Blog

  • मध्यस्थता से जटिल न्यायिक प्रक्रिया एवं वाद खर्चों से पक्षकारों को मिलेगी मुक्ति: जिला जज

    मध्यस्थता से जटिल न्यायिक प्रक्रिया एवं वाद खर्चों से पक्षकारों को मिलेगी मुक्ति: जिला जज

    विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा 01 जुलाई से 30 सितंबर तक चल रहा है राष्ट्रव्यापी मध्यस्थता कैंपेन का आयोजन

    देवब्रत मंडल

    राष्ट्रव्यापी मध्यस्थता कैंपेन के संबंध में चर्चा में शामिल न्यायाधीश व अधिवक्ता

    राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया के द्वारा 1 जुलाई से 30 सितंबर तक तीन महीने का राष्ट्रव्यापी मध्यस्थता कैंपेन का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंपेन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मध्यस्थता केंद्र में चल रहा है। इस राष्ट्रव्यापी मध्यस्थता कैंपेन के सफल आयोजन के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष मदन किशोर कौशिक की अध्यक्षता में व्यवहार न्यायालय के सभाकक्ष में एक बैठक हुई। बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मदन किशोर कौशिक ने राष्ट्रव्यापी मध्यस्थता कैंपेन के संबंध में विस्तार से चर्चा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिवक्ता संघ से भी सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से जटिल न्यायिक प्रक्रिया एवं वाद खर्चों से पक्षकारों को मुक्ति भी मिलेगी।
    बैठक में न्यायाधीश परिवार न्यायालय के सुनील कुमार बर्मा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम, शशिकांत ओझा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-10 सह समन्वयक जिला न्यायालय मध्यस्थता केंद्र गया, सुकन कुमार मांझी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार दास, अवर न्यायाधीश प्रथम विभूति भूषण, एसडीजेएम सनम हयात एवं सरताज अली खान, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर शफीकउद्दीन अंसारी, गवर्नमेंट प्लेडर गया, रविन्द्र प्रसाद सचिव गया बार एसोसिएशन, शिशिर कुमार कौंडिल्य ट्रेंड मेडिएटर, रीना सिन्हा ट्रेंड मेडिएटर बैठक में उपस्थित थे।

  • इस एटीएम मशीन से रुपये निकालने वक्त रहें होशियार, नहीं तो आप भी सेवानिवृत्त कर्मचारी की तरह हो सकते हैं शिकार

    इस एटीएम मशीन से रुपये निकालने वक्त रहें होशियार, नहीं तो आप भी सेवानिवृत्त कर्मचारी की तरह हो सकते हैं शिकार

    देवब्रत मंडल

    सेवानिवृत्त कर्मचारी के एटीएम कार्ड बदल कर निकाल लिए 40 हजार रुपए, मामले की जांच करने पहुंची पुलिस

    पावरगंज मोहल्ले में संचालित एसबीआई का एटीएम

    गयाजी। गया जी शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के एटीएम कार्ड बदल कर इनके बैंक खाते से 40 हजार रुपए निकासी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले की जांच करने के लिए गुरुवार को डेल्हा थाना की पुलिस पीड़ित सेवानिवृत्त कर्मचारी से पूछताछ करने के लिए घटनास्थल पहुंची थी। पीड़ित सेवानिवृत्त कर्मचारी दया शंकर पांडेय ने डेल्हा थाना के पुलिस पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं राहुल कुमार पासवान को पूछताछ में बताया कि 01 जुलाई 2025 को गया-पटना रोड स्थित पावरगंज मोहल्ले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से दोपहर बाद पैसे निकालने आए थे। जब पैसे निकालने की कोशिश की तो रुपए नहीं निकले और न ही एटीएम कार्ड निकले। इस बीच एटीएम मशीन के पास खड़े एक व्यक्ति ने जब पूछा कि क्या हुआ तो श्री पांडेय ने बताया कि रुपये नहीं निकले और कार्ड फंस गया है। पुलिस पदाधिकारी को उन्होंने यह भी बताया कि अंजान व्यक्ति  एटीएम मशीन के पास गया और मशीन से कार्ड निकालने की बात कही। इसके बाद एक एटीएम कार्ड उन्हें थमा दिया। जिसे वे बगैर देखे कि कार्ड उनका है या किसी और का है, उसे लेकर नई गोदाम मोहल्ले में एटीएम मशीन से पैसे निकालने चले गए। जहां उन्होंने एटीएम कार्ड का प्रयोग किया तो वहां भी पैसे नहीं निकले। पूछताछ श्री पांडेय ने पुलिस पदाधिकारी को ये बात भी बताई कि जिस मोबाइल नंबर से उनका खाता जुड़ा हुआ है, उस मोबाइल को घर पर ही छोड़ आए थे। जब घर लौटे तो मोबाइल नंबर पर 10-10 हजार रुपए चार बार निकासी के मैसेज को देखा। उन्होंने बताया उनके खाते से 40 हजार रुपए की निकासी एटीएम गिरोह के सदस्य ने कर ली है।
    इसके बाद उनके पुत्र को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने टोल फ्री नंबर पर फोन कर एटीएम को लॉक करवा दिया। इसके बाद वे एसबीआई मेन ब्रांच, गया पहुंचे और इस घटना की जानकारी बैंक के पदाधिकारी को दी। जहां से उन्हें थाना में जाकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद श्री पांडेय थाना में इस घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी सिलसिले में जांच के लिए डेल्हा थाना के दो पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे। जहां पीड़ित कर्मचारी श्री पांडेय व उनके पुत्र श्लोक पांडेय भी थे। जिनसे घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
    इस एटीएम मशीन के आसपास के एक दो लोगों ने बताया कि कुछ दीन पहले एक चाय बेचने वाली के साथ इसी एटीएम मशीन से ऐसी घटना हो चुकी है। लोगों ने बताया कि पहले इस एटीएम मशीन में सिक्युरिटी गार्ड की ड्यूटी लगाई जाती थी लेकिन अब नहीं लगाई जा रही है।

  • पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस के एसी कोच के यात्रियों ने किया हंगामा, गया में बदला गया कोच

    पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस के एसी कोच के यात्रियों ने किया हंगामा, गया में बदला गया कोच

    देवब्रत मंडल

    पटना जंक्शन से चलकर गया होते हुए भभुआ को जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस के एसी चेयर कार के यात्रियों ने कोच के एसी काम नहीं करने को लेकर हंगामा किया। गया जंक्शन खराब हो चुके एसी चेयर कार के कोच को डिटैच कर यहां दूसरा कोच अटैच किया गया। इसके बाद यात्री शांत हुए। तब ट्रेन को भभुआ के लिए रवाना किया गया।
    मंगलवार की देर शाम पटना से गया पहुंची पटना-वाया-गया- भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस के एसी चेयर कार का एसी काम नहीं कर रहा था। यात्री इसको लेकर परेशान थे। यात्रियों ने इसे लेकर हंगामा करने लगे। कुछ देर के लिए स्थानीय प्रशासन परेशान रहे। इसके बाद ऑन ड्यूटी टीएक्सआर ने ट्रेन के कोच में लगे एसी मशीन को ठीक करने के लिए सम्बंधित पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी। इस बीच रेल प्रशासन यात्रियों को समझा बुझाकर शोर शराबे को शांत कराया।


    कैरिज एंड वैगन विभाग के सिक लाइन के एक पर्यवेक्षक ने बताया कि इस ट्रेन में लगे एसी चेयर कार में तकनीकी खराबी आ गई थी लेकिन समय पर उसे ठीक नहीं किया जा सकता था। इसलिए उसे काटकर सिक लाइन में सुरक्षित रहे एसी चेयर कार को जोड़ा गया। तब जाकर कोच के यात्री शांत हुए। इसके बाद ट्रेन भभुआ के लिए खुली।
    परिचालन विभाग के हवाले से बताया गया कि इस वजह से पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस गया जंक्शन पर करीब 35 मिनट रुकी रही।

  • मद्य निषेध विभाग की टीम ने 16 लाख रुपए के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा, मामला आयकर विभाग के हवाले, बस से आ रहा था गया

    मद्य निषेध विभाग की टीम ने 16 लाख रुपए के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा, मामला आयकर विभाग के हवाले, बस से आ रहा था गया

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    गया जी: इस वक्त गया जी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि डोभी चेक पोस्ट पर जांच के दौरान मद्य निषेध विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को 16 लाख रुपए कैश के साथ पकड़ा है। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। फिलहाल व्यक्ति को डिटेन कर रखा गया है।
    मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रिय रंजन ने बताया कि डोभी चेक पोस्ट पर तैनात टीम मंगलवार की सुबह यहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। उन्होंने बताया रांची (झारखंड) की ओर से गया आ रही महारानी बस को जांच के लिए रोका गया। जिसमें शराब की जांच की जांच की जा रही थी। यात्रियों के बैग, कार्टून और बोरिया आदि की जांच के क्रम में एक व्यक्ति के पास रहे बैग की जांच की गई तो उस बैग में नोट के कई बंडल थे। उस व्यक्ति को बस से उतार लिया गया। इसके बाद बाराचट्टी थाना एवं अंचलाधिकारी को इसकी सूचना दी गई। जांच के क्रम में व्यक्ति के पास रहे नोटों की गिनती की गई तो 16 लाख रुपए पाए गए। जांच दल का नेतृत्व कर रहे मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक रामप्रीति कुमार ने इसकी सूचना सहायक आयुक्त उत्पाद प्रिय रंजन को दी। प्रिय रंजन ने बताया कि इतनी बड़ी रकम लेकर महारानी बस में सफर कर रहे व्यक्ति ने अपना नाम बबलू सिंह बताया है। जो कि झारखंड का रहने वाला खुद को बता रहा है। बरामद रुपए के बारे में विशेष कुछ जानकारी नहीं दी है। उन्होंने बताया कि आयकर विभाग को इसकी सूचना दी जा चुकी है। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। बताया गया कि बबलू सिंह रांची से गया आ रहा था। इधर बबलू के पास से बरामद रकम को लेकर इसके दावेदार ने भी निरीक्षक को फोन पर कागजात लेकर उपस्थित होने का दावा किया है। फिलहाल बबलू सिंह को पुलिस अभिरक्षा में बाराचट्टी थाना में रखा गया है।

  • यहां सबकी अपनी अपनी दुकानें हैं, जब जी चाहे लगा सकते हैं लेकिन ‘साहेब’ की नजर से बच के

    यहां सबकी अपनी अपनी दुकानें हैं, जब जी चाहे लगा सकते हैं लेकिन ‘साहेब’ की नजर से बच के

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का प्रवेश द्वार

    गया जी शहर की सड़कें अतिक्रमण के आगोश में है। बाकी सभी खामोश हैं। अतिक्रमण कर दुकानें चलाना मुश्किल काम नहीं, यहां बहुत ही आसान है। लेकिन साहेब के नजर से बच के। साहेब की मर्जी होगी तो लगेगी दुकानें, मर्जी नहीं है तो हट जाती है दुकानें।

    फुटपाथ पर दुकानें लगी हुई हैं

    गया जी शहर के स्टेशन रोड का नजारा आपको इस रिपोर्ट के साथ लगी तस्वीरों में देखने को मिल जाएंगे। एक नहीं, कई दुकानें नजर आएगी। जो मजे से चल रही है। ये खुली आँखों से देखे जा सकते हैं। बताने की जरूरत नहीं।

    रेलवे स्टेशन रोड

    साहेब’ आते हैं तो मेरी मर्जी से दुकानें हटा लेना

    हां! इस बात का ख्याल रखने का अघोषित निर्देश है इन दुकानदारों को कि जब ‘साहेब’ आते हैं तो मेरी मर्जी से दुकानें हटा लेना, नहीं तो दंड के भागी आप दुकानदार होंगे, हम नहीं।

    रेल क्षेत्र में भी लगी है कई दुकानें

    अब सिविल एरिया से आते हैं रेल एरिया में। अजातशत्रु होटल के ठीक सामने गया जंक्शन का प्रवेश द्वार है। यहां भी देख सकते हैं कि दुकानें दोनों ओर लगी हुई है। यहां दुकानें किसकी मर्जी से लगती है, ये बताने की जरूरत नहीं। सबकुछ शीशे की तरह साफ है।

    आखिर इस अतिक्रमण के लिए जिम्मेवार कौन?

    अतिक्रमण के लिए जिम्मेवार कौन? ये दुकानदार तो नहीं हो सकते हैं क्योंकि इनमें इतनी हिम्मत नहीं कि साहेब की बात नहीं मानेंगे। क्योंकि इन दुकानदारों का पेट चलता है। परिवार के लोगों के लिए इन्हें सबकुछ ‘सहना’ पड़ता है।

    स्टेशन रोड

    मौसम विभाग की तरह पूर्व सूचना मिल जाती है इन्हें

    जब हवा आंधी के रूप में आने की पूर्व सूचना मौसम विभाग की तरह इन दुकानदारों को मिल जाती है। इसके पहले की आंधी आए, इनकी दुकानें बंद हो जाती है और स्थान साफ हो जाते हैं।

    फुटपाथ पर लगती है दुकानें

    स्टेशन रोड के रेलवे से सटे बाउंड्री वाल है। इसी बाउंड्री वाल से सटे पैदल चलने वाले लोगों के फुटपाथ बनाया गया है। जब नजरों को दौड़ाएंगे तो पाएंगे कि फुटपाथ पर दुकानें हैं और पैदल चलने वाले लोग सड़क पर चलने को मजबूर हैं।

  • रात में चोरी हुई, शाम में स्वास्थ्य विभाग ने स्थापित की बापू की नई प्रतिमा, सिविल सर्जन ने घटना पर जताई चिंता

    रात में चोरी हुई, शाम में स्वास्थ्य विभाग ने स्थापित की बापू की नई प्रतिमा, सिविल सर्जन ने घटना पर जताई चिंता

    देवब्रत मंडल

    नई प्रतिमा पर माल्यार्पण करते सिविल सर्जन

    गयाजी के उत्तरी हिस्से में ऐतिहासिक गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम सह अस्पताल परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा रविवार की देर रात अपराधियों ने चुरा लिया था। इस घटना की खबर मिलते ही अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजीव सुमन सुबह में अस्पताल पहुंचे। इसके पहले उन्होंने डेल्हा थाना की पुलिस को इस घटना की सूचना दी। पुलिस घटनास्थल का मुआयना करते हुए संदिग्ध अपराधियों की तलाश शुरू कर दी।
    बापू की प्रतिमा की चोरी हो जाने की घटना से इस अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुमन ने सिविल सर्जन डॉ राजा राम प्रसाद को अवगत कराया। इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध डेल्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सिविल सर्जन के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन ने एक नई प्रतिमा बाजार से खरीद कर देर शाम स्थापित करा दिया।
    शाम में इस जगह पर नई प्रतिमा को स्थापित कर अनावरण किया गया। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ राजा राम प्रसाद, वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी, इस अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुमन, बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के महामंत्री परमानंद सिंह, इस क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता वार्ड पार्षद के प्रतिनिधि दिलीप कुमार मंडल, कांग्रेस के नेता कमलेश कुमार व डेल्हा थाना के पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद रहे। इस मौके पर वार्ड पार्षद ने बापू की प्रतिमा की चोरी कर लिए जाने की घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की। वहीं सिविल सर्जन ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मौजूद पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इस घटना को जिसने भी अंजाम दिया है, उसका जल्द पता लगाते हुए जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सिविल सर्जन ने इस घटना की निंदा करते हुए इस कांड का शीघ्र उद्भेदन करने की बात कही। नई प्रतिमा स्थापित किए जाने पर बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष डॉ विनोद कुमार मंडल ने सिविल सर्जन एवं अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

    चोरी की घटना के बाद की तस्वीर


    बता दें कि रविवार की रात 10 बजे के आसपास अपराधियों ने 1974 में यहां के अन्तरवासी मरीजों द्वारा स्थापित बापू की प्रतिमा को अपराधी चुराकर ले भागे थे। अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन भवन में उपयोग करने के लिए काटकर रखा गया लोहे का छड़ भी चुरा लिया गया था।
    स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल परिसर में दिन रात अवांछित लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों ने कहा कि अवैध बालू की ढुलाई करने वाले इस अस्पताल परिसर से ही ट्रैक्टर ले आना जाना करते हैं। पहले भी इस अस्पताल में चोरी की छोटी बड़ी घटना हो चुकी है। जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं कर्मचारियों में भय का वातावरण बना हुआ रहता है।

  • ओटीए में प्रैक्टिस के दौरान महाराष्ट्र के प्रशिक्षु की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

    ओटीए में प्रैक्टिस के दौरान महाराष्ट्र के प्रशिक्षु की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

    देवब्रत मंडल

    इंटरनेट से ली गई सांकेतिक तस्वीर

    गयाजी के ऑफिसर ट्रेनिंग अकेडमी में प्रशिक्षण के दौरान एक प्रशिक्षु की तबियत बिगड़ गई। जिसे अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक नहीं बचा सके। इसके बाद आगे की कार्रवाई मगध मेडिकल थाना की पुलिस द्वारा की गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों के पास हवाई मार्ग से ले जाया गया।
    घटना रविवार की है। मगध मेडिकल थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक महाराष्ट्र का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर ओटीए के जिम्मेदार पदाधिकारी को शव सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि रविवार को प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनी ऑफिसर कुंब्बार अथर्व संभाजी(25) की तबीयत खराब हो गई थी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया में मृत्यु का कारण हार्ट ब्लॉकेज बताया गया है। विशेष रूप से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु की असल वजह का पता चल सकता है।
    इधर, अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के हवाले से बताया गया कि मगध मेडिकल थाना की पुलिस द्वारा मृतक के शव को दोपहर 12 बजे के आसपास अस्पताल में लाया गया। जिसका पोस्टमार्टम कराया गया है।
    बताया गया कि सुबह में प्रैक्टिस कर रहे प्रशिक्षु कुंब्बार अथर्व की तबियत अचानक बिगड़ गई थी। वे ओटीए परिसर में प्रशिक्षण के दौरान अचानक मूर्छित हो गिर पड़े थे। जिसे तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन चिकित्सक नहीं बचा सके। मगध मेडिकल थानाध्यक्ष ने बताया कि इसके बाद आगे की कार्यवाही पूरी करने के बाद शव अधिकारी को सुपुर्द कर दिया गया। बताया गया कि प्रशिक्षु का शव यहां से पहले पटना ले जाया गया। जहां से विशेष विमान से महाराष्ट्र ले जाया गया।
    इस संबंध में ओटीए के पदाधिकारी मिताली मधुमिता से उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर इस दुखद घटना के संदर्भ में जानकारी प्राप्त कर उनका पक्ष रखने की कोशिश की गई तो उन्होंने यह कहकर कॉल ड्रॉप कर दीं कि किन्हीं और का कॉल आ रहा है। पुनः प्रयास किया गया लेकिन कॉल नहीं रिसीव किया गया। इसके बाद ओटीए के एक अन्य अधिकारी के नंबर पर कॉल और मैसेज कर इनसे भी पक्ष रखने के लिए कोशिश की गई परंतु उधर से कोई प्रत्युत्तर नहीं मिला।

  • गया-कोडरमा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, घटना कुछ ऐसी हुई कि जानकर रह जाएंगे हैरान

    गया-कोडरमा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, घटना कुछ ऐसी हुई कि जानकर रह जाएंगे हैरान

    देवब्रत मंडल

    इलाज करते चिकित्सक

    गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना टनकुप्पा स्टेशन पर हुई थी। पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर जख्मी हुआ था, इसके बाद जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। युवक की मौत गया जी के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल ले जाने वक्त रास्ते में ही हो गई। मृतक के पिता मगध मेडिकल थाना द्वारा की जा रही आगे की कार्रवाई को लेकर थाना पहुंच गए हैं। जिन्होंने बताया कि उनके 19 वर्षीय पुत्र लड्डू रजक की मृत्यु हो गई है।

    अपने दोस्तों के साथ गयाजी आया था मृत्युभोज में शामिल होने

    मृतक के पिता ने बताया कि उनका पुत्र लड्डू रजक(19) रविवार को अपने दो दोस्तों के साथ गया जी मृत्यु भोज में आया हुआ था। उन्होंने बताया कि लड्डू के एक मित्र बाघमारा, माटी गरह, धनबाद निवासी के नानी की मृत्यु हो गई थी, उन्हीं के भोज में आया हुआ था। मृतक भी इसी गांव का निवासी था।

    पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर घायल हुआ, बाद में सियालदह एक्सप्रेस की चपेट में आ गया

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड्डू रजक गया से 13306 गया-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस से धनबाद लौट रहा था। टनकुप्पा स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल लड्डू स्वयं साहस जुटाकर रेंगते हुए रेलवे ट्रैक से दूर जाने की कोशिश कर ही रहा था कि इस बीच 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस वहां से गुजरी। जिसकी चपेट में आने से उसके पैर कट गए। कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस को आज भी लोग सियालदह एक्सप्रेस के नाम से जानते हैं।

    घटनास्थल

    स्थानीय लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से टनकुप्पा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर कर दिया।

    रात में ही युवक के पिता पहुंच गए थे अस्पताल

    इस बीच इस हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजन रात में ही मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल पहुंचे। मृतक के पिता विष्णु रजक ने बताया कि जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उनके बेटे की मृत्यु हो चुकी है।

    रेंगते हुए ट्रैक से हटने की कर रहा कोशिश, लेकिन…

    मृतक के पिता विष्णु रजक ने बताया कि लोगों ने उन्हें बताया कि उनका बेटा रेल ट्रैक के पास काफी देर तक घायलावस्था में पड़ा रहा लेकिन किसी रेलकर्मी द्वारा त्वरित कार्यवाही नहीं की गई तो स्थानीय लोगों ने बेटे को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र लड्डू रजक इंटरमीडिएट पास है। वे एक निजी कंपनी में काम करते हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

    स्टेशन प्रबंधक ने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा

    इस संबंध में जब टनकुप्पा के प्रभारी स्टेशन प्रबंधक लाल बाबू पासवान से घटना और इसके बाद हुई कथित लापरवाही के बारे में उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। रेलवे सूत्रों ने बताया कि जब लड्डू रजक को लोग इलाज के लिए अस्पताल ले जाना चाह रहे थे तो यहां ड्यूटी पर रहे आरपीएफ के जवान और स्थानीय लोगों के बीच कुछ नोकझोक भी हुई थी।

  • गयाजी में बापू की प्रतिमा को उखाड़ कर ले गए अपराधी, संगमरमर से बनी प्रतिमा को रोगियों ने किया था स्थापित

    गयाजी में बापू की प्रतिमा को उखाड़ कर ले गए अपराधी, संगमरमर से बनी प्रतिमा को रोगियों ने किया था स्थापित

    देवब्रत मंडल

    गयाजी शहर के उत्तरी हिस्से में ऐतिहासिक गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम सह अस्पताल परिसर में स्थापित बापू की प्रतिमा को अपराधियों ने चुरा लिया है। स्थापित प्रतिमा को अपराधियों ने उखाड़ लिया। इनके बाद प्रतिमा लेकर भाग गए। घटना रविवार की देर रात हुई है। यहां के दरबान ने बताया कि रात को जब वे अस्पताल में गश्ती कर रहे तो पाया कि महात्मा गांधी की प्रतिमा नहीं है।

    कुष्ठ रोगियों के द्वारा स्थापित की गई थी प्रतिमा

    इस अस्पताल के अन्तरवासी मरीजों ने आपसी सहयोग से बापू की प्रतिमा स्थापित किया था। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 1974 को संगमरमर के पत्थर से निर्मित प्रतिमा स्थापित की गई थी। जिस जगह पर प्रतिमा स्थापित की गई थी, वह अस्पताल का परिसर है। यहां के रोगियों ने बताया कि अन्तरवासी मरीजों के सहयोग से प्रतिमा स्थापित की गई थी।

    दरबान की सूचना पर त्वरित संज्ञान नहीं लिया गया

    इस अस्पताल के दरबान सुरेश बैठा ने बताया कि रात में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। बारिश होने की वजह से अस्पताल में रात करीब 10 बजे के बाद पहुंचे। जब अस्पताल परिसर में गश्ती कर रहे थे तो देखा कि बापू की प्रतिमा अपनी जगह पर नहीं है। देखने से पता चला कि प्रतिमा को उखाड़ लिया गया है। परिसर में चारों ओर प्रतिमा की तलाश किया लेकिन नहीं मिला तो इसकी सूचना कंपाउंडर सुधीर कुमार को दी। जिन्होंने चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजीव सुमन को फोन किया, परंतु डॉक्टर साहब फोन नहीं उठाए।

    अवांछित लोगों का अस्पताल परिसर में लगा रहता जमावड़ा

    सोमवार की सुबह जब महात्मा गांधी की प्रतिमा चोरी हो जाने की जानकारी लोगों को मिली तो सभी इस घटना को लेकर तरह तरह की बातें करने लगे। लोगों का कहना था कि इस अस्पताल में चोरी की घटना आए दिन होती रहती है। अवांछित लोगों का यहां जमावड़ा लगा रहता है। अस्पताल के लोग भय से किसी को कुछ नहीं कहते हैं।

    कुष्ठ कल्याण समिति के लोगों ने जताई चिंता

    बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ विनोद कुमार मंडल ने कहा कि अभी वे बिहार से बाहर हैं। कुष्ठ रोगियों के द्वारा स्थापित प्रतिमा की चोरी कर लिए जाने की सूचना उन्हें समिति के लोग एवं आसपास के लोगों द्वारा मिली है। उन्होंने कहा कि यह घटना दुःखद होने के साथ साथ चिंता की बात है।उन्होंने जिला एवं पुलिस प्रशासन से मामले की जांच करते हुए चोरी गए महात्मा गांधी की प्रतिमा का पता लगाने के साथ अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

    चिकित्सा पदाधिकारी ने फोन नहीं उठाया

    इस अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव सुमन के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर इस घटना को लेकर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इधर, कर्मचारियों का भी यही कहना था कि घटना की जानकारी देने के लिए डॉक्टर साहब को रात में भी फोन किए थे लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

  • बिहार में चुनाव को देखते हुए रेल आईजी ने सिंडिकेट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बनाई योजना, अभियान की हुई समीक्षा

    बिहार में चुनाव को देखते हुए रेल आईजी ने सिंडिकेट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बनाई योजना, अभियान की हुई समीक्षा

    देवब्रत मंडल

    अमरेश कुमार, आईजी, पूर्व मध्य रेल

    महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर अमरेश कुमार (IRPFS) के द्वारा बिहार राज्य में आगामी राज्य सभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश से बिहार राज्य में रेल के माध्यम से की जा रही शराब तस्करी के रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, डीडीयू मंडल जेथिन बी. राज (IRPFS) द्वारा डीडीयू जंक्शन परिक्षेत्र से बिहार राज्य जाने हेतु शराब तस्करों द्वारा चलाये जा रहे सिंडिकेट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक चन्दौली, आदित्य लांग्हे (IPS) से समन्वय कर शराब तस्करी में संलिप्त अपराधियों द्वारा शराब तस्करी के लिए अपनाये जाने वाले विभिन्न तरीकों पर गहन अध्ययन करते हुए शराब तस्करों के विरूद्व प्रभावी कदम उठाये जाने हेतु योजना बनाई गयी तथा उस पर अमल करते हुए निरीक्षक प्रभारी, रेलवे सुरक्षा बल, यात्री सुरक्षा सेल, डीडीयू, गणेश सिंह राणा के नेतृत्व में डीडीयू मंडल के विभिन्न रेसुब पोस्टों से युवा व दक्ष जवानों का चयन करते हुए सीपीडीएस टीम (Crime Prevention and Detection Squad) का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सदर, अनन्त चन्द्रशेखर (IPS) तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर चन्दौली व क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिसोदिया के कुशल पर्यवेक्षण में सीपीडीएस टीम द्वारा शराब तस्करी में संलिप्त अपराधियों की हर गतिविधि पर सटीक आसूचना के माध्यम से निगाह रखते हुए निरीक्षक प्रभारी, रेलवे सुरक्षा बल, डीडीयू पोस्ट, प्रदीप रावत के नेतृत्व में गठित रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू की विशेष टीम तथा स्थानीय पुलिस, अलीनगर के सहयोग से रेलगाड़ियों के माध्यम से शराब तस्करी करने वाले तस्करों के विरूद्व कानूनी कार्यवाही करने तथा शराब तस्करी के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। सीपीडीएस टीम, रेसुब पोस्ट तथा स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाये जा रहे अभियान का यह प्रभाव रहा कि शराब तस्करों द्वारा तस्करी हेतु अपनाये जाने वाले परम्परागत तरीकों में परिवर्तन करते हुए बिहार राज्य की ओर जाने वाली रेलवे की डीएफसीसीएल लाईन की मालगाड़ी के माध्यम से शराब तस्करी की जाने लगी, किन्तु यहाँ भी शराब तस्करों के मंसूबों को नाकाम करते हुए विगत माह जून में 02 मामलों में रेसुब मानसनगर क्षेत्राधिकार से मालगाड़ी से कुल रू 9,56,000/ मूल्य की शराब जब्त करते हुए एक तस्कर को पकड़ा गया व कानूनी कार्यवाही की गयी। तस्करों द्वारा शराब तस्करी हेतु महिलाओं का भी प्रयोग किया गया। महिलाओं द्वारा अपने वस्त्रों में छिपाकर शराब तस्करी की जा रही थी, जिसके लिए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त द्वारा सीपीडीएस टीम में महिला बल सदस्य की तैनाती की गयी, परिणामस्वरूप अबतक कुल आठ महिलाओं को शराब तस्करी करते हुए पकडा गया व कानूनी कार्यवाही की गयी। यात्री सुरक्षा सेल द्वारा किये गये सटीक विश्लेषण तथा प्राप्त आसूचना पर सीपीडीएस टीम तथा स्थानीय थाना अलीनगर द्वारा किये जा रहे त्वरित कार्यवाही का यह परिणाम रहा है कि माह जून से अब तक स्थानीय थाना अलीनगर के सहयोग से संयुक्त कार्यवाही करते हुए रेसुब सीपीडीएस टीम व रेसुब पोस्ट डीडीयू टीम द्वारा कुल 22 मामलों में कुल 1584.76 लीटर शराब (मूल्य 22,68,405/) बरामद करते हुए कुल 72 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त स्थानीय थाना धीना के साथ संयुक्त छापेमारी करते हुए 01 मामले में 06 शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए रू 1,00,000.00/ मूल्य की कुल 108.04 लीटर शराब बरामद की गयी तथा राजकीय रेल थाना डीडीयू के साथ मिलकर 02 मामलों में 22,000/ मूल्य की 53 लीटर शराब की बरामदगी की गयी। श्री कुमार ने कहा कि शराब तस्करी के विरूद्व सीपीडीएस टीम व रेसुब टीम द्वारा तथा स्थानीय पुलिस के सराहनीय सहयोग से उठाये जा रहे ठोस व प्रभावी कदम का ही यह प्रभाव है कि वर्तमान में डीडीयू स्टेशन से बड़े पैमाने पर होने वाली शराब तस्करी की घटनाओं पर लगाम लगी है तथा डीडीयू रेलवे स्टेशन से गैंग बनाकर भारी मात्रा में होने वाली शराब तस्करी की घटनायें अब छुट पुट तस्करों तक ही सीमित होकर रह गयी हैं। भविष्य में भी रेलवे सुरक्षा बल तथा स्थानीय पुलिस द्वारा शराब तस्करी के विरूद्व चलाया जाने वाले अभियान अनवरत जारी रहेगा।