नगर निगम गयाजी के सात सदस्यीय सशक्त स्थायी समिति के सात पदों के लिए शुक्रवार को मतदान का कार्य संपन्न हो गया है। इसमें दिलचस्प बात यह रही कि पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ मोहन श्रीवास्तव को शिकस्त देने के लिए वार्ड पार्षद जया देवी ने नामांकन दाखिल कर दीं। जिससे यह चुनाव और रोचक हो गया।
गया जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय में सुबह से मतदान को लेकर गहमा गहमी बनी हुई है। सबसे पहले वार्ड पार्षदों को चुनाव के लिए उनके पहचान पत्र के आधार पर इसमें भाग लेने की अनुमति दी गई। इसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। अंदरखाने से यह बात पता चल गया कि पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने क्रम संख्या 01 के लिए नामांकन दाखिल किया है तो विपक्षी पार्षदों के गुट ने तय करना शुरू किया कि उनके सामने किस पार्षद को उम्मीदवार बनाया जाए। इसके बाद वार्ड पार्षद जया कुमारी को नामांकन दाखिल करने को कहा गया। जिसके कारण यह मुकाबला और रोचक बन गया।
हालांकि इनके अलावा पार्षद तब्बसुम खानम के सामने नैय्यर अहमद ने आ0नामांकन पत्र भरा। विनोद यादव का मुकाबला करने के लिए ओम प्रकाश सिंह सामने आ गए। चुन्नू खान के सामने धर्मेंद्र कुमार मैदान में उतरे। मनोज कुमार के सामने रणधीर ने, गजेंद्र सिंह के सामने उपेंद्र कुमार ने तथा स्वर्णलता वर्मा से मुकाबला करने के लिए सारिका वर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल कर इस चुनाव को और ही रोचक बना दिया।
अब कुछ ही देर में मतों की गिनती का काम खत्म होने वाला है। अंतिम परिणाम किसके किसके पक्ष में जाता है। तब तक देखते रहे magadhlive की अगली खबर।
गया/फतेहपुर (मगध लाइव डेस्क)। बिहार में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदलने से जहां एक तरफ लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ इस पहली बारिश ने रेलवे के परिचालन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले गुरपा-दिलवा रेल स्टेशन के बीच भारी बारिश के कारण ट्रैक पर अत्यधिक फिसलन हो गई। इसके चलते इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार थम गई। पहले दुरंतो एक्सप्रेस ट्रैक पर फंसी और उसके बाद एक मालगाड़ी के इंजन ने भी जवाब दे दिया, जिससे डाउन रेलखंड पर घंटों परिचालन बाधित रहा।
भारी फिसलन से फेल हुआ दुरंतो एक्सप्रेस का इंजन
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8:20 बजे डाउन लाइन पर बसकटवा होम सिग्नल के पास दुरंतो एक्सप्रेस का इंजन अचानक फेल हो गया। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश की वजह से पहाड़ी ट्रैक पर इतनी ज्यादा फिसलन थी कि इंजन पूरी क्षमता के साथ ट्रेन को आगे नहीं खींच पा रहा था। लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डाउन लाइन पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। बाद में गझंडी स्टेशन से एक अतिरिक्त इंजन (रेस्क्यू इंजन) भेजा गया, जिसे दुरंतो में जोड़कर काफी मशक्कत के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया जा सका।
मालगाड़ी भी हुई बेपटरी होने से बाल-बाल बची, थमे रहे पहिए
दुरंतो एक्सप्रेस का मामला अभी सुलझा ही था कि कुछ देर बाद बसकटवा के पास ही (पोल संख्या 416/26) एक मालगाड़ी का इंजन भी फेल हो गया। यह मालगाड़ी पूरी तरह लोड थी, जिसके कारण चढ़ाई पर फिसलन ने इसकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। लगभग दो घंटे के इंतजार के बाद गुरपा स्टेशन से दूसरा इंजन भेजकर मालगाड़ी को ट्रैक से हटाने और रूट क्लियर करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
वंदे भारत और जनशताब्दी समेत ये ट्रेनें रहीं प्रभावित
पहाड़पुर स्टेशन पर खड़ी पटना रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस
इस घाट सेक्शन में परिचालन ठप होने का असर कई वीआईपी और एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ा। रूट बाधित होने के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस को टनकुप्पा स्टेशन पर रोकना पड़ा। पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस पहाड़पुर स्टेशन पर घंटों खड़ी रही। अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को गुरपा स्टेशन पर रोककर रखा गया। ट्रेनों के इस तरह अलग-अलग स्टेशनों पर फंसे होने के कारण रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पहाड़ी और चढ़ाई वाला क्षेत्र होने से आती है दिक्कत: स्टेशन अधीक्षक
इस मामले पर गुरपा स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में इस खास ट्रैक पर फिसलन काफी बढ़ जाती है। गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन पूरी तरह से पहाड़ी और चढ़ाई वाला रूट है। ऐसे में जब पटरियों पर पानी और नमी के कारण फिसलन होती है, तो भारी ट्रेनों को खींचने में इंजन के पहिए स्लिप करने लगते हैं।
रेलवे ने जारी की एडवाइजरी
मौसम के मिजाज और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए रेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। घाट सेक्शन में सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। सभी लोको पायलटों (ट्रेन ड्राइवरों) को निर्देश दिया गया है कि वे इस पहाड़ी क्षेत्र से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें और गति सीमा का कड़ाई से पालन करें। ताजा समाचार मिलने तक डाउन रेलखंड पर परिचालन को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास जारी थे और प्रभावित ट्रेनों को धीरे-धीरे उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा था।
स्कूल संचालक परिवार ने जताई जान का खतरा, कहा — “कभी भी हो सकती है बड़ी वारदात“
देवब्रत मंडल
गया के डेल्हा थाना क्षेत्र में एक स्कूल संचालक परिवार से रंगदारी, मारपीट और लाखों रुपये लूटे जाने के मामले ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के हस्तक्षेप के बाद प्राथमिकी तो दर्ज कर ली गई, लेकिन घटना के पांच दिन बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार का कहना है कि सभी नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
“5 लाख दो, नहीं तो स्कूल बंद करा देंगे”
पीड़िता श्वेता कुमारी द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन के अनुसार, 20 मई को करीब 10 से 12 लोग हथियार के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने उनके पति वृजनंदन कुमार से 5 लाख रुपये रंगदारी की मांग की और विरोध करने पर बाउंड्री तोड़ते हुए घर में घुसकर मारपीट की। आवेदन में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने हथियार का भय दिखाकर करीब 3 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इन सभी को बनाया गया आरोपी
एफआईआर में गुड्डू यादव, रोहित यादव, संजय शर्मा, जयकांत शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, मधुकर यादव और अजय यादव समेत कुल 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध हैं और आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से की जा सकती है।
“थाने में नहीं सुनी गई शिकायत”
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद मामला वरीय अधिकारियों और न्यायालय तक पहुंचा। अंततः आईजी के निर्देश के बाद 25 मई को डेल्हा थाने में एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। श्वेता कुमारी ने आशंका जताई है कि “अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ी घटना हो सकती है।” फिलहाल पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
नगर निगम गया की सियासत इन दिनों पूरी तरह गरमा चुकी है। 29 मई को होने वाले सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। डीआरडीए कार्यालय परिसर में सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी, लेकिन मतदान से पहले ही पार्षदों की गोलबंदी, बैठकों और रणनीतियों का दौर चरम पर पहुंच गया है। गया नगर निगम में 29 मई को होने वाले सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। चुनाव की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार की सुबह गया जिला विकास अभिकरण (डीआरडीए) कार्यालय परिसर में मतदान प्रक्रिया शुरू होगी।
झारखंड यात्रा चर्चा का विषय बना
चुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों ने भी अपनी-अपनी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। महिला पार्षदों के साथ-साथ कई पुरुष पार्षद भी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। लेकिन चुनावी माहौल के बीच एक बार फिर पार्षद एवं इनके प्रतिनिधियों की झारखंड यात्रा चर्चा का विषय बन गई है। बताया जा रहा है कि महिला पार्षदों के पुरुष प्रतिनिधियों को एक बार फिर झारखंड की प्राकृतिक वादियों(झुमरीतिलैया) की सैर पर ले जाया गया है। इससे पहले 17 अप्रैल को प्रस्तावित चुनाव के दौरान भी इसी तरह का घटनाक्रम सामने आया था। उस समय चुनाव टल गया था, लेकिन पार्षदों और प्रतिनिधियों की झारखंड यात्रा ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
एक बार फिर झारखंड की सैर पर निकले
नगर निगम की गलियारों में अब यह चर्चा आम हो गई है कि आखिर बार-बार झारखंड की ही सैर क्यों कराई जा रही है। राजनीतिक जानकार इसे चुनावी गोलबंदी और अपने पक्ष में समर्थन सुनिश्चित करने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं। झारखंड “उन्मुक्त गगन” है जहां के हवा पानी में एक “विशेष उर्जा” मिलती है। वैसे भी झारखंड कभी बिहार की ग्रीष्म ऋतु में राजधानी हुआ करती थी।
पहली बार मतदान के जरिए हो रहा चयन
दरअसल, यह पहली बार है जब सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों का चयन लोकतांत्रिक तरीके से मतदान के जरिए हो रहा है। इससे पहले मेयर अपने विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए समिति के सदस्यों का चयन करते थे। लेकिन इस बार पार्षदों को अपने विवेक और मताधिकार का प्रयोग कर सदस्यों का चुनाव करना है।
जीत-हार पार्षदों के समर्थन व रणनीति पर निर्भर
नगर निगम के प्रत्येक पार्षद को सात वोट देने का अधिकार प्राप्त है। यही वजह है कि असली राजनीतिक संघर्ष अब शुरू हो चुका है। कोई भी पार्षद नामांकन दाखिल कर चुनाव मैदान में उतर सकता है। नामांकन सही पाए जाने के बाद उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा होगी। इसके बाद उम्मीदवारों की जीत-हार पूरी तरह पार्षदों के समर्थन और रणनीति पर निर्भर करेगी।
देर रात तक चल रहा है जनसंपर्क अभियान
पूर्व के कई सदस्य इस बार भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, वहीं कई नए चेहरे भी मैदान में उतर सकते हैं। जनसंपर्क अभियान अब तेज हो गया है। संभावित उम्मीदवार देर रात तक पार्षदों से संपर्क साधने और समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। सुबह पौ फटने के साथ ही पार्षदों के दरवाजे पर स्व घोषित उम्मीदवार आरजू मिन्नतें करने के लिए पहुंच जा रहे हैं। एक वोट और एक मौका देने की अपील कर रहे हैं।
इस बार बदलाव की चर्चा जोरों पर
नगर निगम की राजनीति में बैठकों और बैठकबाजी का दौर भी लगातार जारी है। कोई अपने समर्थक मजबूत करने में जुटा है तो कोई विरोधियों की रणनीति विफल करने में। हालांकि इस बार बदलाव की चर्चा भी तेज है। माना जा रहा है कि पूर्व के कुछ सदस्यों की वापसी हो सकती है, लेकिन सभी पुराने चेहरों की राह आसान नहीं दिख रही। अब सबकी निगाहें 29 मई को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले परिणामों पर टिकी हैं। यह चुनाव केवल सात सदस्यों के चयन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे नगर निगम की बदलती राजनीतिक दिशा और पार्षदों के स्वतंत्र विवेक की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।
मतदान के बाद ही साफ हो पाएगा कि नगर निगम में बदलाव की बयार बह रही थी या फिर पुराने चेहरे ही दोबारा सत्ता के केंद्र में लौटेंगे।
गया। विष्णुपद थाना कांड संख्या 242/26 में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एक पीड़ित महिला ने मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव को आवेदन सौंपा है। आवेदन में महिला ने मामले की वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कराने, नाबालिग गवाह का बयान दर्ज कराने तथा अनुसंधान की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने की मांग की है।
निष्पक्ष जांच प्रभावित होने की आशंकाजताई
पीड़िता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उसके साथ ठगी, मानसिक प्रताड़ना, यौन शोषण, धमकी एवं सामाजिक रूप से अपमानित करने जैसी गंभीर घटनाएं हुई हैं। महिला का कहना है कि जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, वे प्रभावशाली एवं प्रशासनिक तंत्र से जुड़े हुए बताए जाते हैं, जिससे उसे निष्पक्ष जांच प्रभावित होने की आशंका है।
तकनीकी एवं पर्याप्त साक्ष्य पेश करने का किया दावा
आवेदन में पीड़िता ने कहा है कि अब तक की जांच प्रक्रिया और महत्वपूर्ण साक्ष्यों के प्रति बरती जा रही उदासीनता से उसके मन में गंभीर संदेह उत्पन्न हो रहा है। उसने दावा किया है कि मामले में कई तकनीकी एवं प्रत्यक्ष साक्ष्य मौजूद हैं, जिनकी वैज्ञानिक जांच से सच्चाई सामने आ सकती है।
महत्वपूर्ण तीन बिंदुओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की बात
महिला ने विशेष रूप से तीन बिंदुओं पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का उल्लेख किया है। इनमें घटना से संबंधित तिथियों एवं समय का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) नहीं निकाला जाना, संबंधित मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन एवं लोकेशन मैपिंग की जांच नहीं होना तथा आरोपितों एवं संबंधित व्यक्तियों के बीच मोबाइल संपर्कों का वैज्ञानिक विश्लेषण नहीं कराए जाने की बात कही गई है। पीड़िता ने आईजी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कराने की मांग की है।
आईजी ने त्वरित कार्यवाही की, पीड़िता को न्याय की उम्मीद
पीड़िता ने बताया आईजी श्री बैभव को उन्होंने बताया है कि आरोपी उनके विरुद्ध डेल्हा थाना में फर्जी एफआईआर दर्ज कराया है। इस बात पर आईजी श्री वैभव ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उन्हें और मामले को लेकर डीएसपी-1 के पास भेजा। जहां उन्हें डीएसपी ने आश्वासन दिया कि आरोपी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर की जांच(पर्यवेक्षण) करते हुए निरस्त कराते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। शिकायत कर्ता ने कहा-आईजी साहेब न्यायप्रिय अधिकारी हैं और उन्हें भरोसा है कि उन्हें अपने मामले में शीघ्र ही न्याय मिलेगा।
दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराई गई है प्राथमिकी
पीड़िता ने आईजी श्री वैभव को बताया है कि इस मामले में जहां उनके द्वारा विष्णुपद थाना में एफआईआर दर्ज कराया गया है वहीं आरोपी ने भी उनके विरुद्ध डेल्हा थाना में एफआईआर दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी राणा प्रताप एक सरकारी सेवक हैं जो टिकारी प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित बताया गया हैं। साथ ही उनकी पत्नी भी सरकारी स्कूल में कार्यरत हैं।
बिहार पुलिस द्वारा सीसीटीएनएस सीएएस (CCTNS CAS) 1.0 के प्रभावी कार्यान्वयन का दायित्व राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), बिहार को सौंपा गया है। इसी क्रम में एनआईसी बिहार द्वारा राज्यभर के नवस्थापित 343 पुलिस थानों हेतु सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन गया समाहरणालय के सभागार में किया गया। कार्यशाला को बिहार राज्य सूचना विज्ञान पदाधिकारी (SIO) डॉ. शैलेश कुमार श्रीवास्तव ने संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न जिलों से जुड़े प्रतिभागियों से संवाद करते हुए सभी नवस्थापित पुलिस थानों में सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 परियोजना के सफल क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने बिहार को सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 के कार्यान्वयन में देश का अग्रणी राज्य बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार द्वारा विकसित नवाचार, कार्यप्रणालियां एवं सॉफ्टवेयर कार्यान्वयन मॉडल अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं। कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के प्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 की प्रमुख विशेषताओं एवं कार्यप्रणालियों का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। एनआईसी बिहार के वरीय तकनीकी निदेशक श्री नवीन कुमार ने प्रतिभागियों को परियोजना की कार्यान्वयन रणनीति एवं रोलआउट योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए परियोजना के प्रति उत्साह एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना-विज्ञान अधिकारी विवेक कुमार ने तकनीकी सहायता प्रदान करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मॉड्यूल की व्यावहारिक समझ विकसित करने में सहयोग किया। कार्यशाला को सफल बनाने में अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हर्ष राज,डीआरएम सुनील कुमार, शिवेन्द्र कुमार मालवीय, नेटवर्क इंजीनियर विकास कुमार एवं प्रविन्द्र कुमार तथा निरंजन कुमार एवं राजन प्रसाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही गया जिले के चयनित 13 थानों के थानाध्यक्षों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किया।
गया, 26 मई 2026 नगर निगम गया के अंतर्गत गठित होने वाली सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों का निर्वाचन 29 मई 2026 को होगा। जिला पदाधिकारी द्वारा ज्ञापांक 1258/पंचा० दिनांक 20.05.2026 के माध्यम से चुनाव का आदेश जारी किया गया है।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय, गया को मतदान केंद्र बनाया गया है। निर्वाचन में सभी वार्ड पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग कर समिति के सात सदस्यों का चयन करेंगे।
चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार है:
पूर्वाह्न 8:00 बजे से 10:00 बजे तक नामांकन प्रक्रिया। इच्छुक पार्षद क्रमांक 1 से 7 तक के किसी एक पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
पूर्वाह्न 11:00 बजे से मतदान प्रारंभ होगा। प्रत्येक पार्षद सशक्त स्थायी समिति के सभी सात पदों के लिए अपना मत देगा। मतदान के बाद परिणाम घोषित कर निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
निर्देश: सभी वार्ड पार्षद अपने साथ निर्वाचन प्रमाण पत्र और एक फोटो पहचान पत्र लेकर DRDA कार्यालय पहुंचेंगे। निर्वाचन के दौरान निर्वाचित पार्षदों के अलावा अन्य किसी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मतदान केंद्र में मोबाइल ले जाना और सहायक अटेंडेंट की अनुमति नहीं होगी।
गुरुआ प्रखंड में दैनिक भास्कर के पत्रकार अमित कुमार के साथ मारपीट, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने कड़ा आक्रोश जताया है।
इस संबंध में यूनियन का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा के नेतृत्व में मंगलवार को समाहरणालय कार्यालय में जिलाधिकारी एवं एसएसपी से मिला। बैठक में यूनियन के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार कमलेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
यूनियन द्वारा सौंपे गए मांग आवेदन पर कार्रवाई करते हुए डीएम और एसएसपी ने सिटी एसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की और जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
यूनियन ने इस घटना को लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता की गरिमा पर सीधा हमला बताया। जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा ने कहा, “यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो आम जनता की आवाज कौन उठाएगा। लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन उन्हें धमकाने, डराने और उन पर हमले की घटनाएं चिंता का विषय बन रही हैं।”
उन्होंने कहा कि कुछ लोग सत्ता और राजनीतिक प्रभाव के दम पर कानून हाथ में लेने से पीछे नहीं हट रहे। पत्रकार अमित कुमार के साथ हुई मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।
बैठक में यूनियन के संरक्षक मंडल के सदस्य मनोरंजन कुमार, महासचिव रौशन कुमार, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश, नीरज कुमार सिंह, अक्षय कुमार, राजेश कुमार मिक्की, सुजीत कुमार, प्रदीप रंजन, कुमुद रंजन, रवि भूषण, संजीव कुमार सिन्हा, अभिषेक कुमार, आकाश रौशन उर्फ चुन्नू, आकाश कुमार सिंह सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने स्पष्ट किया कि वह मामले पर नजर बनाए रखेगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने तक संघर्ष जारी रखेगी।
गया नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में नाले-नालियों की सफाई का कार्य तेज गति से चल रहा है, लेकिन मजदूरी भुगतान के लिए इस्तेमाल हो रहे फॉर्मेट में गंभीर खामियां सामने आई हैं। मगध लाइव न्यूज को उपलब्ध फॉर्म को देखने पर यह स्पष्ट हो रहा है कि भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे घोटाले की आशंका बलवती हो गई है।
फॉर्म में गायब हैं जरूरी कॉलम
वार्ड पर्यवेक्षकों को उपलब्ध कराए गए “मैन डेज” फॉर्म में न तो मजदूरों की उम्र दर्ज करने का कॉलम है और न ही आधार कार्ड नंबर का। जबकि नियमों के अनुसार मजदूरों को डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भुगतान किया जाना है। बिना उम्र और आधार की जानकारी के फर्जी नाम पर भुगतान और बाल मजदूरों की तैनाती की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
बाल मजदूरों के पैसे का क्या होगा?
मगध लाइव ने पहले ही नालों की सफाई में बाल मजदूरों की तैनाती का मामला उठाया था, जिसके बाद निगम ने उन्हें काम से हटाया। लेकिन अब नया सवाल खड़ा हो गया है – जिन बाल मजदूरों ने जितने दिन या घंटे काम किया, उनके पारिश्रमिक का क्या होगा? यह मेहनताना उन्हें कौन और कैसे देगा? इस पर निगम प्रशासन अब तक चुप है।
कानूनी कार्रवाई पर भी चुप्पी
बाल मजदूरों को नालों की सफाई जैसे खतरनाक काम में लगाने वालों के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी भी मीडिया को उपलब्ध नहीं कराई गई है। निगमायुक्त जब सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हैं तो उसकी प्रेस विज्ञप्ति और सोशल मीडिया पोस्ट तुरंत जारी होती है, लेकिन बाल मजदूरी के इस मामले पर निगम की चुप्पी पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रही है।
15 दिन में काम पूरा करने की हड़बड़ी में गड़बड़ी?
नालों की सफाई 15 दिनों में पूरी करने का निर्देश जारी किया गया है। इस हड़बड़ी में कितनी गड़बड़ियां हो रही हैं या होने की आशंका है, इसकी निगरानी कौन करेगा? जमादारों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे मजदूरों का पूरा डेटा निगम के पास होना चाहिए, लेकिन फॉर्मेट में ही बुनियादी जानकारी न होने से डेटा की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मगध लाइव के पास उपलब्ध फॉर्म की आधिकारिक पुष्टि भले न हो, लेकिन यह फॉर्म सभी वार्ड पर्यवेक्षकों के हाथों में देखा गया है। अब निगम प्रशासन को स्पष्ट करना होगा कि भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी कैसे बनाया जाएगा और बाल मजदूरों के श्रम का हिसाब कौन देगा।
गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को ड्रग इंस्पेक्टर एवं जिला पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में नकली और नशीली दवाओं के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान एक पूर्व सांसद के आवासीय परिसर में संचालित अवैध कारोबार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित एवं संदिग्ध दवाइयां, इंजेक्शन, कफ सिरप, टैबलेट, कैप्सूल, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गईं। इस मामले में विकास नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान Nitrosun, Phensedyl, Tydol, Nitravet जैसी बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां जब्त की गई हैं। इसके अलावा हजारों की संख्या में इंजेक्शन, बोतल सीलिंग कैप, प्रिंटेड रैपर, पैकिंग सामग्री तथा बॉटल कैपिंग मशीन भी बरामद हुई है। पुलिस को शक है कि यहां नकली एवं नशीली दवाओं की पैकेजिंग और सप्लाई का संगठित नेटवर्क चलाया जा रहा था।
जब्त दवाओं की सूची
बरामद सामग्री में लाखों की संख्या में टैबलेट एवं कैप्सूल शामिल हैं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कारोबार काफी लंबे समय से संचालित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान एक प्रिंटिंग प्रेस और कूरियर से जुड़े इनपुट भी सामने आए हैं, जिससे जांच एजेंसियां सप्लाई चेन और नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह का अवैध कारोबार चलना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने कहा कि नकली और नशीली दवाओं का यह कारोबार सीधे मानव जीवन के साथ खिलवाड़ है। मामले का खुलासा होने के बाद आसपास के लोग भी हैरान हैं। फिलहाल पुलिस एवं ड्रग विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त दवाओं की गुणवत्ता और वैधता की जांच कराई जाएगी तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।