Blog

  • डायरिया से मरीज की मौत पर अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने OPD सेवा बंद कराई

    डायरिया से मरीज की मौत पर अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने OPD सेवा बंद कराई

    टिकारी संवाददाता: अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को डायरिया से पीड़ित 50 वर्षीय चंद्रकिशोर पासवान की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मृतक चंद्रकिशोर, कोंच थाना क्षेत्र के धनचुहा गांव के निवासी थे।

    चंद्रकिशोर के पुत्र रजनीकांत ने बताया कि उनके पिता की तबीयत 21 अगस्त को खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया। हालांकि, शुक्रवार को हालत फिर से बिगड़ने पर अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने अस्पताल में पर्याप्त व्यवस्था न होने का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया।

    शनिवार सुबह, तबीयत में कोई सुधार न होने पर परिजन उन्हें फिर से अस्पताल लेकर आए, लेकिन इस बार भी डॉक्टर इलाज के लिए समय पर नहीं पहुंचे। जब तक डॉक्टर पहुंचे, चंद्रकिशोर की मौत हो चुकी थी। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल की ओपीडी सेवा बंद कराकर हंगामा शुरू कर दिया।

    हंगामे की सूचना मिलते ही टिकारी थाना के एसआई सूर्येश कुमार शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद, प्रखंड प्रशासन ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

    इस बीच, मौके पर पहुंचे युवा राजद के प्रदेश महासचिव सौरव ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घटना के कई घंटे बाद भी अस्पताल के उपाधीक्षक और प्रबंधक की गैरमौजूदगी, उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, और परिजन शव लेकर घर लौट गए।

  • एनडीए गठबंधन के नेताओं ने जोगनीपुर गांव का किया दौरा, झूठे मुकदमे में फसाये जाने का किया विरोध

    एनडीए गठबंधन के नेताओं ने जोगनीपुर गांव का किया दौरा, झूठे मुकदमे में फसाये जाने का किया विरोध

    टिकारी संवाददाता: टिकारी थानांतर्गत सिमुआरा पंचायत के जोगनीपुर गांव में पिछले दिनों अवैध शराब के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने नशे की हालत हमला पिता पुत्र को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। शनिवार को एनडीए नेताओं का एक दल घटना स्थल का दौरा किया और मारपीट में जख्मी छोटू दांगी एवं विद्यानंद दांगी के परिजनों से मिलकर घटना के कारणों की जानकारी ली। बताया गया कि दोनों जख्मी मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गया में इलाजरत हैं। पीड़ित परिवार से मिले नेताओं ने कहा कि आरोपितों द्वारा एससी एसटी एक्ट का दुरुपयोग करते हुए पीड़ितों को फंसाया गया है।

    पीड़ित परिवार से मिलने वालों में शामिल भाजपा नेता विनोद सिंह दांगी, हम के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र डांगी, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मी कुशवाहा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुनील दांगी, प्रोफेसर अमरेंद्र कुमार आदि ने बताया कि आरोपी पक्ष अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा है और गांव में कमजोर लोगों के साथ इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहता है। नेताओं जिला पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने एवं एससी एसटी ऐक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाये गए लोगों को आरोपमुक्त करने की मांग की है। नेताओं ने कहा कि इस घटना ले बाद गांव का सामाजिक वातावरण व माहौल खराब हुआ है और शराब का अवैध कारोबार करने वालो का मनोबल बढ़ा है। एससी एसटी के झूठे मुकदमे में ऐसे लोगों को फंसाया गया है जो या तो अध्ययनरत हैं या गांव से बाहर रह रहे हैं।  

  • एस एन एस कॉलेज टिकारी की छात्रा को पेंटिंग में मिला द्वितीय पुरुस्कार

    एस एन एस कॉलेज टिकारी की छात्रा को पेंटिंग में मिला द्वितीय पुरुस्कार

    टिकारी संवाददाता: गया में आयोजित वाद विवाद, चित्रकला, नृत्य, गायन, वादन और निबंध प्रतियोगिता में ‘मंजूसा’ पेंटिंग बनाकर एस एन सिन्हा कॉलेज, टिकारी की छात्रा अनुष्का कुमारी ने द्वितीय पुरस्कार जीता। अनुष्का को बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पुरस्कृत किया।
    एनएसएस के कोआर्डिनेटर प्रो. दीनदयाल गुप्ता ने बताया कि बिहार विरासत ज्ञानोत्सव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को बिहार के पौराणिक, ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी प्रदान करना तथा उनकी सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है। अनुष्का के द्वारा बनाया गया पेंटिंग प्राचीन काल की याद को जीवंत करता है। अनुष्का एक अच्छी कलाकार है। कॉलेज प्रशासन की ओर से हर संभव मदद अनुष्का को प्रदान किया जाएगा। अनुष्का को कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. उदय पासवान, प्रो. रत्नेश कुमार, प्रो. शशि रंजन, प्रो. शक्ति पासवान, प्रो. राज कुमार ने बधाई दी है। मालूम हो कि इससे पहले टिकारी कॉलेज के विद्यार्थियों ने जिला और राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया है।

  • 4 वर्ष में नही बना 2900 फीट नाला और पाथवे, लोगों के लिए बनी मुसीबत

    4 वर्ष में नही बना 2900 फीट नाला और पाथवे, लोगों के लिए बनी मुसीबत

    टिकारी संवाददाता: रकवा से मउ पईन तक वर्षों से निर्माणधीन नाला में जल जमाव की समस्या को लेकर नगर परिषद प्रशासन शनिवार को सजग हुई। नप के सफाईकर्मियों द्वारा नाला के मुहाने पर मउ पईन की सफाई का कार्य शुरू कराया गया। हालांकि नप के प्रयास के बावजूद भी नाला से जल निकासी नही हो पाई। हालात यह है कि नाला का पानी का बहाव कई जगहों पर ऊपर हो रहा है। नाला के किनारे स्थित चिल्ड्रन पार्क में भी नाला का पानी घुसने लगा है। लोगो की माने तो बारिश यदि अधिक हुई तो नप क्षेत्र के कई आवासीय हिस्से में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

    मामले को लेकर दो माह पूर्व ही आवेदन देकर नाला व पईन पर की गई अतिक्रमण, निर्माण के दौरान की गई भराव को हटाने की मांग की गई लेकिन नप द्वारा कोई कार्रवाई नही की गई। प्रभारी सफाई निरीक्षक नारायण सिंह ने बताया कि पईन की उड़ाही करा जल निकासी कराई जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता जैन कॉलोनी निवासी रणजीत कुमार ने नप प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया व कहा कि नप किसी अनहोनी घटना का इंतजार कर रही है तभी सचेत होगी। नाला निर्माण की दिशा में कार्रवाई नही होती है आमजन सड़क पर उतरेंगे।

    2.69 करोड़ की लागत से बनना है 2900 फिट लंबा नाला
    वर्ष 2020 में तत्कालीन नगर पंचायत द्वारा वित्तीय वर्ष 2020-21 की योजना संख्या 01/SBD के तहत टिकारी नप क्षेत्र स्थित मउ पईन से नन्दन बिगहा होते रकवा तक 2900 फिट लम्बी नाला का निर्माण किया जाना है साथ ही साथ नाला के ऊपर समांतर पथ का भी निर्माण किया जाना है। निर्माण की कुल लागत दो करोड़ 69 लाख रूपये प्रकाल्लित की गई है। एक वर्ष में पूर्ण करने वाला यह कार्य चार वर्षों में भी पूर्ण नही हो सका। संवेदक द्वारा महज कुछ जगहों पर नाला को ढका गया है वहीं अधिकांश जगह खुला पड़ा है। 10 फिट गहरे नाला में कई बार मवेशी डूब चुके है जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका है।

  • भाकपा माले का ‘हक दो-वादा निभाओ’ अभियान के तहत एक दिवसीय धरना

    भाकपा माले का ‘हक दो-वादा निभाओ’ अभियान के तहत एक दिवसीय धरना

    फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय पर शनिवार को भाकपा माले, अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा, और अखिल भारतीय किसान महासभा ने संयुक्त रूप से ‘हक दो-वादा निभाओ’ अभियान के तहत एक दिवसीय धरना दिया।

    इस धरने में दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने, गरीबों के लिए पक्के मकान, भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन, 60,000 रुपये से कम आय वाले गरीबों के लिए आय प्रमाण पत्र बनाने, और अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों से बिचौलियों को हटाने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

    कार्यक्रम का नेतृत्व माले सचिव वीरेंद्र सन्याल ने किया, जिन्होंने धरना समाप्ति के बाद बीडीओ को मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर दारुण देवी, देवनारायण यादव, बनवारी दास, गीता देवी सहित अन्य कई कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

  • डैम में नहाने के दौरान युवक की डूबकर मौत, गांव में छाया मातम

    डैम में नहाने के दौरान युवक की डूबकर मौत, गांव में छाया मातम

    फतेहपुर प्रखंड के सोहजाना गांव के समीप ढाढर नदी पर स्थित डैम में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चमरुचक गांव निवासी सेराज अंसारी के पुत्र, सहनवाज अंसारी उर्फ भोलू के रूप में हुई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहनवाज अपने चार साथियों के साथ सोहजाना डैम में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और दलदल में फंसकर डूब गया। उसके साथी तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन सहनवाज को बचा नहीं सके।

    घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना की पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने डैम का गेट खोलकर पानी के तेज बहाव से सहनवाज का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है। इस दुखद घटना के बाद चमरुचक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

  • युवक ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

    युवक ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

    डुमरिया थाना क्षेत्र के पटखोलिया गांव में 19 वर्षीय अनुपम कुमार ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार रात, अनुपम ने सुजी बागीचा में एक पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

    शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने युवक का शव पेड़ से लटका देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मगध मेडिकल भेज दिया। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है, और पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

    रिपोर्ट – दिवाकर मिश्रा ,डुमरिया

  • अतरी में नहाते समय नदी में डूबा 25 वर्षीय युवक, शव की तलाश के लिए बुलाया गया एसडीआरएफ की टीम

    अतरी में नहाते समय नदी में डूबा 25 वर्षीय युवक, शव की तलाश के लिए बुलाया गया एसडीआरएफ की टीम

    नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के सीमा पर स्थित गांव के पास पैमार नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूबने की घटना सामने आई है। घटना उस समय हुई जब गांव के चार युवक पुल के पास नदी में नहा रहे थे। नहाने के दौरान 25 वर्षीय नीतीश कुमार अचानक डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन असफल रहे, और नीतीश पानी में गायब हो गया।
    युवक के डूबने की खबर फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और खोजबीन शुरू कर दी। हालांकि, युवक का कोई पता नहीं चल सका।
    नीमचक बथानी थाना के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार, जो महेश यादव का पुत्र था, नदी में डूब गया है। नदी में पानी का स्तर अधिक होने के कारण अब तक उसका शव बरामद नहीं हो सका है। स्थिति को देखते हुए शव की खोजबीन के लिए एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स) की टीम को बुलाने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय प्रशासन शव की खोज के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।

    गौरव सिंह अतरी संवाददाता

  • मद्य निषेध विभाग की टीम ने शराब के दो तस्करों को किया गिरफ्तार

    मद्य निषेध विभाग की टीम ने शराब के दो तस्करों को किया गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    मद्य निषेध विभाग की टीम ने शेरघाटी थाना क्षेत्र से अवैध शराब के दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। गया जिला के सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रिय रंजन ने बताया कि शेरघाटी के घाघर गांव के पास अवैध चुलाई शराब के साथ बाइक सवार तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जिसके पास से 65 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं एक मोटरसाईकिल जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक का नाम राज कुमार पिता जितु यादव सा० खजुरिया थाना हंटरगंज जिला चतरा (झारखंड) है। जबकि दूसरे का नाम गोविन्द कुमार पिता बौच यादव सा० जबरा थाना हंटरगंज जिला चतरा है। छापेमारी टीम में अवर निरीक्षक प्रभात कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक, रंजीत कुमार, मद्य निषेध सिपाही मोहित कुमार, महिला सिपाही, निक्की कुमारी, सोनाली गुप्ता एवं गृहरक्षक राजेंद्र यादव, देवचंद यादव, ललन कुमार यादव शामिल थे।

  • गया पहुंचे बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रीविष्णुपद मंदिर में की पूजा-अर्चना

    गया पहुंचे बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रीविष्णुपद मंदिर में की पूजा-अर्चना

    देवब्रत मंडल

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शनिवार को गया पहुंचे। यहां उन्होंने विष्णुपद मंदिर में पूजा अर्चना की। श्रीविष्णु पद वेदी स्थित श्रीविष्णु चरण कमल के दर्शन पूजन के बाद यहां से निकल पड़े। उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन मुस्तैद थे। श्रीविष्णुपद पर पूजन तुलसी अर्चना कर उन्होंने देश एवं बिहार के कल्याण के लिए भगवान श्रीगया गदाधर महाविष्णु से प्रार्थना की। यहां उन्हें भाजपा युवा मोर्चा के प्रवक्ता छोटू बारिक ने प्रसाद व अंग वस्त्र एवं श्रीविष्णु चरण कमल चिन्ह भेंट किया।

    पूजा-अर्चना करने के बाद उपमुख्यमंत्री महाबोधि कन्वेंशन सेंटर, बोधगया पहुंचेंगे। जहां कला संस्कृति एवं युवा विभाग के द्वारा आयोजित बिहार विरासत ज्ञानोत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात ए. पी. कॉलोनी, गया में एक निजी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे शिव कैलाश डालमिया के यहाँ आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद 7ः30 गया से प्रस्थान करेंगे। इस बीच सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं से मुलाकात कर संगठन एवं सरकार के कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।