Blog

  • आनंद विहार-भुवनेश्वर के बीच 15 जुलाई को चलेगी वन-वे स्पेशल ट्रेन, कोडरमा- गोमो होकर गुजरेगी

    आनंद विहार-भुवनेश्वर के बीच 15 जुलाई को चलेगी वन-वे स्पेशल ट्रेन, कोडरमा- गोमो होकर गुजरेगी

    देवब्रत मंडल

    यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल से भुवनेश्वर के बीच एक ट्रिप वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04466 आनंद विहार टर्मिनल-भुवनेश्वर वन-वे स्पेशल का परिचालन 15 जुलाई 2026 को किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन पहाड़पुर, कोडरमा, हजारीबाग टाउन, पारसनाथ और गोमो मार्ग से होते हुए भुवनेश्वर के लिए रवाना होगी।रेलवे का उद्देश्य बढ़ती भीड़ के दौरान यात्रियों को सुविधाजनक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। इस विशेष ट्रेन से झारखंड और बिहार के यात्रियों को भी यात्रा में सुविधा मिलेगी। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ  के अनुसार यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वन-वे स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। रेलवे को उम्मीद है कि इस सेवा से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य आवश्यक जानकारी की पुष्टि रेलवे के अधिकृत माध्यमों – IRCTC वेबसाइट, NTES ऐप या रेलवे पूछताछ से कर लें।

  • टिकारी BDO ने की थी शिकायत, अनधिकृत रूप से 3 माह से गायब प्रधान सहायक के निलंबन की मांग CM से

    टिकारी BDO ने की थी शिकायत, अनधिकृत रूप से 3 माह से गायब प्रधान सहायक के निलंबन की मांग CM से

    देवब्रत मंडल

    गया: प्रखंड कार्यालय टिकारी में कार्यरत प्रधान सहायक श्री राणा प्रताप के खिलाफ अनधिकृत अनुपस्थिति और लंबित आपराधिक प्रकरण को लेकर निलंबन व विभागीय कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री से की गई है।

    3 माह से बिना सूचना गायब
    मंजू कुमारी ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि राणा प्रताप दिनांक 01.04.2026 से बिना सूचना और बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित हैं।

    उन्होंने कहा है कि BDO टिकारी ने पत्रांक-714, दिनांक 27.05.2026 के माध्यम से इसकी जानकारी जिला पदाधिकारी, गया को पहले ही दे दी थी। RTI के तहत जारी पत्रांक-1056, दिनांक 13.07.2026 में भी पुष्टि की गई है कि उनकी अनुपस्थिति के कारण 01.04.2026 से वेतन भी रोक दिया गया है।

    यौन शोषण का आपराधिक मामला भी लंबित
    पत्र में आगे कहा गया है कि राणा प्रताप के विरुद्ध विष्णुपद थाना कांड संख्या 242/2026 दर्ज है। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर यौन शोषण किया गया। इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गया  के न्यायालय द्वारा उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज की जा चुकी है।

    CM से हस्तक्षेप की मांग
    शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि बिहार सरकारी सेवक सेवा नियमों के तहत राणा प्रताप को तत्काल निलंबित कर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही जिला पदाधिकारी, गया को इस संबंध में निर्देश देने की मांग की गई है।

    शिकायतकर्ता ने अपने पत्र के साथ BDO का पत्र, RTI का जवाब, थाना कांड की कॉपी और जमानत खारिज आदेश की प्रति भी संलग्न की है।

  • यात्रीगण कृप्या ध्यान दें: गया जंक्शन के वन-बी प्लेटफार्म का मेगा ब्लॉक 18 जुलाई तक बढ़ा

    यात्रीगण कृप्या ध्यान दें: गया जंक्शन के वन-बी प्लेटफार्म का मेगा ब्लॉक 18 जुलाई तक बढ़ा

    देवब्रत मंडल

    गया: गया जंक्शन के वन-बी प्लेटफार्म पर चल रहे आधुनिकीकरण कार्य के लिए लिया गया मेगा ब्लॉक 18 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। पहले यह निर्माण कार्य 13 जुलाई तक पूरा होना था, लेकिन काम तय समय में समाप्त नहीं हो पाने के कारण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्लॉक की अवधि बढ़ाने का निर्देश दिया है।

    क्या-क्या हो रहा है काम
    गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना के तहत वन-बी प्लेटफार्म का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके तहत:

    • प्लेटफार्म की संरचना को पूरी तरह आधुनिक बनाया जा रहा है
    • बेहतर फर्श और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है
    • यात्रियों के लिए नई आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं

    निर्माण कार्य के कारण इस प्लेटफार्म पर ट्रेनों के परिचालन में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं, ताकि काम सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।

    प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया
    कंस्ट्रक्शन विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार सिन्हा  के हवाले से बताया कि काम तेज गति से चल रहा है। कुछ तकनीकी और निर्माण संबंधी कार्य अपेक्षा से अधिक समय लेने के कारण मेगा ब्लॉक बढ़ाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को निर्देश दे दिया गया है कि 18 जुलाई तक हर हाल में शेष कार्य पूरा कर लिया जाए। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

    यात्रियों को क्या मिलेगा लाभ
    रेलवे अधिकारियों के अनुसार काम पूरा होने के बाद यात्रियों को पहले से अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं वाला प्लेटफार्म मिलेगा। रेलवे का लक्ष्य है कि गया जंक्शन आने वाले हर यात्री को विश्वस्तरीय अनुभव मिले।

    गौरतलब है कि स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत गया जंक्शन पर कई परियोजनाओं पर एक साथ काम चल रहा है। वन-बी प्लेटफार्म का आधुनिकीकरण भी उसी का हिस्सा है।

  • गया जंक्शन के रिज़र्वेशन बुकिंग काउंटर से टिकट दलाल गिरफ्तार, बंग्ला स्थान, पहसी का है निवासी

    गया जंक्शन के रिज़र्वेशन बुकिंग काउंटर से टिकट दलाल गिरफ्तार, बंग्ला स्थान, पहसी का है निवासी

    देवब्रत मंडल


    गया रेलवे स्टेशन के रिज़र्वेशन टिकट बुकिंग काउंटर पर टिकट दलाल हावी है। यहां दलालों  की गहरी पैठ बना हुआ है। इसी क्रम में आरपीएफ की टीम ने ऑपरेशन उपलब्ध के तहत अवैध टिकट कारोबारी को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से ₹9780 का तत्काल टिकट बरामद किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल, RPF पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ऑपरेशन उपलब्ध के तहत अवैध तरीके से टिकट बेचने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

    घटना का विवरण
    दिनांक 14.07.2026 को स.उ.नि. मृत्युंजय कुमार अकेला के नेतृत्व में RPF की टीम गया रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर गश्त कर रही थी। टीम में पहेड कांस्टेबल संतोष कुमार सिंह, संजय कुमार राय, सिपाही आलोकसक्सेना, शशि शेखर, आ मुकेश कुमार एवं  रौशन कुमार भी शामिल थे।

    इसी दौरान टीम ने टिकट कटा कर निकल रहे एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल राज, उम्र 29 वर्ष, पिता स्व. संजय कुमार बताया। पता: मुहल्ला बंगला स्थान पहसी, वार्ड-09, पोस्ट-RS गया, थाना-कोतवाली, जिला-गया।

    क्या बरामद हुआ
    पूछताछ में राहुल राज ने बताया कि वह जरूरतमंद लोगों से टिकट का ऑर्डर लेकर काउंटर से टिकट कटवाता है और टिकट के मूल्य पर ₹200 से ₹500 तक अतिरिक्त कमीशन लेता है।

    उसके पास से 1 अदद तत्काल टिकट  बरामद हुआ:

    • PNR: 6946667744
    • यात्रा दिनांक: 15.07.2026
    • ट्रेन: 12792 दानापुर – सिकंदराबाद
    • कीमत: ₹9780
      साथ ही 1 अदद Poco कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

    कानूनी कार्रवाई
    रेल टिकट का अवैध कारोबार करने के आरोप में स.उ.नि. मृत्युंजय कुमार अकेला के लिखित शिकायत पर RPF पोस्ट गया में कांड संख्या 1965/2026, दिनांक 14.07.2026 के तहत धारा 143 रेल अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

  • ऑफ द रिकॉर्ड: नए थानेदार और पुराने थानेदार दोनों परेशान, मालखाना का चार्ज अब तक नहीं सौंपा

    ऑफ द रिकॉर्ड: नए थानेदार और पुराने थानेदार दोनों परेशान, मालखाना का चार्ज अब तक नहीं सौंपा

    देवब्रत मंडल

    पटना/गया/मगध प्रमंडल: पटना रेल जिले के मगध प्रमंडल अंतर्गत एक रेल थाना में मालखाना का चार्ज नहीं सौंपे जाने को लेकर नया और पुराना दोनों थानाध्यक्ष परेशान हैं।

    क्या है पूरा मामला

    पिछले साल इस थाने में सोना लूटकांड का मामला सामने आया था। इसके बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष को निलंबित कर जेल भेज दिया गया था। बाद में न्यायालय से उन्हें जमानत मिल गई और वे जेल से बाहर आ गए।

    चूंकि वे थानाध्यक्ष थे, इसलिए मालखाना का प्रभार भी उनके पास था। इसके बाद विभाग ने थाने में एक नए इंस्पेक्टर की पोस्टिंग कर दी।

    नियम के अनुसार निलंबित पूर्व थानाध्यक्ष को मालखाना का चार्ज नए प्रभारी निरीक्षक को सौंपना था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी यह चार्ज नहीं दिया जा सका है।

    सोमवार को फिर पहुंचे पूर्व थानाध्यक्ष


    सूत्रों के अनुसार पूर्व थानाध्यक्ष इसी काम से सोमवार को फिर थाना पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अभी भी कई सामान और दस्तावेज ऐसे हैं जिनका चार्ज नहीं सौंपा गया है।

    इसी वजह से नए थानाध्यक्ष भी असमंजस में हैं कि बिना चार्ज लिए आगे की जिम्मेदारी कैसे संभालें।

    प्रशासनिक पेंच


    रेल पुलिस सेवा नियमावली के मुताबिक थाने का चार्ज बदलते ही पुराने अधिकारी को नए अधिकारी को सारा प्रभार सौंपना अनिवार्य है। लेकिन इस मामले में प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है।

    फिलहाल दोनों पदाधिकारी इस पेंच में फंसे हुए हैं। विभागीय स्तर पर जल्द समाधान की उम्मीद की जा रही है।

  • प्रशासनिक बदलाव: नए बीडीओ चंदन कुमार व अंचलाधिकारी ऋतु सोनी ने संभाला पदभार

    प्रशासनिक बदलाव: नए बीडीओ चंदन कुमार व अंचलाधिकारी ऋतु सोनी ने संभाला पदभार

    महताब अंसारी

    कोंच (गया)। कोंच प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में सोमवार को प्रशासनिक बदलाव के बीच नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंदन कुमार और नई अंचलाधिकारी (सीओ) ऋतु सोनी ने अपना-अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा कार्यालय कर्मियों ने भाग लिया।

    प्रखंड सभागार में आयोजित विदाई-सह-स्वागत समारोह में निवर्तमान बीडीओ बिपुल भारद्वाज को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तथा नवपदस्थापित बीडीओ चंदन कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख मणि देवी ने की, जबकि संचालन रामजय सिंह ने किया।

    समारोह को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने बिपुल भारद्वाज के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके सहयोगात्मक व्यवहार और विकास कार्यों में योगदान की प्रशंसा की। मुखिया संघ अध्यक्ष शिव कुमार चौहान एवं मुखिया दिलीप कुमार ने नए बीडीओ चंदन कुमार से विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों में तेजी लाने की अपेक्षा जताई।

    अपने संबोधन में निवर्तमान बीडीओ बिपुल भारद्वाज ने कोंचवासियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं नवपदस्थापित बीडीओ चंदन कुमार ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया।

    इधर, कोंच अंचल में नई अंचलाधिकारी के रूप में ऋतु सोनी ने पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय कर्मियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया।

    इस अवसर पर गरारी पंचायत की मुखिया पूजा कुमारी ने बुके भेंट कर नई अंचलाधिकारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। ऋतु सोनी ने कहा कि आम जनता को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी तथा राजस्व से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

    कार्यक्रम के अंत में निवर्तमान बीडीओ बिपुल भारद्वाज को सम्मानित किया गया तथा नवपदस्थापित बीडीओ चंदन कुमार एवं अंचलाधिकारी ऋतु सोनी का स्वागत कर उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

  • आगरा कैंट के उप स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट की घटना के विरोध में काली पट्टी,  कहा- रेलवे के लिए काला अध्याय: मिथिलेश

    आगरा कैंट के उप स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट की घटना के विरोध में काली पट्टी,  कहा- रेलवे के लिए काला अध्याय: मिथिलेश

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन:काला पट्टी बांधकर विरोध जताते स्टेशन मास्टर



    12 जुलाई 2026 को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ऑन ड्यूटी उप स्टेशन अधीक्षक के साथ रेल सुरक्षा बल द्वारा मारपीट की घटना को ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन निंदा करता है एवं दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग करता है। कामरेड मिथिलेश कुमार केंद्रीय कोषाध्यक्ष ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन हाजीपुर सह केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली ने कहा कि आगरा कैंट की घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण ,रेलवे के इतिहास में काला अध्याय एवं रेलवे की छवि को खराब करने की कोशिश है।

    मिथलेश कुमार केंद्रीय नेता

    इस घटना के विरोध में गया जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक एवं उप अधीक्षक ने काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध जताया है। इन रेलकर्मियों ने कहा कि ट्रेनों की सुरक्षित परिचालन के लिए तैनात रेलकर्मी खासकर रेलवे की ‘रीढ़ की हड्डी’ कहे जाने वाली कैंडर स्टेशन मास्टर संवर्ग के साथ विगत दिनों आगरा कैंट स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा हेतु कदम उठाने के बावजूद वर्दी के नशा में चूर आरपीएफ स्टाफ द्वारा उप स्टेशन अधीक्षक के साथ अमानवीय तरीके से यात्रियों के समक्ष दुर्व्यवहार ,प्लेटफार्म पर घसीटा जाना, जबरदस्ती आरपीएफ ऑफिस ले जाना, उच्च अधिकारियों की बात नहीं मानना यह सब क्या दर्शाता है ? रेलवे की छवि को खराब करना और कुछ नहीं। कानून के रक्षक ही जब भक्षक बन जाए तब फिर कानून का अनुपालन कौन कराए। पीड़ित उप स्टेशन अधीक्षक, कर्मचारी यूनियन द्वारा विरोध एवं स्थानीय सांसद द्वारा डांट फटकार के बाद प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करना जीआरपी ,आगरा कैंट की कार्य शैली पर भी प्रश्न चिन्ह उठाता है। स्थानीय स्तर पर वहां का यूनियन जब डीआरएम ऑफिस एवं आवास का घेराव करता है तथा आरपीएफ कार्यालय आगरा कैंट के समक्ष विरोध प्रदर्शन एवं नारेबाजी करती है तथा जीआरपी पर दबाव बनाती है तब कहीं जाकर एफ आइ आर दर्ज किया जाता है काफी दुर्भाग्यपूर्ण है जब वहां कार्यरत उप स्टेशन अधीक्षक को इतना संघर्ष करना पड़ा तब आम आदमी को न्याय कैसे मिलेगा सोचने का विषय है।
    ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन पीड़ित उप स्टेशन अधीक्षक के साथ घटित घटना के विरुद्ध वहां के यूनियन उत्तर मध्य रेल मेंस यूनियन(NCRMU) के साथ लगातार संपर्क में रहते हुए समन्वय बनाकर दोषियों के विरुद्ध कठोर से कठोर करवाई की मांग को उच्च स्तर पर पहुंचा कर दोषियों को पद मुक्त करने की मांग रखी है।

  • जिला निबंधन कार्यालय का हो रहा कायाकल्प, लेकिन दीवारों पर गया ‘जी’  गायब

    जिला निबंधन कार्यालय का हो रहा कायाकल्प, लेकिन दीवारों पर गया ‘जी’  गायब

    देवब्रत मंडल

    गया: जिला निबंधन कार्यालय का जीर्णोद्धार का काम तेजी से चल रहा है। कार्यालय की अंदर-बाहर की दीवारों को नया आधुनिक लुक दिया जा रहा है। लेकिन इसी बीच एक अहम कमी लोगों की नजर में आ रही है।

    ‘गया जी’ को नहीं मिला सम्मान


    शहर के केंद्र में स्थित इस कार्यालय की दीवारों पर शहर का नया नाम ‘गया जी’ कहीं नहीं लिखा गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में शहर के पौराणिक महत्व को देखते हुए इसका नाम ‘गया’ से बदलकर ‘गया जी’ किया गया था।

    लोगों का कहना है कि जब सरकार ने पूरे शहर को ‘गया जी’ की पहचान दी, तो निबंधन विभाग इसे भूल कैसे गया?

    लोगों में नाराजगी
    शहर के बुद्धिजीवी और आम लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर अधिकारी ही ‘गया जी’ को सम्मान नहीं देंगे तो फिर और किससे उम्मीद करें।

    भूमि की खरीद-बिक्री के लिए कार्यालय आने वाले लोगों ने भी मांग की है कि निर्माण कार्य अभी चल ही रहा है, इसलिए दीवारों और नेम प्लेट पर ‘जिला निबंधन कार्यालय, गया जी’ जरूर लिखा जाए।

    पदाधिकारी से संपर्क
    इस संबंध में जिला अवर निबंधन पदाधिकारी सोमेश्वर कुमार से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिल सका।

    अब देखना होगा कि विभाग इस मांग पर क्या कदम उठाता है और ‘गया जी’ को उसका हक का सम्मान मिल पाता है या नहीं।

  • बागेश्वरी गुमटी ROB: सोमवार देर रात से शुरू होगा गड्ढा खुदाई का काम, सड़क पर लगेगी बैरिकेडिंग

    बागेश्वरी गुमटी ROB: सोमवार देर रात से शुरू होगा गड्ढा खुदाई का काम, सड़क पर लगेगी बैरिकेडिंग

    देवब्रत मंडल

    गया: बागेश्वरी गुमटी के पास प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण को लेकर नया अपडेट सामने आया है। पुल निर्माण की प्रक्रिया अब जमीन पर दिखने लगी है।

    क्या होगा काम
    पुल के निर्माण के लिए सबसे पहले बागेश्वरी रोड पर गड्ढे किए जाएंगे। इसी को लेकर कार्यस्थल पर मशीनें पहुंच चुकी हैं। सोमवार देर रात से खुदाई का काम शुरू होने की उम्मीद है।

    अधिकारियों का निरीक्षण
    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आकाश दीप के नेतृत्व में अभियंताओं की टीम ने बागेश्वरी गुमटी पहुंचकर पूरे कार्यस्थल का मुआयना किया। उन्होंने कार्य कर रही एजेंसी के अभियंता और प्रोजेक्ट मैनेजर को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

    ट्रैफिक पर असर
    निर्माण के दौरान दिक्कत न हो इसके लिए सड़क पर बैरिकेडिंग करने का भी निर्देश दिया गया है। उम्मीद है कि सोमवार रात से ही अवरोधक लगा दिए जाएंगे।

    बैरिकेडिंग लगने के बाद इस मार्ग से ऑटो-रिक्शा का आना-जाना भी बंद हो जाएगा।

    स्थानीय लोगों के लिए जरूरी:

    ROB का काम शुरू होने से बागेश्वरी रोड पर आवागमन प्रभावित होगा। इसलिए वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है।

  • 759 करोड़ रुपये का रहस्य सुलझा: ई-रिक्शा चालक के खाते में आई थी इतनी बड़ी रकम, बैंक ने बताई पूरी सच्चाई

    759 करोड़ रुपये का रहस्य सुलझा: ई-रिक्शा चालक के खाते में आई थी इतनी बड़ी रकम, बैंक ने बताई पूरी सच्चाई

    देवब्रत मंडल


    गया। गया शहर के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले ई-रिक्शा चालक शिव कुमार पटेल के बैंक खाते में 759 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने के मामले का आखिरकार खुलासा हो गया है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्टेशन रोड शाखा की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शिव कुमार पटेल के खाते में इतनी बड़ी राशि कभी क्रेडिट हुई ही नहीं थी। बैंक के अनुसार, यह मामला तकनीकी गड़बड़ी (नेटवर्क/ग्लिच) के कारण बैलेंस गलत दिखने का था।

    शनिवार को निकासी की थी पेंशन की राशि

    शनिवार को शिव कुमार पटेल बागेश्वरी रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से वृद्धावस्था पेंशन में से एक हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। निकासी के बाद सीएसपी में उनके खाते का बैलेंस 759 करोड़ रुपये से अधिक दिखाई दिया। यह देखकर सीएसपी संचालक रोहित कुमार ने उन्हें इसकी जानकारी दी और तुरंत बैंक शाखा को सूचित किया।

    किसी तरह की लेनदेन करने की थी मनाही


    बैंक की ओर से शिव कुमार पटेल को किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं करने और मोबाइल फोन के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी गई। इस बीच मामले की खबर सबसे पहले Magadh Live ने प्रकाशित की, जिसके बाद डेल्हा थाना और साइबर थाना की पुलिस भी सक्रिय हो गई। रविवार को बैंक बंद रहने के कारण शिव कुमार पटेल और उनका परिवार दो दिनों तक असमंजस और चिंता में रहा कि आखिर इतनी बड़ी रकम उनके खाते में कैसे दिखाई दे रही है।

    सोमवार को बैंक खुलने के बाद हुआ खुलासा

    सहायक प्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया


    सोमवार को शिव कुमार पटेल बैंक पहुंचे। शाखा प्रबंधक के अवकाश पर रहने के कारण उनकी मुलाकात सहायक प्रबंधक सुधीर कुमार से हुई। सहायक प्रबंधक ने खाते की विस्तृत जांच कर बताया कि कहीं से भी 759 करोड़ रुपये की कोई राशि खाते में जमा होने का रिकॉर्ड नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि खाते के स्टेटमेंट के अनुसार शनिवार को केवल एक हजार रुपये की पेंशन निकाली गई थी और जांच के समय खाते में मात्र 105 रुपये शेष थे। बैंक के अनुसार, नेटवर्क या तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलत बैलेंस प्रदर्शित हुआ था।
    बैंक ने शिव कुमार पटेल को उनके खाते का पूरा स्टेटमेंट भी उपलब्ध करा दिया है, ताकि भविष्य में किसी भी जांच या पूछताछ के दौरान कोई परेशानी न हो।

    बैंक की जांच से संतुष्ट हुए शिव कुमार पटेल

    शिव पटेल, ग्राहक


    शिव कुमार पटेल ने बताया कि बैंक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके खाते में कभी 759 करोड़ रुपये की राशि आई ही नहीं थी। स्टेटमेंट मिलने के बाद उनकी सारी शंका दूर हो गई है और अब उन्होंने राहत की सांस ली है। उन्होंने अपने परिजनों और शुभचिंतकों को भी यह जानकारी दे दी है कि उनके खाते में इतनी बड़ी रकम कभी जमा नहीं हुई थी। हालांकि शिव कुमार पटेल ने कहा कि इस घटना के बाद उन्होंने एहतियातन अपना यह बैंक खाता बंद कराने का निर्णय लिया है।