देवब्रत मंडल

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गया रेलवे जंक्शन परिसर में कांग्रेस पार्टी के बैनर तले शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरने के माध्यम से गया जंक्शन को रेलवे डिवीजन बनाने सहित वर्षों से लंबित कई मांगों को उठाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की।
धरने में ये नेता रहे मौजूद
धरने में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, सुनील कुमार पासवान, सैफुल इस्लाम, नवीन कुमार गुप्ता, उपेंद्र द्विवेदी, निरु देवी, सुनैना देवी, पूनम कुमारी, अंशु सिन्हा, नेयाज अशरफ, मोहम्मद शामिम, बाबूलाल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
क्या-क्या मांगे उठीं?
नेताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त और वर्ल्ड क्लास निर्माणाधीन गया रेलवे जंक्शन को रेल डिवीजन का दर्जा मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने निम्न मांगें रखीं:
- गया से मुंबई, बंगलुरु, अहमदाबाद, हैदराबाद, पुरी आदि के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाए
- वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, खिलाड़ियों को मिलने वाली रेल टिकट रियायत पुनः शुरू की जाए
- चाकंद, बेलागंज, ईश्वर चौधरी हाल्ट, मानपुर, बंधुआ, पैमार, करजरा, काष्ठा आदि स्टेशनों का विकास हो
- जिले की सड़कों पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण हो
- टेंपो-टोटो से प्रतिदिन 25 रुपये ठेकेदारी वसूली बंद हो
- जंक्शन परिसर में मॉल और व्यावसायिक केंद्र विकसित किए जाएं
- पैसेंजर ट्रेन के नाम में ‘स्पेशल’ जोड़कर एक्सप्रेस भाड़ा लेने की परंपरा बंद हो
- गया से पटना के लिए रात 8-9 बजे नई पैसेंजर ट्रेन शुरू हो
- गया जंक्शन से बोधगया, CUSB, IIM के लिए 24 घंटे रिंग बस चलाई जाए
नेताओं का कहना था कि इन मांगों के पूरा नहीं होने से मध्य और दक्षिण बिहार के लोगों में निराशा है।
रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन
धरना समाप्ति के बाद प्रतिनिधिमंडल ने गया रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार से मिलकर केंद्रीय रेल मंत्री के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
