Blog

  • भगवान अपने भक्तों की हर समस्या का करते हैं समाधान

    टिकारी संवाददाता: माँ तारा नगरी केसपा में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यज्ञ के छठे दिन प्रातः काल से भक्तगण स्वामी जी से आर्शीवाद प्राप्त करने के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। संध्या काल में साध्वी शिखेश्वरी देवी द्वारा भक्तों को भगवान श्री कृष्ण की कथा सुनाई गई। आज स्वामी जी महाराज ने भगवान की महिमा का बखान करते हुए कहा कि ईश्वर अपने भक्तों की हर समस्या को जानते हैं, एवं बिना मांगे उन्हें किसी प्रदान करते है। सुदामा कुछ मांगने के उद्देश्य से अपने बाल सखा श्रीकृष्ण के पास गए, लेकिन संकोचवश कुछ मांग नहीं सकें।

    भगवान श्रीकृष्ण सुदामा की हर परिस्थिति को जानते थे , इसलिए बिना मांगे हीं उन्हें सब कुछ प्रदान कर दिया, इसलिए भगवान को करुणा सागर भी कहा जाता है। कलयुग में सत्संग से दुःखों का नाश होता है, एवं समाज से वैमनस्य समाप्त होता है। भगवान का स्मरण ही सबसे बड़ा धन है। आज स्वामी जी महाराज से पूर्व विधायक रणविजय सिंह, बीपीएन ग्लोबल स्कूल के निदेशक नामित राजा, पत्रकार संजय अथर्व, सुमित कुमार सहित कई लोगों ने स्वामी जी से आर्शीवाद प्राप्त किया। इस यज्ञ को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष कामता शर्मा, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा, हिमांशु शेखर, अमिताभ कुमार, प्रमोद कुमार, मुन्ना शर्मा, विक्रम कुमार, डॉ सुबोध शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, गौरव कुमार, रणविजय शर्मा सहित कई लोग कार्य कर रहे है।

  • सीयूएसबी का भगवान विष्णु और गौतम बुद्ध के नाम पर नामकरण की मांग

    टिकारी संवाददाता: पूर्व प्रखंड प्रमुख व जिला पार्षद शिक्षाविद, समाजसेवी एवं पंचायती राज के सभी पदों को सुशोभित करने वाले शहीद रामनंदन शर्मा की 13 वीं पुण्यतिथि समारोह शनिवार को मनाई गई। पैतृक आवास पूरा के साथ टिकारी स्थित प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उनके तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों एवं आगंतुकों के बीच हवन पूजन के साथ रामायण पाठ भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय उनकी शहादत की देन है। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि तत्कालीन बिहार सरकार  एवं क्षेत्रीय विधायक केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग मोतिहारी में कर रहे थे। वक्ताओं ने कहा कि इधर गया में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर कांग्रेस नेता रामनंदन शर्मा अपने साथियों के साथ पटना में कारगिल चौक पर धरना देने जा रहा थे। इसी क्रम में सड़क हादसे में 2012 में रामनंदन शर्मा एवं चालक श्रवण कुमार की मौत और साथी वाल्मीकि प्रसाद, बृजमोहन शर्मा, प्रो मुद्रिका प्रसाद नायक व श्रीकांत शर्मा पूरी तरह घायल हो गए थे। शहादत के बाद विश्वविद्यालय स्थापना का तेज हुआ आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उपस्थित लोगों ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर शहीद रामनंदन शर्मा की प्रतिमा लगाने की मांग बुलंद किया।

    कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिला पार्षद व प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सतेन्द्र नारायण एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बाल्मीकि प्रसाद ने सीयूएसबी का नाम गया की पहचान भगवान विष्णु और गौतम बुद्ध के नाम पर करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं व छात्रों को नामांकन तथा नौकरी में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान करने की मांग केंद्र सरकार से की है। वंही सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने केंद्र सरकार से विश्वविद्यालय प्रांगण में केंद्रीय विद्यालय तथा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल की स्थापना की मांग किया है। कार्यक्रम में नरेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू शर्मा, नीरज कुमार उर्फ लड्डू शर्मा, जागरूप यादव, प्रो. मुद्रिका प्रसाद नायक, राम लखन भगत, श्रीनिवास शर्मा, मिथलेश सिंह, सरजू पासवान सहित सैकड़ो लोग शामिल थे। समारोह का संचालन नाथुन पासवान ने किया।

  • आश्वाशन के बाद नगर परिषद के सफाईकर्मी हड़ताल वापस लेने की घोषणा

    आश्वाशन के बाद नगर परिषद के सफाईकर्मी हड़ताल वापस लेने की घोषणा

    टिकारी संवाददाता: टिकारी नगर परिषद के सफाई कर्मी शनिवार को अपनी मांग को लेकर हड़ताल पर चले गये और कार्य बहिष्कार करते हुए आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान आक्रोशित सफाईकर्मियों ने जगह जगह लगे कूड़े के ढेर को सड़कों पर बिखेरकर गंदगी फैला दी। इसके बाद सभी सफाईकर्मी नप कार्यालय पहुंचे और अपनी मांग के साथ मुख्य पार्षद व नप प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करने लगे। सफाईकर्मियों ने बताया कि एनजीओ के माध्यम से किये गये कार्यों का आश्वासन के बाद भी अब तक पीएफ का भुगतान नही किया गया। इधर सफाईकर्मियों के कार्य बहिष्कार की सूचना पर उप मुख्य पार्षद सागर कुमार, लोक स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी ऋषभ कुमार, प्रभारी सफाई निरीक्षक नारायण सिंह कार्यालय आकर सफाईकर्मियों को समझाने का प्रयास किया।

    काफी जद्दोजहद के बाद कार्यपालक पदाधिकारी के आश्वासन के पर सफाईकर्मियों ने हड़ताल वापस लेते हुए अगले दिन से कार्य पर वापस लौटने की घोषणा की। कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार झा ने बताया कि पीएफ भुगतान को लेकर सम्बंधित एनजीओ से बात की गई है। लंबित पीएफ का भुगतान शीघ्र कर दिया जाएगा। पीएफ का लाभ लेने से वंचित सफाईकर्मियों का नाम अपडेट के लिए विभाग से कर्मी को बुलाया गया है।

  • टिकारी में रामलीला पार्टी के एक कलाकार की हृदय गति रुकने से मौत

    टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड के केसपा में आयोजित महायज्ञ में रामलीला का मंचन करने आये कलाकार की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। कलाकार की पहचान भभुआ जिला के बेलाऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा केकौड़ी गांव के भोला दीक्षित (50 वर्ष) के रूप में हुई। मंडली के सदस्य व भोला दीक्षित के एक सहयोगी ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि रामलीला के मंचन में बाणासुर की भूमिका सफलता पूर्वक निभाई थी। जिसके बाद सभी कलाकार सोने चले गये। रविवार की सुबह दूध लाने के लिए भोला दीक्षित निकले थे। इसी क्रम में अचानक तबियत खराब हुई और रास्ते मे अचेत होकर गिर पड़े। जिसके बाद आननफानन में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें अनुमण्डल अस्पताल टिकारी लाया गया। जहां चिकित्सकों में मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दीक्षित के शव को रामलीला टीम द्वारा उसके गांव भेज दिया गया है।

  • रामनवमी के अखाड़ा में डीजे बजाने पर रोक, बिना लाइसेंस के जुलूस निकालने पर होगी कार्रवाई

    रामनवमी के अखाड़ा में डीजे बजाने पर रोक, बिना लाइसेंस के जुलूस निकालने पर होगी कार्रवाई

    टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को अनुमण्डल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें ईद, रामनवमी एवं चैती छठ के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई। एसडीएम सुजीत कुमार और एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने उक्त पर्वों को शांति व सौहाद्रपूर्ण वातावरण में मनाने के साथ किसी भी तरह के अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। बिना लाइसेंस के रामनवमी का अखाड़ा व जुलूस नही निकालने, जुलूस में डीजे का उपयोग नही करने, भड़काऊ भाषण व नारा नही लगाने की बात कही। इसके अलावे किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।

    बैठक के दौरान थाना वार पूर्व में हुए घटना की जानकारी लेते हुए सभी थानाध्यक्षों को त्योहार के दौरान एहतियात बरतने, पुलिस पेट्रोलिंग तेज करने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने आदि का निर्देश दिया। बैठक में बीडीओ योगेंद्र पासवान, ईओ राजेश कुमार झा, टिकारी एसएचओ चंद्रशेखर कुमार सहित समिति से जुड़े शशि कुमार, शिव वल्लभ मिश्रा, सुरेश यादव, बंटी यादव, मोहम्मद नवाब अहमद, मोहम्मद असलम, मोहम्मद जफर बारी अंसारी, मोहम्मद नाहिद अख्तर, मोहम्मद फिरोज खान, शिवकुमार चौहान आदि उपस्थित थे।

  • बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम: गया में किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो एक्ट पर विशेष कार्यशाला

    बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम: गया में किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो एक्ट पर विशेष कार्यशाला

    देवब्रत मंडल

    गया। बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम को लेकर गया के एक निजी होटल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में किशोर न्याय अधिनियम 2015 और पॉक्सो एक्ट की विस्तृत जानकारी दी गई।

    इस अवसर पर विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय परिषद, पर्यवेक्षण गृह, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क, विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

    किशोर न्याय अधिनियम 2015: एक आवश्यक कानूनी ढांचा

    किशोर न्याय अधिनियम 2015 भारत में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कानून है, जिसके तहत बच्चों को न्याय प्रणाली में विशेष सुरक्षा और समर्थन प्रदान किया जाता है। इस कानून के तहत निम्नलिखित प्रावधान शामिल हैं:

    • बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा का अधिकार।
    • बच्चों के शोषण और दुर्व्यवहार से बचाव के लिए सख्त प्रावधान।
    • किशोर अपराधियों के पुनर्वास और सुधार के लिए विशेष व्यवस्था।

    पॉक्सो एक्ट: बच्चों के यौन शोषण के विरुद्ध सुरक्षा कवच

    प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज (पॉक्सो) एक्ट, भारत में बच्चों को यौन अपराधों से बचाने के लिए लागू किया गया एक सख्त कानून है। इसके तहत:

    • बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के यौन शोषण को दंडनीय अपराध घोषित किया गया है।
    • ऐसे मामलों की सुनवाई के लिए विशेष न्यायालयों की व्यवस्था की गई है।
    • पीड़ित बच्चों को समुचित सुरक्षा और पुनर्वास का प्रावधान किया गया है।

    कार्यक्रम में जागरूकता और क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा

    प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किशोर न्याय अधिनियम 2015 और पॉक्सो एक्ट की विस्तृत जानकारी दी और इनके प्रभावी क्रियान्वयन के तरीकों पर चर्चा की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संबंधित हितधारकों को इन कानूनों के प्रति जागरूक करना और बच्चों के अधिकारों की रक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

    इस अवसर पर शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में यह भी जोर दिया गया कि समाज में बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

  • गुलनार नि:शुल्क महिला सिलाई सेंटर में मेहंदी प्रतियोगिता संपन्न, विजेताओं को किया गया सम्मानित

    देवब्रत मंडल

    गया। पाक-ए-रमजान के शुभ अवसर पर गुलनार नि:शुल्क महिला सिलाई सेंटर में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आठ प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को मीर अबू सालेह रोड स्थित सेंटर प्रांगण में धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. चंद्रतारा ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में मुस्कान कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमन कुमारी को द्वितीय और अंकिता कुमारी को तृतीय स्थान मिला। इसके अलावा सोनी कुमारी, वर्षा कुमारी, नेहा कुमारी, निशा कुमारी और लाजो कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनकी प्रतिभा को सराहा गया।

    इस मौके पर अध्यापिका आशा कुमारी, नंदनी कुमारी, पूनम कुमारी और खुशबू कुमारी सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नंदनी कुमारी और खुशबू कुमारी ने किया, जबकि स्वागत भाषण पूनम कुमारी और आशा सिंह ने दिया। अंत में संस्थान के संस्थापक-सचिव नीरज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। 27 मार्च को आयोजित इस मेहंदी प्रतियोगिता में 32 प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जहां महिलाओं और छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना और उनकी कला को पहचान दिलाना था।

  • गया में बागेश्वरी गुमटी पर ROB निर्माण के लिए टेंडर जारी, 24 महीने में पूरा होगा पुल

    गया में बागेश्वरी गुमटी पर ROB निर्माण के लिए टेंडर जारी, 24 महीने में पूरा होगा पुल

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। बिहार सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने निविदा को मंजूरी दे दी है और संवेदकों को इस परियोजना में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस परियोजना के तहत न केवल ROB, बल्कि इसके साथ-साथ पहुंच पथ (एप्रोच रोड) का भी निर्माण किया जाएगा।

    दो साल में पूरा होगा निर्माण

    निगम के अनुसार, टेंडर की सभी शर्तों और अहर्ताओं को पूरा करने वाली एजेंसी को कार्यादेश मिलने की तारीख से 24 महीने यानी दो साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना होगा। टेंडर प्रक्रिया अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक पूरी होने की संभावना है। इस परियोजना के लिए लगभग 90 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

    88.28 मीटर लंबा होगा पुल

    जानकारी के मुताबिक, इस ROB की कुल लंबाई 88.28 मीटर होगी। यह स्टेशन की ओर से कलाली मोड़ से शुरू होकर बागेश्वरी गुमटी होते हुए बागेश्वरी मंदिर के पास न्यू कॉलोनी बागेश्वरी चौक से कुछ पहले तक पहुंचेगा। एप्रोच रोड सहित यह निर्माण क्षेत्र के यातायात को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

    जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू

    परियोजना को गति देने के लिए सड़क के दोनों ओर की जमीन का अधिग्रहण जरूरी है। पिछले बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में इसकी अंतिम मंजूरी दे दी गई। अब विभागीय स्तर पर प्रभावित जमीन और मकानों का सर्वे शुरू हो गया है। अधिकारियों की टीम घर-घर जाकर भू-मालिकों को अधिग्रहण से संबंधित जानकारी देगी और मुआवजे की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगी।

    भू-मालिकों के लिए सलाह

    विभाग ने प्रभावित लोगों से अपील की है कि वे अपनी जमीन और मकान से जुड़े सभी दस्तावेजों को तैयार और अद्यतन कर लें। इससे मुआवजे के भुगतान में देरी या परेशानी से बचा जा सकेगा और परियोजना समय पर पूरी होगी।

    मुख्यमंत्री की घोषणा से शुरू हुई पहल

    बता दें कि इस ROB के निर्माण की घोषणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान गया में की थी। इसके बाद इसे प्रशासनिक स्वीकृति मिली और अब टेंडर प्रक्रिया के साथ यह परियोजना धरातल पर उतरने को तैयार है। पिछले बुधवार को पुल निर्माण निगम और अंचल कार्यालय के अधिकारियों ने कार्य स्थल का सर्वे पूरा किया था।

    गया के लिए बड़ी राहत

    बागेश्वरी गुमटी पर अक्सर ट्रेनों के आवागमन के कारण लगने वाली भीड़ और जाम से स्थानीय लोगों को बड़ी परेशानी होती थी। इस ROB के बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

    Magadhlive पर आपको इस परियोजना से जुड़ी हर अपडेट सबसे पहले और सटीक रूप से मिलती रहेगी।

  • पूर्णिया लोकनाच उत्सव में गया के बच्चों ने मगही लोकनृत्य से जीता दिल

    पूर्णिया लोकनाच उत्सव में गया के बच्चों ने मगही लोकनृत्य से जीता दिल

    पूर्णिया में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय लोकनाच महोत्सव में बिहार के विभिन्न जिलों से आए 300 से अधिक बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस उत्सव में गया किलकारी बिहार बाल भवन के बच्चों ने मगही लोकनृत्य “पणिहारिया” की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। नृत्य के निर्देशक गौतम कुमार गोलू ने बताया कि बिहार के 9 प्रमंडलों से आए बच्चों ने अपने-अपने क्षेत्र के लोकप्रिय लोकनृत्यों को प्रस्तुत किया, लेकिन गया के मगही लोकनृत्य ने दर्शकों और अतिथियों के बीच खास पहचान बनाई।

    मगही लोकगीतों पर आधारित इस प्रस्तुति में नन्हे कलाकारों ने गायन और नृत्य का ऐसा समन्वय प्रस्तुत किया कि दर्शक झूम उठे। खासकर छोटी-छोटी बच्चियों के मगही अंदाज में नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूर्णिया किलकारी कैंपस तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। संगतकार दिनेश कुमार मौउर के तबले की थाप ने भी प्रस्तुति में चार चांद लगाए, जिसकी खूब सराहना हुई।

    गया किलकारी के प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि गया की ओर से दो प्रस्तुतियां तैयार की गई हैं। पहली प्रस्तुति में बच्चे लाइव गायन और वादन के साथ मगही लोकनृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं, वहीं दूसरी प्रस्तुति कबीर मथुरा प्रसाद के गीत “कसम खाइयो गंगा जी के” पर आधारित है। सुबह के सत्र में बच्चों ने योग किया, जबकि दोपहर के संवाद सत्र में नृत्य विशेषज्ञ सुदीप बोस ने बच्चों के सवालों के जवाब दिए और नृत्य कला के गुर सिखाए।

    इस प्रस्तुति में शामिल प्रमुख बच्चियों में रिया कुमारी, स्वाती राज, अमीषा कुमारी, खुशी कुमारी, रुपाली कुमारी, प्रियांशी कुमारी, मुस्कान कुमारी, शैली कुमारी, इशिका कुमारी, ऋषिका सिंह, तानिया कुमारी, छोटी कुमारी और शाश्वत कुमार शामिल थे। क्राफ्ट प्रशिक्षक कल्पना सिंह भी इस दौरान मौजूद रहीं।

    कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्णिया कमिश्नर राजेश कुमार, डीएम कुंदन कुमार, किलकारी की निर्देशक ज्योति परिहार और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। यह आयोजन बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बच्चों के माध्यम से बढ़ावा देने का एक शानदार प्रयास साबित हुआ।

  • जिला स्कूल, गया में जश्न का माहौल! बिहार टॉपर अर्चना मिश्रा और क्विज चैंपियन जीतू कुमार का भव्य सम्मान समारोह

    जिला स्कूल, गया में जश्न का माहौल! बिहार टॉपर अर्चना मिश्रा और क्विज चैंपियन जीतू कुमार का भव्य सम्मान समारोह

    गया: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में आर्ट्स संकाय से जिला स्कूल, गया की छात्रा अर्चना मिश्रा ने राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ब्रजेश कुमार एवं शिक्षकों ने बताया कि अर्चना शुरू से ही मेधावी रही हैं। नियमित कक्षाओं में भाग लेने और हर मासिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की उनकी आदत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उनकी इस मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने राज्यभर में टॉप 5 में अपनी जगह बनाई।

    राजनीति विज्ञान के शिक्षक मुकेश प्रसाद वर्मा को दिया सफलता का श्रेय

    अपनी सफलता पर अर्चना ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार के साथ-साथ राजनीति विज्ञान के शिक्षक मुकेश प्रसाद वर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने समय-समय पर मार्गदर्शन किया और पढ़ाई के लिए हरसंभव सहयोग किया।

    राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में जीतू कुमार ने लहराया परचम

    इसी विद्यालय के ग्यारहवीं कक्षा के छात्र जीतू कुमार ने भी बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्कूल और जिला स्तर पर जीतने के बाद उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

    जीतू ने भी अपनी सफलता का श्रेय मुकेश प्रसाद वर्मा को देते हुए कहा कि मेहनत तो छात्र करता है, लेकिन सही मार्ग दिखाने और प्रेरित करने का कार्य शिक्षक करते हैं। उन्होंने न केवल मुझे बल्कि सभी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में हमेशा मदद की।

    विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित

    विद्यालय परिवार ने अर्चना मिश्रा और जीतू कुमार की इस उपलब्धि को सम्मानित करने के लिए एक समारोह आयोजित किया। दोनों छात्रों को मिठाई खिलाई गई और पुस्तकें, कलम एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने दोनों छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करें और जहां भी जाएं, अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन करें।