Blog

  • हार्डवेयर व्यवसायी के पुत्र ने किया कमाल, बिहार इंटर साइंस में पाया तीसरा स्थान

    हार्डवेयर व्यवसायी के पुत्र ने किया कमाल, बिहार इंटर साइंस में पाया तीसरा स्थान

    Bihar Board Topper 2025 गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के जमहेता गांव निवासी रवि कुमार ने बिहार बोर्ड इंटर साइंस परीक्षा में 478 अंक प्राप्त कर राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में हर्ष का माहौल है।

    रवि के पिता शिव कुमार जमहेता में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। आर्थिक चुनौतियों के कारण वे स्वयं उच्च शिक्षा ग्रहण नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का संकल्प लिया। उनकी बड़ी बहन सोनी कुमारी और भाई बिक्की कुमार भी मैट्रिक परीक्षा में प्रखंड टॉपर रह चुके हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि परिवार में शिक्षा को प्राथमिकता दी जाती है।

    रवि पटना कॉलेजिएट स्कूल से इंटर की पढ़ाई कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में 476 अंक प्राप्त कर राज्य में दसवां स्थान हासिल किया था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।

    वीडियो रिपोर्ट

    पढ़ाई के साथ व्यवसाय में भी निभाई जिम्मेदारी

    रवि ने बताया कि वह नियमित रूप से 4 से 6 घंटे अध्ययन करता था और इसके साथ ही पिता की दुकान में भी सहयोग करता था। उन्होंने अपने अनुशासन और निरंतर मेहनत को सफलता का प्रमुख कारण बताया।

    गांव में जश्न, शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं

    रवि की सफलता से गांव में हर्षोल्लास का माहौल है। शिक्षक भारती भूषण, अमिताभ सुमन और राजकुमार पासवान सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रवि कुमार की यह उपलब्धि दर्शाती है कि मेहनत और समर्पण के साथ किसी भी परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

  • गया जिला टॉपर बनी किसान की बेटी स्वीटी कुमारी, विज्ञान संकाय में हासिल किए 93.8% अंक

    रिपोर्ट: महताब अंसारी

    गया: कोंच प्रखंड के तरारी गोपालपुर निवासी किसान की बेटी स्वीटी कुमारी ने बिहार बोर्ड की विज्ञान संकाय परीक्षा में 469 अंक (93.8%) प्राप्त कर गया जिले में टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और गांव में खुशी की लहर है। मंगलवार शाम को स्वजनों ने मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और बेटी की सफलता पर गर्व जताया।

    स्वीटी एस.एन.एस. कॉलेज, टिकारी की छात्रा हैं और आगे चलकर यूपीएससी परीक्षा पास कर प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा रखती हैं। उनके पिता चंद्रदीप यादव किसान हैं, जबकि माता किरण देवी गृहिणी हैं। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी स्वीटी ने अपनी पढ़ाई के लिए काफी मेहनत की और अपने नानी के गांव बीकन बिगहा में रहकर परीक्षा की तैयारी की।

    स्वीटी ने गुरारू स्थित मां शारदे कोचिंग सेंटर से पढ़ाई की, जहां उनके शिक्षक मुकेश सर ने बताया कि साधारण परिवार से आने वाली स्वीटी ने सीमित संसाधनों में कठिन परिश्रम कर यह सफलता प्राप्त की।

    परिजनों और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय

    अपनी सफलता पर स्वीटी ने कहा, “इस उपलब्धि का श्रेय मैं अपने माता-पिता, नाना-नानी और शिक्षकों को देती हूं। आगे यूपीएससी की तैयारी में भी मुझे उनके सहयोग की जरूरत होगी।”

    स्वीटी की सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव में हर्ष का माहौल है। उनके माता-पिता और रिश्तेदारों ने उन्हें मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया। गांववासियों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

  • पागल कुत्ते का आतंक: गया शहर के पीर मंसूर मोहल्ले में दहशत, महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना मुश्किल

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के जीबी रोड स्थित पीर मंसूर मोहल्ले के लोग इन दिनों एक आवारा और उग्र स्वभाव के कुत्ते से बेहद परेशान हैं। मोहल्ले के स्वयंबर मैरिज हॉल के पास स्थित एक गली में यह कुत्ता लोगों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है।

    बच्चे और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित

    स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कुत्ता आक्रामक हो चुका है और अक्सर लोगों पर झपटता है। बच्चों और महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जिससे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।

    बैंक आने-जाने वालों को भी हो रही परेशानी

    हाल ही में मोहल्ले में एक सरकारी बैंक की शाखा स्थानांतरित हुई है, जहां आने वाले ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों को भी इस कुत्ते की वजह से परेशानी झेलनी पड़ रही है। बैंक आने-जाने वाले लोग भय के साये में रहते हैं और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।स्थानीय निवासियों ने नगर आयुक्त एवं सिटी मैनेजर से जल्द से जल्द इस कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है, ताकि इस समस्या का समाधान हो सके और लोग बेखौफ होकर घर से बाहर निकल सकें।

  • गया की अर्चना मिश्रा ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में राज्य में पाया पांचवां स्थान, मान्यता वर्मा का लक्ष्य न्यायिक सेवा

    गया की अर्चना मिश्रा ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में राज्य में पाया पांचवां स्थान, मान्यता वर्मा का लक्ष्य न्यायिक सेवा

    देवब्रत मंडल

    गया: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मंगलवार को इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 का परिणाम जारी किया, जिसमें गया शहर के प्लस टू जिला स्कूल की छात्रा अर्चना मिश्रा ने आर्ट्स स्ट्रीम में राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त कर अपने स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है।

    अर्चना मिश्रा की सफलता

    अशोक विहार कॉलोनी निवासी अर्चना मिश्रा ने 500 में से 468 अंक (93.65%) अर्जित किए हैं। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से परिवार में जश्न का माहौल है, वहीं स्कूल प्रबंधन भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। आर्ट्स टॉप-5 सूची में कुल 13 छात्रों ने स्थान बनाया, जिनमें 9 छात्राएं और 4 छात्र शामिल हैं। अर्चना मिश्रा ने पांचवां स्थान प्राप्त किया है।

    अर्चना के पिता दीनानाथ मिश्रा गया शहर के एक होटल में कार्यरत हैं। अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि “बेटी जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहेगी, हम पूरा समर्थन देंगे।” अर्चना अपने परिवार की सबसे छोटी संतान हैं। उनकी बड़ी बहनें एक साउथ बिहार सेंट्रल यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत हैं, जबकि दूसरी एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस में कार्यरत हैं।

    मान्यता वर्मा का लक्ष्य न्यायिक सेवा

    पिता पुत्री का मुंह मीठा कराते हुए

    इसी परीक्षा में जिला स्कूल गया के शिक्षक और एनसीसी पदाधिकारी सेकंड ऑफिसर मुकेश प्रसाद वर्मा की बेटी मान्यता वर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जगजीवन कॉलेज से आर्ट्स स्ट्रीम में 442 अंक (88.4%) प्राप्त किए हैं।

    मान्यता शुरू से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने ज्ञान भारती वर्ल्ड स्कूल (CBSE) से मैट्रिक परीक्षा में 95% अंक प्राप्त किए थे। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने एनसीसी ‘बी’ सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है। उनका सपना न्यायिक सेवा में जाना है, जिसके लिए वे कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLET) की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने दिसंबर में परीक्षा दी थी, जिसमें उनका प्रदर्शन काफी बेहतर रहा।

    अर्चना और मान्यता की सफलता पर उनके परिवार के साथ-साथ स्कूल और शिक्षकों ने भी हर्ष जताया है। शिक्षकों का मानना है कि ये दोनों छात्राएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं।

  • अजीबोगरीब तरीकों से हो रही शराब तस्करी! गया में पेट्रोलियम टैंकर और फेरीवाले के भेष में पकड़े गए तस्कर

    अजीबोगरीब तरीकों से हो रही शराब तस्करी! गया में पेट्रोलियम टैंकर और फेरीवाले के भेष में पकड़े गए तस्कर

    देवब्रत मंडल

    गया: बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की सप्लाई कर रहे हैं। कभी एम्बुलेंस में शराब लाई जाती है, तो कभी बाइक की टंकी में छुपाकर इसे गंतव्य तक पहुंचाया जाता है। लेकिन इस बार मद्य निषेध विभाग ने ऐसा खुलासा किया है जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे।

    गया जिले के डोभी चेकपोस्ट पर जांच के दौरान मद्य निषेध विभाग की टीम ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के टैंकर से 117 कार्टून विदेशी शराब जब्त की है। इस टैंकर में कुल 5616 बोतलें छुपाकर झारखंड से बोधगया ले जाई जा रही थीं। इस मामले में वाहन चालक गणेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जो वैशाली जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

    फेरीवाले के भेष में साइकिल से कर रहा था शराब की तस्करी

    शराब माफिया अब इतनी सफाई से काम कर रहे हैं कि पहचान पाना मुश्किल हो रहा है। इसी कड़ी में एक शातिर तस्कर साइकिल फेरीवाले के भेष में गया में शराब की तस्करी कर रहा था। मद्य निषेध विभाग की टीम ने शक के आधार पर उसे रोका और जांच की, तो उसके पास से 131 लीटर विदेशी शराब, बीयर और देसी चुलाई शराब बरामद हुई।

    गिरफ्तार तस्कर की पहचान मुकेश चौधरी के रूप में हुई है, जो गया जिले के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के केंदुआ का रहने वाला है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि झारखंड से शराब लाकर गया में बेची जानी थी।

    वीडियो

    तस्करी के नए-नए तरीके, लेकिन सतर्क प्रशासन

    गया जिले के सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रिय रंजन ने बताया कि शराबबंदी के बावजूद तस्कर नित नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। पेट्रोलियम टैंकर से शराब की तस्करी हो या फेरीवाले के भेष में सप्लाई, विभाग लगातार नजर बनाए हुए है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

    बिहार में शराबबंदी के बावजूद जारी तस्करी, कब खत्म होगा ये खेल?

    बिहार में शराबबंदी के बाद भी शराब माफियाओं की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एम्बुलेंस, बाइक, टैंकर और अब फेरीवाले के भेष में तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। सवाल यह है कि क्या प्रशासन की कार्रवाई से यह काला धंधा पूरी तरह खत्म हो पाएगा, या फिर शराब माफिया नए-नए हथकंडों से इसे जारी रखेंगे?

  • लीवर कैंसर के उपचार पर शोध के लिए आईसीएमआर से सीयूएसबी को मिला 92.12 लाख रुपये का अनुदान

    लीवर कैंसर के उपचार पर शोध के लिए आईसीएमआर से सीयूएसबी को मिला 92.12 लाख रुपये का अनुदान

    टिकारी संवाददाता: लीवर कैंसर के उपचार के लिए स्टेम सेल से डिज़ाइनर टी कोशिकाओं के विकास पर शोध के लिए सीयूएसबी को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) भारत सरकार से 92.12 लाख रुपये का अनुसंधान अनुदान दिया है। सीयूएसबी को स्टेम सेल और इम्यूनोलाजी के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान करने के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) पटना और राष्ट्रीय औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईपीईआर) हाजीपुर के सहयोग से अनुसंधान अनुदान प्राप्त हुई है। सीयूएसबी के स्कूल आफ अर्थ बायोलाजिकल एंड एनवायर्नमेंटल साइंसेज के डीन प्रो. रिजवानुल हक, मुख्य अन्वेषक की अध्यक्षता वाली टीम में रूप में सीयूएसबी के बायोटेक्नोलाजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. कृष्ण प्रकाश, आईजीआईएमएस, पटना से सह-पीआई के रूप में फार्माकोलाजी विभाग के डा. मरगूब अहमद और  सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलाजी और लिवर ट्रांसप्लांट विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. राकेश कुमार सिंह, नाइपर, हाजीपुर से सह-पीआई के रूप में सहायक प्रोफेसर डा. मुरली कुमारसामी शामिल हैं।  कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा और विभाग के अन्य संकाय सदस्यों ने शोध टीम को अनुदान के लिए बधाई दी है।

    पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि शोध टीम को तीन साल की अवधि के लिए कुल 92.12 लाख स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें से सीयूएसबी को फंडिंग एजेंसी से 53 लाख रुपये जारी किए गए हैं। प्रो. रिजवानुल हक को स्टेम सेल तकनीक और इम्यूनोथेरेपी आधारित दवा विकास के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। उनकी टीम में कोमल कुमारी, नंदनी कुमारी, सीमा सिंह मराबी, विकास कुमार, नैना साक्षी और सृष्टि श्रीया और रशीद लतीफ सहित युवा और उज्ज्वल शोधार्थियों की उत्कृष्ट टीम काम कर रही है। इस संबंध में प्रो. रिजवानुल हक ने बताया कि परियोजना का मुख्य लक्ष्य प्रेरित प्लुरिपोटेंट स्टेम कोशिकाओं से उपन्यास डिजाइनर टी-कोशिकाओं को विकसित करना और माडल जीवों के खिलाफ यकृत कैंसर के खिलाफ उनकी प्रभावशीलता की जांच करना है। यह शोध मनुष्यों में यकृत कैंसर के उपचार के लिए एक नई चिकित्सीय रणनीति पर प्रकाश डालेगा और कैंसर के लिए उपलब्ध इम्यूनोथेरेपी की उन्नति में मदद करेगा।

  • गया में दिल दहला देने वाली वारदात, बंद कमरे में पत्नी एवं बच्चे के साथ सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या

    गया में दिल दहला देने वाली वारदात, बंद कमरे में पत्नी एवं बच्चे के साथ सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या

    गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के टेटुआ टाड़ में शनिवार देर रात एक 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुबोध कुमार, पुत्र देवेंद्र चौधरी, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने तेज धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    रात के सन्नाटे में

    मृतक के परिजनों के अनुसार, सुबोध कुमार अपनी पत्नी पुन्नी देवी और दो वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के साथ कमरे में सोया हुआ था। रात के करीब अचानक एक जोरदार आवाज हुई, जिससे पत्नी की नींद खुल गई। जब उन्होंने देखा तो सुबोध खून से लथपथ पड़ा था। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।

    घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़

    चेन्नई जाने की थी तैयारी

    परिवार के मुताबिक, सुबोध और उसके पिता देवेंद्र चौधरी रविवार सुबह रोज़गार के सिलसिले में चेन्नई जाने वाले थे। यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, यहां तक कि रात में खाने के लिए लिट्टी भी बनवा ली गई थी। लेकिन इस अचानक हुई घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

    पत्नी ने जताया संदेह

    मृतक की पत्नी पुन्नी देवी ने बताया कि घटना के दौरान उन्हें दरवाजे का एक पल्ला खुला हुआ मिला और उन्होंने किसी को भागते हुए देखा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दरवाजे का एक हिस्सा अलग कर दिया था। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

    पुलिस जांच में जुटी, डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम सक्रिय

    घटना की सूचना मिलते ही अतरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इसके बाद नीमचक बथानी डीएसपी प्रकाश कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया, जिससे कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

    अतरी थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। वहीं, घटना की गहन जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है, जो सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा करेगी।

    डीएसपी प्रकाश कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जल्द ही मामले के उद्भेदन का दावा किया है।

  • मुजफ्फरपुर स्टेशन पुनर्निर्माण में देरी पर हंगामा, जदयू नेता ने रेलवे से की त्वरित कार्रवाई की मांग

    मुजफ्फरपुर स्टेशन पुनर्निर्माण में देरी पर हंगामा, जदयू नेता ने रेलवे से की त्वरित कार्रवाई की मांग

    देवब्रत मंडल

    मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों, यात्री संगठनों, महिला समूहों, उद्योग जगत और जनप्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की है। इसी क्रम में युवा जनता दल (यूनाइटेड) के मुजफ्फरपुर जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार ने पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर पिछले 15 दिनों से ठप पड़े पुनर्निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने की मांग की है।

    सुनील कुमार ने अपने पत्र में बताया कि फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI), चैंबर ऑफ कॉमर्स, महिला संगठन, वार्ड पार्षदों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर रेलवे प्रशासन से आग्रह किया है कि पिछले दो वर्षों से लंबित इस परियोजना में अब और देरी न की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्टेशन का पुनर्निर्माण न केवल शहर के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मुजफ्फरपुर की प्रतिष्ठा को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

    स्थानीय व्यापारियों और उद्योगपतियों का मानना है कि स्टेशन का उन्नयन क्षेत्रीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करेगा। वहीं, यात्री संगठनों और महिला समूहों ने आधुनिक सुविधाओं से लैस एक विश्वस्तरीय स्टेशन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर का गौरव बढ़ेगा।
    सुनील कुमार ने सभी हितधारकों की ओर से रेलवे प्रशासन से अपील की है कि अनावश्यक विवादों और देरी से बचते हुए पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मुजफ्फरपुरवासियों को जल्द से जल्द एक आधुनिक और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन का लाभ मिल सके।

  • बिहार दिवस पर भव्य कराटे चैंपियनशिप का आगाज़, राज्यभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने दिखाया दम

    गया। बिहार दिवस के अवसर पर शनिवार को किलकारी बिहार बाल भवन में दो दिवसीय अंतर-प्रमंडलीय किलकारी कराटे चैंपियनशिप एवं बेल्ट टेस्ट का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में 9 प्रमंडलों के अलावा गया के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

    उद्घाटन समारोह में प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति

    कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि दिल्ली से कराटे कोच गौरव मिगलानी, गया एथलेटिक्स कोच मुना कुमार सिंह, गया वॉलीबॉल कोच राजेंद्र कुमार वर्मा, गया कराटे कोच गोपाल कुमार गुप्ता, प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभवी सिन्हा, सहायक लेखा पदाधिकारी गुड़िया कुमारी, प्रमंडल रिसोर्स पर्सन महमूद आलम एवं वरिष्ठ पत्रकार रूपक सिन्हा मौजूद रहे।

    किलकारी के बच्चों ने अपने कला-प्रदर्शन से अतिथियों का स्वागत किया। संगीत प्रशिक्षक दिनेश कुमार मौअर और संदीप कुमार सिंह के निर्देशन में गणेश वंदना एवं स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। वहीं, नृत्य प्रशिक्षक गौतम कुमार गोलू के मार्गदर्शन में बच्चों ने शुभ स्वागतम नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी चित्रकलाओं को अतिथियों को उपहारस्वरूप भेंट किया गया।

    प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के प्रशिक्षकों की भागीदारी

    इस कराटे प्रतियोगिता में दरभंगा, भागलपुर, सारण (छपरा), पटना, गया, नवादा सहित विभिन्न जिलों के प्रशिक्षकों ने भाग लिया। प्रमुख प्रशिक्षकों में रश्मि कुमारी (दरभंगा), अचल कुमारी (भागलपुर), लता कुमारी (भागलपुर), अखिल कुमार (सारण छपरा), कन्हैया कुमार (पटना), बेला कुमारी (पटना), गोविंद कुमार (गया), अखिलेश्वर राय (गया), पंकज (गया), चंचल कुमारी (गया), अर्पणा सिंह (चांद चौराहा), सत्येंद्र कुमार सिंह (मानपुर), सुप्रिया कुमारी (शांति इंडिया, बोधगया), दिलीप कुमार यादव (एंजेल दिल्ली पब्लिक स्कूल), राजू कुमार (सिद्धार्थ फ्री चिल्ड्रन एजुकेशन सेंटर, बोधगया), शैलेश कुमार (संत जोसेफ स्कूल, नवादा) आदि शामिल रहे।

    बालक वर्ग कराटे प्रतियोगिता के विजेता

    शनिवार को बालक वर्ग की कराटे प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को प्रमंडल कार्यक्रम की ओर से मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

    विजेता सूची:

    • 8-9 वर्ष:
      • प्रथम – विशु राज (पटना)
      • द्वितीय – समर्थ कुमार (गया)
      • तृतीय – अभिनव आर्य व रिशकन आर्य (पटना)
    • 10 वर्ष:
      • प्रथम – आरव कुमार (पटना)
      • द्वितीय – रुद्र कुमार (पटना)
      • तृतीय – ओम जी राय व आदित्य कुमार (गया)
    • 11 वर्ष:
      • प्रथम – चंदन वर्मा (पटना)
      • द्वितीय – अमन कुमार (पटना)
      • तृतीय – शौर्य आनंद व केशव कुमार
    • 12 वर्ष:
      • प्रथम – आयुष कुमार (पटना)
      • द्वितीय – यशराज
      • तृतीय – प्रियांशु राज (भागलपुर) व शिवेंद्र कुमार (दरभंगा)
    • 13 वर्ष:
      • प्रथम – सत्यम कुमार (पटना)
      • द्वितीय – ओम कुमार (भागलपुर)
      • तृतीय – मोहम्मद आदिल (गया) व करण कुमार (भागलपुर)
    • 14 वर्ष:
      • प्रथम – सौरभ कुमार (पटना)
      • द्वितीय – कुंदन कुमार (पटना)
      • तृतीय – चमन कुमार (भागलपुर) व मोहित कुमार (गया)
    • 15 वर्ष:
      • प्रथम – दीपक कुमार
      • द्वितीय – अमित कुमार व अभिषेक कुमार
      • तृतीय – अजीत राज
    • 16 वर्ष:
      • प्रथम – विवेक कुमार (गया)
      • द्वितीय – रोहित कुमार (पटना)
      • तृतीय – आतिश (गया) व सूरज कुमार (दरभंगा)

    रविवार को बालिका वर्ग की होगी प्रतियोगिता

    आयोजन का दूसरा दिन रविवार को बालिका वर्ग की कराटे प्रतियोगिता के लिए निर्धारित किया गया है, जो सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी।

    इस सफल आयोजन के लिए किलकारी के सभी प्रशिक्षकों एवं अतिथियों ने बच्चों को ढेरों शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।


  • बिहार स्थापना दिवस पर गया में ‘रन फॉर बिहार’ का आयोजन, छात्रों ने दिखाया जोश

    बिहार स्थापना दिवस पर गया में ‘रन फॉर बिहार’ का आयोजन, छात्रों ने दिखाया जोश

    गया। बिहार के 113वें स्थापना दिवस के अवसर पर गया जिले में शुक्रवार की सुबह ‘रन फॉर बिहार’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौड़ को टावर चौक से गांधी मैदान तक आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण राहुल कुमार और जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

    सुबह 7:00 बजे टावर चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना हुई इस दौड़ में विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गांधी मैदान स्थित स्टेडियम में समापन के दौरान जिला जन संपर्क पदाधिकारी दीपक चंद्र देव ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि बिहार के गौरवशाली इतिहास को याद कर संकल्प लेने का दिन है कि गया जिला को पूरे राज्य में अग्रणी बनाएंगे।

    बिहार के गौरवशाली इतिहास को बनाए रखने का संकल्प

    जिला जन संपर्क पदाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि बिहार अपनी ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और मोक्ष प्रदाता की पहचान के लिए जाना जाता है। उन्होंने इस राज्य द्वारा सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक समन्वय स्थापित करने में निभाई गई भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही, जिलेवासियों से बिहार की गरिमा बनाए रखने और विकास में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

    अधिकारी और गणमान्य लोग हुए शामिल

    इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता (जिला नजारत शाखा) राजीव रंजन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुरभि बाला, डीपीओ शिक्षा असगर आलम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी राजेंद्र दुबे, समाजसेवी मोती करीमी, जितेंद्र कुमार और धर्मेंद्र कुमार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन के माध्यम से बिहार दिवस पर लोगों को यह संदेश दिया गया कि राज्य के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।