देवब्रत मंडल

पूर्व मध्य रेल के डी.डी.यू. मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की 1020 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत एक करोड़ पचास हजार रुपये आंकी गई है। निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में 20 और 21 अप्रैल को दो दिवसीय अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। रे.सु.ब. पोस्ट गया के सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी विवेकानंद शर्मा, आरक्षी राकेश कुमार सिंह, आलोक कुमार सक्सेना, अनिल प्रसाद, रौशन कुमार व अमित कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। यह अभियान मार्शलिंग यार्ड कॉलोनी एवं इंस्पेक्टर कॉलोनी, गया में चलाया गया। यहाँ बाहरी लोगों ने अवैध रूप से झोपड़ी और खटाल बना लिए थे। सहायक मंडल अभियंता, गया की मौजूदगी में डेल्हा व सिविल लाइन थाना पुलिस, वरीय अनुभाग अभियंता/कार्य/गया तथा रे.सु.ब. के कुल 94 जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रेलवे की जमीन खाली कराई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसर को अतिक्रमण मुक्त करना, स्वच्छता बनाए रखना तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।
