डीएम ने पितृपक्ष मेला से पूर्व फ्लाईओवर निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सड़क व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image400900088 17843874946648759509668801950041 डीएम ने पितृपक्ष मेला से पूर्व फ्लाईओवर निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सड़क व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

जिला पदाधिकारी, गया शशांक शुभंकर ने निर्माणाधीन बागेश्वरी फ्लाईओवर एवं मानपुर फ्लाईओवर परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, भू-अर्जन, यातायात व्यवस्था तथा आमजन की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने तथा पितृपक्ष मेला-2026 से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बागेश्वरी फ्लाईओवर के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि फ्लाईओवर के एलाइनमेंट में आने वाले सभी मकानों एवं भूमि का घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें तथा संबंधित रैयतों के भूमि एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों का संग्रह करें। उन्होंने कहा कि जिनकी भूमि या मकान परियोजना की जद में आएंगे, उन्हें राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुरूप नियमानुसार उचित मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि प्रभावित मकानों एवं अन्य संरचनाओं का मूल्यांकन शीघ्र कराया जाए, ताकि मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया में विलंब न हो। जिला पदाधिकारी ने बताया कि अब तक परियोजना से संबंधित 95 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। जिन लोगों को अपनी भूमि अथवा अन्य किसी विषय पर आपत्ति दर्ज करानी है, वे अपना आवेदन जिला भू-अर्जन कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं, जिसका नियमानुसार निष्पादन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अभियंताओं को निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेला प्रारंभ होने से पूर्व जमीन के अंदर किए जाने वाले सभी फाउंडेशन कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि मेला अवधि में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सड़क पूरी तरह चालू स्थिति में बनी रहे।
उन्होंने निर्माण स्थल के आसपास बिखरी लोहे की सामग्री, मिट्टी के ढेर, जल-जमाव एवं कीचड़ को तत्काल हटाकर पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के साथ-साथ राहगीरों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने मानपुर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि सड़क पर जमा कीचड़ एवं पानी को तत्काल हटाया जाए तथा सड़क पर बने मिट्टी के टीलों को समतल किया जाए। उन्होंने कहा कि यह शहर का अत्यंत व्यस्त एवं महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए निर्माण कार्य के दौरान भी यातायात सुचारु रूप से संचालित रहना चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पितृपक्ष मेला-2026 से पूर्व सड़क पर मौजूद सभी गड्ढों की मरम्मत कराई जाए तथा पूरे मार्ग की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को प्रतिदिन सुबह एवं शाम सड़क का निरीक्षण कर सफाई एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गया पहुंचते हैं। ऐसे में निर्माण कार्यों के साथ-साथ यातायात व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा आमजन की सुविधा को सर्वोपरि रखने का निर्देश दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *