Blog

  • बगैर बोर्ड की अनुमति के 40 लाख की निकासी पर स्वच्छता पदाधिकारी को विभागीय कार्रवाई का निर्णय

    बगैर बोर्ड की अनुमति के 40 लाख की निकासी पर स्वच्छता पदाधिकारी को विभागीय कार्रवाई का निर्णय

    पितृपक्ष मेले में सफाई व्यवस्था पर रहेगा विशेष जोर, ड्रोन से होगी निगरानी

    देवब्रत मंडल

    गयाजी। नगर निगम ने पितृपक्ष मेले की तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। बुधवार को नगर निगम सभागार में मेयर वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में मेले को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई। जबकि बैठक संचालन समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया। इस बार 25 सितंबर से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले में आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सफाई व्यवस्था और निगरानी पर विशेष जोर दिया जाएगा। मेला क्षेत्र में सफाई का काम आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराया जाएगा। जबकि इसकी निगरानी ड्रोन से की जाएगी।

    मेयर ने कहा कि गयाजी की पहचान पितृपक्ष मेला और पिंडदान की परंपरा से जुड़ी है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी उद्देश्य से इस बार मेले में कई नई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डा. गगन,मनोज कुमार, विनोद कुमार यादव,सारिका कुमारी, तब्बसुम परवीन, उप नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, जेई व एई सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

    बिना बोर्ड अनुमति 40 लाख की निकासी पर स्वच्छता पदाधिकारी को विभागीय कार्रवाई का निर्णय

    बैठक में नगर निगम की कार्यप्रणाली और राशि के इस्तेमाल को लेकर भी सदस्यों ने सवाल उठाए। स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार द्वारा सशक्त व बोर्ड की अनुमति के बिना करीब 40 लाख रुपये की राशि निकासी का मामला बैठक में उठाया गया। इस पर मेयर और नगर आयुक्त ने स्वच्छता पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। सवाल किया गया कि बोर्ड की अनुमति के बिना राशि की निकासी कैसे की गई और उससे दीवार पेंटिंग का काम किस आधार पर कराया गया। नगर आयुक्त ने मामले की जांच कराने की बात कही। साथ ही स्वच्छता पदाधिकारी को 90 दिनों के अंदर राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया गया। राशि का भुगतान नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई के साथ निलंबन वापस करने निर्णय लिया गया है।

    सफाई वोट से होगी फल्गु नदी की सफाई

    पितृपक्ष मेले के दौरान फल्गु नदी की सफाई व्यवस्था को भी विशेष रूप से मजबूत किया जाएगा। नदी में आधुनिक सफाई नाव के माध्यम से 24 घंटे सफाई कराने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य नदी के पानी को स्वच्छ रखना है, ताकि पिंडदानियों को कर्मकांड के लिए फल्गु का पवित्र जल उपलब्ध हो सके। नगर निगम मेला अवधि में नदी और उसके आसपास की सफाई पर लगातार निगरानी रखेगा। तीर्थयात्रियों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए इस बार मेला क्षेत्र में सोलर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। नगर निगम की योजना है कि प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं को आसानी से पेयजल मिल सके। सोलर आधारित व्यवस्था से बिजली की निर्भरता भी कम होगी। भीड़ वाले स्थानों पर पेयजल की उपलब्धता बनाए रखने को लेकर निगम की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी।

    लेजर लाइट से बताएंगे गयाजी का महत्व

    पितृपक्ष मेले में इस बार लेजर लाइट के माध्यम से गयाजी के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी तीर्थयात्रियों को दी जाएगी। मेला क्षेत्र में लेजर लाइट शो की व्यवस्था की जाएगी, जिसके जरिए गयाजी की धार्मिक मान्यताओं और महत्व को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को गया की धार्मिक विरासत को जानने का अवसर मिलेगा। ब्रह्मसरोवर में कई वर्षों से बंद पड़े लाइट एंड साउंड कार्यक्रम को भी पितृपक्ष मेले के दौरान फिर से चालू करने की तैयारी है। बैठक में इसे लेकर भी योजना पर चर्चा की गई। इसके चालू होने से ब्रह्मसरोवर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण बढ़ेगा।

    दस दिनों में नाले-नालियों की सफाई पूरी करने का निर्देश

    बैठक में शहर के नाले और नालियों की सफाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि कई वार्डों के क्षेत्रों में नाले और नालियों की सफाई अब तक पूरी तरह नहीं हुई है। थोड़ी वर्षा होने पर ही शहर में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। समिति सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने हर हाल में दस दिनों के अंदर नाले और नालियों की सफाई पूरी करने की आदेश दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते सफाई नहीं होने पर पितृपक्ष मेले के दौरान परेशानी बढ़ सकती है।

    विकास कार्यों की निगरानी को बनेगी टीम

    शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी के लिए बैठक में एक विशेष टीम बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। टीम में तीन वार्ड पार्षद और तीन अभियंता शामिल होंगे। यह टीम विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण करेगी और उसकी रिपोर्ट नगर निगम कार्यालय को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर ही संबंधित ठेकेदार को राशि का भुगतान किया जाएगा। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार और अनियमितता पर अंकुश लगाने की उम्मीद है।

  • गया जंक्शन पर RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई, 3.75 लीटर विदेशी शराब के साथ दरभंगा का युवक गिरफ्तार

    गया जंक्शन पर RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई, 3.75 लीटर विदेशी शराब के साथ दरभंगा का युवक गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    गया। पूर्व मध्य रेलवे, डीडीयू मंडल के रेल सुरक्षा बल RPF पोस्ट गया ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

    मंगलवार को RPF और GRP गया की संयुक्त टीम प्लेटफार्म 6/7 के मिडिल फुट ओवरब्रिज के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पिट्ठू बैग लेकर तेजी से बाहर निकलता दिखा।

    पूछताछ पर उसने अपना नाम मुकेश कुमार, 28 वर्ष, पिता शिवलाल यादव, निवासी ग्राम हिरोन, थाना वीरांल, जिला दरभंगा  बताया। तलाशी लेने पर बैग से 03.75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

    बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹5,000 आंकी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर GRP थाना गया के सुपुर्द कर दिया गया।

    GRP में कांड संख्या 207/26 धारा 30(a) बिहार मध्य निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    RPF अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए स्टेशन पर निगरानी और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

  • अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर दूरदर्शन बिहार के ‘बिहार विहान’ कार्यक्रम में शिवेन्द्र कुमार मालवीय के विचारों ने दर्शकों को किया प्रेरित

    अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर दूरदर्शन बिहार के ‘बिहार विहान’ कार्यक्रम में शिवेन्द्र कुमार मालवीय के विचारों ने दर्शकों को किया प्रेरित

    देवब्रत मंडल

    शिवेंद्र कुमार मालवीय

    अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रसार भारती के दूरदर्शन केंद्र, पटना द्वारा प्रसारित विशेष कार्यक्रम ‘बिहार विहान’ में युवा विकास, शिक्षा एवं हिन्दी संप्रेषण विशेषज्ञ शिवेन्द्र कुमार मालवीय, युवा शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय विलौंग (अनु० जा०), पुरा, वजीरगंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन बिहार पर प्रातः 8:00 बजे किया गया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन उद्घोषिका सुश्री ऋचा कुमारी ने किया।

    कार्यक्रम के दौरान श्री मालवीय ने युवा सशक्तिकरण, राष्ट्र निर्माण, जी-20 के आधिकारिक सहभागी समूह Y20 में युवाओं की भूमिका, हिन्दी भाषा के महत्व तथा ‘विकसित भारत @2047’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उनकी प्रभावशाली वक्तृत्व शैली, विषयों पर गहरी पकड़ तथा काव्यात्मक अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

    श्री मालवीय ने अपने संबोधन में जिस सहजता, स्पष्टता और प्रेरणादायी दृष्टिकोण के साथ युवाओं के समक्ष विचार रखे, उसने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्हें नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।

    कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों एवं श्रोताओं ने श्री मालवीय के विचारों की सराहना करते हुए उन्हें युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरक व्यक्तित्व बताया। शिक्षा, युवा विकास और हिन्दी भाषा के क्षेत्र में उनके अनुभव तथा समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बना दिया।

    ‘बिहार विहान’ का यह विशेष संस्करण अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए प्रेरणा, जागरूकता और सकारात्मक चिंतन का सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ, जिसमें श्री शिवेन्द्र कुमार मालवीय की प्रभावशाली उपस्थिति और उत्कृष्ट अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

  • गया को मिली एक और अमृत भारत ट्रेन की सौगात, अब सीधे कोयम्बटूर तक जाएगी 22363/64 धनबाद-अमृतभारत एक्सप्रेस

    गया को मिली एक और अमृत भारत ट्रेन की सौगात, अब सीधे कोयम्बटूर तक जाएगी 22363/64 धनबाद-अमृतभारत एक्सप्रेस

    देवब्रत मंडल


    गया: गया वासियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने धनबाद-कोयम्बटूर के बीच एक और साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रही है। जिसकी मंजूरी मिल गई है। ट्रेन संख्या 22363/64 अब गया होकर गुजरेगी।

    अमृत भारत ट्रेनें LHB कोच और आधुनिक सुविधाओं वाली पूरी तरह से साधारण यात्रियों के लिए चलाई जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेनें हैं।

    समय सारणी

    22363 धनबाद – कोयम्बटूर अमृतभारत एक्सप्रेस

    • दिन: प्रत्येक शनिवार
    • धनबाद से प्रस्थान: दोपहर 16:10
    • कोयम्बटूर आगमन: सोमवार शाम 18:30

    22364 कोयम्बटूर – धनबाद अमृतभारत एक्सप्रेस

    • दिन: प्रत्येक मंगलवार
    • कोयम्बटूर से प्रस्थान: सुबह 07:50
    • धनबाद आगमन: गुरुवार दोपहर 13:00

    गया के अलावा यहां है स्टॉपेज
    इस ट्रेन का स्टॉपेज गया जंक्शन पर होगा। इसके अलावा बिहार-झारखंड में कोडरमा, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू में भी रुकेगी। ट्रेन आगे जबलपुर, नागपुर, विजयवाड़ा, रेनिगुंटा, सेलम, इरोड होते हुए तमिलनाडु के कोयम्बटूर तक जाएगी। कुल 38 स्टॉपेज हैं। फिलहाल गया जंक्शन पर ठहराव का समय निर्धारित नहीं किया जा सका है। पहले इसे ट्रायल के रूप में चलाया जाएगा। इसके बाद नियमित रूप से इसके परिचालन की घोषणा की जाएगी।

    कोच संरचना
    पूरी ट्रेन में 22 LHB कोच होंगे:

    • 08 स्लीपर
    • 12 द्वितीय साधारण
    • 01 पेंट्रीकार
    • 01 एसएलआर

    किराया सबसे कम और सुविधा सबसे ज्यादा – यही अमृत भारत ट्रेन की पहचान है।

    गया के यात्रियों को फायदा
    अब गया से दक्षिण भारत के लिए सीधी कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है। खासकर नागपुर, विजयवाड़ा, सेलम, कोयम्बटूर जाने वाले मजदूर, छात्र और तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। लेकिन मुम्बई और बैंगलोर के लिए गया से सीधा ट्रेन की मांग अबतक पूरी नहीं हो सकी है।

  • नई दिल्ली-गया महाबोधि एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री की हुई मौत, जांच में जुटी रेल पुलिस, पुलिस ने फोटो जारी किया

    नई दिल्ली-गया महाबोधि एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री की हुई मौत, जांच में जुटी रेल पुलिस, पुलिस ने फोटो जारी किया

    देवब्रत मंडल

    मृतक की पहचान के लिए फोटो अनिवार्य है

    12398 नई दिल्ली-गया महाबोधि एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री की मौत हो गई। ट्रेन के गया जंक्शन पर आने के बाद रेल थाना की पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।

    गया रेल थानाध्यक्ष को सूचना को मिली थी कि नई दिल्ली से चलकर गया जंक्शन आ रही महाबोधि एक्सप्रेस के कोच नंबर एस-1 के बर्थ नंबर 33(लोअर) पर सफर कर रहे एक यात्री की मृत्यु हो गई है। इसके बाद गया जंक्शन पर उक्त कोच से शव को उतरवाया गया।

    मृतक के बारे में रेल पुलिस को जो जानकारी प्राप्त हुई है, उसके अनुसार मृतक का नाम के. के. पचेरिवाला(73) है। जो विंध्याचल स्टेशन से गया के लिए चले थे। पुलिस के अनुसार एक मोबाइल नंबर भी मिला है लेकिन उस नंबर पर कॉल नहीं लग रहा है।

    रेल पुलिस ने मृतक यात्री की पहचान के लिए उनका फोटो magadhlive को उपलब्ध करवाया है ताकि मृतक के कोई भी परिचित या परिजन उनका पहचान कर सकें। थाना आकर शेष कानूनी प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।

  • सोशल मीडिया पर दबाव और जवाबदेही का सवाल, सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों को अवसर माने, न कि खतरा

    सोशल मीडिया पर दबाव और जवाबदेही का सवाल, सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों को अवसर माने, न कि खतरा

    देवब्रत मंडल

    गया। 
    पिछले दिनों एक ही दिन में गया जंक्शन और इसके आसपास चलती व प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों में 3 आपराधिक मामले सामने आए। तीनों घटनाओं की शिकायतें दर्ज की गई हैं। इसके अलावे भी कई मामले चलती ट्रेन या प्लेटफॉर्म पर के सामने आए लेकिन मामला सिर्फ अपराध का नहीं, बल्कि खबर के प्रसारण और उसके बाद बनने वाले दबाव का भी है।

    डिजिटल युग में खबर सेकंडों में वायरल

    ‘डिजिटल इंडिया’ के दौर में रेलवे खुद यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म चला रहा है। स्टेशन से लेकर ट्रेन तक इंटरनेट की पहुंच है। इसी का नतीजा है कि कोई भी घटना हो, उसका लाइव वीडियो, रील या फोटो चंद मिनटों में X, Instagram, Facebook और WhatsApp पर वायरल हो जाता है।

    रेलकर्मी से लेकर अधिकारी तक अब अपने काम के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। मीडिया भी पीछे नहीं। आज बड़े अखबार और न्यूज चैनल भी सोशल मीडिया की खबरों पर ही निर्भर दिखते हैं। कॉपी, कट, एडिट और पेस्ट का दौर चल रहा है।

    अपराध की खबर आते ही ‘दबाव का खेल’ शुरू

    लेकिन जैसे ही कोई आपराधिक घटना सोशल मीडिया पर आती है, संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के कान खड़े हो जाते हैं। अखबार में अगले दिन छपने वाली खबर अब मिनटों में वायरल हो जाती है।

    यहीं से असल खेल शुरू होता है। 
    सोशल मीडिया एक्टिविस्ट और न्यूज बनाने वालों पर अप्रत्यक्ष दबाव बनाया जाने लगता है। ये दबाव कई रूप में आता है – धमकियां, गालियां, और कभी-कभी “उपकृत” करने की पेशकश। बात कोर्ट-कचहरी तक पहुंच जाती है। ऐसा केवल रेल या किसी अमुक क्षेत्र में नहीं बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी हो रहे हैं।

    जवाबदेही बनाम अभिव्यक्ति की आजादी

    आज प्रधानमंत्री से लेकर गांव के ग्रामीण तक अपनी बात सोशल मीडिया के जरिए रख रहे हैं। ऐसे में सवाल ये है कि क्या अपराध की खबर दिखाना गुनाह है? या फिर सिस्टम की जवाबदेही तय करना जरूरी है? रेलवे जैसी सार्वजनिक संस्था में पारदर्शिता जरूरी है। यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहले है। अगर सोशल मीडिया के कारण प्रशासन हरकत में आता है, तो इसे सकारात्मक ही माना जाना चाहिए।

    लेकिन खबर दिखाने वालों को डराना, धमकाना और दबाना लोकतंत्र और प्रेस की आजादी पर हमला कहा जायेगा।

    निष्कर्ष:
    गया जंक्शन पर हुई 3 घटनाएं सिर्फ FIR तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। रेल प्रशासन को चाहिए कि वो सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों को अवसर माने, न कि खतरा। क्योंकि आज के दौर में कैमरा हर यात्री की जेब में है और खबर अब किसी के रोकने से नहीं रुकेगी।

  • उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 160 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक से ले जा रहा था शराब

    उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 160 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक से ले जा रहा था शराब

    देवब्रत मंडल

    गया। जिले में शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में उत्पाद थाना शेरघाटी की टीम ने शेरघाटी थाना क्षेत्र के व्यावर गांव में कार्रवाई करते हुए 160 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। मौके से शराब ढोने में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है।
    उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त प्रियरंजन ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 70.390 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब के साथ एक TVS Apache मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। मामले में अभिषेक कुमार, पिता मिथिलेश प्रसाद, निवासी व्यावर, थाना शेरघाटी, जिला गया को अभियुक्त बनाया गया है। बरामद शराब और बाइक को उत्पाद विभाग ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
    कार्रवाई में अवर निरीक्षक मद्य निषेध स्नेहा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक मद्य निषेध मो. हाबिल, सहायक अवर निरीक्षक मद्य निषेध अनिल कुमार सिंह के साथ गृह रक्षक एवं सशस्त्र बल के अन्य सदस्य शामिल थे।
    बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। राज्य में जुलाई 2026 के दौरान भी बड़े पैमाने पर छापेमारी कर अवैध शराब जब्त किए जाने की रिपोर्ट सामने आई है।

  • रेलवे ट्रैक पर युवती की लाश मिलने से मचा हड़कंप, आखिर कैसे पहुंची वहां? जांच में जुटी पुलिस

    रेलवे ट्रैक पर युवती की लाश मिलने से मचा हड़कंप, आखिर कैसे पहुंची वहां? जांच में जुटी पुलिस

    पहाड़पुर-रातो गांव के बीच मिला शव, पहचान नहीं होने से बढ़ी पुलिस की चुनौती

    देवब्रत मंडल


    गया। गया-कोडरमा रेलखंड पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव बरामद हुआ। युवती की पहचान नहीं हो पाने के कारण घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया गया है कि घटना सोमवार रात को हुई थी।

    बताया जाता है कि रातो गांव के समीप रेलवे पोल संख्या 439 के 11/13 के पास ट्रैक पर युवती का शव देखा गया। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को हुई, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
    सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची। क्या वह किसी ट्रेन से गिर गई थी या फिर किसी अन्य स्थान पर घटना को अंजाम देने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंका गया? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

    घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच भी अलग-अलग तरह की चर्चा है। कुछ लोग इसे ट्रेन से गिरने की घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, गया रेल थाना की पुलिस का कहना है कि घटनास्थल उनके क्षेत्र में नहीं है। किसी ओर से अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि युवती के बारे में कोई सुराग मिल सके। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

    पुलिस के लिए फिलहाल युवती की पहचान और मौत के कारण का पता लगाना सबसे बड़ी चुनौती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि युवती की मौत ट्रेन की चपेट में आने अथवा गिरने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवती की पहचान होने के बाद मामले की जांच को नई दिशा मिलने की संभावना है।

  • गया-दामोदर एक्सप्रेस में लेडीज पर्स की छिनतई, नकदी समेत जरूरी दस्तावेज और मोबाइल से जुड़ी सामग्री गायब

    गया-दामोदर एक्सप्रेस में लेडीज पर्स की छिनतई, नकदी समेत जरूरी दस्तावेज और मोबाइल से जुड़ी सामग्री गायब

    देवब्रत मंडल

    फ़ाइल फ़ोटो


    गया, 10 अगस्त 2026। धनबाद से चलकर गया से पटना की ओर 13329 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री ने माँ का लेडीज पर्स ट्रेन में चोरी(छिनतई) होने का मामला सामने आया है। पीड़ित यात्री ने पटना पहुंच कर रेल पुलिस के समक्ष लिखित शिकायत देकर पर्स बरामद करने और घटना में शामिल व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
    बताया गया कि यात्री राजू कुमार धनबाद से ट्रेन संख्या 13329 गया-दामोदर एक्सप्रेस से अपनी माँ के साथ यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान गया जंक्शन के करीब खिड़की से लेडीज पर्स की छिनतई हो गया। उसने बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई, उस स्थान पर कुछ कोच लगे हुए थे। उन्होंने बताया पर्स नहीं मिलने पर उन्होंने पटना रेल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
    पीड़ित के अनुसार पर्स में करीब 3,700 रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। इसके साथ ही मोबाइल चार्जर आदि सामान भी पर्स में था। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने इसकी शिकायत रेल पुलिस से की है। पीड़ित मोकामा अपने एक रिश्तेदार(रेलवे कॉलोनी) के पास जा रहे थे।
    चलती ट्रेन में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। सफर के दौरान यात्रियों को अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पीड़ित यात्री ने रेल पुलिस से मामले की जांच कर पर्स और उसमें रखे सामान को बरामद करने तथा दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

  • वरदा हाई स्कूल छोटकी नवादा के छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर लगाए गंभीर आरोप, जनता दरबार में पहुंची छात्र छात्राएं

    वरदा हाई स्कूल छोटकी नवादा के छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर लगाए गंभीर आरोप, जनता दरबार में पहुंची छात्र छात्राएं

    रजिस्ट्रेशन फीस लेने के बाद भी ऑनलाइन कार्ड नहीं दिखने का आरोप, छात्रों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ जनता दरबार में की शिकायत

    देवब्रत मंडल


    गया, 10 अगस्त 2026। शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में वरदा हाई स्कूल, छोटकी नवादा, वार्ड नंबर-04, गया के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। छात्रों ने आरोप लगाया कि शैक्षणिक सत्र 2025-27 के लिए मैट्रिक परीक्षा का रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर उनसे निर्धारित राशि से अधिक फीस ली गई, लेकिन इसके बावजूद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कार्ड दिखाई नहीं दे रहा है।
    छात्र-छात्राओं की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि हाई स्कूल की कक्षा 9वीं/10वीं के छात्र-छात्राओं से रजिस्ट्रेशन के लिए राशि ली गई थी। सत्र 2025-27 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी अब तक रजिस्ट्रेशन कार्ड ऑनलाइन नहीं दिख रहा है। छात्रों का कहना है कि उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि कहीं रजिस्ट्रेशन नहीं होने के कारण उनका भविष्य प्रभावित न हो जाए।
    पहले भी छात्रों का भविष्य खराब करने का लगाया आरोप
    आवेदन में छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले सत्र में भी कई छात्र-छात्राओं का भविष्य खराब हो चुका है। छात्रों ने आशंका जताई है कि कहीं इस बार भी उनके साथ ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो जाए।
    छात्रों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने और उनका रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
    छात्र-छात्राओं के साथ वार्ड नंबर-04 की पार्षद अनुपमा कुमारी भी जनता दरबार में पहुंचीं। उन्होंने छात्रों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
    पार्षद ने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्या के समाधान के लिए उन्हें जो भी कदम उठाना पड़ेगा, वह उठाएंगी, लेकिन बच्चों का भविष्य खराब नहीं होने देंगी।
    अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग की ओर से छात्रों की शिकायत पर क्या जांच कराई जाती है और यदि रजिस्ट्रेशन में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित विद्यालय प्रशासन के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
    प्रभारी प्रधानाचार्य का पक्ष इस खबर के लिए उपलब्ध नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।