Blog

  • खास खबर: गया समेत 7 शहरों को जोड़ेगी रैपिड रेल, पटना समेत आरा भी होगा नेटवर्क का हिस्सा, जानें क्या-2 होंगे फायदे

    खास खबर: गया समेत 7 शहरों को जोड़ेगी रैपिड रेल, पटना समेत आरा भी होगा नेटवर्क का हिस्सा, जानें क्या-2 होंगे फायदे

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    गया/पटना: बिहार में तेज रफ्तार शहरी परिवहन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने पटना समेत सात शहरों को जोड़ने वाली रैपिड रेल परियोजना को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इस हाई-स्पीड रैपिड रेल नेटवर्क में पटना, गया, बेगूसराय, हाजीपुर, सोनपुर, मुजफ्फरपुर और आरा को जोड़ा जाएगा। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से इन शहरों के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।
    सरकार की योजना के मुताबिक बिहार में चार रैपिड रेल कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इनमें पटना-गयाजी कॉरिडोर, पटना-बेगूसराय कॉरिडोर, पटना-हाजीपुर-सोनपुर-मुजफ्फरपुर कॉरिडोर और पटना-आरा कॉरिडोर शामिल हैं। इन कॉरिडोरों के जरिए राजधानी पटना से आसपास के प्रमुख शहरों तक हाई-स्पीड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की तैयारी है।
    बताया गया है कि यह रैपिड रेल सेवा दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर विकसित की जाएगी। रैपिड रेल एक सेमी हाई-स्पीड यात्री सेवा होती है, जिसका उद्देश्य दो बड़े शहरों या शहरी समूहों के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। बिहार में इसके लागू होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यवसायियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
    परियोजना के लिए वैकल्पिक विश्लेषण रिपोर्ट (AAR) और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसके बाद रूट, स्टेशन, लागत और निर्माण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार का दावा है कि यह परियोजना केवल परिवहन व्यवस्था को मजबूत नहीं करेगी, बल्कि पटना और उसके आसपास के शहरों के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक संपर्क को भी नई रफ्तार देगी।

  • आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: 12.740 किलो गांजा के साथ रोहतास का दो तस्कर गिरफ्तार, कीमत 6.37 लाख

    आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: 12.740 किलो गांजा के साथ रोहतास का दो तस्कर गिरफ्तार, कीमत 6.37 लाख

    रफीगंज/गया, टीम

    आरपीएफ की टीम ने बुधवार को रफीगंज स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.740 किलोग्राम गांजा के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 6.37 लाख रुपये बताई गई है।

    कैसे हुई गिरफ्तारी


    डीडीयू मंडल के सीनियर कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर के निर्देश पर आरपीएफ इंस्पेक्टर राम सुमेर के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी। सुबह पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद प्लेटफॉर्म 1-2 के पास 2 युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में मिले। पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेरकर पकड़ लिया गया।

    12 पैकेट में मिला गांजा


    राजस्व अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। रोहित कुमार के बैग से 7 पैकेट – 7.526 किलो और जितेंद्र मिश्रा के बैग से 5 पैकेट – 5.214 किलो गांजा बरामद हुआ। कुल 12 पैकेट।

    गिरफ्तार आरोपित:

    1. रोहित कुमार – सुकहरा गांव, नासरीगंज थाना, रोहतास
    2. जितेंद्र मिश्रा – कराकट थाना क्षेत्र, रोहतास

    पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर जब्त गांजा और दोनों आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी सोन नगर के हवाले कर दिया गया। आरपीएफ ने बताया कि रेल परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

  • गया जंक्शन से नाबालिग लड़की युवक के साथ बरामद, रेल पुलिस ने परिजनों को सौंपा

    गया जंक्शन से नाबालिग लड़की युवक के साथ बरामद, रेल पुलिस ने परिजनों को सौंपा

    देवब्रत मंडल


    गया। गया जंक्शन पर एक नाबालिग लड़की को युवक के साथ बरामद किया गया। लड़की के नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बरामद कर संबंधित थाना के हवाले कर दिया।
    गया रेल पुलिस के एक पदाधिकारी ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय एक किशोरी घर से बिना बताए निकल गई है और गया रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। सूचना के आधार पर रेल पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की।
    पुलिस के अनुसार, गया जंक्शन के डेल्हा साइड स्थित वेटिंग हॉल से किशोरी को एक युवक के साथ बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले के रूप में हुई। इस मामले में परसा बाजार थाना में पहले से प्राथमिकी दर्ज होने की भी जानकारी मिली।
    गया रेल पुलिस ने बताया कि आवश्यक पूछताछ और औपचारिक कार्रवाई के बाद किशोरी और युवक दोनों को सुरक्षित परसा बाजार थाना की पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

  • बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण को लेकर प्रशासन सख्त, 9 से 11 जुलाई तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति

    बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण को लेकर प्रशासन सख्त, 9 से 11 जुलाई तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति

    देवब्रत मंडल

    File photo


    गया। बागेश्वरी गुमटी के पास प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। आरओबी के अलाइनमेंट में सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए सदर अनुमंडल कार्यालय, गया की ओर से अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया गया है।
    जारी आदेश के अनुसार, परियोजना अभियंता, कार्य प्रमंडल, गया ने 8 जुलाई 2026 को प्रशासन को सूचित किया कि एलसी नंबर-71/ए (बागेश्वरी गुमटी) पर प्रस्तावित आरओबी के अलाइनमेंट में सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ अतिक्रमित है। निर्माण कार्य के लिए करीब 20 फीट चौड़ाई में बैरिकेडिंग की जरूरत है, लेकिन अतिक्रमण के कारण काम में बाधा आ रही है। विभाग ने सड़क के दोनों ओर शेष अतिक्रमण को हटाने के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की मांग की थी।
    इसी के आलोक में 09 जुलाई 2026 से 11 जुलाई 2026 तक तीन दिनों के लिए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, नगर, गया श्री राम प्रकाश को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। आदेश में कहा गया है कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के नेतृत्व में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर, गया तथा थाना क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी स्थल पर मौजूद रहेंगे, ताकि अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य प्रारंभ कराने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
    साथ ही पुलिस अधीक्षक (रक्षित), गया से अनुरोध किया गया है कि उक्त स्थल पर तीन दिनों तक प्रतिदिन एक-चौथाई सेक्शन पुरुष/महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को समय से स्थल पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
    प्रशासन के इस आदेश के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण के रास्ते में आ रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज होगी। लंबे समय से इस परियोजना को लेकर इलाके के लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। ऐसे में अगले तीन दिनों की कार्रवाई यह तय करेगी कि आरओबी निर्माण कार्य कितनी तेजी से आगे बढ़ता है।

  • गया में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, 1643 लीटर बीयर व विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

    गया में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, 1643 लीटर बीयर व विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल


    सरकार ने जब शराबबंदी को लेकर नए फरमान जारी किए हैं तो गया जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण, बिक्री पर अब कार्रवाई कुछ और तेजी से कार्रवाई की जाने लगी है। इसी क्रम में गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत समेकित जांच चौकी डोभी पर उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक महिंद्रा पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध बीयर एवं विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में वाहन पर सवार दो लोगों(तस्कर) को गिरफ्तार किया गया है।
    सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने बताया कि पंजीकरण संख्या WB-37E-6023 वाले महिंद्रा पिकअप से अवैध बीयर और विदेशी शराब का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 1643.040 लीटर अवैध बीयर एवं विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 3624 कैन, बोतल और टेट्रा पैक शामिल हैं।
    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र निवासी आकाश मालाकार और दिलीप बाउरी के रूप में की गई है। इनमें आकाश मालाकार वाहन चालक बताया गया है। बताया कि इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है और अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। इस छापेमारी दल में मद्यनिषेध विभाग के कई अधिकारी और जवान शामिल थे। कार्रवाई में अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के साथ सैप बल और गृह रक्षक जवानों की भी भूमिका रही

  • हादसे से सबक: गया जंक्शन पर बड़ा हादसा टला: चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसली महिला, बची जान

    हादसे से सबक: गया जंक्शन पर बड़ा हादसा टला: चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसली महिला, बची जान

    देवब्रत मंडल

    महिला यात्री

    ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत RPF गया की तत्परता से बची महिला यात्री की जान

    पिछले दिनों गया जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के क्रम में ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गैप में गिरकर घायल हुए यात्री की घटना से आरपीएफ ने सबक लेते हुए बुधवार को इनकी सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व पटरी के बीच गैप की ओर जाने लगी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों और जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस बहादुरी और सतर्कता से महिला यात्री की जान बच गई।

    गया रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर अधिकारियों व जवानों की टीम ट्रेनों की सुरक्षित पासिंग के लिए लगातार चक्रमण कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर महाबोधि एक्सप्रेस खड़ी थी, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर ट्रेन संख्या 12350 गोड्डा–नई दिल्ली हमसफर वीकली एक्सप्रेस दोपहर 1:35 बजे आकर रुकी।

    निर्धारित ठहराव के बाद जैसे ही हमसफर एक्सप्रेस धीरे-धीरे खुलने लगी, तभी दिल्ली छोर वाले फुट ओवरब्रिज की ओर से एक महिला यात्री तेजी से उतरकर चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ी। ट्रेन पर चढ़ने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच के गैप की ओर लड़खड़ाने लगी।

    यह दृश्य देखते ही ट्रेन पास करा रहे उप निरीक्षक राम सेवक, आरक्षक रामप्रवेश सिंह और आरक्षक मुकेश कुमार तुरंत उसकी ओर दौड़े और महिला को गैप में गिरने से पहले ही खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। RPF की इस तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

    RPF के अनुसार, बचाई गई महिला की उम्र 22 वर्ष है और वह गया से नवादा जाने के लिए उक्त ट्रेन से यात्रा करने वाली थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में महिला को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। ट्रेन बाद में दोपहर 1:50 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।

    रेलवे सुरक्षा बल गया ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि यह बेहद खतरनाक हो सकता है। यात्रियों से कहा गया है कि वे ट्रेन के प्रस्थान समय से कम से कम 20 मिनट पहले स्टेशन पहुंचें और सुरक्षित तरीके से यात्रा करें।

  • गया जंक्शन पर ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई, 2.788 किलो गांजा के साथ छपरा का तस्कर गिरफ्तार

    गया जंक्शन पर ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई, 2.788 किलो गांजा के साथ छपरा का तस्कर गिरफ्तार

    कटक(ओडिशा) से ट्रेन के जरिए गया पहुंचा था आरोपी, प्लेटफॉर्म पर निगरानी के दौरान RPF-GRP ने दबोचा

    देवब्रत मंडल


    गया। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया एवं गया रेल थाना की पुलिस ने ऑपरेशन नारकोस के तहत सोमवार को गया जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.788 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 1 लाख 39 हजार 400 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई गया जंक्शन पर चल रही सतत निगरानी के दौरान की गई, जिससे एक बार फिर यह संकेत मिला है कि रेल मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है और गया जंक्शन ऐसे तस्करों के लिए ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
    मिली जानकारी के अनुसार 07 जुलाई 2026 को उप निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल, गया की टीम गया स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इस दौरान टीम में प्रधान आरक्षी संतोष कुमार सिंह, आरक्षी आलोक कुमार सक्सेना, आरक्षी कुमार गरेन्द्र, आरक्षी मुकेश कुमार और आरक्षी राकेश कुमार सिंह शामिल थे। इनके साथ जीआरपी गया, सीपीडीएस गया तथा अन्य सुरक्षा इकाइयों के अधिकारी भी संयुक्त रूप से प्लेटफॉर्म पर निगरानी कर रहे थे।
    निगरानी के क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या 1ए पर एक संदिग्ध व्यक्ति नीले रंग का पीठू बैग लिए दिखा। शक होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अखिलेश साव (42 वर्ष), पिता स्व. विंदेश्वरी साव, निवासी लगुनी वार्ड संख्या-06, थाना पानापुर, जिला-छपरा बताया। प्रारंभिक पूछताछ में ही उसने बैग में मादक पदार्थ होने की बात स्वीकार की। इसके बाद मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, गया संजय कुमार सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद उनकी उपस्थिति में संदिग्ध के बैग की तलाशी ली गई।
    तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 2.788 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही उसके पहने पैंट की दाहिनी जेब से कटक से गया तक का सामान्य यात्रा टिकट भी बरामद हुआ, जो 06 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। टिकट की बरामदगी से यह साफ हुआ कि आरोपी ओडिशा के कटक से रेल मार्ग के जरिए गया पहुंचा था। इससे जांच एजेंसियों को यह संदेह और मजबूत हुआ है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों और बड़े स्टेशनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
    कार्रवाई के बाद आरपीएफ गया की ओर से जब्त गांजा और लिखित शिकायत जीआरपी गया को सौंप दी गई। इस मामले में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 177/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20(b)(ii)(B) के तहत प्राथमिकी की गई है। अब जीआरपी आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा किसके लिए लेकर आया था, इसकी सप्लाई कहां होनी थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

  • गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र में अवैध शराब सिंडिकेट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, घर में छिपाकर रखी 88.500 लीटर बीयर जब्त, दो गिरफ्तार

    गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र में अवैध शराब सिंडिकेट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, घर में छिपाकर रखी 88.500 लीटर बीयर जब्त, दो गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    गया जी। गया शहर में अवैध शराब के कारोबार और उससे जुड़े सिंडिकेट पर शिकंजा कसते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के धनिया बगीचा, डेल्हा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक घर से 88.500 लीटर बीयर बरामद की गई है। इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग का मानना है कि बरामद शराब की मात्रा और उसे घर में छिपाकर रखने के तरीके से यह साफ संकेत मिलता है कि शहर में अवैध शराब का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो चोरी-छिपे शराब की सप्लाई और कारोबार में जुटा है।
    सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर धनिया बगीचा इलाके में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक घर के कमरे से कुल 88.500 लीटर बीयर बरामद की गई। मामले में पंकज कुमार (26 वर्ष) और राहुल कुमार (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों धनिया बगीचा, थाना-डेल्हा, जिला-गया जी के रहने वाले हैं।
    प्राथमिक जांच में उत्पाद विभाग इस बात की पड़ताल कर रहा है कि बरामद बीयर केवल भंडारण के लिए रखी गई थी या इसके पीछे शहर में अवैध आपूर्ति का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। जिस मात्रा में बीयर बरामद हुई है, उसने उत्पाद विभाग की आशंका को और मजबूत किया है कि गया शहर में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए अवैध शराब का सिंडिकेट सक्रिय है। यह भी जांच की जा रही है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और शराब की खेप कहां से लाई जाती थी तथा किस इलाके में खपाई जानी थी।
    उत्पाद विभाग की इस छापेमारी में अवर निरीक्षक नीरज राज, सहायक अवर निरीक्षक विनीता कुमारी, मध्यनिषेध सिपाही ज्योति कुमारी और मध्यनिषेध सिपाही शशि कुमार शामिल थे। विभाग का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस पूरे नेटवर्क की परतें खोली जाएंगी और अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।
    गया में शराबबंदी के बावजूद समय-समय पर शराब बरामदगी की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में धनिया बगीचा से भारी मात्रा में बीयर की बरामदगी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शहर में अवैध शराब का नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ है। उत्पाद विभाग अब इस मामले को सिर्फ एक बरामदगी नहीं, बल्कि अवैध शराब सिंडिकेट के संभावित कनेक्शन के तौर पर देख रहा है।

  • विश्वस्तरीय बनने की राह में गया जंक्शन की बदहाल तस्वीर: हल्की बारिश में प्लेटफॉर्म पर बहने लगी पानी की धारा, सफाई व्यवस्था पर भी सवाल

    विश्वस्तरीय बनने की राह में गया जंक्शन की बदहाल तस्वीर: हल्की बारिश में प्लेटफॉर्म पर बहने लगी पानी की धारा, सफाई व्यवस्था पर भी सवाल

    गया जंक्शन से देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का प्लेटफॉर्म

    गया। एक ओर गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये की लागत से स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम चल रहा है, लेकिन हल्की बारिश ने ही व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार को गया में बारिश हुई। प्लेटफॉर्म पर कई तस्वीरों को कैमरे में कैद किया। सच बयां करती यह तस्वीर यहां की कुव्यवस्था पर कुछ लिखने और सोचने पर मजबूर कर दिया।

    सीन-1

    यात्री शेड से बहता बारिश का पानी

    हाल यह है कि बारिश शुरू होते ही गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर केवल छत से बूंदें टपकती नहीं दिखीं, बल्कि कई जगहों पर पानी धारा की तरह बहता नजर आया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों को बारिश से बचने के लिए छत के नीचे खड़ा होना था, लेकिन वहीं पानी टपकने और बहने से उन्हें और अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। इससे साफ संकेत मिलता है कि स्टेशन पर किए जा रहे निर्माण और रखरखाव कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर समीक्षा की जरूरत है।

    यात्रियों ने कहा

    यात्रियों का कहना है कि स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने की बात तो की जा रही है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अब भी संतोषजनक नहीं है। बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म पर पानी गिरना न केवल असुविधा का कारण है, बल्कि यह यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी चिंताजनक है। फिसलन की स्थिति में किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।

    सीन-2

    वाटर बूथ में फैली गंदगी

    गया जंक्शन पर सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्टेशन परिसर में लगे वाटर बूथ की हालत ऐसी है कि वहां स्वच्छता के दावों की सच्चाई खुद-ब-खुद सामने आ जाती है। नियमित सफाई नहीं होने के कारण यात्रियों को पेयजल लेने में असहजता का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति केवल अव्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि यात्रियों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय भी है।

    लोगों के मन की बात

    स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यदि गया जंक्शन को सचमुच विश्वस्तरीय स्टेशन बनाना है, तो केवल बड़े-बड़े दावे और निर्माण कार्य पर्याप्त नहीं होंगे। जरूरी है कि यात्रियों को रोजमर्रा में मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं—जैसे साफ प्लेटफॉर्म, सुरक्षित शेड, स्वच्छ पेयजल और बेहतर रखरखाव—पर प्राथमिकता के साथ ध्यान दिया जाए।

    बड़ा सवाल

    प्लेटफॉर्म पर बहता बारिश का पानी

    सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब हल्की बारिश में ही प्लेटफॉर्म की यह स्थिति हो जा रही है, तो मानसून के दौरान क्या हाल होगा? करोड़ों की लागत से तैयार हो रही परियोजनाओं के बीच यदि यात्रियों को भीगते हुए ट्रेन का इंतजार करना पड़े और गंदे वाटर बूथ से पानी लेने की मजबूरी झेलनी पड़े, तो “विश्वस्तरीय स्टेशन” का दावा आखिर कितना सार्थक रह जाता है।

    जरूरत है

    अब जरूरत इस बात की है कि रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारी गया जंक्शन की इन बुनियादी खामियों को गंभीरता से लें, मौके पर जांच कराएं और यात्रियों की सुविधा से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। क्योंकि किसी भी स्टेशन की असली पहचान केवल उसकी इमारतों या बजट से नहीं, बल्कि वहां यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्था की गुणवत्ता से तय होती है।

  • ब्रेकिंग न्यूज: करंट की चपेट में आने से राजद पंचायत अध्यक्ष कौशल दास का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

    ब्रेकिंग न्यूज: करंट की चपेट में आने से राजद पंचायत अध्यक्ष कौशल दास का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

    कोंच: बिहार के गया जिले के कोंच प्रखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रखंड के परसावां गांव निवासी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सक्रिय कार्यकर्ता व पंचायत अध्यक्ष कौशल दास (40 वर्ष) की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना सोमवार की रात करीब 9:25 बजे की बताई जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद से परसावां गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

    कैसे हुआ हादसा?

    स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार की देर रात कौशल दास अपने घर पर किसी कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली के प्रवाहित तार (करंट) की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि वे वहीं अचेत होकर गिर पड़े।
    परिजनों और ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए उन्हें तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), कोंच पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

    घटना की जानकारी मिलते ही कोंच थाना की पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद, शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH), गया भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

    क्षेत्र में थे बेहद लोकप्रिय, छोड़ गए भरा-पूरा परिवार

    दिवंगत कौशल दास अपने पीछे दो बेटे, एक बेटी और पत्नी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे क्षेत्र में अपने मिलनसार स्वभाव, सामाजिक कार्यों और जरूरतमंदों की मदद के लिए जाने जाते थे। राजद के एक समर्पित सिपाही के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।

    समर्थकों और ग्रामीणों में शोक

    कौशल दास के असामयिक निधन की खबर आग की तरह फैली, जिसके बाद उनके आवास पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, राजद नेता और उनके शुभचिंतक शोक व्यक्त करने पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कहा कि कौशल दास का जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे एक अत्यंत सरल, सज्जन और मददगार व्यक्ति थे, जिन्हें हमेशा याद किया जाएगा।