Blog

  • डॉक्टर्स डे 2026: IMA गया में पहली बार 80+ उम्र के सुपर सीनियर चिकित्सकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, 5 वरिष्ठ डॉक्टर सम्मानित

    डॉक्टर्स डे 2026: IMA गया में पहली बार 80+ उम्र के सुपर सीनियर चिकित्सकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, 5 वरिष्ठ डॉक्टर सम्मानित

    देवब्रत मंडल | गया


    डॉक्टर दिवस 2026 के अवसर पर मंगलवार, 01 जुलाई को भारतीय चिकित्सा संघ IMA भवन गया में भव्य चिकित्सक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। IMA गया शाखा में पहली बार 80 वर्ष से अधिक उम्र के सुपर सीनियर चिकित्सकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम देर रात तक चला।

    इन्हें मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड:

    1. डॉ. यू.एन. भदानी
    2. डॉ. ए.एन. राय
    3. डॉ. एस.के.पी. सिंह
    4. डॉ. श्यामा रानी प्रसाद
    5. डॉ. यू.एस. मिश्रा

    इसके बाद प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी सीनियर चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले सीनियर डॉक्टर:

    1. डॉ. विजय कृष्ण प्रसाद
    2. डॉ. विनोद कुमार सिंह
    3. डॉ. एन.बी. शरण
    4. डॉ. जितेंद्र कुमार

    समारोह में सभी सदस्यों का स्वागत किया गया। IMA गया शाखा के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने डॉक्टर डे 2026 की थीम पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने चिकित्सा सेवा में डॉक्टरों के योगदान और आने वाली चुनौतियों पर अपनी बात रखी। इस दौरान अन्य वरीय चिकित्सकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह के अंत में IMA सचिव डॉ. विमलेंदु विमल  ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

  • बागेश्वरी आरओबी निर्माण क्षेत्र में लगा हाई गेज बैरियर क्षतिग्रस्त, हादसा टला, लोग व्यवस्था पर उठाए सवाल

    बागेश्वरी आरओबी निर्माण क्षेत्र में लगा हाई गेज बैरियर क्षतिग्रस्त, हादसा टला, लोग व्यवस्था पर उठाए सवाल

    देवब्रत मंडल


    गया। बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास निर्माणाधीन आरओबी को लेकर कलाली मोड़ के पास लगाया गया हाई गेज बैरियर गुरुवार सुबह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना एक मालवाहक वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
    बताया जा रहा है कि बागेश्वरी गुमटी के पास आरओबी निर्माण कार्य के कारण बड़े और मालवाहक वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए कलाली मोड़ के पास हाई गेज बैरियर लगाया गया था। लेकिन गुरुवार सुबह एक मालवाहक वाहन बैरियर से टकरा गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।

    प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल


    घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब यह बात पहले से सार्वजनिक हो चुकी है कि आगे रास्ता बंद है और बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक है, तब भी इस मार्ग से भारी वाहनों का प्रवेश लगातार जारी है। इससे इलाके में हमेशा हादसे का खतरा बना हुआ है।

    कलाली मोड़ के पास नहीं सूचना पट्ट


    स्थानीय लोगों ने बताया कि संजय नगर मोहल्ले की ओर सूचना पट्ट लगाकर आगे रास्ता बंद होने की जानकारी दी गई है, लेकिन कलाली मोड़ के आसपास ऐसी कोई स्पष्ट सार्वजनिक सूचना नहीं लगाई गई है। यही नहीं, इस इलाके में ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती नहीं की जाती, जिससे इस तरफ से आने वाले भारी वाहनों को समय रहते रोका जा सके।

    नागरिकों का है आरोप

    लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण विभाग ने केवल औपचारिकता निभाते हुए बैरियर लगा दिया, लेकिन सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियाती इंतजामों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

    स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें


    कलाली मोड़ के पास भी स्पष्ट सूचना पट्ट लगाया जाए
    भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती हो
    बैरियर के साथ वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था भी की जाए
    आरओबी निर्माण क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए

  • बिहार में आईपीएस अधिकारियों का तबादला, पंकज कुमार राज बने रेल पुलिस महानिरीक्षक

    बिहार में आईपीएस अधिकारियों का तबादला, पंकज कुमार राज बने रेल पुलिस महानिरीक्षक

    देवब्रत मंडल

    पटना/गया 01 जुलाई। बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापना का आदेश जारी किया। इस फेरबदल में आईपीएस पंकज कुमार राज (2006 बैच) को रेल पुलिस महानिरीक्षक (आईजी, रेल), बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
    इन्हें अतिरिक्त प्रभार के रूप में रेल पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी भी मिली हुई थी। अब सरकार ने उन्हें नियमित रूप से रेल पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थापित कर दिया है। रेल पुलिस की कमान मिलने के बाद उनसे रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराध नियंत्रण तथा रेल पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार की अपेक्षा रहेगी।
    इस तबादला सूची में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्व भी बदले गए हैं। महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के पद पर शोभा ओहटकर को नियुक्त किया गया है। निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य उत्पाद विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
    वहीं पंकज कुमार दराद को अपर पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम बनाया गया है। सुधांशु कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) के साथ-साथ विशेष निगरानी इकाई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
    इसके अलावा अमृत राज को अपर पुलिस महानिदेशक, आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) बनाया गया है। कारा सुहिता अनूपम को अपर पुलिस महानिदेशक, विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली है तथा उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), अपराध अनुसंधान विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
    तबादला सूची में राजेश कुमार को पुलिस महानिरीक्षक, एसटीएफ बनाया गया है, जबकि पंकज कुमार राज के रेल पुलिस में नियमित पदस्थापन के साथ रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेल अपराधों पर नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाएगी।
    गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभी स्थानांतरण एवं नई पदस्थापनाएं तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

  • बागेश्वरी ROB निर्माण तेज: कलाली मोड़ के बाद अब गांधी मोड़ के पास भी लगा बैरियर, बड़े वाहनों की आवाजाही बंद, जरूरत पर खोला जा सकेगा रास्ता

    बागेश्वरी ROB निर्माण तेज: कलाली मोड़ के बाद अब गांधी मोड़ के पास भी लगा बैरियर, बड़े वाहनों की आवाजाही बंद, जरूरत पर खोला जा सकेगा रास्ता

    बैरियर लग जाने से बागेश्वरी-संजय नगर रोड-पावरगंज-स्टेशन रोड पर भारी वाहन प्रतिबंधित

    देवब्रत मंडल | गया

    गांधी मोड़ के समीप लगा बैरियर

    गया जी शहर के बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज ROB के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रशासन ने दोनों तरफ बैरियर लगाने का काम पूरा कर लिया है। स्टेशन–पावरगंज रोड स्थित कलाली(बैरागी) मोड़ पर मंगलवार को बैरियर लगाने के बाद बुधवार को बागेश्वरी-संजय नगर रोड पर गांधी मोड़ के पास भी बैरियर लगा दिया गया है।

    अतिआवश्यक होने पर हटाए भी जा सकते हैं अवरोधक

    करीब 9 फीट ऊंचे हाइट गेज और लो बैरियर के लगते ही इस मार्ग से बड़े वाहनों की आवाजाही फिलहाल प्रतिबंधित हो गई है। अब इस रास्ते से केवल बाइक और छोटे तिपहिया वाहन ही आ-जा सकते हैं। अधिकारियों ने साफ किया कि यह स्थायी अवरोधक नहीं है। अति आवश्यकता के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों के आदेश निर्देश पर इसे खोला जा सकता है ताकि निर्माण कार्य या आपात स्थिति में बड़े वाहनों को निकाला जा सके।

    भारी वाहनों का दवाब हुआ कम

    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अनुसार, ROB निर्माण के दौरान यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। दोनों बैरियर लगने से अब निर्माण स्थल पर भारी वाहनों का दबाव नहीं रहेगा।

    लंबे जाम से मिलेगी राहत, पर मुआवजे पर अटका पेंच

    बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर ROB निर्माण योजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। ROB बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्टेशन, पावरगंज, बागेश्वरी इलाके में यातायात सुगम होगा। मुआवजे का मामला उलझा हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन-मकान के मुआवजे पर अबतक कोई निर्णय नहीं हुआ है। प्रभावित परिवारों ने पिछले दिनों बागेश्वरी मंदिर प्रांगण में बैठक कर अपने हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का ऐलान किया है।

    प्रभावित परिवार मिलेंगे जिला प्रशासन से

    इधर, चर्चा है कि इस क्षेत्र के प्रभावित लोगों का एक शिष्टमंडल जिला प्रशासन से मिलने के लिए विचार किया है। ताकि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।

    अंचलाधिकारी को दिया गया है निर्देश

    वहीं दूसरी तरफ एक जानकारी ये भी मिली है कि प्रभावित लोगों को मुआवजा देने से पहले भूमि अधिग्रहण की धारा 19(2) के तहत गजट का प्रकाशन भू अर्जन कार्यालय से किया जाना है। इसको लेकर नगर अंचल के सीओ को जिला मुख्यालय से पत्राचार किया गया है वे शीघ्र अपनी रिपोर्ट दें ताकि प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

    मौके पर रहे ये अधिकारी


    कलाली मोड़ पर बैरियर लगाने के दौरान निर्माण एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा, अभियंता रंजन कुमार, सर्वेयर कौशिक करक, निरंजन यादव समेत कई कर्मी मौजूद रहे।

  • महिला की मौत के बाद सीएचसी में बवाल, परिजनों ने एंबुलेंस में की तोड़फोड़

    महिला की मौत के बाद सीएचसी में बवाल, परिजनों ने एंबुलेंस में की तोड़फोड़

    महताब अंसारी

    कोंच (गया)। कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार देर रात एक महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।

    मिली जानकारी के अनुसार खजूरी पंचायत के ददरेजी बाजार निवासी जितेंद्र सिंह की पत्नी की तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए सीएचसी लाया गया था। महिला हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित बताई जा रही थी। इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ गई और देर रात उनकी मौत हो गई।

    मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गलत इंजेक्शन दिए जाने से महिला की जान चली गई। उनका आरोप है कि चिकित्सकों द्वारा मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर तो किया गया, लेकिन एंबुलेंस चालक दल कथित रूप से नशे की हालत में था, जिसके कारण समय पर मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र नहीं ले जाया जा सका।

    हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि महिला का इलाज पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत किया गया था और अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।

    वहीं एंबुलेंस चालक मिथलेश कुमार ने बताया कि मरीज को रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस अस्पताल परिसर में तैयार खड़ी थी। लेकिन अस्पताल से निकलने से पहले ही महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने आक्रोश में आकर एंबुलेंस को क्षतिग्रस्त कर दिया।

    घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है, जबकि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।

  • घूसखोर राजस्व कर्मचारी को दो साल की सजा, ₹20 हजार का जुर्माना भी

    घूसखोर राजस्व कर्मचारी को दो साल की सजा, ₹20 हजार का जुर्माना भी

    विशेष निगरानी न्यायालय का फैसला, 19 साल पुराने रिश्वत कांड में दोषसिद्धि

    न्यूज़ डेस्क


    पटना/मुंगेर। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (एसवीयू) की कार्रवाई में दर्ज 19 वर्ष पुराने रिश्वतखोरी के मामले में विशेष निगरानी न्यायालय, भागलपुर ने तत्कालीन समर्पित राजस्व कर्मचारी अशोक पासवान को दोषी करार देते हुए दो वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की दो धाराओं के तहत ₹10-10 हजार, कुल ₹20 हजार का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
    निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह मामला निगरानी थाना कांड संख्या-85/2007 (विशेष वाद संख्या-27/2007) से संबंधित है।


    रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया था कर्मचारी


    मामले के अनुसार, मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी सीताराम मंडल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तत्कालीन समर्पित राजस्व कर्मचारी अशोक पासवान ने तीन केवाला दाखिल-खारिज करने के एवज में ₹1,800 रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने 12 जुलाई 2007 को आरोपी को ₹1,500 रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।


    आठ गवाहों की गवाही के बाद हुई दोषसिद्धि


    मामले की जांच तत्कालीन पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने की थी और समय पर आरोप पत्र दाखिल किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से आठ गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। विशेष लोक अभियोजक रामवदन कुमार चौधरी ने प्रभावी पैरवी की, जिसके आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया।
    वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के 10 मामलों में सजा
    निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक भ्रष्टाचार के 10 मामलों में अदालत द्वारा सजा सुनाई जा चुकी है। ब्यूरो ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में अभियोजन की कार्रवाई लगातार जारी है।

  • जरूरी खबर:बागेश्वरी रेलवे गुमटी आरओबी निर्माण: बड़े वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक, कलाली मोड़ पर लगाया गया हाई गेज

    जरूरी खबर:बागेश्वरी रेलवे गुमटी आरओबी निर्माण: बड़े वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक, कलाली मोड़ पर लगाया गया हाई गेज

    देवब्रत मंडल


    गया। बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में मंगलवार को अहम कदम उठाया गया। निर्माण कार्य के मद्देनजर स्टेशन–पावरगंज रोड स्थित कलाली मोड़ के पास बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाई गेज (मार्ग अवरोधक) स्थापित कर दिया गया है।
    स्थापित हाई गेज की ऊंचाई पौने तीन मीटर (करीब 9 फीट) रखी गई है। इसके लगते ही इस मार्ग से निर्धारित ऊंचाई से अधिक वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया है। इससे आरओबी निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अनुसार, मार्ग अवरोधक लगाने का आदेश प्राप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बागेश्वरी–गांधी मोड़ रोड के पास भी बैरियर लगाने के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। अगले एक-दो दिनों में वहां भी हाई गेज स्थापित कर दिया जाएगा, जिसके बाद उस दिशा से भी बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लागू हो जाएगी।
    गौरतलब है कि बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण योजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार किया जा रहा है। आरओबी बनने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्टेशन, पावरगंज, बागेश्वरी और आसपास के इलाकों में यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।

    इस मौके पर पुल निगम के अभियंता प्रवीण कुमार, निर्माण कार्य कर रही एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा, अभियंता रंजन कुमार, सर्वेयर कौशिक करक, निरंजन यादव आदि समेत कई कर्मी मौजूद रहे।

    इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली उनकी जमीन मकान को लेकर मुआवजा देने के सम्बंध में अबतक कोई निर्णय नहीं हो सका है। बताया गया कि प्रभावित परिवार के लोगों की एक बैठक बागेश्वरी मंदिर के प्रांगण में हुई थी। जिसमें लोगों ने अपनी हितों की रक्षा को लेकर संघर्ष करने की बात कही है।

  • बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश: डीआरएम के निर्देश पर जांच जारी, जांच में जुटी आरपीएफ

    बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश: डीआरएम के निर्देश पर जांच जारी, जांच में जुटी आरपीएफ

    रेल पटरी पर रखा मिला भारी लोहे का सीएसटी-9 प्लेट, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, डीडीयू मंडल के निर्देश पर जांच तेज

    देवब्रत मंडल

    गया-पटना रेलखंड पर किमी 91/16 के पास पटरी पर cst-9 प्लेट


    गया। गया में एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। वाराणसी से राजगीर जा रही बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित साजिश ट्रेन चालक की सतर्कता और सूझबूझ के कारण विफल हो गई। हालांकि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी यह रहस्य बरकरार है कि रेल पटरी पर भारी लोहे का सीएसटी-9 प्लेट किसने रखा था। मामले की जांच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर रही है और अज्ञात साजिशकर्ता की तलाश जारी है।
    जानकारी के अनुसार, घटना की रात बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस गया जंक्शन से खुलकर पटना की ओर बढ़ रही थी। ट्रेन स्टार्टर सिग्नल के समीप पहुंचने वाली थी कि चालक की नजर रेल पटरी पर रखी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। संभावित खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी। इसके बाद वह इंजन से उतरकर मौके पर पहुंचे, जहां रेल पटरी पर भारी लोहे का सीएसटी-9 प्लेट रखा मिला।
    चालक ने तत्काल इसकी जानकारी ट्रेन के गार्ड को दी और दोनों ने सिक्योरिटी कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। रात करीब दो बजे गया जंक्शन से आरपीएफ और जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेल पटरी से लोहे का प्लेट हटाया गया।
    एहतियात के तौर पर इस दौरान गया जंक्शन से पीछे आ रही गंगा-दामोदर एक्सप्रेस तथा राजगीर से पटना होते हुए गया की ओर आ रही दूसरी ट्रेन को भी रोक दिया गया, ताकि किसी प्रकार का जोखिम न रहे।
    रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यदि चालक समय रहते सतर्कता नहीं दिखाता तो एक बड़ा रेल हादसा हो सकता था। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रेल पटरी पर जानबूझकर भारी लोहे का प्लेट रखा गया था, जिससे ट्रेन को नुकसान पहुंचाने या दुर्घटनाग्रस्त करने की आशंका थी।
    रेलवे के एक अधिकारी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है। इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है और डीडीयू रेल मंडल के डीआरएम के निर्देश पर जांच की जा रही है।
    सूत्रों के अनुसार, घटना की रात गया-पटना रेलखंड पर स्थित चौसठ-सी समपार फाटक पर तैनात गेटमैन से भी आरपीएफ ने पूछताछ की है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि घटना के समय किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि तो नहीं देखी गई थी।
    रेलवे सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे मामले को हाई-प्रोफाइल मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही हैं। सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि आखिर रेल पटरी पर सीएसटी-9 प्लेट रखकर इतनी बड़ी साजिश किसने रची और उसका उद्देश्य क्या था। जांच एजेंसियों के सामने अब इसी रहस्य से पर्दा उठाने की चुनौती है।

  • गया जंक्शन टिकट दलाल केस: बरामद मोबाइल का CDR खोलेगा सरगना का राज? पहले भी पकड़े गए दलाल, फिर भी RPF के हाथ नहीं पहुंचे ‘बड़े खिलाड़ी’ तक

    गया जंक्शन टिकट दलाल केस: बरामद मोबाइल का CDR खोलेगा सरगना का राज? पहले भी पकड़े गए दलाल, फिर भी RPF के हाथ नहीं पहुंचे ‘बड़े खिलाड़ी’ तक

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन से गिरफ्तार टिकट दलाल व RPF की टीम

    तत्काल टिकट के नाम पर काउंटर पर सक्रिय है गिरोह, सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है दलाली का वीडियो, सांठगांठ के आरोपों से घिरी कार्रवाई

    गया: गया जंक्शन के रिजर्वेशन टिकट काउंटर से पकड़े गए टिकट दलाल के मामले में अब नया मोड़ आ सकता है। सूत्रों की मानें तो दलाल के पास से बरामद मोबाइल के CDR यानी कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच से इस गिरोह के मुख्य सरगना तक का नाम सामने आ सकता है।

    RPF ने दलाल को तत्काल टिकट बनवाते समय रंगे हाथ पकड़ा था। उसके पास से कई टिकट और मोबाइल भी मिले थे। यदि अब जांच एजेंसी की नजर उसके मोबाइल CDR पर जाती है तो CDR से पता चलेगा कि दलाल किस-किस से लगातार संपर्क में था और टिकट बुकिंग के दौरान किसके निर्देश पर काम कर रहा था।

    पहले भी पकड़ा गया था दलाल, वायरल हुआ था वीडियो

    यह पहला मामला नहीं है जब गया जंक्शन पर टिकट दलाल पकड़ा गया हो। इसके पहले भी टिकट काउंटर से एक दलाल को गिरफ्तार किया गया था। इतना ही नहीं, कुछ समय पहले तत्काल टिकट दलाली का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

    ‘सरगना’ तक क्यों नहीं पहुंचते हाथ?

    देखा जाए तो गया जंक्शन के रिजर्वेशन काउंटर पर तत्काल टिकट को लेकर दलालों का गिरोह हमेशा सक्रिय रहता है। छोटे-मोटे दलाल तो पकड़े जाते हैं, लेकिन कार्रवाई ‘सरगना’ तक नहीं पहुंच पाती।

    चर्चा है कि इस पूरे खेल में सरगना की अंदरखाने सांठगांठ है। यही वजह है कि हर बार दलाल पकड़ने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है और असली मास्टरमाइंड के गिरेबान तक RPF के हाथ नहीं पहुंच पाते।

    क्या CDR बनेगा टर्निंग प्वाइंट?

    अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या RPF इस बार बरामद मोबाइल के CDR की गहराई से जांच कर गिरोह के सरगना तक पहुंच पाएगी, या फिर पहले की तरह इस मामले को भी रफा-दफा कर दिया जाएगा।

    यात्रियों का कहना है कि अगर सरगना पर कार्रवाई नहीं हुई तो तत्काल टिकट के नाम पर यह काला कारोबार यूं ही चलता रहेगा और आम यात्री परेशान होते रहेंगे।

  • पर्वत पुरुष दशरथ मांझी के क्षेत्र के गेहलौर निवासी दिव्यांग युवक बिट्टू पांडेय लापता, परिवार चिंतित

    पर्वत पुरुष दशरथ मांझी के क्षेत्र के गेहलौर निवासी दिव्यांग युवक बिट्टू पांडेय लापता, परिवार चिंतित

    देवब्रत मंडल



    कुछ समय के लिए बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने वाले पर्वत पुरुष दशरथ मांझी के क्षेत्र मोहड़ा प्रखंड के गेहलौर गांव निवासी एवं वर्तमान शिक्षक मनोज पांडेय के 26 वर्षीय प्रथम पुत्र बिट्टू पांडेय शुक्रवार, 26 जून 2026 की शाम लगभग 6:20 बजे गेहलौर घाटी के पास से अचानक लापता हो गए।
    परिजनों के अनुसार, बिट्टू पांडेय स्कूटी के सहारे आगे बढ़ते हुए अपना मोबाइल बंद कर निकल गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
    परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से असंतुलित हो गए थे तथा दिव्यांग भी हैं। लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर सोमवार को गेहलौर थाना में लिखित आवेदन दिया जाएगा।
    अपील: यदि किसी व्यक्ति को बिट्टू पांडेय के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो कृपया इस नंबर पर 9973905406 पर सम्पर्क करें और तुरंत उनके परिजनों या निकटतम थाना को सूचित करें। इससे एक चिंतित परिवार को अपने बेटे तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।