Blog

  • बड़ी खबर: रेलवे बोर्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, गया के रहनेवाले सहित पांच वरिष्ठ आरपीएफ अधिकारियों का तबादला

    देवब्रत मंडल


    24 जून 2026। रेल मंत्रालय ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले एवं पदस्थापन को लेकर बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न जोनों और इकाइयों में कार्यरत पांच वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
    रेल मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद अधिकारियों के स्थानांतरण और नई पदस्थापन की घोषणा की गई है। इस फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न रेलवे जोनों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।
    आदेश के अनुसार मंचिकलापति सुरेश, जो वर्तमान में मध्य रेलवे में डीआईजी-कम-सीएससी के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें दक्षिण मध्य रेलवे में स्थानांतरित कर डीआईजी-कम-सीएससी के रूप में पदस्थापित किया गया है।
    इसी प्रकार मो. शादान जेब खान, जो दक्षिण मध्य रेलवे में डीआईजी-कम-सीएससी के पद पर तैनात थे, उन्हें उत्तरी रेलवे में डीआईजी-कम-सीएससी/सीना के पद पर भेजा गया है।
    वहीं आशीष कुमार, जो उत्तरी रेलवे में डीआईजी-कम-सीएससी/सीना के पद पर कार्यरत थे, अब उत्तर मध्य रेलवे में डीआईजी-कम-सीएससी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
    रेलवे बोर्ड के आदेश में कहा गया है कि रवि सुंदर, जो आरपीएफ में डीआईजी के पद पर अध्ययन अवकाश पर हैं, उन्हें दक्षिण तटीय रेलवे में डीआईजी-कम-सीएससी/आरडीएसओ के पद पर स्थानांतरित किया गया है। उनका पदस्थापन प्रशिक्षण पूरा करने और वर्तमान पद का उपयोग किए जाने के बाद प्रभावी होगा।
    इसके अलावा अरुण कुमार चौरसिया, जो कि गया जिले के बेलागंज क्षेत्र के रहनेवाले बताए जाते हैं, जो आरडीएसओ में डीआईजी-कम-सीएससी के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें पूर्वोत्तर रेलवे में डीआईजी-कम-सीएससी के रूप में तैनात किया गया है।
    रेलवे बोर्ड ने संबंधित रेलवे जोनों और आरडीएसओ को निर्देश दिया है कि अधिकारी कब अपना वर्तमान प्रभार छोड़ेंगे और नई जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे, इसकी सूचना बोर्ड को उपलब्ध कराई जाए।
    इस प्रशासनिक फेरबदल को आरपीएफ के उच्चस्तरीय ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है, जिससे विभिन्न रेलवे जोनों में सुरक्षा प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
    हेडिंग:
    रेलवे बोर्ड का बड़ा फैसला: आरपीएफ के पांच वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला, कई जोनों में नई जिम्मेदारियां

  • रेलवे कर्मचारियों के क्वार्टरों में लगेंगे स्मार्ट प्रीपेड मीटर, कर्मचारियों को मिलेगी राहत: मिथिलेश

    रेलवे कर्मचारियों के क्वार्टरों में लगेंगे स्मार्ट प्रीपेड मीटर, कर्मचारियों को मिलेगी राहत: मिथिलेश

    देवब्रत मंडल

    गया। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा रेलवे कॉलोनियों के सभी आवासों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का आदेश जारी कर दिया गया है। इस फैसले से गया जंक्शन और रफीगंज स्थित लगभग 300 रेलवे क्वार्टरों में रहने वाले कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

    ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के वरिष्ठ नेता मिथिलेश कुमार ने बताया कि रेल कर्मचारी लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि रेलवे विभाग द्वारा वास्तविक खपत से अधिक बिजली बिल दिया जाता है। इस मुद्दे को ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन तथा ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन द्वारा लगातार उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जा रहा था।

    यूनियन की मांग पर संज्ञान लेते हुए रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी किया है कि पहले चरण में स्टेशन परिसर स्थित खान-पान स्टॉल, फूड प्लाजा, प्राइवेट ठेकेदारों के कार्यस्थल और अंतिम चरण में रेलवे के सभी क्वार्टरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे।

    मिथिलेश कुमार ने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने से बिलिंग में पारदर्शिता आएगी और कर्मचारियों में बिजली बिल को लेकर व्याप्त असंतोष की भावना समाप्त होगी। कर्मचारी जितनी बिजली खर्च करेंगे, उतने का ही भुगतान करेंगे। इससे ‘पहले इस्तेमाल, बाद में भुगतान’ की सुविधा भी मिलेगी।

    यूनियन ने रेलवे बोर्ड के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे हजारों रेलकर्मियों को राहत मिलेगी। गया एवं रफीगंज के सभी क्वार्टरों में जल्द ही स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

  • गया जंक्शन पर यात्री का पर्स काटकर चोरी, लाखों के जेवरात सहित सामान गायब

    देवब्रत मंडल

    गया। गया जंक्शन पर ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में टाटानगर की एक महिला यात्री ने गया रेल थाना में लिखित शिकायत देकर पर्स काटकर चोरी होने का आरोप लगाया है।
    दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला यात्री 30 मई 2026 को 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के एसी कोच बी-13 में यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान गया स्टेशन पहुंचने से पहले उनका पर्स काटकर चोरी हो गया। यात्री ने बताया कि बैग(पर्स) में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
    शिकायत में चोरी गए सामान का कुल मूल्य करीब 1.22 लाख रुपये बताया गया है। यात्री के अनुसार, पर्स काटकर गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेल पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।
    महिला यात्री ने रेल थाना से चोरी गए सामान की बरामदगी तथा मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
    गौरतलब है कि गया जंक्शन और इसके आसपास ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की निगरानी को लेकर रेल प्रशासन तथा रेल पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

  • पीएमओ तक पहुंची शिकायत, फिर भी नहीं मिला चोरी गए सामान का सुराग; यात्री ने रेलवे की कार्यशैली पर उठाए सवाल

    पीएमओ तक पहुंची शिकायत, फिर भी नहीं मिला चोरी गए सामान का सुराग; यात्री ने रेलवे की कार्यशैली पर उठाए सवाल

    देवब्रत मंडल


    गया/पटना। ट्रेन यात्रा के दौरान सामान चोरी होने के मामले में एक यात्री ने रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। यात्री द्वारा इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के जन शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन दावा किया गया है कि अब तक न तो चोरी गए सामान की बरामदगी हो सकी है और न ही उन्हें एफआईआर दर्ज किए जाने की स्पष्ट जानकारी दी गई है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रियंकर कुमार ने 06 मई 2026 को पीएमओ पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वे ट्रेन संख्या 13347 से यात्रा कर रहे थे। उनका आरक्षण बी-4 कोच (एसी 3 टियर) में था। यात्रा के दौरान उनका सामान चोरी हो गया। घटना के बाद उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी को सूचना दी, लेकिन उनके अनुसार मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

    पीड़ित यात्री(शिकायत कर्ता)


    शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एसी कोच में चोरी जैसी घटना रेलवे कर्मियों की लापरवाही के बिना संभव नहीं लगती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की गई।
    हालांकि, पीएमओ पोर्टल पर शिकायत की स्थिति “केस क्लोज्ड” दर्शाई गई है। इसके बावजूद पीड़ित यात्री का कहना है कि उन्हें अब तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि एफआईआर दर्ज हुई है या नहीं। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी कर उन्हें वापस भी नहीं सौंपी गई है।
    पीड़ित यात्री ने मगध लाइव को बताया कि शिकायत दर्ज कराने और विभिन्न स्तरों पर गुहार लगाने के बावजूद उन्हें मामले की प्रगति से अवगत नहीं कराया गया। उनका कहना है कि यदि एसी कोच में भी यात्रियों का सामान सुरक्षित नहीं है तो यह रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
    इस मामले ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं के बाद होने वाली कार्रवाई की प्रभावशीलता पर बहस छेड़ दी है। यात्रियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं में त्वरित जांच, पारदर्शी कार्रवाई और पीड़ितों को नियमित सूचना उपलब्ध कराना रेलवे की जिम्मेदारी होनी चाहिए।

  • गया जंक्शन बन रहा विश्वस्तरीय: CAO ने किया पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण, PM मोदी कर सकते हैं नए स्टेशन का उद्घाटन

    गया जंक्शन बन रहा विश्वस्तरीय: CAO ने किया पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण, PM मोदी कर सकते हैं नए स्टेशन का उद्घाटन

    देवब्रत मंडल

    फोटो: निरीक्षण करते CAO राजीव गुप्ता व DRM उदय सिंह मीना

    गया, 22 जून 2026

    अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नया रूप ले रहे गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्यों में अब तेजी आ गई है। सोमवार को पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से गया पहुंचे मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण (दक्षिण) राजीव गुप्ता ने जंक्शन पर चल रहे कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके इस दौरे के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि 2026 के अंत तक गया जंक्शन एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हो जाएगा।

    हर पहलू की बारीकी से समीक्षा


    CAO राजीव गुप्ता ने डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना और निर्माण, इंजीनियरिंग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ मुख्य स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आवागमन व्यवस्था और फुट ओवर ब्रिज का गहन अवलोकन किया।

    निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता, संरक्षा-सुरक्षा और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    एयरपोर्ट जैसी मिलेंगी सुविधाएं


    गया जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। पुनर्विकास के बाद यहां यात्रियों को रूफ प्लाजा, आधुनिक वेटिंग हॉल, एस्केलेटर, लिफ्ट, एग्जीक्यूटिव लाउंज, बेहतर पार्किंग और दिव्यांग फ्रेंडली सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन का नया स्वरूप अंतरराष्ट्रीय पर्यटन शहर गया की छवि के अनुरूप होगा।

    रेलवे अस्पताल और कॉलोनी का भी जायजा


    मुख्य निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने संबंधित अधिकारियों के साथ गया जंक्शन स्थित रेल अनुमंडल अस्पताल और पास की रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। रेलकर्मियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

    नवंबर में PM मोदी कर सकते हैं उद्घाटन


    रेलवे सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल नवंबर में गया आ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि इसी दौरे में वे गया जंक्शन के नए स्वरूप का लोकार्पण करेंगे। CAO के निरीक्षण को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

    अधिकारियों का मानना है कि अगर इसी गति से काम चला तो 2026 के अंत तक गया जंक्शन पूरी तरह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हो जाएगा और यहां से सफर करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट जैसा अनुभव मिलेगा।

  • गया जंक्शन पर बेलगाम चोरी: ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लाखों के सामान उड़े, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    गया जंक्शन पर बेलगाम चोरी: ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लाखों के सामान उड़े, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    देवब्रत मंडल

    मगध लाइव डेस्क | गया, 22 जून 2026

    गया जंक्शन और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अप्रैल 2026 में ही दर्जनों यात्री अपना नकद, मोबाइल, गहने और जरूरी दस्तावेज गंवा चुके हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ज्यादातर वारदातें गया जंक्शन पहुंचने से ठीक पहले, प्लेटफॉर्म पर या उतरते-चढ़ते वक्त हुई हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने डीडीयू मंडल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

    लाखों का नुकसान, जंक्शन और संबंधित ट्रेनों में चोरी के 13 बड़े मामले दर्ज हुए:


    तारीख- ट्रेन व चोरी गया सामान


    21.04.2026 – 04513 अप महिला यात्री का पर्स – ₹9,000 नकद + गहने
    22.04.2026 – 12382 डाउन एक्सप्रेस पर्स – ₹15,000 नकद, अंगूठी, चार्जर
    22.04.2026 – 12988 डाउन यात्री का ट्रॉली बैग
    22.04.2026 – 13210 अप एक्सप्रेस बैग – नकद + कपड़े
    24.04.2026 – 13435 अप पर्स – ₹15,000 नकद + मोबाइल
    24.04.2026 / 09080 अप गया आते समय मोबाइल चोरी
    24.04.2026 – 18163 डाउन पिट्ठू बैग – ₹7,000 नकद, मोबाइल, दस्तावेज
    24.04.2026 – 04513 अप गया आते समय मोबाइल चोरी
    25.04.2026 – 12946 डाउन बैग – जरूरी दस्तावेज
    25.04.2026 – 12876 डाउन ट्रॉली बैग – ₹10,000 नकद + चांदी के आभूषण
    25.04.2026 – 12295 डाउन पर्स – ₹10,000 नकद + चांदी के आभूषण
    25.04.2026 – 13436 डाउन, ब्रह्मपुत्र मेल बैग – ₹7,000 नकद, पासपोर्ट, कपड़े
    25.04.2026 – 63258 डाउन पर्स – आधार, पैन कार्ड समेत दस्तावेज

    गया जंक्शन बना सॉफ्ट टारगेट

    पीड़ित यात्रियों का आरोप है कि चोरों के निशाने पर खासकर महिला यात्री और अकेले सफर करने वाले लोग हैं। गया-डीडीयू, गया-कोडरमा और गया-पटना रेलखंड पर चलती ट्रेन में सामान पार कर देना अब आम बात हो गई है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल होने के बावजूद गया जंक्शन पर सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं।

    आरपीएफ-जीआरपी की कार्यशैली पर सवाल


    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत चलती ट्रेन और स्टेशन परिसर में चोरी रोकने की जिम्मेदारी आरपीएफ और जीआरपी की है। लेकिन अप्रैल के बाद मई में भी घटनाएं जारी रहने से इन एजेंसियों की कार्यकुशलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर सीसीटीवी तो लगे हैं, पर मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई नहीं हो रही।

    यात्रियों की मांग: गश्त और निगरानी बढ़े


    लगातार हो रही वारदातों के बाद यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि:

    1. प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में वर्दीधारी जवानों की गश्त बढ़ाई जाए
    2. सीसीटीवी मॉनिटरिंग 24×7 एक्टिव रहे और संदिग्ध दिखते ही कार्रवाई हो
    3. सादे कपड़ों में सुरक्षा बल तैनात किए जाएं
    4. अनाउंसमेंट सिस्टम से यात्रियों को लगातार सतर्क किया जाए

    फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी सभी मामलों की जांच कर रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान अपने कीमती सामान, नकदी और दस्तावेजों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत 139 या रेल मदद ऐप पर सूचना दें।

    मई में भी नहीं थमी वारदातें


    मगध लाइव मई महीने में हुई चोरी की घटनाओं की जानकारी भी जल्द प्रकाशित करेगा। अप्रैल के आंकड़े बता रहे हैं कि अगर तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए गए तो गया जंक्शन की छवि और यात्रियों का भरोसा दोनों को नुकसान पहुंचेगा।

    नोट:प्राप्त जानकारी का आधार दर्ज शिकायत के अनुसार, लिपिकीय भूल के लिए मगध लाइव की टीम जिम्मेदार नहीं

  • संडे स्पेशल: ट्रेनों में यात्रियों का सामान नहीं सुरक्षित, गया से जुड़े रेलखंडों में चोरी की घटनाओं का सिलसिला जारी

    संडे स्पेशल: ट्रेनों में यात्रियों का सामान नहीं सुरक्षित, गया से जुड़े रेलखंडों में चोरी की घटनाओं का सिलसिला जारी

    गया जंक्शन और आसपास के रेलखंडों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी, मई में अबतक 18 मामले दर्ज

    देवब्रत मंडल

    गया। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन से जुड़ी घटनाएं यात्रियों के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। बीते मई महीने में हुई आपराधिक घटनाओं के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो हर दिन किसी न किसी यात्री को अपराधी अपना ग्राह्य(शिकार) बना रहे हैं। कुछ यात्री ऐसे भी होंगे जिन्होंने कहीं शिकायत नहीं दर्ज कराया हो।

    गया जंक्शन और उससे जुड़े रेलखंडों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में यात्रियों के मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, नकदी, दस्तावेज और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गई हैं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, गया जंक्शन, डीडीयू, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम और प्रयागराज के बीच चलने वाली विभिन्न ट्रेनों में चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें अधिकांश मामलों में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी हुए, जबकि कई मामलों में लेडीज पर्स, नकदी, दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी गायब होने की शिकायत की गई।

    आइए देखें कुछ प्रमुख घटनाएं

    18 मई को ट्रेन संख्या 01930 अप में मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई।

    19 मई को ट्रेन संख्या 13349 अप, 12308 डाउन और 15293 अप में मोबाइल फोन चोरी की घटनाएं सामने आईं।

    20 मई को ट्रेन संख्या 05589 अप, 09709 डाउन, 03436 डाउन और 18611 अप में मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गईं।

    यदि आंकड़ों की बात करें तो 21 मई को तो घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। ट्रेन संख्या 22465 अप, 12321 अप, 10351 अप, 04153 डाउन, 12142 अप, 12366 डाउन, 18624 डाउन समेत कई ट्रेनों में मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, नकदी और दस्तावेज चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गईं।

    आंकड़ों के अनुसार 21 मई तक दर्ज घटनाओं में सबसे अधिक मामले मोबाइल फोन चोरी के रहे। इसके अलावा कई यात्रियों ने लेडीज पर्स, नकदी, दस्तावेज, घड़ी और मोबाइल चार्जर तक चोरी होने की शिकायत की है।

    देखा जाए तो रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को इन मामलों की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी उच्चाधिकारियों ने दिए हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    यात्रियों का कहना है कि गया जंक्शन और उससे जुड़े रेलखंडों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जो कदम उठाए गए हैं उसे और मजबूत करने तथा ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है।

  • संडे स्पेशल: ट्रेनों में यात्रियों का सामान नहीं सुरक्षित, गया से जुड़े रेलखंडों में चोरी की घटनाओं का सिलसिला जारी

    संडे स्पेशल: ट्रेनों में यात्रियों का सामान नहीं सुरक्षित, गया से जुड़े रेलखंडों में चोरी की घटनाओं का सिलसिला जारी

    गया जंक्शन और आसपास के रेलखंडों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी, मई में अबतक 18 मामले दर्ज

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक फोटो

    गया। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन से जुड़ी घटनाएं यात्रियों के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। बीते मई महीने में हुई आपराधिक घटनाओं के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो हर दिन किसी न किसी यात्री को अपराधी अपना ग्राह्य(शिकार) बना रहे हैं। कुछ यात्री ऐसे भी होंगे जिन्होंने कहीं शिकायत नहीं दर्ज कराया हो।

    गया जंक्शन और उससे जुड़े रेलखंडों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में यात्रियों के मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, नकदी, दस्तावेज और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गई हैं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, गया जंक्शन, डीडीयू, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम और प्रयागराज के बीच चलने वाली विभिन्न ट्रेनों में चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें अधिकांश मामलों में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी हुए, जबकि कई मामलों में लेडीज पर्स, नकदी, दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी गायब होने की शिकायत की गई।

    आइए देखें कुछ प्रमुख घटनाएं

    18 मई को ट्रेन संख्या 01930 अप में मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई।

    19 मई को ट्रेन संख्या 13349 अप, 12308 डाउन और 15293 अप में मोबाइल फोन चोरी की घटनाएं सामने आईं।

    20 मई को ट्रेन संख्या 05589 अप, 09709 डाउन, 03436 डाउन और 18611 अप में मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गईं।

    यदि आंकड़ों की बात करें तो 21 मई को तो घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। ट्रेन संख्या 22465 अप, 12321 अप, 10351 अप, 04153 डाउन, 12142 अप, 12366 डाउन, 18624 डाउन समेत कई ट्रेनों में मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, नकदी और दस्तावेज चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गईं।

    आंकड़ों के अनुसार 21 मई तक दर्ज घटनाओं में सबसे अधिक मामले मोबाइल फोन चोरी के रहे। इसके अलावा कई यात्रियों ने लेडीज पर्स, नकदी, दस्तावेज, घड़ी और मोबाइल चार्जर तक चोरी होने की शिकायत की है।

    देखा जाए तो रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को इन मामलों की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी उच्चाधिकारियों ने दिए हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    यात्रियों का कहना है कि गया जंक्शन और उससे जुड़े रेलखंडों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जो कदम उठाए गए हैं उसे और मजबूत करने तथा ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है।

  • होशियार! बिना टिकट यात्रा पर जुर्माना बढ़ा, अब ₹250 की जगह ₹500 वसूले जाएंगे, कभी जुर्माने की यह राशि ₹50 थी

    होशियार! बिना टिकट यात्रा पर जुर्माना बढ़ा, अब ₹250 की जगह ₹500 वसूले जाएंगे, कभी जुर्माने की यह राशि ₹50 थी

    न्यूज़ डेस्क


    नई दिल्ली/पटना/गया। रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए केंद्र सरकार ने रेल अधिनियम की धारा 137 और 138 में संशोधन का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत बिना टिकट या धोखाधड़ीपूर्वक यात्रा करने वालों पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क (Excess Charge) की न्यूनतम राशि बढ़ाकर ₹500 करने का प्रावधान किया गया है। पहले यह राशि ₹250 थी। इसके पहले यह राशि ₹50 हुआ करती थी।
    प्रस्तावित संशोधन के अनुसार यदि कोई व्यक्ति रेलवे प्रशासन को धोखा देने की नीयत से बिना उचित पास या टिकट के ट्रेन में यात्रा करता है, अथवा पहले से उपयोग किए जा चुके टिकट या पास का दोबारा इस्तेमाल करता है, तो उसे यात्रा किए गए पूरे मार्ग का किराया चुकाने के साथ-साथ अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा। यह अतिरिक्त शुल्क देय किराए के बराबर होगा, लेकिन इसकी न्यूनतम राशि ₹500 या केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित राशि होगी।
    यदि संबंधित यात्री मांग किए जाने पर किराया और अतिरिक्त शुल्क देने से इनकार करता है, तो अधिकृत रेलवे कर्मचारी सक्षम न्यायालय में वसूली के लिए आवेदन कर सकते हैं। न्यायालय वसूली का आदेश देने के साथ-साथ भुगतान नहीं करने की स्थिति में छह माह तक के कारावास, ₹500 तक के जुर्माने या दोनों की सजा भी दे सकता है।

  • VVIP के लिए बदला ट्रेन का प्लेटफॉर्म: मंत्री जी की सुविधा को गया जंक्शन पर डाउन अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 1 नंबर पर ली गई, यात्रियों ने मंत्री से किए सवाल

    VVIP के लिए बदला ट्रेन का प्लेटफॉर्म: मंत्री जी की सुविधा को गया जंक्शन पर डाउन अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 1 नंबर पर ली गई, यात्रियों ने मंत्री से किए सवाल

    देवब्रत मंडल

    आमतौर पर 2/3 नंबर पर आती है ट्रेन, मंत्री की सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से रेलवे सिस्टम में बदलाव; यात्री बोले- क्या आम आदमी के लिए भी ऐसा हो सकता है?

    गया, 20 जून 2026।

    रसूखदारों के लिए रेलवे में भी नियम बदल जाते हैं। शुक्रवार को गया जंक्शन पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब एक केंद्रीय मंत्री की सुविधा के लिए डाउन लाइन की ट्रेन को अप लाइन वाले प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ले लिया गया।

    आमतौर पर 2/3 पर आती है ट्रेन, पर मंत्री जी के लिए बदला रूट

    12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस डीडीयू की तरफ से डाउन लाइन से आती है और गया जंक्शन पर आमतौर पर प्लेटफॉर्म नंबर 2 या 3 पर ली जाती है। लेकिन शुक्रवार को इस ट्रेन में एक केंद्रीय मंत्री सफर कर रहे थे।

    मंत्री जी की उम्र और स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लेने का फैसला किया। ट्रेन सुबह 08:18 बजे प्लेटफॉर्म-1 पर आई और 5 मिनट के ठहराव के बाद 08:23 बजे सियालदह के लिए रवाना हो गई।

    यात्रियों को समय से दी गई सूचना

    रेलवे ने प्लेटफॉर्म बदलने की सूचना समय रहते अनाउंस कर दी थी। 2/3 नंबर प्लेटफॉर्म या अन्य जगहों पर इंतजार कर रहे अजमेर-सियालदह के सभी यात्री 1 नंबर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए थे। इससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

    रेलवे ने बताईं 3 वजहें, सुरक्षा सबसे अहम

    रेलवे सूत्रों के मुताबिक प्लेटफॉर्म बदलने की तीन वजहें थीं:

    1. प्लेटफॉर्म-3 पर मालगाड़ी खड़ी थी।
    2. प्लेटफॉर्म-2 से कुछ देर पहले ही 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस खुली थी, इसलिए मार्जिन कम था।
    3. सबसे अहम- मंत्री जी की सुरक्षा व्यवस्था। भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म पर उतारने से बचने को प्राथमिकता दी गई।

    ‘सिस्टम में भी किया गया बदलाव’

    अंदरखाने की खबर है कि अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को 1 नंबर प्लेटफॉर्म पर लेने के लिए रेलवे के ट्रेन परिचालन सिस्टम में भी बदलाव किया गया। आमतौर पर 1 नंबर पर अप लाइन की ट्रेनें ही ली जाती हैं। यह बदलाव सिर्फ इसलिए किया गया ताकि मंत्री जी को सुगमता से और सुरक्षित उतारा जा सके।

    यात्रियों के मन में सवाल

    इस घटना ने आम यात्रियों के मन में सवाल खड़े कर दिए हैं- “क्या VVIP के लिए भारतीय रेल में ऐसा भी होता है?”

    हालांकि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए समय से अनाउंसमेंट कराया, लेकिन प्लेटफॉर्म बदलने और सिस्टम में फेरबदल की खबर चर्चा का विषय बन गई है।

    यात्रियों ने मंत्री से किए सवाल

    कुछ यात्री पटना से खुलकर रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। यह ट्रेन भी लेट थी। कुछ यात्री मंत्री जी से सवाल कर बैठे कि जनशताब्दी एक्सप्रेस लेट हो रही है जिससे आम यात्री परेशान हैं। इस पर मंत्री जी ने पास खड़े एक अधिकारी से पूछ लिया कि जनशताब्दी क्यों लेट है तो उन्हें बताया गया है जट डुमरी स्टेशन पर ब्लॉक लिया गया है जिसके कारण यह ट्रेन बिलंब से आ रही है। इसके बाद यात्री संतुष्ट हुए।