरामदगियां इस बात का संकेत हैं कि जिले में शराब तस्करी का नेटवर्क अभी भी सक्रिय है, जिस पर शिकंजा कसने के लिए अभियान जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *