Blog

  • एक दिन में पकड़े गये 9580 यात्री,जुर्माने के रूप में वसूले गए 54 लाख 40 हजार रूपये

    एक दिन में पकड़े गये 9580 यात्री,जुर्माने के रूप में वसूले गए 54 लाख 40 हजार रूपये

    पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिना टिकट/अनियमित यात्रियों पर शिकंजा कसने के लिए शुक्रवार की देर रात तक चलाए गए टिकट चेकिंग अभियान के तहत करीब छह हजार यात्री पकड़े गए। पूर्व मध्य रेल के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि पूर्व मध्य रेल के पाँचों रेल मंडल दानापुर, सोनपुर, समस्तीपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं धनबाद में एक साथ मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। ताकि मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी कोचों में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों पर लगाम लगाई जा सके। इसके साथ ही सभी पैसेंजर ट्रेनों एवं मेमू ट्रेनों में भी विशेष टिकट जाँच की गयी एवं बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया। इस जाँच अभियान में पं.दीन दयाल उपाध्याय जं., गया, पटना, दानापुर, सोनपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, धनबाद एवं गोमो जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, रेलकर्मियों, टी०टी०ई० एवं बड़ी संख्या में रेलवे सुरक्षा बल को तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि इस जाँच अभियान में कुल 09 हजार 420 बेटिकट/अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया जिनसे जुर्माने के रूप में 54 लाख 40 हजार रुपए वसूले गए।

    गुलजारबाग स्टेशन पर बस-रेड मारा गया, जिसमें 140 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए जिनमें से 60 यात्रियों से जुर्माना वसूल कर उन्हें छोड़ दिया गया तथा 80 बेटिकट यात्रियों को रेलवे जुडिशियल मजिस्ट्रेट/पटना के समाने आगे की कार्रवाई हेतु पेश किया गया । दानापुर मंडल में बिना टिकट/अनियमित यात्रा करते हुए 3140 यात्रियों को पकड़ा गया जिनसे जुर्मानास्वरूप 18 लाख 86 हजार रूपए वसूल किए गए । इसी तरह पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में बिना टिकट/अनियमित यात्रा करते हुए 970 यात्रियों को पकड़ा गया जिनसे जुर्मानास्वरूप 05 लाख 17 हजार रूपए, धनबाद मंडल में बिना टिकट/अनियमित यात्रा करते हुए 920 यात्रियों को पकड़ा गया जिनसे जुर्मानास्वरूप 04 लाख 32 हजार रूपए वसूल किए गए । जबकि सोनपुर मंडल में इस दौरान 2570 लोगों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया जिनसे 13 लाख 88 हजाऱ रूपए एवं समस्तीपुर मंडल में 1820 लोग बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए जिनसे जांच टीम द्वारा जुर्माना के रूप में 12 लाख 16 हजार रूपये वसूल की गई । विदित हो कि पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों में बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की धरपकड़ हेतु निरंतर टिकट जांच की जा रही है तथा भविष्य में भी यह जारी रहेगी ।

  • केंद्रीय विद्यालय-1 ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बच्चों ने किए पौधरोपण

    केंद्रीय विद्यालय-1 ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बच्चों ने किए पौधरोपण

    देवब्रत मंडल

    केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित “शिक्षा सप्ताह” ( 22 -28 जुलाई 2024) के अंतर्गत शनिवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक -1 गया में छठे दिन 101 छात्रों ने अपनी माँ के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रदर्शन किया तथा भावी पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण का सन्देश प्रदान किया।

    इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता, उपप्राचार्य हरि सिंह मीणा, कार्यक्रम प्रभारी स्नेहा विश्वकर्मा एवं अन्य शिक्षकगण प्रज्ञा कुमारी, आरती भोकर , श्वेता कुमारी, ललिता श्रीवास्तव आदि भी उपस्थित थे। इस अवसर पर प्राचार्य ने छात्रों तथा अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में व्यक्ति की सबसे पहली गुरू मां ही हैं, ऐसे में मां के नाम पौधारोपण अभियान में शामिल होना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। उन्होंने छात्रों को इस कार्यक्रम का संदेश अपने आस-पड़ोस में फैलाने के लिए प्रेरित किया।

  • गया के तेतर डैम से तैरता हुआ मिला जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र का शव, बाल कटवाने के लिए कहकर निकला था छात्र

    गया के तेतर डैम से तैरता हुआ मिला जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र का शव, बाल कटवाने के लिए कहकर निकला था छात्र

    गया जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय जेठियन से 3 किमी की दूरी पर तेतर डैम में पत्थर से बंधा एक युवक मिलने के बाद क्षेत्र में मिलने के बाद सनसनी फैल गई। जिस डैम से शव मिला है वह गंगा उद्भव योजना के तहतबनाया गया है। जिसे तेतर डैम कहा जाता है। इसी में गंगाजल को संग्रह किया जाता है। डैम में शनिवार की सुबह तैरते हुए छात्र का शव मिलने के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। शव की जब पहचान हुई तो लोग हैरानी भरी निगाहों से एक दूसरे को देखने लगे। पुलिस के लिए तो छात्र का शव और उलझा दिया। शव की पहचान नवोदय विद्यालय के 11वीं की छात्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने के बाद इसकी गुत्थियों को सुलझाने में जुट गई।

    पुलिस की मौजूदगी में डैम से शव को निकाला गया। शव बडा सा पत्थर से बांधा हुआ था। अतरी थाना पुलिस बल मौके पर पहुंची थी। शव की पहचान गया जिले के जेठियन गांव के समीप स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के 11 वीं कक्षा के छात्र प्रिंस कुमार पिता दिनेश मिस्त्री के रूप में की गई। मृत छात्र गया जिले के ही वजीरगंज थाना क्षेत्र के बभंडी गांव का रहने वाला था।

    विद्यालय से करीब तीन किमी दूर स्थित तेतर डैम से छात्र के शव मिलने के बाद तेतर डैम पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे की आखिर डैम की सुरक्षा में दर्जनों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती है, बाबजूद इसके डैम तक शव कैसे लाया गया, कब और किसने यह दुःसाहस किया, आदि आदि.? बताते चलें कि डैम की देखरेख के लिए पुलिस चौकी भी बनाई गई है। इस डैम में आम लोगो का प्रवेश निषेध है। क्योंकि गंगा उद्भव योजना के तहत तेतर डैम का निर्माण कराया गया था।

    विधालय के बाहर तैनात सुरक्षा जवान

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट गंगाजल उद्भव योजना के तहत इस डैम का निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2022 में लोकार्पण किया था। इस डैम में गंगा का पानी स्टोरेज होता है। यहां से गया जिले के विभिन्न इलाकों में गंगाजल की आपूर्ति की जाती है।

    जवाहर नवोदय विद्यालय से तेतर डैम की दूरी महज तीन किलोमीटर है। विद्यालय से बाल कटवाने के लिए छात्र प्रिंस के विद्यालय से निकलने की बात बताई जाती है। इसके बाद प्रिंस का शव डैम में मिलता है।

    जवाहर नवोदय विद्यालय, जेठियन के प्राचार्य अनिल कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि गुरुवार को प्रिंस बाल कटवाने की बात कहकर विद्यालय परिसर से बाहर निकला था। जिसके बाद प्रिंस वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ही अतरी थाना में प्रिंस के लापता होने की सूचना दे दी गई थी। जबकि चर्चा है कि विद्यालय कैंपस में बाल कटाने आदि समेत छात्रों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध है। बावजूद इसके बाल कटवाने की बात कहकर परिसर से बाहर कैसे निकल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय का सीसीटीवी कैमरा भी अनुपयोगी है। सवाल उठने लगे हैं कि जवाहर नवोदय विद्यालय में सीसीटीवी फंक्शन में नहीं है। इसके कैमरे खराब होने की बात सुन लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चा भी शुरू हो गई है।

    पुलिस हर पहलूओं पर कर रही है जांच

    नीमचक बथानी डीएसपी प्रकाश कुमार ने मीडिया से कहा है कि तेतर डैम से शव को बाहर निकाल लिया गया है। शव पत्थर से बंधा हुआ बरामद किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या कहीं और हुई है और शव को यहां लाकर फेंका गया है। शव की पहचान हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला संदेहास्पद है। पुलिस सभी बिंदुओं और हर पहलुओं पर अनुसंधान कर रही है। मामले का खुलासा शीघ्र ही कर लिया जाएगा।

  • गया-पटना राजमार्ग पर युवक की संदिग्ध मौत: परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच जारी”

    गया-पटना राजमार्ग पर युवक की संदिग्ध मौत: परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच जारी”

    गया, बिहार। 26 जुलाई, 2024। गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलागंज थाना क्षेत्र के पाली गांव के समीप एक युवक की मौत हो hखबर सामने आई है। मृतक की पहचान बलजोरी बिगहा गांव निवासी राजनाथ यादव के 40 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में की गई है।

    प्रशिक्षु डीएसपी सह बेलागंज थानाध्यक्ष सदानंद कुमार ने बताया कि गुरुवार देर रात लगभग एक बजे सूचना मिली कि एनएच पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार सुबह मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    मृतक के परिजनों का दावा है कि यह एक हत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि मुकेश, जो एक ट्रक चालक था, गुरुवार सुबह नौ बजे घर से निकला था। परिजनों का आरोप है कि किसी ने हत्या करके शव को राजमार्ग पर फेंक दिया।

    इस संबंध में थानाध्यक्ष सदानंद कुमार ने कहा, “प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।”

    घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बेलागंज थाने में जमा हो गए। पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों द्वारा कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

    यह घटना स्थानीय क्षेत्र में तनाव का कारण बन गई है। स्थानीय लोग न्याय की मांग कर रहे हैं और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की अपेक्षा कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वे मामले की गहन जांच कर रहे हैं और जल्द ही सच्चाई सामने लाएंगे।

  • गया में मां की हत्या का आरोपी बेटा गिरफ्तार, मां-बेटे के पवित्र रिश्ते पर उठे सवाल

    गया में मां की हत्या का आरोपी बेटा गिरफ्तार, मां-बेटे के पवित्र रिश्ते पर उठे सवाल

    गया, बिहार। 26 जुलाई, 2024। गया पुलिस ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बीते 14 जून को हुई एक हृदयविदारक घटना में एक बेटे द्वारा अपनी मां की हत्या के मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना न केवल एक परिवार की घटना है, बल्कि समाज में मां और बेटे के पवित्र रिश्ते पर भी गहरा प्रश्नचिह्न लगाती है।

    गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि यह घटना सरहदा थाना क्षेत्र के बिहटा गांव में हुई थी। घटना के दिन, मृतका अपने घर के आंगन में बैठी थी जब उसके बेटे ने अचानक टांगी से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

    महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि मृतका के पति ने इस घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस एफआईआर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

    गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष भारती  ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमचक बथानी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। इस टीम ने कड़ी मेहनत और सूझबूझ से काम करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा बाबू मांझी के रूप में हुई है, जो रामप्रवेश मांझी का पुत्र है।

    इस घटना ने समाज में गहरी चिंता और शोक की लहर पैदा कर दी है। यह घटना हमें सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो एक बेटा अपनी मां के प्रति इतना क्रूर हो गया। यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि हमारे समाज के मूल्यों पर एक गंभीर प्रहार है। पुलिस अब इस जघन्य अपराध के पीछे के कारणों की गहन जांच कर रही है।

  • 1688 मोबाइल बरामद कर जीआरपी ने यात्रियों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान, ढाई करोड़ रुपये से भी अधिक के हैं मोबाईल सेट

    1688 मोबाइल बरामद कर जीआरपी ने यात्रियों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान, ढाई करोड़ रुपये से भी अधिक के हैं मोबाईल सेट

    सूबे में सुशासन की राज है या नहीं, यह राजनीतिक मुद्दा हो सकता है लेकिन जिस व्यक्ति का किसी भी कारण से उनका गायब हुआ मोबाइल लौटकर फिर से आपके हाथों में आ जाए तो आपके चेहरे पर एक अजीब सी मुस्कान होगी और आप इस नेक कार्य करने वाले के प्रति अवश्य ही आभार प्रकट करेंगे। यह काम इन दिनों बिहार पुलिस कर रही है और हजारों लोगों के खो गए मोबाइल उन्हें लौटाकर पीड़ित व्यक्ति के चेहरे पर एक अलग मुस्कान लौटा दे रही है।

    अब आप कहेंगे कि बिहार पुलिस के प्रति तो लोग बहुत तरह की बातें करते हैं लेकिन magadhlive क्यों पुलिस की तारीफ में कसीदे गढ़ रहे हैं? तो इसके पीछे एक तर्कसंगत अकाट्य सत्य है। बिहार पुलिस रेलवे के साथ काम कर आपराधिक घटनाओं को नियंत्रण में रखने का काम अरसे से करती आ रही है। यात्रियों को मुसीबत की घड़ी में उनके साथ होती है रेल पुलिस। जिसे आमलोग सीधे तौर पर जीआरपी के नाम से जानते हैं और यह व्यवहार में भी है।

    अबतक 1688 मोबाइल लौटाए जा चुके

    राजकीय रेल पुलिस(जीआरपी) पटना क्षेत्र अंतर्गत कई स्टेशनों पर रेल थाने तो कई स्टेशनों पर पीपी संचालित हैं। पटना रेल पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में काम करने वाले रेल पुलिस ने साल 2023 के जनवरी महीने से लेकर 26 जुलाई 2024 तक 1688 मोबाइल को बरामद कर उनके वास्तविक लोगों को लौटा चुकी है।

    2023 से 27 जुलाई 2024 तक ढाई करोड़ रुपए के मोबाइल लौटाए गए

    पटना रेल पुलिस अधीक्षक ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया है कि जनवरी 2023 से जुलाई 2024 तक 1688 मोबाइल बरामद करते हुए इसके वास्तविक स्वामित्व को लौटा दिए गए हैं।
    इस साल 2024 में 558 लोगों को मोबाइल लौटा दिया गया है। रेल पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजकीय रेल पुलिस पटना द्वारा विभिन्न रेल थाना/पीपी एवं रेल अपराध नियंत्रण केंद्रों द्वारा खोए/चोरी गएमोबाइलों का तकनीकी अनुसंधान की मदद से बरामद करते हुए मोबाइल के वास्तविक धारकों को लौटाया गया है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2023 से जुलाई 2024 तक 1688 मोबाइल वास्तविक धारकों को लौटाया गया है। उन्होंने बताया इस साल 27 जुलाई तक 101 वास्तविक धारकों को मोबाइल लौटाया गया है। उन्होंने बताया कि इस महीने लौटाए गए 101 मोबाइल की कीमत 15 लाख 15 हजार रुपये है। उन्होंने बताया जनवरी 2023 से जुलाई 2024 तक लौटाए गए कुल 1688 मोबाइल की कीमत दो करोड़ 53 लाख 20 हजार रुपये है।

    गया रेल थाना ने लौटाए आठ मोबाइल

    वीडियो

    गया रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने पटना रेल एसएसपी को बताया है 27 जुलाई 2024 में कुल 8 मोबाइल के वास्तविक धारकों को लौटाया गया है। जबकि पटना रेल थाना 19, राजेन्द्र नगर 08, रेल थाना बक्सर 07, रेल थाना मोकामा 05, रेल पीपी भभुआ 04, रेल थाना जहानाबाद द्वारा 05 मोबाइल मुख्य रूप से वास्तविक धारकों को लौटाया गया है।

    मोबाइल गुम या चोरी चले जाने पर कांड दर्ज करवाएं

    रेल पुलिस पदाधिकारी ने कहा है कि सफर के दौरान रेलयात्री अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें। यदि किसी विशेष परिस्थिजन्य हालत में मोबाइल या अन्य सामान चोरी चली जाती है या गुम,/खो जाए तो संबंधित रेल थाना में अवश्य मामला दर्ज कराएं। मोबाइल के सारे डिटेल्स पुलिस को अवश्य दें ताकि खो चुके मोबाइल को बरामद करने की राह आसान हो सके।

  • गया में संगीता के सपने का दुखांत, दहेज की भेंट चढ़ गई एक और जिंदगी

    गया में संगीता के सपने का दुखांत, दहेज की भेंट चढ़ गई एक और जिंदगी

    गया, 25 जुलाई – बिहार की धरती पर एक और बेटी के सपने बिखर गए। गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के केवटी गांव में संगीता कुमारी नाम की एक युवा विवाहिता की जिंदगी की डोर अचानक टूट गई। उसकी मौत की खबर ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ दिया, बल्कि पूरे समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

    संगीता की कहानी हर उस लड़की की कहानी है, जो शादी के बंधन में बंधते ही खुद को एक पिंजरे में कैद पाती है। उसके भाई रजनीश की आंखों में आंसू हैं और आवाज में दर्द, जब वह बताते हैं कि कैसे उनकी बहन पर दहेज के लिए लगातार दबाव बनाया जाता था।

    “वह हमेशा मुस्कुराती थी, लेकिन उसकी आंखों में दर्द छिपा था,” रजनीश ने कहा। “हमने कभी नहीं सोचा था कि उसकी मुस्कान इतनी जल्दी हमसे छिन जाएगी।”

    मृतका के भाई रजनीश

    संगीता के 16 महीने के बेटे की मासूम आंखें अब मां को ढूंढ रही हैं। वह नहीं जानता कि समाज की क्रूरता ने उससे उसकी मां छीन ली है। रजनीश कुमार ने बताया कि उन्हें बुधवार शाम को संगीता की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। जब वे घर पहुंचे, तो वहां की स्थिति देखकर उन्हें संदेह हुआ।

    अतरी थाने की पुलिस ने मामले में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने पहाड़ पर जाकर जांच की और शव जलाने की पुष्टि की। वहां से मृतका का पायल भी बरामद हुआ है। थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद ने कहा, “हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”।

    लेकिन क्या सिर्फ कानूनी कार्रवाई से इस समस्या का हल निकलेगा? क्या हमारा समाज कभी बदलेगा? ये सवाल हर किसी के जेहन में हैं।

    समाजसेवी सत्यवती गुप्ता कहती हैं, “हर बेटी के माथे पर दहेज का दाग लगाना बंद करना होगा। उन्हें सम्मान और स्वतंत्रता दें। तभी ऐसी घटनाएं रुकेंगी।”

    संगीता की मौत सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि हमारे समाज के लिए एक आईना है। यह वक्त है कि हम इस आईने में अपना चेहरा देखें और बदलाव की शुरुआत खुद से करें। ताकि कोई और संगीता अपने सपनों से पहले न टूटे।

  • मोहड़ा प्रखंड में विमला देवी निर्विरोध उपप्रमुख निर्वाचित

    मोहड़ा प्रखंड में विमला देवी निर्विरोध उपप्रमुख निर्वाचित

    रिपोर्ट : गौरव सिंह

    गया, बिहार। मोहड़ा प्रखंड में उपप्रमुख का पद लंबे समय से रिक्त था। गुरुवार को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इस पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें उत्तरी कजूर पंचायत समिति की सदस्य विमला देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

    चुनाव प्रक्रिया नीमचक बथानी अनुमंडल कार्यालय, खिजरसराय में आयोजित की गई। नीमचक बथानी के एसडीओ गोपाल कुमार और मोहड़ा प्रखंड प्रमुख रूबी देवी की अध्यक्षता में यह चुनाव संपन्न हुआ।

    एसडीओ गोपाल कुमार ने बताया, “चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी पंचायत समिति सदस्यों के आने का इंतजार किया गया। कुल 8 पंचायत समिति सदस्य उपस्थित हुए।”

    उपप्रमुख पद के लिए केवल विमला देवी का नामांकन हुआ। किसी अन्य सदस्य ने इस पद के लिए दावेदारी नहीं की। परिणामस्वरूप, सर्वसम्मति से विमला देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

    इस अवसर पर मोहड़ा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि गया यादव, अंबुज कुमार, शहबाज खान, रजनीश पांडेय, राजेश राजवंशी और गौतम कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

  • अतरी में 20वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, परिवार ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

    अतरी में 20वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, परिवार ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

    रिपोर्ट : गौरव सिंह

    अतरी (गया): बुधवार की देर रात, अतरी थाना क्षेत्र के मूरो बिगहा गांव में एक दुखद घटना सामने आई। स्थानीय निवासी वासुदेव यादव के 20 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार ने खेत में एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अतरी थाना अध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “मूरो बिगहा गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। हमारी टीम तुरंत वहां पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।”

    मृतक के परिजनों ने बताया कि सूरज रात में खेत पर गया था, जहां उसने यह कदम उठाया। हालांकि, परिवार ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है और पुलिस को एक लिखित आवेदन देकर कोई कानूनी कार्रवाई न करने का अनुरोध किया है।

  • हथियारबंद बदमाशों ने लोहा व्यवसायी के घर से की 15 लाख की लूट

    हथियारबंद बदमाशों ने लोहा व्यवसायी के घर से की 15 लाख की लूट

    रिपोर्ट : गौरव सिंह

    गया, बिहार। जिले के अतरी थाना क्षेत्र के टेउसा बाजार में गुरुवार की सुबह एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है। लगभग छह हथियारबंद बदमाशों ने एक प्रमुख लोहा व्यवसायी के घर में घुसकर करीब 15 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए।

    घटना सुबह 5:40 बजे की है, जब लोहा व्यवसायी दिनेश साव अपनी पत्नी के साथ नियमित मॉर्निंग वॉक पर गए थे। इस दौरान बदमाश घर में घुस गए और व्यवसायी के पुत्र सोनू कुमार को बंधक बना लिया। उन्होंने घर में मौजूद अन्य महिलाओं को हथियार दिखाकर धमकाया।

    घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़

    बदमाशों ने गोदरेज तोड़कर उसमें रखे लगभग 15 लाख रुपये, महिलाओं के जेवर और दो बच्चियों के लॉकेट लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद वे घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गए।

    सोनू कुमार ने बताया, “मैं खिड़की से बाहर निकलकर अपने माता-पिता को सूचित किया, जिसके बाद हमने पुलिस को खबर दी।” अतरी थाना प्रभारी नरेंद्र प्रसाद ने कहा, “हमने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है।”

    यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने की मांग की है।