विश्व सिर एवं गला कैंसर दिवस: 26 जुलाई को गया में लगेगा नि:शुल्क जांच एवं जागरूकता शिविर

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 1571287595 17848954057466929092626079291669 विश्व सिर एवं गला कैंसर दिवस: 26 जुलाई को गया में लगेगा नि:शुल्क जांच एवं जागरूकता शिविर


गया: भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गया शाखा द्वारा विश्व सिर एवं गला कैंसर दिवस 2026 के अवसर पर 26 जुलाई (रविवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आईएमए भवन, गया में कैंसर जागरूकता एवं नि:शुल्क जांच शिविर आयोजित किया जाएगा।
आईएमए गया शाखा के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह एवं सचिव डॉ. विमलेंदु विमल ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन भारतीय चिकित्सा संघ, नई दिल्ली के आह्वान पर किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य सिर एवं गला कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करना और प्रारंभिक अवस्था में बीमारी की पहचान सुनिश्चित करना है, ताकि समय पर इलाज संभव हो सके।
तंबाकू और शराब से बढ़ता है खतरा
चिकित्सकों ने बताया कि तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, धूम्रपान और शराब का सेवन सिर एवं गला कैंसर के प्रमुख कारण हैं। यदि किसी व्यक्ति के मुंह में लंबे समय तक छाले रहें, आवाज में बदलाव हो, निगलने में कठिनाई हो या गर्दन में गांठ जैसी समस्या महसूस हो, तो तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
आईएमए पदाधिकारियों ने मीडिया और आम लोगों से इस जनजागरूकता अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को आयोजित शिविर में पहुंचकर लोग नि:शुल्क जांच का लाभ उठाएं तथा अपने परिवार और परिचितों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
आईएमए गया शाखा के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और समय पर जांच है। वहीं सचिव डॉ. विमलेंदु विमल ने कहा कि प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर सिर एवं गला कैंसर का सफल उपचार संभव है।
इस अवसर पर आईएमए गया के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. डी.के. सहाय एवं कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *