गया। गया जी के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले ई-रिक्शा चालक शिव कुमार पटेल के बैंक खाते में करीब ₹759 करोड़ का बैलेंस दिखाई देने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह महज बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी है या फिर किसी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी का मामला। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में रामचंद्र प्रसाद नामक एक पेंशनभोगी के बैंक खाते में भी लगभग उतनी ही राशि दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जितनी शिव कुमार पटेल के खाते में बताई जा रही है। हालांकि, “मगध लाइव” वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। दोनों मामलों में राशि समान होने की वजह से लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जरूर शुरू हो गई हैं। शिव कुमार पटेल के मामले में अभी तक आधिकारिक रूप से कोई खुलासा नहीं हुआ है। सोमवार को स्टेशन रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में उनके खाते की जांच की जानी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खाते में दिखाई गई भारी-भरकम राशि किसी तकनीकी त्रुटि का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले बोधगया के एक प्लम्बर मिस्त्री के बैंक खाते में भी करोड़ों रुपये दिखाई देने का मामला सामने आया था। बाद में जांच में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो गई थी। अब सभी की नजर सोमवार को होने वाली बैंक जांच पर टिकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
कोंच (गया)। गया-गोह मुख्य मार्ग पर कोंच प्रखंड कार्यालय के समीप रविवार को दो हाईवा के बीच हुई भीषण टक्कर में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों हाईवा के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों हाईवा विपरीत दिशा से आ रही थीं। तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से केबिन में फंसे दोनों चालकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया।
हादसे के समय सड़क पर लोगों का आवागमन जारी था। सौभाग्यवश कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। दुर्घटना के कारण करीब आधे घंटे तक गया-गोह मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों हाईवा को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर पहुंचा दिया है। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायल चालकों की पहचान नहीं हो सकी थी। कोंच थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रविवार को बैंक बंद रहने से नहीं हो सकी पुष्टि, रकम कहां से आई और कैसे दिखी, बना रहस्य
देवब्रत मंडल
शिव कुमार पटेल
गया। गया जी शहर के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले एक ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में 759 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने ई-रिक्शा चालक शिव कुमार पटेल और उनके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को बैंक बंद रहने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आखिर इतनी बड़ी राशि खाते में कैसे दिखाई दी और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या है।
घर पहुंची पुलिस, फिर थाने और साइबर थाना भेजा गया
शिव कुमार पटेल ने बताया कि रविवार को सबसे पहले डेल्हा थाना क्षेत्र के छोटकी नवादा टीओपी के पुलिस पदाधिकारी उनके घर पहुंचे और उन्हें डेल्हा थाना बुलाया गया। वहां उनका बयान दर्ज किया गया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें साइबर थाना भेजा गया, जहां भी उनसे पूछताछ की गई।
परिवार और आसपास के लोग भी असमंजस में
शिव कुमार पटेल ने बताया कि दिनभर मीडिया कर्मियों का भी उनके घर आना-जाना लगा रहा, जिससे उन्हें बार-बार पूरी घटना बतानी पड़ी। दूसरी ओर, बाहर रहने वाले रिश्तेदारों और परिचितों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, उनके फोन लगातार आने लगे। पूरे परिवार के लिए यह स्थिति परेशानी और तनाव का कारण बन गई है।
सोमवार को बैंक से मिलेगी स्थिति की स्पष्ट जानकारी
एक साधारण ई-रिक्शा चालक के खाते में अचानक 759 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देना किसी के लिए भी हैरान करने वाली बात है। शिव कुमार पटेल का कहना है कि उन्हें सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि सोमवार को बैंक पहुंचने पर आखिर क्या जानकारी मिलेगी और बैंक की ओर से क्या कार्रवाई की जाएगी। रविवार को बैंक बंद रहने के कारण न तो बैंक प्रबंधन से कोई आधिकारिक जानकारी मिल सकी और न ही यह स्पष्ट हो पाया कि यह तकनीकी त्रुटि है, किसी गलत ट्रांजेक्शन का मामला है या फिर कोई अन्य वजह।
सोमवार को उठ सकता है रहस्य से पर्दा
फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है। आसपास के लोग और शिव कुमार पटेल को जानने वाले सभी यही जानना चाहते हैं कि आखिर एक मामूली ई-रिक्शा चालक के खाते में 759 करोड़ रुपये से अधिक की राशि कैसे दिखाई दी। अब सबकी निगाहें सोमवार को बैंक खुलने पर टिकी हैं, जब इस पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।
गया-पटना रेलखंड पर शनिवार की देर रात ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना की सूचना कंट्रोल रूम को मिलते ही गया रेल थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची। घटनास्थल का मुआयना करने के उपरांत पता चला कि घटनास्थल गया रेल थाना क्षेत्र के न्यायिक क्षेत्र में नहीं बल्कि जहानाबाद रेल थाना क्षेत्र अंतर्गत है। इसके बाद रेल पुलिस अग्रेतर कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया। घटना गया-पटना रेलखंड के किमी संख्या 89/27 के पास बताई गई। जो कि जहानाबाद रेल थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है। इस सम्बंध में गया रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि शनिवार की देर रात करीब 03:00 बजे के आसपास कंट्रोल द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल भेजा गया। शव का पंचनामा भरकर जहानाबाद रेल थाना को सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर सुबह में कई लोग पहुंच चुके थे। जिसके बाद मृतक की पहचान हो सकी। उन्होंने बताया कि मृतक का नाम चंदन यादव पिता मुकेश यादव है। जो कि गया जी के चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा गांव का रहने वाला था। हादसा किस ट्रेन से हुआ ये पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि मौत का मामला थोड़ा संदेहास्पद लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के परिजनों के बयान लिए जाने के बाद ही कुछ पता चल पाएगा। रेल पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मौत ट्रेन से गिरकर उसी के चपेट में आने से हुई है या फिर ट्रैक पास करने के दरम्यान हुई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
गया जी शहर के एक ई रिक्शा चालक के अचानक अरबपति बन जाने की खबर आग की तरह फैल गई। चालक के बैंक के खाते में available balance ₹7, 596, 951,951.16 बता रहा है। यह जानकर खाताधारक के दिमाग हिल गया। मोहल्ले और घर में इतनी बड़ी रकम अचानक आ जाने की चर्चा जोर पकड़ लिया। बात बैंक के मैनेजर तक पहुंच गई तो उन्होंने खाताधारक को किसी तरह की लेनदेन करने से और मोबाइल फोन में छेड़छाड़ करने से रोक दिया है। अब इसकी गुत्थी सोमवार को खुलेगी जब बैंक खुलेगा। दरअसल, यह कहानी गया जी शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले शिव कुमार पटेल की है। एक साधारण परिवार के मुखिया ई रिक्शा चलाकर अपने घर की देखरेख कर रहे हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धा पेंशनभोगी हैं। शनिवार को शिव पटेल अपने खाता से पेंशन की राशि निकालने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बागेश्वरी मोहल्ले स्थित सीएसपी केंद्र पर गए। उन्होंने आधारकार्ड के माध्यम से ₹ 1000/- की निकासी की। इसके बाद इनके रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर एक मैसेज आया। पर्याप्त बैलेंस (avialable balance) वाले जगह पर जब सीएसपी संचालक की नजर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। इसकी जानकारी शिव पटेल को दी गई कि आपके अकाउंट में सात अरब रुपये से अधिक राशि बैलेंस बता रहा है। फिर क्या था शिव पटेल के अचानक अरबपति बन जाने की बात आग की तरह फैल गई। मजाक में लोग कहने लगे कि अब शिव पटेल अरबपति बन गए! इस संबंध में पूछे जाने पर शिव पटेल ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर जो बैंक बैलेंस बता रहा है वह ₹7, 596, 951,951.16 बता रहा है। उन्होंने बताया कि एक पड़ोसी की मदद से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्टेशन रोड शाखा के मैनेजर से बात कर पूरी बात बताई। उन्होंने बताया कि मैनेजर ने उन्हें कहा कि आज सेकंड सैटरडे को लेकर बैंक बंद है और कल( 12.07.2026) को रविवार है तो बैंक बंद रहेगा। इसलिए आप सोमवार को बैंक में आएं। उन्होंने बताया कि मैनेजर ने किसी तरह के लेनदेन और मोबाइल फोन के साथ छेड़छाड़ करने से मना कर दिया है। चुकि यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है और घर से लेकर बाहर वाले लोग इस बात को लेकर परेशान हैं कि आखिर अचानक इतनी बड़ी रकम उनके(शिव पटेल) बैंक खाते में किसने डाले? या फिर कोई तकनीकी खराबी की वजह से तो ऐसा नहीं हुआ? अब सोमवार का इंतजार खाताधारक समेत सभी को है कि आगे इस मामले में क्या होना है।
गया जिले के मानपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के लिए खोदे गए गड्ढे में देर रात एक कार पलट गई। गनीमत रही कि कार में सवार दो महिलाएं और चालक बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में पलटी हुई कार को भी बाहर निकाल लिया गया। यह हादसा मुफस्सिल थाना के समीप मोड़ पर उस स्थान पर हुआ, जहां फ्लाईओवर निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया है। घटनास्थल के पास एक मंदिर और दुकान भी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को सड़क पर किए गए निर्माण कार्य और गड्ढे की जानकारी नहीं थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की ओर से कार्यस्थल पर न तो कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया था और न ही पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी। इसी वजह से चालक को समय रहते गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका और कार सीधे उसमें पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे दोनों महिलाओं एवं चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में सभी को मामूली चोटें आईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय कार में सवार लोग कहां के रहने वाले थे, इसका पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और स्पष्ट चेतावनी बोर्ड व बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
गया: अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF और गया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के सिमरौर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं।
कैसे हुई कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर जिले में हथियार तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 जुलाई 2026 को STF को गुप्त सूचना मिली कि सिमरौर गांव निवासी सनावर खान अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद STF एवं स्थानीय पुलिस की टीम ने सनावर खान के घर को घेरकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक ट्रंक में रखे झोले से 8 देसी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके से 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
गिरफ्तार
सनावर खान – सिमरौर गांव, नीमचक बथानी
अल्ताफ खान – सिमरौर गांव, नीमचक बथानी इसके अलावा 2 विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है।
क्या बरामद हुआ
8 देसी कट्टा
4 जिंदा कारतूस
4 मोबाइल फोन
पुलिस ने बरामद हथियारों को जब्त कर नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक 10.07.2026 दर्ज किया है। सभी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गया। गया जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से अव्यवस्थित बनी हुई है। एक ओर रेलवे परिसर में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का बेतरतीब कब्जा रहता है, तो दूसरी ओर स्टेशन रोड पर प्रवेश द्वार के ठीक सामने सड़कों पर भी इन वाहनों की मनमानी से यात्रियों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर जिला पुलिस और यातायात पुलिस के जवान तैनात रहते हैं, जबकि रेलवे परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भी ड्यूटी रहती है। इसके बावजूद वाहन चालकों में नियमों का पालन कराने का कोई प्रभावी डर दिखाई नहीं देता। शनिवार को यह स्थिति तब भी देखने को मिली, जब गया और बोधगया में देश के उपराष्ट्रपति, बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विधान परिषद के सभापति समेत कई मंत्री और विधायक मौजूद थे। वीवीआईपी दौरे को लेकर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर कई दुकानों को हटवा दिया, लेकिन स्टेशन के बाहर सड़क पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की अव्यवस्था जस की तस बनी रही।
यह समस्या किसी एक दिन की नहीं है। गया जंक्शन के बाहर लगभग हर दिन यही नजारा देखने को मिलता है। स्टेशन आने-जाने वाले रेल यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और पैदल राहगीरों को भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के बीच होकर गुजरना पड़ता है। स्टेशन रोड स्थित कई होटलों के सामने भी एक साथ कई वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। नियमानुसार यात्रियों को उतारने के बाद वाहनों को तुरंत आगे बढ़ जाना चाहिए, ताकि यातायात बाधित न हो, लेकिन इसका पालन शायद ही कभी होता है। इसी तरह स्टेशन से एक नंबर गुमटी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी अव्यवस्था बनी रहती है। यहां रेल परिसर से सटी सड़क के किनारे कई अवैध दुकानें भी लग जाती हैं, जिससे पैदल चलने वालों और रेल यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रेलवे और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से नियमित अभियान चलाकर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करे और अवैध कब्जों के साथ-साथ सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े करने पर सख्ती बरते, तो इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान संभव है। फिलहाल व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी जिन विभागों पर है, उनकी उदासीनता के कारण यात्रियों को रोज असुविधा झेलनी पड़ रही है।
गया जी: गया रेल थाना के चर्चित सोना लूटकांड में नया मोड़ आया है। इस मामले में नामजद आरोपी मो. परवेज आलम को पटना हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिल गई है। पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अनसुल की एकलपीठ ने 08 जुलाई को सुनवाई के बाद रेल थाना गया कांड संख्या 334/2025 में दायर जमानत याचिका स्वीकार कर ली। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार सिंह ने पक्ष रखा, जबकि राज्य की ओर से राजेंद्र सिंह ने पैरवी की।
इसकेपहले सिपाहियों को लगा था झटका
गौरतलब है कि इसी लूटकांड में नामजद रेल थाना के चार सिपाहियों की अग्रिम जमानत याचिका पटना हाईकोर्ट ने कुछ समय पहले खारिज कर दी थी। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इनकार किया था। इसके बाद नामजद पुलिसकर्मियों पर गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी।
क्या है पूरा मामला
यह घटना 21 नवंबर 2025 की है। आरोप है कि हावड़ा-बीकानेर जोधपुर एक्सप्रेस में कोडरमा स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद गया रेल थाना क्षेत्र में गया रेल थाना के चार सिपाहियों और दो बाहरी लोग मो. परवेज आलम एवं गया रेल थाना के वाहन का पूर्व चालक सीताराम ने मिलकर सोना व्यवसायी मनोज कुमार सोनी के स्टाफ से 1 किलोग्राम सोना लूट लिया था। साथ में मारपीट करने का भी आरोप है।
अपर रेल पुलिस अधीक्षक कर रहे जांच, चार्जशीट दाखिल
बता दें इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। जिसका नेतृत्व पटना रेल के अपर रेल पुलिस अधीक्षक भास्कर रंजन कर रहे हैं। जांच में गया रेल थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर निलंबित किया गया था। वे अब जमानत पर बाहर हैं। वहीं इस मामले में पुलिस ने अबतक की जांच में आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र भी गया रेलवे कोर्ट को समर्पित कर चुकी है।
निलंबित रेल थानाध्यक्ष के विरुद्ध जारी है विभागीय जांच
निलंबित थानाध्यक्ष
इधर, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि निलंबित इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह के खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि मुजफ्फरपुर रेल पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विभागीय जांच चल रही है। जिसमें कुछ गवाहों को गवाही देने के लिए 09 जुलाई को मुजफ्फरपुर बुलाया गया था लेकिन कुछ गवाहों को विभागीय आदेश देरी से प्राप्त हुई। जिसकी वजह से उनकी गवाही नहीं हो सकी है।
मो. परवेज आलम ने किया था आत्मसमर्पण
इसी केस में गया जी के सराफा कारोबारी मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर लूट का सोना खरीद-बिक्री का आरोप है। पुलिस ने उनके पास से कुछ सोना बरामद भी किया था। वे भी अब जमानत पर हैं। वहीं आरोपी परवेज आलम ने गया रेलवे कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था और न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा में बंद थे। परवेज के खिलाफ एक आरोप यह भी है लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपने आरओ प्लांट पर लूट के सोने के बार(बिस्किट) की कटाई के लिए ले गया था। ये टेक्निकल टीम की जांच में सामने आया है।
आरओ प्लांट
अब आगे क्या होना है
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद परवेज आलम जेल से बाहर आ सकेंगे। सूत्रों ने बताया कि मो. परवेज आलम को जमानत मिल जाने की सूचना गया रेलवे कोर्ट को मौखिक रूप से मिली हैम लेकिन खबर लिखे जाने तक आदेश की प्रति हाई कोर्ट पटना से गया रेलवे मजिस्ट्रेट के न्यायालय में नहीं पहुंच सकी थी। इधर, सिपाहियों की अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद उनके सामने अब निचली अदालत में सरेंडर कर नियमित जमानत लेने का विकल्प है। एसआईटी की जांच और विभागीय कार्रवाई भी जारी है।
प्रभावित लोगों से वार्ता करते वरीय परियोजना अभियंता
गया। बागेश्वरी गुमटी के पास प्रस्तावित आरओबी निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मुआवजा भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को बागेश्वरी-पावरगंज रोड किनारे की दुकानें और कई प्रतिष्ठान स्वस्फूर्त बंद रहे। प्रभावित लोगों ने साफ कहा कि “पहले मुआवजा, तब काम” के सिद्धांत पर ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए। गुरुवार को इस सड़क मार्ग के किनारे बने मकान और दुकानों से जुड़े लोग विरोधस्वरूप अपनी-अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम नहीं किया, लेकिन बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारियों और अतिक्रमण हटाने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के समक्ष अपनी मांगें मजबूती से रखीं।
रेल प्रशासन भी रहा अलर्ट, आरपीएफ की तैनाती
तैनात आरपीएफ
संभावित विरोध को देखते हुए रेल प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। आशंका थी कि कहीं प्रदर्शनकारी गया-मानपुर रेलखंड की ओर न बढ़ जाएं और रेल परिचालन बाधित न हो। इसे लेकर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में काफी संख्या में जवान बागेश्वरी गुमटी (71ए) के पास तैनात कर दिए गए। प्रभावितों से वार्ता, 15 मीटर तक ही होगी शुरुआती बैरिकेडिंग इधर, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आकाश दीप के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच हुई वार्ता में यह सहमति बनी कि फिलहाल निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सिर्फ 15 मीटर तक ही सड़क पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके साथ ही लोगों के आने-जाने के लिए करीब 4 से 5 फीट चौड़ा रास्ता छोड़ा जाएगा, ताकि स्थानीय आवागमन पूरी तरह बाधित न हो। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आरओबी के अलाइनमेंट के अनुसार जिन लोगों की जमीन या मकान अधिग्रहण की जद में आएंगे, उनकी जमीन की मापी कर सीमांकन किया जाएगा। इस बात पर लोग राजी हो गए हैं। कार्य करने में अब किसी तरह की बाधा नहीं आने की उम्मीद की जा सकती है।
पहले पिलरों के लिए होगी खुदाई, सुरक्षा घेरे में रहेगा क्षेत्र
पुल निर्माण निगम के अधिकारियों के अनुसार, आरओबी निर्माण के प्रथम चरण में सड़क पर चिन्हित पिलरों के स्थान पर गड्ढे किए जाएंगे। जिन-जिन जगहों पर शुरुआती खुदाई होनी है, उस हिस्से को सुरक्षा घेरे में लिया जाएगा ताकि निर्माण कार्य के दौरान लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
अतिक्रमण हटाने का आदेश पहले ही जारी
बागेश्वरी गुमटी
बता दें कि सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने बागेश्वरी-पावरगंज रोड पर अतिक्रमण हटाने का आदेश बुधवार को जारी किया था। आदेश के अनुसार 9 जुलाई से 11 जुलाई तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी है। पूर्व सूचना मिलने के बाद गुरुवार को कई लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया, जबकि जो लोग अब तक नहीं हटा सके हैं, उन्हें अगले दो दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। शहर को जाम से राहत देने के लिए बन रहा आरओबी मालूम हो कि इस सड़क मार्ग पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से आरओबी का निर्माण कराया जाना है। इस परियोजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्वीकृति मिली थी, जबकि इसका भूमि पूजन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार कर चुके हैं। सरकार की मंशा इस आरओबी के जरिए शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने की है।
कलाली मोड़ पर लगाया जा रहा नया मजबूत बैरियर
कार्य का निरीक्षण करते अभियंता
इधर, कलाली मोड़ के पास हाल में क्षतिग्रस्त हुए बैरियर की जगह अब नया और मजबूत लोहे का बैरियर लगाया जा रहा है। ताकि बड़े वाहन इधर से नहीं आना जाना कर सके। बता दें यह कार्य अधिकृत एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। लोगों में उम्मीद जगी है कि बहुत जल्द पुल का निर्माण कार्य प्रगति करते हुए मुकाम तक पहुंच जाएगा।