Blog

  • विधायक अनिल कुमार ने दी दावत-ए-इफ्तार, गंगा-जमुनी तहजीब की पेश की मिसाल

    टिकारी संवाददाता: रमजान के अवसर पर राज स्कूल के खेल मैदान में गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक डा. अनिल कुमार द्वारा दावत ए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। जिसमे रोजेदारों सहित पार्टी व सामाजिक कार्यकर्ता सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर रोजेदारों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि रमजान का महीना रोजेदारों के लिए पवित्र व महत्वपूर्ण होता है। दावत ए इफ्तार का आयोजन हिन्दू व मुस्लिम भाईयों के आपसी भाईचारे और गंगा जमुनी तहजीब का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता व सद्भाव के लिए दावत ए इफ्तार जरूरी है। इस अवसर पर विधायक डा. कुमार ने सभी को ईद की मुबारकबाद देते हुए क्षेत्र अमन-चैन और शांति की कामना की। कार्य्रकम में सराय मस्जिद के सदर शरीफ खान, मो कलीम, मो राजू, मो मुजफ्फर सबा, मुकेश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, कौशल कुमार, सुनील चंद्रवंशी, चंद्रशेखर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में रोजेदार मौजद थे।

  • नारी का सम्मान करना हर मनुष्य का परम कर्तव्य है: स्वामी पुरूषोत्तमाचार्य जी महाराज

    नारी का सम्मान करना हर मनुष्य का परम कर्तव्य है: स्वामी पुरूषोत्तमाचार्य जी महाराज

    टिकारी संवाददाता: टिकारी के केसपा में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में रामायणी बाबा के श्री राम कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम का जीवन नर से नारायण बनने के कहानी है। भगवान राम ने बाल्यकाल से जीवन के उच्च आदर्श को स्थापित किया। वंही संध्या काल में साध्वी शिखेश्वरी देवी द्वारा भक्तों को हिरणकश्यप और प्रहलाद की कथा सुनाई गई। भगवान विष्णु ने अपने परम भक्त प्रहलाद की रक्षा के लिए नरसिंह अवतार लिया ब्रह्मा जी के वचनों का लाज रखते हुए हिरणकश्यप का वध किया और प्रहलाद की रक्षा की।  वंही स्वामी पुरूषोत्तमाचार्य जी महाराज द्वारा लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की कथा सुनाई गई। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सही सलाह देने वाली उसकी पत्नी होती है। मंदोदरी ने भी रावण को सही सलाह दिया था। लेकिन रावण ने अपनी पत्नी का सलाह नहीं मानकर अपना सर्वनाश किया। जिस दौर में एक से अधिक पत्नी रखना राजा की शान का प्रतीक माना जाता था उस दौर में भगवान राम ने एक पत्नी रखकर नारी धर्म का मान बढ़ाया।

    माता सीता के वनवास गमन के उपरांत भगवान राम ने अश्वमेध यज्ञ के दौरान सीता की स्वर्ण मूर्ति के साथ यज्ञ कार्य को पूर्ण किया था। नारी का सम्मान करना हर मनुष्य का परम कर्तव्य है। जहां नारी की पूजा होती है, वही देवता का वास होता है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के पूर्वज राजा भागीरथ के प्रयास से मां गंगा धरती पर अवतरित हुई और आज तक सभी का उद्धार कर रही है। स्वामी जी आशीर्वाद लेने और प्रवचन सुनने वाले महत्वपूर्ण लोगों में गया लोकसभा के सांसद प्रतिनिधि सह ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक रोमित कुमार, सेवानिवृत प्राचार्य डा. शियाराम सिंह, जदयू महिला प्रदेश उपाध्यक्ष ममता शर्मा, डा. बी डी शर्मा सहित दर्जनों लोगों का नाम शामिल है।  

  • फुटपाथियों की समस्या से रूबरू हुए विधायक, समाधान का दिया भरोसा

    टिकारी संवाददाता: टिकारी नगर क्षेत्र में अस्थाई फुटपाथियों को हटाने की करवाई को रोकने, वेंडिंग जोन का निर्माण कर फुटपथियों को आवंटित करने, पार्किंग जोन बनाने, ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करने आदि मांगों को लेकर एक शिष्टमंडल विधायक से मिलकर आवेदन दिया। सामाजिक कार्यकर्ता मो.जफर बारी अंसारी उर्फ छोटु मियां ने बताया कि आवेदन के माध्यम से विधायक को बताया गया है कि फुटपाथियों, ठेला व रेबड़ी दुकान चलकर अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले कामगारों को नगर प्रशासन द्वारा परेशान किया जा रहा है। बिना सुविधा प्रदान किए फुटपथियों को सड़क से हटाने और उससे जुर्माना वसूला जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर प्रशासन की ओर से फुटपथियों को पहचान पत्र, सहायता ऋण और दुकान आवंटन का भरोसा देते हुए आवेदन के साथ शुल्क लिया गया था। लेकिन आज तक किसी को न तो पहचान पत्र दिया गया और न दुकान।

    पार्किंग और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नही होने के कारण मुख्य बाजार में जाम लगा रहता है। आवेदन के माध्यम से उक्त समस्याओं का शीघ्र समाधान और उचित कार्यवाई की मांग क्षेत्रीय विधायक डा. अनिल कुमार से की गई है। विधायक से मिलने वालों में छोटु मियां के साथ राम प्रवेश यादव, महेश गोस्वामी, रघुवर प्रसाद, मो. रहमत आलम, राजेश कुमार गोस्वामी, अनुज कुमार, नीतीश कुमार, रामजी गोस्वामी, दानिश आलम, विकास यादव, अजय कुमार, मो.अमजद आलम आदि कई फुटपाथी दुकानदार शामिल थे।

  • एक निश्चित समय के लिए हम इस पृथ्वी पर आए हैं, कुछ अच्छा करके जाएं: अजय प्रकाश

    एक निश्चित समय के लिए हम इस पृथ्वी पर आए हैं, कुछ अच्छा करके जाएं: अजय प्रकाश

    रेलवे ध्रुव तारा की तरह चमकता रहेगा, प्रशासनिक हित ने नए आयाम स्थापित करने की कोशिश होगी: बनारसी यादव

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया आरपीएफ पोस्ट के नए निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के अभिनंदन व स्थानांतरित पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश के सम्मान में आयोजित समारोह एक नई इबारत लिख गई। गुरुवार को रेलवे के सामुदायिक भवन में आयोजित अभिनंदन सह विदाई समारोह को संबोधित करते हुए इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने कहा कि हमने आध्यात्म का गहरा अध्ययन किया तो पाया कि हर मानव को ईश्वर ने एक निश्चित समय के लिए धरती पर भेजा है। इसलिए कोशिश करें कि हम कुछ अच्छा करके जाएं, यही सफल जीवन का मतलब होता है। उन्होंने कहा हर मानव को इस धरती पर कुछ अच्छा करके जाना चाहिए। उन्होंने कहा गया आरपीएफ पोस्ट में करीब साढ़े तीन साल सेवा की। इस दौरान हमने जो किया वह प्रशासनिक हित में किया, जो हमारी जिम्मेदारी थी। सरकार हमें इसी के लिए वेतन देती है। उन्होंने कहा आप सेवा भाव से काम करेंगे तो इसका प्रभाव पूरे समाज और जीवन पर पड़ेगा। उन्होंने कहा हमारी टीम ने सेवा भाव से काम किया। कितने लोगों की जीवन की रक्षा की।

    उन्होंने नवपदस्थापित प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव का स्वागत करते हुए कहा कि गया पोस्ट की टीम और रेलवे के सभी विभागों के पदाधिकारी काफी अच्छे हैं। सहयोगात्मक भावना से काम करते हैं, आपको इनका साथ मिलेगा। उन्होंने रेलकर्मियों से भी श्री यादव को इसी प्रकार सहयोग करने की अपील की। बता दें कि निरीक्षक अजय प्रकाश का स्थानांतरण धनबाद आरपीएफ पोस्ट प्रभारी के पद पर हुआ है। जबकि इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने धनबाद रेल मंडल के गढ़वा रोड आरपीएफ पोस्ट से स्थानांतरित होकर गया आरपीएफ पोस्ट प्रभारी के रूप में योगदान दिया है।

    जिनका अभिनंदन आयोजित समारोह के दौरान लोगों ने किया। इस मौके पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए श्री यादव ने कहा कि सभी का सहयोग लेते हुए इस प्रकार कार्य करूंगा कि मेरा रेलवे ध्रुव तारा की तरह चमकेगा। आगे कहा कि प्रशासनिक हित में नए आयाम स्थापित करते हुए कार्य करूंगा। उन्होंने श्री प्रकाश के विषय में कहा कि आपने एक मुकाम को हासिल किए हैं। आप आरपीएफ संस्था की पहचान हैं। उन्होंने कहा धनबाद में भी इससे भी बेहतर कार्य करेंगे यही हमारी कामना है। इस मौके पर गया आरपीएफ पोस्ट से स्थानांतरित हुए एएसआई अरविंद सिंह, अविनाश कुमार, कॉन्स्टेबल आलोक शर्मा, आलोक कुमार, विमल चंद एवं हेड कांस्टेबल राकेश कुमार को भावभीनी विदाई दी गई।

    समारोह का संचालन ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के केंद्रीय नेता सह गया जंक्शन के एसएस मिथिलेश कुमार ने किया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के अलावा सभी विभागों के पर्यवेक्षक, रेलकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों के अलावा वार्ड पार्षद अमर यादव, अनुपमा कुमारी, दिलीप कुमार मंडल सहित कई मीडियाकर्मी मौजूद थे। सभी लोगों ने अजय प्रकाश के साढ़े तीन साल के कार्यों और इनकी कार्यशैली की सराहना करते नहीं थक रहे थे। सभी अतिथियों को बोलने का अवसर प्रदान किया गया था। सभी वक्ताओं के पास इंस्पेक्टर अजय प्रकाश के बारे में कहने के लिए समय और शब्द कम पड़ गए थे। मीडियाकर्मियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का समापन स्वरूचि भोजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ।

  • गया पुलिस लाइन में एएसआई ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत – जांच में जुटी पुलिस

    गया पुलिस लाइन में एएसआई ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत – जांच में जुटी पुलिस

    देवब्रत मंडल

    गया। गया पुलिस लाइन में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना पुलिस लाइन के बैरक नंबर दो के समीप स्थित पार्क में आधी रात के बाद हुई। चौंकाने वाली बात यह रही कि गोली चलने की आवाज किसी ने नहीं सुनी।

    सुबह जब पुलिसकर्मी पार्क में पहुंचे, तो उन्होंने एएसआई को खून से लथपथ पाया। उनकी कनपटी से खून बह रहा था और मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय नीरज कुमार के रूप में हुई, जो गया जिले के मुफस्सिल थाना में पदस्थ थे। मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के निवासी नीरज कुमार हाल ही में 40 दिनों की छुट्टी पर थे और ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए गया पहुंचे थे।

    जांच में जुटी पुलिस, आत्महत्या के कारण अज्ञात

    घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर जब्त कर ली है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल किसी ठोस वजह का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत या मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है।

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और तकनीकी टीम को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच करवाई गई है।

    परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस महकमे में शोक की लहर

    जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना मृतक एएसआई के परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की सटीक वजह का पता चल सकेगा।एसएसपी ने बताया कि गया पुलिस इस घटना को लेकर शोकाकुल है और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है। साथ ही, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।

  • हो गया फाइनल, बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण जरूरी, घर व मकानों का जल्द होगा सर्वे

    हो गया फाइनल, बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण जरूरी, घर व मकानों का जल्द होगा सर्वे

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण को लेकर सरकार को सड़क के दोनों किनारों की जमीन का अधिग्रहण करना जरूरी हो गया है। इसका फाइनल बुधवार की देर शाम अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा मीटिंग में हो गया। विश्वसनीय स्रोत से मिली जानकारी के मुताबिक कलाली मोड़ के कुछ दूर आगे से लेकर बागेश्वरी मंदिर के कुछ दूर पहले तक पुल के निर्माण की योजना को सरकार पहले ही मंजूरी दे चुकी है। पुल कितना चौड़ा होगा और इसके लिए कितनी जमीन की आवश्यकता है, इसका भी फाइनल बुधवार को हो गया। बुधवार को एक बार पदाधिकारियों की टीम अंचल और विभागीय अमीन के साथ स्थल का सर्वे का कार्य पूरा कर चुकी है।

    अब जिन लोगों की जमीन और इस पर बने मकानों का सर्वे का काम जल्द ही विभागीय स्तर से शुरू किया जाना है। सूत्र बताते हैं कि जिनकी जमीन और उस पर बने मकान भूमि अधिग्रहण के दायरे में आने वाला है, उनके घर घर जाकर टीम आपसे मिलेंगे और अधिग्रहण से संबंधित जानकारियां उपलब्ध कराएंगे ताकि भविष्य में अधिग्रहण के एवज में भूमि अधिग्रहण कानून के तहत मिलने वाले मुआवजे के भुगतान में किसी तरह की परेशानियों से बचा जा सके।

    सूत्रों की माने तो कलाली मोड़ से आगे संतोष मिष्ठान भंडार के आसपास से लेकर न्यू कॉलोनी बागेश्वरी के चौराहा के नजदीक तक सड़क के दोनों ओर की जमीन इस आरओबी के निर्माण के लिए अधिग्रहण की जा सकती है। ऐसे में भू मालिक/रैयतों को अपनी अपनी जमीन, मकान आदि से संबंधित सभी दस्तावेजों को एकत्र कर उसे अद्यतन करवा लेना उचित होगा ताकि मुआवजा मिलने में समय का अपव्यय नहीं हो और न किसी तरह की परेशानी।

    बताया जा रहा है कि सड़क के बीचोबीच को केंद्र बिंदु मानकर दोनों तरफ 10.2 मीटर जमीन अधिग्रहण किया जाना है। करीब 20.3 मीटर जमीन इस आरओबी के निर्माण के लिए सरकार को चाहिए।
    इस सम्बंध में एक अधिकारी ने बताया कि बहुत जल्द ही इस आरओबी के निर्माण के लिए निविदा प्रकाशित की जाएगी। वहीं भू अर्जन विभाग द्वारा जल्द ही भूमि अधिग्रहण के आशय की सूचना सार्वजनिक करने की तैयारी में है। इसको लेकर अंचलाधिकारी को रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया जा चुका है।

  • ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन की मंडल स्तरीय बैठक में संगठन की मजबूती तथा भविष्य की रणनीति पर चर्चा

    देवब्रत मंडल

    ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा की टीम केंद्रीय कोषाध्यक्ष हाजीपुर सह केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली कामरेड मिथिलेश कुमार के साथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन की मंडल स्तरीय बैठक में शामिल हुई।
    ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन हाजीपुर के महामंत्री कामरेड एसएनपी गश्रीवास्तव, अपर महामंत्री कामरेड जियाउद्दीन एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष कामरेड वीरेंद्र यादव के डीडीयू आगमन पर भव्य स्वागत करते हुए स्टेशन परिसर से शाखा नंबर 3 के कार्यालय में लाया गया। जहां डिवीजनल कमेटी की बैठक की गई। बैठक में मान्यता के चुनाव में हुई हार की समीक्षा की गई साथ ही संगठन की मजबूती तथा भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई। महामंत्री ने बैठक में सभी शाखा के अध्यक्ष एवं शाखा मंत्री के अलावा सभी यूनियन के संगठन मंत्री एवं पदाधिकारी को भविष्य में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए मूल मंत्र दिया। उन्होंने ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन को संपूर्ण भारतीय रेल में नंबर वन स्थान दिलाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

    बैठक की समाप्ति के बाद कॉमरेड मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीडीयू मंडल में नव पदस्थापित वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक केशव आनंद, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन, वरीय मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता विवेक सौरभ को पुष्पगुच्छ देकर शिष्टाचार भेंट करते हुए रेलकर्मियों की समस्याओं को रखा एवं उसके समाधान पर चर्चा किया।

    शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन हाजीपुर के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली कॉ. मिथिलेश कुमार, केंद्रीय उपाध्यक्ष केदार प्रसाद, केंद्रीय सहायक महामंत्री बीवी पासवान, केंद्रीय संगठन मंत्री राम सिंह,गया शाखा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, गया शाखा मंत्री मुकेश सिंह, मंत्री संजय शर्मा, अध्यक्ष अमरनाथ सिंह यादव, भईया लाल, मनदीप कुमार, वीरेंद्र पासवान उपस्थित थे।

  • दिनभर चले टिकट चेकिंग अभियान में 1732 लोग पकड़े गए, जुर्माने के रूप में लोगों ने दिए 8,95,240 रुपए

    दिनभर चले टिकट चेकिंग अभियान में 1732 लोग पकड़े गए, जुर्माने के रूप में लोगों ने दिए 8,95,240 रुपए

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन सहित डीडीयू मंडल अंतर्गत बुधवार को सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में खबर लिखे जाने तक 1732 लोग पकड़े गए, जिनसे जुर्माने के रूप में ₹ 8,95,240 वसूल किए गए। इस अभियान में डीडीयू, गया, सासाराम, डेहरी ओन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, भभुआ एवं जपला आदि स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक सुबह 6 बजे से शुरू हो गया। जो रात 10 बजे तक चलेगा। शाम छः बजे तक चलाए जा रहे अभियान में काफी संख्या में लोग पकड़े गए हैं। अभियान में डीडीयू मंडल के समस्त स्क्वाड, स्टैटिक एवं स्लीपर के टिकट जाँच कर्मी, वाणिज्य निरीक्षक, पर्यवेक्षक सहित सभी वाणिज्य अधिकारी शामिल रहे।

    मुख्य रूप से बक्सर -डीडीयू खंड, वाराणसी-डीडीयू, सासाराम-डीडीयू, आरा- सासाराम खंड, गढ़वा रोड-डेहरी ऑन सोन एवं पटना- गया रेलखंड से आने एवं जानेवाली सभी ट्रेनों को लक्ष्य कर गहन टिकट चेकिंग किया गया। जिसमें प्रीमियम एवं मेल/एक्सप्रेस के साथ-साथ पैसेंजर ट्रेन को भी चेक किया गया। बिना टिकट व अनुचित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़े गये व्यक्तियों से नियमानुसार जुर्माने की राशि वसूल की गयी। सभी स्टेशनों पर जाँच कर बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालो को नियमित टिकट लेकर चलने हेतु प्रेरित किया गया l

    डीडीयू मंडल के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के हवाले से बताया गया कि शाम 6 बजे अंतिम सूचना तक डीडीयू मंडल द्वारा 1732 बिना टिकट व अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया है। जिनसे जुर्माने के रूप में लगभग 9 लाख रुपये की राशि वसूली गयी है। मेगा टिकट चेकिंग अभियान जारी है। इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे। सभी से अनुरोध है कि सदैव उचित टिकट लेकर संबंधित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करें एवं अन्य यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखें।

  • सिटी एसपी के नेतृत्व में सेंट्रल जेल में छापेमारी, जेल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश

    देवब्रत मंडल

    वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल के नेतृत्व में केंद्रीय कारा गया में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक(नगर), पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था, साइबर थाना, यातायात, नगर-2, थानाध्यक्ष कोतवाली, सिविल लाइन, मगध मेडिकल, चंदौती, विष्णुपद थाना तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। नगर पुलिस अधीक्षक के द्वारा केंद्रीय कारा, गया में प्रतिनयुक्त पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी परिस्थिति में कैदियों द्वारा मोबाइल का उपयोग न होने पाए। यदि ऐसा पाया जाता है तो लापरवाही बरतने या संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने सजायाफ्ता और कुख्यात अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

  • गया में 27 मार्च को 8 घंटे की बिजली कटौती, जानें किन इलाकों में रहेगा असर

    देवब्रत मंडल

    गया: गर्मियों में बिजली की मांग को पूरा करने के लिए खटकाचक पावर सब-स्टेशन की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इस कारण 27 मार्च 2025 को सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक पावर सप्लाई प्रभावित रहेगी। 5 एमवीए ट्रांसफॉर्मर को 10 एमवीए में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी।

    इस दौरान बिपार्ड, मरानपुर, अक्षयवट, नैली, खटकचक, पंतनगर, आदर्श नगर, हरियो, बेलाही, दुबहल, गोपीबिघा, पहाड़पुर, काजीचक और गाजीपुर इलाके बिजली कटौती से प्रभावित रहेंगे। हालांकि, विभाग वैकल्पिक स्रोत से रोटेशन आधार पर बिजली आपूर्ति जारी रखेगा, ताकि लोगों को अधिक परेशानी न हो।

    विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस दौरान आवश्यक कार्य पहले से निपटा लें और बिजली कटौती के समय संयम बरतें।