Blog

  • ब्रेकिंग: गया शहर में एक जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार महिला की संदेहास्पद मौत, पुलिस जांच में जुटी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

    ब्रेकिंग: गया शहर में एक जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार महिला की संदेहास्पद मौत, पुलिस जांच में जुटी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

    ✍️देवब्रत मंडल

    गया शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक विधवा की संदेहास्पद स्थिति में मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल के पास एक कंपाउंडर दिलीप कुमार को पूछताछ के लिए अपने साथ थाना ले गई है। सिविल लाइंस थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि जिस घर से महिला का शव बरामद किया गया है वह घर कंपाउंडर दिलीप कुमार का घर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की तरफ से किसी तरह का आवेदन नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। बुधवार की सुबह महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि मृत महिला दाई(नौकरानी) की काम किया करती थी।

    बताया गया कि मृतक विधवा एक जनप्रतिनिधि के गोतिया की बहू है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि जहर खा लेने से मौत हुई है। जबकि इस संबंध में पूछे जाने पर जनप्रतिनिधि के पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनके घर के ठीक बगल में उनके दिवंगत चचेरे भाई की पत्नी रिंकी देवी रहती है। रिश्ते में भाभी लगती हैं जिनकी तबीयत खराब हो गई थी तो पास में रहनेवाले दिलीप कुमार कंपाउंडर के पास इलाज के लिए ले जाया गया था। इसके बाद देर रात महिला की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका का नाम रिंकी देवी है। जनप्रतिनिधि के पुत्र सह प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार का आरोप है कि दवा दुकानदार ने उनकी भाभी को जो दवा दी थी, उसके खाने से ही मौत हुई है। फ़िलहाल पुलिस की छानबीन जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल पाएगा कि रिंकी देवी की मौत की असल वजह क्या है।

  • शतप्रतिशत डाटा अपलोड करने वाले प्रधानाध्यापक व कम्प्यूटर आपरेटर हुए सम्मानित

    शतप्रतिशत डाटा अपलोड करने वाले प्रधानाध्यापक व कम्प्यूटर आपरेटर हुए सम्मानित

    टिकारी संवाददाता: सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा जारी इ – शिक्षा कोष पोर्टल पर शतप्रतिशत नामांकित बच्चों का आंकड़ा अपलोड करने में विद्यालय फिसड्डी सावित हो रही है। शिक्षा अधिकारियों के निर्देश और पर्यवेक्षण के बाद भी आंकड़ा अपलोड करने का रफ्तार जोर नही पकड़ रहा है। इस कारण विभाग को कई तरह के परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्रम में मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय राम बिगहा तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरा के प्रधानाध्यापक और कम्प्यूटर आपरेटर को सम्मानित किया गया। उक्त विद्यालयों में नामांकित बच्चों का आंकड़ा ई – शिक्षा कोष के पोर्टल पर शत प्रतिशत अपलोड करने का कार्य पूरा कर लिया गया है।

    इस हेतु बीआरसी में आयोजित समारोह में खैरा विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयशंकर तिवारी और कम्प्यूटर आपरेटर धर्मेश कुमार तथा राम विगहा के प्रधानाध्यापक रविन्द्र कुमार एवं कंप्यूटर आपरेटर अंकित शर्मा को बीइओ डा. अभय कुमार रमन द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विद्यालय के प्रधानाध्यापकों से बीइओ ने नामांकित सभी बच्चों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करने में तेजी लाने की अपील की। मौके पर शिक्षक शंभु शरण, राजीव कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद थे।

  • बेलागंज कारतूस बरामदगी मामला: तीन पुलिस अधिकारी निलंबित, सूचना देने वाला सद्दाम पहले ही जा चुका है जेल

    बेलागंज कारतूस बरामदगी मामला: तीन पुलिस अधिकारी निलंबित, सूचना देने वाला सद्दाम पहले ही जा चुका है जेल

    गया, 23 जुलाई 2024: बेलागंज थाना क्षेत्र में हुई 20 जिंदा कारतूसों की बरामदगी मामले में नया मोड़ आया है। मामले की जांच में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि सूचना देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

    गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बेलागंज थाना अंतर्गत चंदौती गांव में अवैध हथियारों की सूचना पर की गई छापेमारी में पुलिस सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिन्हा और महिला पुलिस अधिकारी रीना कुमारी शामिल थे। इन अधिकारियों ने बरामदगी की सूचना समय पर नहीं दी और कानूनी कार्रवाई में देरी की, जिसे उनके कर्तव्य के प्रति लापरवाही माना गया। इस गंभीर चूक के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।

    पुलिस सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार

    मामले में नया मोड़ तब आया जब जांच के दौरान सूचना देने वाले व्यक्ति की संदिग्ध भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद सद्दाम (पिता मोहम्मद रफीद आलम, निवासी चांदी वाजिपुर, थाना बेलागंज, जिला गया) को गिरफ्तार कर लिया। उसे 22 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में बेलागंज थाना में कांड संख्या 437/24 दर्ज किया गया है, जो धारा 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है।

    इस बीच, जिस घर से कारतूस बरामद हुए थे, उसके मालिक ने पुलिस और मोहम्मद सद्दाम के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि मो. सद्दाम ने अपनी निजी दुश्मनी को लेकर पुलिस से सांठगांठ कर मुझे फंसाने की साजिश रची गई है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

  • मउ थानाध्यक्ष पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, एसएसपी से की जांच की मांग

    टिकारी संवाददाता: मउ थानाध्यक्ष राहुल कुमार पर थानाक्षेत्र के कुरकुट बिगहा ग्राम की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाइ है। इस संबंध एसएसपी को पत्र लिखकर मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। स्थानीय ग्रामीण जयनंदन यादव की पत्नी चिंता देवी ने अपने शिकायत में कहा है कि 20 जुलाई की मध्य रात्रि मउ थानाध्यक्ष राहुल कुमार दलबल के साथ घर पर पहुंच कर गाली गलौज करते हुए घर में छानबीन करने लगे। इस क्रम में थानाध्यक्ष द्वारा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए मोबाइल व मंगलसूत्र छीन लिया गया। साथ ही राहुल कुमार द्वारा देशी कट्टा से चार राउंड फायरिंग कर चले गए। आधा घण्टा के बाद पुनह थानाध्यक्ष घर पर आ धमके और खोखा उठाकर पति जयनंदन यादव एवं देवर पुण्यदेव यादव को गिरफ्तार कर थाना लेकर चले गये। दोनो मउ थाना कांड संख्या 07/24 के आरोपित है। चिंता देवी ने मउ थानाध्यक्ष पर भेदभाव व बर्बरता करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग है। मामले को लेकर मउ थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने आरोप को निराधार बताते हुए बताया कि पुलिस द्वारा फरार आरोपी के घर में होने की सूचना पर छापेमारी की गई थी। इसी क्रम में आरोपित एवं उनके स्वजनों द्वारा पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया। जिसमें पुलिस ने अपना बचाव करते हुए दो आरोपितों की गिरफ्तारी की थी। घटना में मुझे चोट भी लगी है। पुलिस पर हमला करने को लेकर कांड संख्या 44/24 दर्ज किया गया है।

    क्या है मामला ?

    मउ थानाक्षेत्र के सुपटा ग्राम निवासी अनन्त प्रकाश द्वारा पुण्यदेव यादव व जयनंदन यादव सहित दस लोगो के विरुद्ध मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। वहीं कुरकुट बिगहा निवासी रणजीत कुमार द्वारा भी विनोद शर्मा सहित सात लोगो के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज कराया गया था। मारपीट का कारण विनोद शर्मा के खेत में मवेशी के चरने के बाद उत्पन्न हुआ विवाद बताया गया है। पुलिस द्वारा दोनो पक्ष के लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया था। मामले को लेकर पूर्व में आरोपी पुण्यदेव यादव द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, डीजीपी को पत्र भेजकर शिकायत की थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि शिकायत से नाराज थानाध्यक्ष ने घर मे घुसकर मारपीट, झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए नाजायज हथियार से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।

  • टिकारी में चंद्रशेखर आजाद की मनी जयंती

    टिकारी में चंद्रशेखर आजाद की मनी जयंती

    टिकारी संवाददाता: ब्राह्मण जागृति मंच अनुमंडल शाखा टिकारी के तत्वाधान में मंगलवार को टिकारी सब्जी बाजार स्थित मटर शाह ठाकुरवाड़ी परिसर में चंद्रशेखर आजाद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। उनके तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिसके बाद वक्ताओं ने उनके कृतित्व व व्यक्तित्व पर चर्चा किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के नगर अध्यक्ष योगेंद्र वैध और मंच का संचालन रामकृष्ण त्रिवेदी ने किया। मौके पर शिवबल्लभ मिश्र, गुड्डू पाण्डे, नवीन पांडेय, नौलेश द्विवेदी आदि लोग मौजूद थे।

  • अलीपुर पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार कर भेजा जेल

    अलीपुर पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार कर भेजा जेल

    टिकारी संवाददाता:अलीपुर थाना की पुलिस ने वर्षों से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। अलीपुर एसएचओ सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि लंबे अरसे से जहानाबाद जिला के टेहटा थानाक्षेत्र के काजी ढोरा ग्राम निवासी मुर्तजा आलम के पुत्र तनवीर आलम हत्या के एक मामले में विगत 23 वर्ष से फरार चल रहा था। अभियुक्त के विरुद्ध इश्तेहार का तामिला भी कराया जा चुका था। इसके बावजूद भी अभियुक्त पकड़ में नही आ रहा था। विगत सोमवार को पुलिस गुप्त सूचना मिली कि तनवीर आलम अपने घर पर आया हुआ है। सूचना का सत्यापन करा एसएचओ श्री शर्मा ने टेहटा थाना की पुलिस के सहयोग से अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया।

    एसएचओ श्री शर्मा ने बताया कि वर्ष 2001 के 19 नवम्बर को अलीपुर थानाक्षेत्र के आलमपुर निवासी नेयाज अहमद के फर्द बयान पर बम फेंकने व गोलीबारी करने का मामला दर्ज किया गया था। घटना में घायल महिला की मौत हो गई थी जिसके उपरान्त प्राथमिकी में धारा 302 परिवर्तित कर दिया गया था। घटना के बाद से अभियुक्त तनवीर आलम फरार था। गिरफ्तार करने के उपरांत पूछताछ कर न्यायालय को सुपुर्द कर दिया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

  • टिकारी में अनियमित बिजली आपूर्ति के विरुद्ध डीएम से शिकायत

    टिकारी में अनियमित बिजली आपूर्ति के विरुद्ध डीएम से शिकायत

    टिकारी संवाददाता: टिकारी में लगातार अनियमित विद्युत आपूर्ति, अनियमितता व गड़बड़ी की शिकायत डीएम से करते हुए सुधार की मांग की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता जफर बारी अंसारी उर्फ छोटू मियां द्वारा दिये गए आवेदन में कहा गया है कि अनुमंडलीय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति अत्यंत दयनीय है। विभागीय कर्मचारी व पदाधिकारियों शिकायत नही सुनते हैं। कभी पावर जीरो, लोड शेडिंग, फाल्ट, फ्यूज उड़ जाना, तार टूटना, सटडाउन आदि जैसे छोटी बड़ी कारणों की बजह से बाधित बिजली की आपूर्ति हो रही है।

    इस कारण नल जल योजना सहित आमजन कई तरह की परेशानी झेलने को विवश हैं।  पूरी तरह विद्युत पर ही आश्रित है, विद्युत नहीं रहने के कारण पेयजल के लिए बहुत तकलीफ होता रहता है। पुराने मीटर उखाड़कर जबरदस्ती प्रीपेड स्मार्ट मीटर से भी उपभोक्ता परेशान है। छोटू मियां ने सरकार की घोषणा के बाद टिकारी में 300 यूनिट बिजली फ्री करने की भी मांग उठाई है। 

  • गया के अतरी प्रखंड में डायरिया का कहर, एक सप्ताह में चार मौतें

    गया के अतरी प्रखंड में डायरिया का कहर, एक सप्ताह में चार मौतें

    गया, 23 जुलाई (अतरी संवाददाता) – बिहार के गया जिले के अतरी प्रखंड में डायरिया का प्रकोप गंभीर रूप ले चुका है। नरावट गांव के बनवासी नगर टोले में पिछले एक सप्ताह में इस बीमारी से चार लोगों की मौत हो चुकी है।

    सोमवार रात को 65 वर्षीय सोनवा देवी की मृत्यु के साथ मृतकों की संख्या चार पहुंच गई। सोनवा देवी को पहले मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन वे वहां से लौट आईं। बाद में उन्हें अतरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां एक घंटे के भीतर उनकी मृत्यु हो गई।

    अतरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने बताया, “सोनवा देवी पहले भी यहां भर्ती हुई थीं। गंभीर स्थिति में उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन वे वहां से बिना बताए चली आईं।”

    गांव में कैंप करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम

    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर लोगों का इलाज कर रही है। हालांकि, लगातार बढ़ रहे मामलों ने स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

    स्थानीय निवासियों का कहना है कि अस्वच्छ पेयजल और खराब स्वच्छता व्यवस्था इस प्रकोप का मुख्य कारण हो सकता है। वे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

    जिला प्रशासन ने कहा है कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और अतिरिक्त चिकित्सा सहायता भेजने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहे हैं।

  • नीमचक बथानी में दबंगों ने दिव्यांग को मारपीट कर किया घायल

    नीमचक बथानी में दबंगों ने दिव्यांग को मारपीट कर किया घायल

    नीमचक बथानी (गया)। बुधवार को बथानी बाजार में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक दिव्यांग युवक पर दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर हमला किया। पीड़ित की पहचान अरुण कुमार के रूप में हुई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार बथानी बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी में ईंधन भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान गराई बिगहा गांव के सूरज कुमार और मोनू कुमार नाम के दो व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना के बाद पीड़ित ने नीमचक बथानी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने इस मामले में पुष्टि करते हुए बताया, “हमने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

  • गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लगा कलाकारों का जमघट. हार्मोनिक कल्चरल ग्रुप ने वरिष्ठ कलाकारों को किया सम्मानित

    गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लगा कलाकारों का जमघट. हार्मोनिक कल्चरल ग्रुप ने वरिष्ठ कलाकारों को किया सम्मानित

    देवब्रत मंडल

    कलाकार जबतक एक दूसरे का सम्मान नहीं करेंगे तबतक कला का विकास असंभव है. हमें कला के विकास के लिए एक छत के नीचे आना होगा. उक्त बातें वरिष्ठ नाट्य कलाकार शिव कुमार ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गया के स्थानीय कपिलधारा स्तिथ भगवान गणिनाथ मंदिर के प्रांगण में कला -संगीत से जुड़ी संस्था “हार्मोनिक म्यूजिकल ग्रुप “द्वारा आयोजित कलाकार मिलन -सह -सम्मान समारोह में कही। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्थानीय वरिष्ठ कलाकारों सर्वश्री बचनु गायब, पिचकारी आर्टिस्ट ग्रुप के अध्यक्ष व वरिष्ठ छायाकार रूपक सिन्हा, गिरीश कुमार सिन्हा,हार्मोनिक ग्रुप के राजेंद्र सिंह राजू, राजेंद्र विश्वकर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया साथ ही उद्घघाटनकर्ताओं को शाल ओढ़ाकार गुरु -शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए कलाकारों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शशि सिन्हा द्वारा तथा आगतुकों का स्वागत एस. के. पप्पू द्वारा किया गया।

    इस अवसर पर वरिष्ठ रंगकर्मी शिव कुमार को हार्मोनिक म्यूजिकल ग्रुप के सदस्यों द्वारा विशेष रूप से अंगवस्त्र तथा अनेकों उपहार देकर सम्मानित किया गया, वहीं अन्य सम्मानित होने वाले कलाकार थे नीलिमा सिन्हा, राजेंद्र विश्वकर्मा, अरुण सिन्हा, संजय सिन्हा तथा गुलनार सिलाई केंद्र के संस्थापक सह रंगकर्मी एवं फोटो जर्नलिस्ट नीरज कुमार। हार्मोनिक से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों ने एक स्वर से गुरु -शिष्य की परम्परा को जीवित रखने के लिए ऐसे कार्यक्रम को बारम्बार आयोजित करने की बात दोहराई. कार्यक्रम के समापन के पूर्व कई कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों-श्रोताओं का दिल जीतने में कोई कसर बाकी नहीं रखी. विशेषकर राजेंद्र विश्वकर्मा (एकोडियन ),सर्वोत्तम कुमार,अरविन्द कुमार (ऑर्गन ), संजय सिन्हा ( ढ़ोलक ) तथा विनोद कुमार (पैड )वाद्ययंत्र के साथ।