Blog

  • रेल बजट 2024-25: भारतीय रेलवे को मिला अब तक का सबसे बड़ा आवंटन

    रेल बजट 2024-25: भारतीय रेलवे को मिला अब तक का सबसे बड़ा आवंटन

    न्यूज डेस्क, 24 जुलाई 2024 – केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 2024-25 के रेल बजट पर आधारित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे को अब तक का सबसे बड़ा बजटीय आवंटन 2,62,200 करोड़ रुपये प्राप्त हुआ है।

    रेल मंत्री ने पिछले एक दशक में रेलवे के विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 2014-2024 के बीच औसतन प्रति वर्ष 160 किमी नई रेल लाइन का निर्माण हुआ, जो 2009-14 के 60-65 किमी प्रति वर्ष से काफी अधिक है। यात्री सुविधाओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इस गर्मी के मौसम में लगभग 12,000 विशेष ट्रेनें चलाई गईं और पिछले वर्ष करीब 700 करोड़ यात्रियों ने रेल से यात्रा की।

    रोजगार सृजन पर बात करते हुए श्री वैष्णव ने बताया कि 2014 से 2024 तक लगभग 5 लाख लोगों को रेलवे में नियुक्त किया गया है।

    बिहार राज्य के लिए विशेष योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य को अब 10,033 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है, जो 2004-2014 के 1,132 करोड़ रुपये से नौ गुना अधिक है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में रेलवे का 100% विद्युतीकरण पूरा हो चुका है और 92 स्टेशनों का पुनर्निर्माण अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है।

    इसके अतिरिक्त, बिहार में 79,356 करोड़ रुपये की लागत से 55 नई परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें नई लाइनें, दोहरीकरण और आमान परिवर्तन शामिल हैं। रेल मंत्री ने आश्वासन दिया कि किसी भी परियोजना के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद, पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने भी उपस्थित पत्रकारों को बजट प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

    यह बजट भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे देश भर में रेल सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।

  • केंद्रीय बजट बिहार में बहार लाएगा, अमृतकाल कालखंड का सुनहरा बजट : कुलपति

    केंद्रीय बजट बिहार में बहार लाएगा, अमृतकाल कालखंड का सुनहरा बजट : कुलपति

    सीयूएसबी में केन्द्रीय बजट 2024 पर पैनल चर्चा

    टिकारी संवाददाता: केंद्रीय बजट 2024 बिहार में बहार की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे प्रांत का चौतरफा  विकास होगा। उक्त बातें सीयूएसबी में आयोजित बजट पर पैनल चर्चा के दौरान कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट ने बिहार राज्य को ढ़ेरों सौगात दी है। केंद्रीय बजट में गया तथा बोधगया के विकास के लिए किए गए घोषणाओं से समस्त मगध क्षेत्र का विकास होगा। विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यावसायिक अध्ययन विभाग तथा आर्थिक अध्ययन एवं नीति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में केंद्रीय बजट पर आयोजित पैनल चर्चा में कुलपति ने कहा कि इस बजट में किसान, मजदूर, महिला, निर्धन, युवा के साथ – साथ समाज के हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा है। वंही कृषिगत वृद्धि की माध्यम से रोजगार का सृजन इस बजट की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

    कुलपति ने कहा कि यह बजट अमृतकाल कालखंड का सुनहरा बजट है जिसके साकारत्मक प्रभाव आने वाले समय में दिखाई देंगे।  पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि पैनल चर्चा में कार्यक्रम समन्वयक डा. पावस कुमार ने बजट के मुख्य-बिंदुओं को साझा किया। प्रो. ब्रजेश कुमार ने इन्फ्लेशन, इन्वेस्टमेंट एंड एनर्जी सिक्योरिटी विषय पर अपने विचार प्रकट हुए कहा कि इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट में विशेष तौर पर बाढ़ नियंत्रण के उपायों, सड़क, पुल तथा ओवरब्रिज निर्माण आदि पर काफी अनुदान दिया गया विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगा। मुद्रा लोन योजना की राशि को 10 लाख से बढाकर 20 लाख बढ़ाने से छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय शुरू करने में प्रोत्साहन मिलेगा।

    इस बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ भवनों के निर्माण, रोजगार गारंटी, उच्च जीवन स्तर सुनिश्ति करने के आश्वासन के साथ- साथ उद्योग जगत और अनुसन्धान छेत्र के लिए काफी अनुदान दिया गया है जो सरकार की विकासवादी निति को आगे बढ़ाने का प्रमाण है। इसके अलावे चर्चा में प्रो. कृष्णन चालिल ने इंफ्रास्ट्रचर एंड अर्बन डेवलपमेंट, प्रो. आर.के. कुंभार ने एजुकेशन, एम्प्लायमेंट एंड स्किलिंग तथा डा. राजनारायणन ने इन्क्लूसिव एचआरडी एंड सोशल जस्टिस विषय पर बजट के परिदृश्य में अपने विचार साझा किया। कार्यक्रम में चर्चाकर्ताओं डा. फिरदौस फातिमा रिजवी, डा. आतिश कुमार दाश, डा. रचना विश्वकर्मा, डा. प्रदीप राम, डा. पावस कुमार, रेनू राय आदि ने भाग लिया।

    • संविधान के 9 वीं अनुसूची 65 प्रतिशत आरक्षण को शामिल करने को लेकर सड़क से संसद तक आंदोलन का ऐलान

      संविधान के 9 वीं अनुसूची 65 प्रतिशत आरक्षण को शामिल करने को लेकर सड़क से संसद तक आंदोलन का ऐलान

      टिकारी संवाददाता: बिहार सरकार द्वारा लागू 65 प्रतिशत आरक्षण को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर राजद का पदयात्रा बुधवार को टिकारी से कुर्था के लिए रवाना हुआ। गंतव्य स्थान के लिए प्रस्थान से पूर्व यात्रा के नेतृत्वकर्ताओं ने प्रेस वार्ता किया और इसके उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी दी। पदयात्रा के संयोजक व पार्टी के प्रदेश सचिव विनय कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एससी, एसटी, ओबीसी के लिए आरक्षण का कोई प्रावधान नही किया गया है। 65 प्रतिशत आरक्षण को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर गया के अंबेडकर पार्क से पदयात्रा निकाली गई है। जो कुर्था में अमर शहीद जगदेव प्रसाद के शहादत स्थल पर पहुंचेगा और सभा में तब्दील हो जाएगा। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के टिकारी संगठन जिलाध्यक्ष सुभाष यादव ने कहा कि 17 महीने के कार्यकाल में डिप्टी सीएम रहते तेजस्वी यादव द्वारा बिहार में जातीय जनगणना कराई गई।

      जिसके बाद राज्य सरकार द्वारा आरक्षण की सीमा 15 प्रतिशत और बढ़ा दिया गया। लेकिन एक साजिश के तहत हाईकोर्ट के माध्यम से इसे रद्द करा दिया गया। अन्य नेताओं ने कहा कि बिहार सरकार जनता को बरगलाने के लिए कहती है कि सुप्रीम कोर्ट का रूख करेंगे। लेकिन अबतक ऐसा नही हो सका। एनडीए की सरकार द्वारा आमजन को छलने व ठगने का प्रयास किया जा रहा है। राजद के वरिष्ट नेता अजय दांगी ने कहा कि 65 प्रतिशत आरक्षण को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करने को लेकर सड़क से संसद तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रेस वार्ता के दौरान राजद के गया महानगर अध्यक्ष जितेंद्र यादव, दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रताप दास, मनोज यादव, सौरव यादव, मुख्यदेव यादव, विनोद शर्मा, बंटी यादव, आनंद यादव, सुधीर यादव आदि कई राजद नेता मौजूद थे।

    • विद्यालय में हंगामा के बाद हटाये गए छेड़छाड़ करने के आरोपी शिक्षक

      विद्यालय में हंगामा के बाद हटाये गए छेड़छाड़ करने के आरोपी शिक्षक

      टिकारी संवाददाता: प्रखण्ड के कुसाप स्थित मध्य विद्यालय की छात्राओं ने एक शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। छात्राओं के आरोप की जानकारी होते ही कई अभिवावक विद्यालय पहुंच जमकर हंगामा किये। अभिवावकों का हंगामा बढ़ता देख विद्यालय प्रधान द्वारा मामले की जानकारी एसडीएम व बीईओ को दिया गया। जानकारी मिलते ही एसडीएम व बीईओ दल बल के साथ विद्यालय पहुंचे व मामले की जानकारी ली। विद्यालय की कई छात्राओं ने पदाधिकारियों के समक्ष विद्यालय के शिक्षक नरेश पासवान द्वारा वर्ग संचालन के दौरान जोर जबरदस्ती करने की बात कही।एसडीएम द्वारा पूरे मामले की जानकारी छात्रों व शिक्षकों से भी ली गई। प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी डॉ अभय रमन ने बताया कि शिकायत मिलने पर विद्यालय जाकर जांच की गई है। अभिवावकों की मांग पर शिक्षक नरेश पासवान को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है वहीं शिक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखा जा रहा है। वहीं पंचानपुर थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने मामले को लेकर किसी भी तरह की मौखिक व लिखित जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की है।

    • अलीपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

      अलीपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

      टिकारी संवाददाता: अलीपुर थाना की पुलिस ने अलग अलग मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अलीपुर थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि न्यायालय के आदेश पर मखदुमपुर ग्राम से एनबीडब्ल्यू वारंटी शाहनवाज अंसारी को गिरफ्तार किया गया। वहीं मखदुमपुर ग्राम से ही शराब मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा टिकारी थाना की पुलिस ने भी नन्दन बिगहा मुहल्ले से एनबीडब्ल्यू वारंटी अनिल यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय में सुपुर्द कर दिया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

    • हार न मानने की जिद, गोलियों से छलनी शरीर से ओलंपिक तक का सफर : कैसे एक फौजी बना देश का पहला पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता ?

      हार न मानने की जिद, गोलियों से छलनी शरीर से ओलंपिक तक का सफर : कैसे एक फौजी बना देश का पहला पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता ?

      ✍️ दीपक कुमार

      गया, 24 जुलाई 2024: भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता श्री मुरलीकांत राजाराम पेटकर ने आज ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) गया में एक प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने जीवन की कहानी साझा करते हुए कैडेट्स, अधिकारियों और स्टाफ को संबोधित किया।

      श्री पेटकर ने अपने संघर्षों और उपलब्धियों का वर्णन किया, जिसमें 1965 के भारत-पाक युद्ध में लगी नौ गोलियों से लेकर 1972 में हीडलबर्ग पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने तक की यात्रा शामिल है। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने कभी हार नहीं मानी और हर बाधा को पार करते हुए नई ऊंचाइयां छुईं।

      जीवन का संघर्ष और उपलब्धियां:

      श्री पेटकर का जन्म 1 नवंबर 1947 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ था। बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाले पेटकर ने कुश्ती, हॉकी और एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद, उन्होंने खुद को एक मजबूत खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया।

      1965 के भारत-पाक युद्ध में, श्री पेटकर को नौ गोलियां लगीं, जिनमें से एक आज भी उनकी रीढ़ की हड्डी में मौजूद है। लेकिन इस गंभीर चोट ने उनके हौसले को कम नहीं किया। दो साल के कठिन पुनर्वास के बाद, उन्होंने 1967 में महाराष्ट्र राज्य चैंपियनशिप में कई खेलों में स्वर्ण पदक जीते।

      श्री पेटकर ने अपने संबोधन में कहा, “मैंने कभी भी किसी संकट या शारीरिक समस्या से हार नहीं मानी। हर बाधा को पार करते हुए मैं नित नई ऊँचाइयों को छूता गया।”

      ऐतिहासिक उपलब्धि:

      श्री पेटकर की सबसे बड़ी उपलब्धि 1972 में जर्मनी के हीडलबर्ग में आयोजित ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक में आई, जहां उन्होंने भारत को पहला पैरालंपिक स्वर्ण पदक दिलाया। 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी में उन्होंने विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।

      उनकी अन्य उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल हैं:

      • स्टोक मैंडविले अंतर्राष्ट्रीय पैराप्लेजिक मीट में लगातार 5 वर्षों तक (1969-73) जनरल चैम्पियनशिप कप जीतना
      • 1970 में एडिनबर्ग कॉमनवेल्थ पैराप्लेजिक गेम्स में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतना
      • हांगकांग FESPIC खेलों में 50 मीटर तैराकी में विश्व रिकॉर्ड बनाना

      सम्मान और पुरस्कार:

      श्री पेटकर को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए कई सम्मान मिले हैं:

      • 1975 में महाराष्ट्र का सर्वोच्च खेल पुरस्कार, शिव छत्रपति पुरस्कार
      • 2018 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान

      प्रेरणा का स्रोत:

      ओटीए गया के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह मिन्हास ने श्री पेटकर को एक स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा, “श्री पेटकर का जीवन हमारे कैडेट्स के लिए एक जीवंत उदाहरण है। उनका संघर्ष और सफलता की कहानी हमें सिखाती है कि कठिनाइयों से कभी हार नहीं माननी चाहिए।”

      श्री पेटकर के जीवन पर आधारित फिल्म “चंदू चैंपियन” में अभिनेता कार्तिक आर्यन ने उनका किरदार निभाया है, जो उनकी कहानी को एक नई पीढ़ी तक पहुंचा रही है।

      अपने संबोधन के अंत में श्री पेटकर ने कहा, “जीवन में कितनी भी कठिनाइयाँ आएं, कभी भी थक कर रुकना नहीं चाहिए। निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। यही सफलता का मंत्र है।”

      कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे, जिन्होंने श्री पेटकर के जीवन की प्रेरक कहानी को सुना और उनसे सीख ली। उनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए एक प्रेरणास्रोत है, जो दिखाता है कि दृढ़ संकल्प और अटूट साहस से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

    • नक्सली बंद के आह्वान पर सुरक्षा बल सतर्क, SSB ने गुरपा वन क्षेत्र में चलाया विशेष गश्त अभियान

      नक्सली बंद के आह्वान पर सुरक्षा बल सतर्क, SSB ने गुरपा वन क्षेत्र में चलाया विशेष गश्त अभियान

      गुरपा संवाददाता: भाकपा (माओवादी) द्वारा 25 जुलाई को आहूत झारखंड-बिहार बंद के मद्देनजर सुरक्षा बलों ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 32वीं वाहिनी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त अभियान शुरू कर दिया है।

      SSB के 32वीं वाहिनी कमांडेंट राजेश सिंह ने बताया, “हमने जी कंपनी कमांडर ज्ञानेश्वर सिंह के नेतृत्व में गुरपा थाना क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन पेट्रोलिंग शुरू की है। पटवास, बसकटवा जंगल और आसपास के पहाड़ी इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।”

      बंद का आह्वान हाल ही में धनबाद में हुई एक गिरफ्तारी के विरोध में किया गया है। एक निजी क्लिनिक से नक्सली नेता विवेक की पत्नी जया हेम्ब्रम उर्फ जया दीदी सहित कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जया दीदी को बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी की सदस्य बताया जाता है। सुरक्षा बलों का कहना है कि वे किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आने वाले दिनों में स्थिति पर करीबी नजर रखी जाएगी।

    • 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा विशाल वृक्षारोपण अभियान

      32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा विशाल वृक्षारोपण अभियान

      फतेहपुर 24 जुलाई 2024: सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 32वीं वाहिनी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। बुधवार, 24 जुलाई को दक्षिणी लोधवे पंचायत के कोड़या और तेलनी गांवों में एक विशाल वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।

      वाहिनी के कमांडेंट राजेश सिंह के निर्देश पर, जी कंपनी कमांडर और असिस्टेंट कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। इस दौरान SSB के जवानों ने 600 से अधिक पौधे लगाए।

      असिस्टेंट कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया, “हमने फलदार वृक्षों जैसे अमरूद, आम और अनार के साथ-साथ छायादार वृक्ष जैसे पीपल, बरगद और नीम के पौधे लगाए हैं। हमारा उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना ही नहीं, बल्कि जंगलों की कटाई रोकना, ग्लोबल वार्मिंग से बचाव और भविष्य के पर्यावरणीय खतरों से निपटने की तैयारी करना भी है।”

      इस अवसर पर लोधवे पंचायत के मुखिया संजय शर्मा ने भी वृक्षारोपण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया और कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया।

      उन्होंने आगे कहा, “हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर धरती को हरा-भरा रखने में योगदान देना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण में पेड़ों का योगदान अमूल्य है।”

      SSB के इस प्रयास से न केवल क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। यह पहल ‘जंगल की खुशहाली से हरियाली लाए’ के संदेश को मजबूती प्रदान करती है।

    • फतेहपुर प्रखंड में आयुष्मान कार्ड बनाने की रफ्तार धीमी, VLE ऑपरेटरों की लापरवाही पर उठे सवाल

      फतेहपुर प्रखंड में आयुष्मान कार्ड बनाने की रफ्तार धीमी, VLE ऑपरेटरों की लापरवाही पर उठे सवाल

      फतेहपुर संवाददाता: आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर फतेहपुर प्रखंड में चल रहे विशेष अभियान की प्रगति धीमी होने से प्रशासन चिंतित है। बुधवार को प्रखंड स्थित मनरेगा सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा।

      प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चंदन शास्त्री ने बताया, “जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। हमने सभी PDS विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे रोज सुबह 7 बजे अपने VLE ऑपरेटर से संपर्क कर उनके लिए कुर्सी, टेबल और बिजली की व्यवस्था करें।”

      उन्होंने आगे कहा, “यदि कोई ऑपरेटर नहीं आता है तो इसकी सूचना तत्काल दी जानी चाहिए। हम इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

      CHC फतेहपुर प्रबंधक शक्ति कुमार ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “प्रखंड में आयुष्मान कार्ड बनाने की गति बेहद धीमी है। 31 जुलाई तक सभी राशनकार्ड धारियों का आयुष्मान कार्ड बनाना हमारा लक्ष्य है।”

      पंचायती राज पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने VLE ऑपरेटरों को चेतावनी देते हुए कहा, “यदि कोई VLE कार्य में लापरवाही बरतता है या आने से मना करता है, तो उसकी सूचना CSC मैनेजर और CHC प्रबंधक को तुरंत दें।”

      बैठक में मौजूद PDS विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि अधिकांश VLE ऑपरेटर PDS दुकानों पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया बाधित हो रही है।

      जिला प्रशासन ने आंगनवाड़ी सेविका, जीविका और आशा कर्मियों को भी इस अभियान में सहयोग के लिए तैनात किया है। अधिकारियों ने VLE ऑपरेटरों से अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लेने और समयबद्ध तरीके से लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया है। इस बैठक में पीडीएस विक्रेता संघ प्रखंड अध्यक्ष सुभाष यादव , मंसूर आलम, शंकर शरण सिंह, मनीष कुमार सहित सैकड़ों पीडीएस विक्रेता उपस्थित रहे।

    • बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत, ANMMCH में हुई घटना के बाद हंगामा

      बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत, ANMMCH में हुई घटना के बाद हंगामा

      गया शहर में जहाँ एक महिला की मौत के बाद पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर अनुग्रह नारायण मगध अस्पताल सह कॉलेज के विद्युत का कार्य करने मिस्त्री की करंट लगने से मौत की खबर के बाद विरोध में अस्पताल के संविदा पर कार्य करने वाले कर्मचारियों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन कर
      ओपीडी सेवा को किया बाधित कर दिया है। गया के ANMMCH के बिजली मिस्त्री की मौत देर रात अस्पताल के मोटर चालू करने के दौरान करंट लगने से हो गई।

      बताया गया कि गत देर रात तेज बारिश के बाद अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल के एक हिस्से में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। बरसा का पानी जमा होते देख मेडिकल अस्पताल प्रशासन के द्वारा बिजली मिस्त्री को जमें पानी को मोटर चालू कर निकालने के लिए कहा गया। मेडिकल में कार्यरत बिजली मिस्त्री आकाश पासवान जैसे ही मोटर चालू करने के लिए बटन दबाया उसे करंट लग गई। जिसकी वजह से मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई।

      घटना के बाद बुधवार की सुबह मृतक मिस्री के परिजन और अन्य कर्मियों द्वारा एएनएमएमसीएच में इमर्जेंसी के मुख्य द्वार पर जमकर हंगामा किया जाने लगा। संविदा कर्मचारियों का कहना है मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। इसके बाद आक्रोशित कर्मियों ने अस्पताल की ओपीडी सेवा को भी बाधित कर दिया।

      आक्रोशित कर्मियों द्वारा OPD सेवा को बाधित कर दिए जाने के कारण दूर दराज से आने वाले मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग अस्पताल में हंगामा करते रहे, लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो कोई पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे थे ना ही अस्पताल प्रशासन।