Blog

  • गया जंक्शन पर जान जोखिम में डालकर पटरी पार कर रहे यात्री, 19 जून के बाद 27 जून का वीडियो फिर वायरल, RPF-GRP नदारद

    गया जंक्शन पर जान जोखिम में डालकर पटरी पार कर रहे यात्री, 19 जून के बाद 27 जून का वीडियो फिर वायरल, RPF-GRP नदारद

    देवब्रत मंडल

    FOB छोड़ पटरियों से प्लेटफॉर्म बदल रहे बच्चे-बड़े, इस साल 250 से ज्यादा पर कार्रवाई का दावा, फिर भी मौके पर नहीं दिखते जवान, क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा रेल प्रशासन?


    गया: गया जंक्शन पर यात्रियों की जान से खिलवाड़ का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। 19 जून को एक वीडियो सामने आया था जिसमें ट्रेन के आते समय भी यात्री फुट ओवर ब्रिज (FOB) का इस्तेमाल न कर सीधे रेल पटरियों को लांघकर प्लेटफॉर्म बदल रहे थे। magadhlive ने फोटो सहित यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।

    इसके बावजूद 27 जून की रात एक और वीडियो वायरल हुआ है। इसमें साफ दिख रहा है कि परिवार के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी जान जोखिम में डालकर रेल पटरियों से होकर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जा रहे हैं।

    दावा- 250 से ऊपर पर कार्रवाई, हकीकत- प्लेटफॉर्म पर सन्नाटा


    इस मामले में जब भी वरिष्ठ अधिकारियों से सवाल किया जाता है तो जवाब आता है कि RPF और GRP द्वारा लगातार सतर्कता और जागरूकता अभियान चलाया जाता है। यात्रियों से अपील की जाती है कि FOB का ही इस्तेमाल करें।

    अधिकारियों का यह भी दावा है कि इस साल अब तक इस तरह की गलती करने वाले 250 से अधिक लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।

    लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। हर बार वीडियो में देखा गया है कि जब यात्री पटरियों से प्लेटफॉर्म बदल रहे होते हैं, उस वक्त उन्हें रोकने-टोकने के लिए RPF या GRP का एक भी जवान प्लेटफॉर्म पर मौजूद नहीं रहता। दूर-दूर तक सुरक्षा बल का कोई अधिकारी या जवान नजर नहीं आता।

    क्या बड़े हादसे का इंतजार?


    गया जंक्शन पर यह लापरवाही आम बात हो गई है। यात्री ट्रेन के आने-जाने के वक्त भी बेधड़क पटरी पार करते दिख जाते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सुरक्षा बल के अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?

    रेलवे एक्ट के तहत पटरी पार करना दंडनीय अपराध है, फिर भी इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा। अगर समय रहते इस लापरवाही पर रोक नहीं लगाई गई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

    जरूरत है कि RPF और GRP सिर्फ कागजी कार्रवाई और बयानबाजी से बाहर निकलकर प्लेटफॉर्म पर भौतिक रूप से मौजूद रहें और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करें।

  • गया में पिकअप की टक्कर से घायल कंप्यूटर शिक्षक सुधीर की मौत, 6 माह पहले हुई थी शादी, चाचा-भतीजा घायल

    गया में पिकअप की टक्कर से घायल कंप्यूटर शिक्षक सुधीर की मौत, 6 माह पहले हुई थी शादी, चाचा-भतीजा घायल

    गया-गोह मुख्य मार्ग पर गैस एजेंसी के पास हादसा, भाग रहे पिकअप ने दूसरी बाइक को भी मारी टक्कर, चाचा-भतीजा घायल, चालक गिरफ्तार

    महताब अंसारी| कोंच, गया

    शिक्षक सुधीर की फ़ाइल फोटो

    गया जिले के गया-गोह मुख्य मार्ग पर कोंच थाना क्षेत्र स्थित गैस एजेंसी के समीप शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल कंप्यूटर शिक्षक की मौत हो गई। इस दुखद घटना से शिक्षकों, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की शादी महज छह माह पूर्व ही हुई थी।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन इसी दौरान उसने दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।

    शिक्षक सुधीर समेत तीन घायल


    दुर्घटना में डेल्हा थाना क्षेत्र के धनिया बगीचा स्थित गौतम बुद्ध कॉलोनी रोड नंबर-2 निवासी 26 वर्षीय सुधीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सुधीर कोंच प्रखंड के उच्च विद्यालय अदई में कंप्यूटर शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वहीं जरहीपर गांव निवासी प्रेम कुमार एवं सुनील कुमार, जो रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं, भी हादसे में जख्मी हो गए।

    ग्रामीणों ने पकड़ा चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार


    घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन का पीछा कर उसे पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।

    ANMMCH में इलाज के दौरान तोड़ा दम


    सभी घायलों को तत्काल कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान कंप्यूटर शिक्षक सुधीर कुमार ने दम तोड़ दिया।

    शिक्षा जगत में शोक की लहर


    घटना की सूचना मिलते ही शिक्षक मनोज मंजिल सहित कई शिक्षक अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। सुधीर कुमार की असमय मौत से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि उनकी शादी करीब छह माह पहले ही हुई थी, ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • गया जंक्शन पर ‘शोले’ स्टाइल में चल रहा पानी का अवैध धंधा: ‘बीरू-ओझा जी’ की जोड़ी, ‘भगत जी’ का गोदाम, ‘मैडम’ की जमीन

    गया जंक्शन पर ‘शोले’ स्टाइल में चल रहा पानी का अवैध धंधा: ‘बीरू-ओझा जी’ की जोड़ी, ‘भगत जी’ का गोदाम, ‘मैडम’ की जमीन

    डेल्हा साइड में डीप फ्रीजर लगाकर ठंडा किया जा रहा पानी, अवैध वेंडरों से बेच रहे बोतल; स्टॉल संचालकों का आरोप- सिपाही और वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षक की मिलीभगत

    देवब्रत मंडल| गया


    गया: बिहार के गया जंक्शन पर अवैध कारोबार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि अब यहाँ पानी बेचने के धंधे में भी ‘शोले’ फिल्म के किरदारों की एंट्री हो गई है। आरोप है कि यहाँ ‘बीरू’ पानी की टंकी पर चढ़कर ‘वसंती’ के लिए नहीं, बल्कि एक ‘ओझा जी’ के साथ मिलकर यात्रियों के लिए ‘ओझाई’ कर रहा है।

    दरअसल, गया में भीषण गर्मी के बीच यात्रियों की प्यास का फायदा उठाकर प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से पानी की बोतल बेचने का संगठित गिरोह सक्रिय है। अधिकृत एजेंसी द्वारा स्टॉलों पर रेल नीर उपलब्ध कराए जाने के बावजूद, हर प्लेटफॉर्म पर अवैध वेंडर खुलेआम बोतलें बेच रहे हैं।

    ‘मैडम’ की जमीन, ‘भगत जी’ का गोदाम


    सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गया जंक्शन के डेल्हा साइड में रहने वाली एक ‘मैडम’ की जमीन को किराए पर लिया गया है। इस भूखंड पर ‘भगत’ नामक व्यक्ति ने कमरे का निर्माण कर कई डीप फ्रीजर लगा रखे हैं। इन्हीं फ्रीजर में पानी की बोतलों को ठंडा किया जाता है।

    ‘ओझा जी-बीरू’ की टीम करती है सप्लाई


    बताया जाता है कि यहीं से ‘ओझा जी’ की मदद से ‘बीरू’ और उसके साथी ठंडे पानी की बोतलों को प्लेटफॉर्म पर लाते हैं। इसके बाद अवैध वेंडरों के जरिए ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बेचा जाता है। स्थानीय भाषा में इसे ‘पानी के बोतल की भूत की ओझाई’ कहा जा रहा है।

    स्टॉल संचालकों में आक्रोश


    गया जंक्शन पर कई अधिकृत स्टॉल संचालित हैं, जिन्हें रेल प्रशासन को किराया और बिजली बिल देना पड़ता है। इसके बावजूद उनकी बिक्री न के बराबर है। एक स्टॉल संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “हमारे यहाँ से रेल नीर कम बिकता है। जितना माल हम एक दिन में नहीं बेच पाते, उतना अवैध वेंडर कुछ घंटों में बेच देते हैं।”

    सिपाही और पर्यवेक्षक पर शक की सुई


    स्टॉल संचालकों का आरोप है कि इस अवैध धंधे के पीछे एक सिपाही की भूमिका सामने आ रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस धंधे को रोकने की जिम्मेदारी जिन पर है, वाणिज्य विभाग के उसी पर्यवेक्षक स्तर के रेलकर्मी की भूमिका पर भी शक की सुई घूम रही है।

    फिलहाल रेल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन यात्रियों की मजबूरी और रेल राजस्व को हो रहे नुकसान को देखते हुए इस ‘ओझाई’ पर जल्द लगाम लगाना जरूरी है।

  • RailwaySeva ने दिया जवाब: वैकल्पिक मोबाइल नंबर DM में भेजें, RailMadad या 139 से भी दर्ज करें शिकायत

    RailwaySeva ने दिया जवाब: वैकल्पिक मोबाइल नंबर DM में भेजें, RailMadad या 139 से भी दर्ज करें शिकायत

    गया | MagadhLive.com

    रेलवे द्वारा जनहित में जारी


    भारतीय रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल RailwaySeva ने यात्री की शिकायत पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए वैकल्पिक मोबाइल नंबर साझा करने का अनुरोध किया है। रेलवे ने कहा है कि शिकायत के शीघ्र निस्तारण के लिए यात्री अपना वैकल्पिक मोबाइल नंबर डायरेक्ट मैसेज (DM) के माध्यम से भेजें।

    RailwaySeva ने अपने जवाब में यह भी बताया कि यात्री अपनी शिकायत RailMadad पोर्टल पर भी दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा तत्काल सहायता और शिकायत दर्ज कराने के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

    रेलवे ने अपने संदेश में कहा कि शिकायत के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक विवरण उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा सके।

    आप अपनी शिकायत X (formerly Twitter) पर भी दर्ज करा सकते हैं
    — MagadhLive.com

  • अच्छी खबर:गया नगर निगम को मिला प्रभारी आयुक्त, अपर समाहर्ता आदित्य कुमार पीयूष को सौंपी गई जिम्मेदारी

    अच्छी खबर:गया नगर निगम को मिला प्रभारी आयुक्त, अपर समाहर्ता आदित्य कुमार पीयूष को सौंपी गई जिम्मेदारी

    नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया के स्थानांतरण के बाद जिला पदाधिकारी ने जारी किया आदेश, नियमित पदस्थापन तक संभालेंगे कार्यभार

    देवब्रत मंडल



    गया। गया नगर निगम के प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया के स्थानांतरण के बाद उत्पन्न स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी, गया ने अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) आदित्य कुमार पीयूष को गया नगर निगम के नगर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
    जिला पदाधिकारी द्वारा 25 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार की अधिसूचना के तहत अभिषेक पलासिया का स्थानांतरण होने के बाद 24 जून 2026 के अपराह्न से उन्होंने अपने पद का कार्यभार छोड़ दिया है। ऐसे में नगर निगम के दैनिक कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है।
    आदेश में कहा गया है कि नियमित नगर आयुक्त की पदस्थापना होने तक अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) आदित्य कुमार पीयूष नगर आयुक्त, गया नगर निगम के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसके साथ ही वे अपने वर्तमान पद के कार्यों का भी अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे।
    जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आदित्य कुमार पीयूष नगर निगम से जुड़े सभी प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों का समयबद्ध और सुचारू निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
    इस आदेश के बाद नगर निगम के प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने की उम्मीद जताई जा रही है।

  • गया नगर निगम में ‘पत्र-विरोधाभास’ से उठे सवाल: 24 जून को पद पर नहीं, 25 जून को दंडात्मक कार्रवाई कैसे?

    गया नगर निगम में ‘पत्र-विरोधाभास’ से उठे सवाल: 24 जून को पद पर नहीं, 25 जून को दंडात्मक कार्रवाई कैसे?

    देवब्रत मंडल, मगध लाइव | गया, 25 जून 2026

    गया नगर निगम में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दो सरकारी पत्रों में दर्ज तारीखों और आदेशों के बीच का विरोधाभास अब चर्चा का विषय बन गया है। सवाल उठ रहा है कि नगर आयुक्त पद पर हैं या नहीं, या फिर विशेषाधिकार का प्रयोग किया जा रहा है।

    क्या है पूरा मामला?
    मामला दो पत्रों से जुड़ा है।

    पहला पत्र कहता है कि नगर आयुक्त 24 जून 2026 की दोपहर बाद अपने पद पर नहीं रहेंगे। यानी 24 जून दोपहर के बाद वे पदभार मुक्त माने जाएंगे।

    दूसरा पत्र 25 जून 2026 का है, जिसमें उसी नगर आयुक्त के हस्ताक्षर/आदेश से दंडात्मक कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।

    अब बड़ा सवाल यह है कि जब 24 जून की दोपहर बाद साहब पद पर हैं ही नहीं, तो 25 जून को दंडात्मक कार्रवाई का आदेश कैसे जारी हो गया?

    उठ रहे तीन सवाल

    1. क्या नगर आयुक्त 24 जून के बाद भी पद पर बने हुए हैं?
      यदि हां, तो पहला पत्र गलत है।
    2. यदि पद पर नहीं हैं, तो 25 जून का आदेश किस अधिकार से जारी हुआ?
      क्या यह विशेषाधिकार का प्रयोग है या नियमों की अनदेखी?
    3. क्या बैक डेट में आदेश जारी किए जा रहे हैं?
      निगम के गलियारों में चर्चा है कि कागजों पर तारीखों का खेल चल रहा है।

    अधिकारियों की चुप्पी
    इस पूरे मामले पर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा, “दोनों पत्र हमारे पास भी आए हैं। तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है।”

    जनता में भ्रम
    गया नगर निगम में पहले से ही टैक्स, सफाई और नाला-उड़ाही को लेकर जनता में नाराजगी है। अब ‘पत्र-विरोधाभास’ से भ्रम और बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि जब अधिकारी ही तय नहीं कर पा रहे कि आयुक्त पद पर हैं या नहीं, तो जनता की समस्याएं कौन सुनेगा?

    विशेषज्ञ बोले
    प्रशासनिक मामलों के जानकार कहते हैं, “यदि कोई अधिकारी पदभार छोड़ चुका है तो उसके बाद उसके नाम से कोई प्रशासनिक या दंडात्मक आदेश जारी नहीं हो सकता। यदि ऐसा हुआ है तो वह आदेश शून्य माना जाएगा और जारी करने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई बनती है।”

    मगध लाइव के पास दोनों पत्र उपलब्ध हैं। नगर आयुक्त का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका जवाब नहीं मिला।

  • घर से फौज तक का सफर शुरू: दक्षिण बिहार के 2800 अग्निवीर देश सेवा के प्रशिक्षण हेतु रवाना

    घर से फौज तक का सफर शुरू: दक्षिण बिहार के 2800 अग्निवीर देश सेवा के प्रशिक्षण हेतु रवाना

    सेना प्रशिक्षण के लिए रवाना होते अभ्यार्थियों ने कहा-‘घर जैसा मिला अपनापन’

    देवब्रत मंडल

    गयाजी। देशभक्ति के जज़्बे और भारतीय सेना में सेवा देने के सपने को साकार करते हुए दक्षिण बिहार के लगभग 2,800 चयनित अग्निवीर अब सैन्य प्रशिक्षण की ओर अपना पहला कदम बढ़ा चुके हैं। सेना भर्ती कार्यालय, गया द्वारा इन अग्निवीरों को भारतीय सेना के देशभर में स्थित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के लिए रवाना करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इनका सैन्य प्रशिक्षण 01 जुलाई 2026 से शुरू होगा।

    सेना भर्ती कार्यालय गया में चयनित अग्निवीरों के लिए डिस्पैच मेडिकल परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं 20 जून 2026 से शुरू हुई हैं। यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से 28 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को उनके संबंधित प्रशिक्षण केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है।

    डिस्पैच प्रक्रिया के दौरान सेना भर्ती कार्यालय द्वारा चयनित अग्निवीरों के लिए जलपान एवं आवश्यक सहायता की विशेष व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण केंद्रों के लिए प्रस्थान करने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनकी यात्रा सुगम और सुविधाजनक बन सके।

    चयनित अभ्यर्थियों ने सेना भर्ती कार्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया के शुरुआती दिन से लेकर डिस्पैच तक उन्हें बेहतर सुविधाएं और सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि खाने-पीने सहित अन्य व्यवस्थाएं इतनी अच्छी थीं कि उन्हें घर जैसा माहौल महसूस हुआ। इसके लिए सभी अभ्यर्थियों ने सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

    गौरतलब है कि इन अग्निवीरों का चयन मार्च 2026 में सेना भर्ती कार्यालय गया द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के माध्यम से किया गया था। इस भर्ती प्रक्रिया में दक्षिण बिहार के 11 जिलों के हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। चयनित लगभग 2,800 अग्निवीरों का डिस्पैच दक्षिण बिहार के युवाओं की देश सेवा के प्रति समर्पण, अनुशासन और भारतीय सेना को मजबूत बनाने के संकल्प का प्रतीक है।

    सेना भर्ती कार्यालय गया ने सभी चयनित अग्निवीरों को उनके आगामी सैन्य प्रशिक्षण तथा भारतीय सेना में उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

  • आपराधिक घटनाओं से छवि हो रही खराब, पीएमओ से लेकर मानवाधिकार आयोग तक पहुंच रही शिकायत

    आपराधिक घटनाओं से छवि हो रही खराब, पीएमओ से लेकर मानवाधिकार आयोग तक पहुंच रही शिकायत

    विशेष रिपोर्ट |देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर यात्रियों के साथ कब क्या हो जाए, कहना मुश्किल है। पिछले तीन महीनों का रिकॉर्ड देखें तो प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेन में चढ़ते-उतरते वक्त यात्री कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। मामूली चोरी-पॉकेटमारी की घटनाएं तो रोज की बात हो गई हैं।

    शिकायतें बढ़ीं, कार्रवाई कम
    आम यात्री पुलिस के झंझट से बचने के लिए थाना नहीं जाते, लेकिन जागरूक यात्री अब रेल मदद ऐप और 139 पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। चलती ट्रेन में घटना होने पर लोग गंतव्य स्टेशन के थाने में FIR करवा रहे हैं।

    ‘न विराम’ लग रहा है, न ‘अल्पविराम’

    कार्रवाई भी हो रही है, पर घटनाओं की संख्या और आरोपियों की गिरफ्तारी का अनुपात देखें तो अंतर बहुत बड़ा है। गया रेल थाना क्षेत्र छोड़ दें तो पूरे गया रेल पुलिस अनुमंडल में दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। समीक्षा बैठकें हो रही हैं, पर अपराध पर न ‘विराम’ लग रहा है, न ‘अल्पविराम’।

    पीएमओ और मानवाधिकार आयोग तक जा रही शिकायत

    अब तो बात है कि यात्रियों के साथ आपराधिक घटनाओं की शिकायत केवल थाने तक ही सीमित नहीं रह गई है। पीड़ित यात्री पीएमओ और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक अपनी शिकायत पहुंचा देते हैं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शिकायत दर्ज हो रही है। कनाडाई महिला श्वेता शर्मा के साथ हुई घटना एक शर्मनाक घटना का रूप ले लिया। जिन्होंने अपनी शिकायत काफी दूर तक लेकर चली गईं। गया रेल थाना का सोना लूटकांड तो आज भी न्यायालय में चल रहा है।

    वर्दी पर भी “दाग“
    सोना लूटकांड के बाद गया रेल थाना सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, क्योंकि जांच में अब तक वर्दीधारी ही शक के घेरे में हैं। वहीं आरपीएफ पोस्ट, गया के पास भी आपराधिक घटनाओं की लंबी फेहरिस्त है। पोस्ट कमांडर को हर बार जवाब देना पड़ता है।

    गया जंक्शन के बाहर से लेकर अंदर तक की सुरक्षा इन्हीं दोनों एजेंसियों के जिम्मे है, फिर भी अपराध थम नहीं रहे। दूसरे स्टेशनों पर जब FIR दर्ज हो रही है तो गया जंक्शन की बदनामी भी साथ-साथ बढ़ रही है।

    वीडियो बनाकर बता रहे यात्री
    पिछले महीने के आखिरी दिन एक महिला यात्री का पर्स गया जंक्शन पर काट लिया गया। सोने के गहने चोरी हो गए। पीड़िता ने गंतव्य पर पहुंचकर वीडियो बनाकर लोगों को बताया कि गया जंक्शन पर उसके साथ क्या हुआ।

    कोई पटना जाकर, कोई दिल्ली, कोई डीडीयू तो कोई अन्य स्टेशन पर शिकायत दर्ज करा रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन शहर गया की छवि खराब हो रही है।

    पितृपक्ष मेला सिर पर, सुरक्षा जरूरी


    कुछ ही दिनों में विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला शुरू होने वाला है। जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ऐसे में रेल प्रशासन को भी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर गंभीर मंथन करना होगा।

    यदि अपराध की यही रफ्तार रही तो गया जंक्शन अपराधियों का अड्डा बन जाएगा और रेलवे के हिस्से आएगी सिर्फ बदनामी

    रेल प्रशासन को समझना होगा

    पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से लाखों पिंडदानी आएंगे। एक भी अप्रिय घटना गया जंक्शन की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल कर सकती है।

    यात्रियों की मांग:

    1. प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में RPF-GRP की संयुक्त गश्त बढ़े
    2. CCTV की लाइव मॉनिटरिंग 24×7 हो और कंट्रोल रूम सक्रिय रहे
    3. सादे लिबास में सुरक्षा बल तैनात हों
    4. हर कोच में स्कॉर्ट पार्टी अनिवार्य की जाए
    5. अनाउंसमेंट से यात्रियों को लगातार सतर्क किया जाए
  • मुहर्रम पर्व के अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित, सुरक्षित कर लें पानी व आवश्यक उपाय

    मुहर्रम पर्व के अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित, सुरक्षित कर लें पानी व आवश्यक उपाय

    देवब्रत मंडल

    गया, 25 जून 2026: मुहर्रम पर्व-2026 के अवसर पर ताजिया, अखाड़ा एवं जुलूसों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ज़िला प्रशासन द्वारा आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं। अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग के निर्देशानुसार जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित अवधि के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित रखने का निर्णय लिया गया है।
    जारी निर्देश के अनुसार गया शहरी क्षेत्र में 25 जून 2026 की रात्रि 12:00 बजे से मुहर्रम जुलूस समाप्त होने तक तथा 26 जून 2026 को अपराह्न 4:00 बजे से जुलूस समाप्त होने तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। यह व्यवस्था ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की संभावना को समाप्त करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
    ज़िला प्रशासन ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जुलूस, ताजिया एवं अखाड़ा निकलने वाले मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर लटक रहे तारों की मरम्मत, आवश्यक सुधार कार्य एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की अवधि के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

  • मुहर्रम पर्व के अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित, सुरक्षित कर लें पानी व आवश्यक उपाय

    मुहर्रम पर्व के अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित, सुरक्षित कर लें पानी व आवश्यक उपाय

    देवब्रत मंडल

    गया, 25 जून 2026: मुहर्रम पर्व-2026 के अवसर पर ताजिया, अखाड़ा एवं जुलूसों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ज़िला प्रशासन द्वारा आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं। अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग के निर्देशानुसार जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित अवधि के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित रखने का निर्णय लिया गया है।
    जारी निर्देश के अनुसार गया शहरी क्षेत्र में 25 जून 2026 की रात्रि 12:00 बजे से मुहर्रम जुलूस समाप्त होने तक तथा 26 जून 2026 को अपराह्न 4:00 बजे से जुलूस समाप्त होने तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। यह व्यवस्था ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की संभावना को समाप्त करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
    ज़िला प्रशासन ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जुलूस, ताजिया एवं अखाड़ा निकलने वाले मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर लटक रहे तारों की मरम्मत, आवश्यक सुधार कार्य एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की अवधि के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।