Blog

  • गया एयरपोर्ट पर गोलियां के साथ पकड़ा गया RPF जवान आनंद विहार टर्मिनल में है तैनात, जानें कहां का है रहने वाले

    गया एयरपोर्ट पर गोलियां के साथ पकड़ा गया RPF जवान आनंद विहार टर्मिनल में है तैनात, जानें कहां का है रहने वाले

    इंडिगो फ्लाइट से दिल्ली जा रहा था जवान सतीश कुमार, स्कैनर में दिखी संदिग्ध चीज; मगध मेडिकल पुलिस कर रही जांच

    देवब्रत मंडल| गया
    डेट: 6 जून 2026

    गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार शाम सुरक्षा जांच के दौरान एक आरपीएफ जवान के बैग से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी जवान को मगध मेडिकल थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह फिलहाल आनंद विहार टर्मिनल स्टेशन, दिल्ली में पदस्थापित है।

    क्या है मामला


    मगध मेडिकल थानाध्यक्ष के अनुसार, पकड़े गए जवान का नाम सतीश कुमार है। वह गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। शनिवार को उसे इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से दिल्ली जाना था।

    एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान जब जवान का बैग लगेज स्कैनर से गुजरा तो उसमें कुछ संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। संदेह के आधार पर सुरक्षा कर्मियों ने बैग की तलाशी ली। तलाशी में बैग से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। कारतूस मिलने के बाद जवान को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

    थानाध्यक्ष ने कहा-की जा रही जांच


    मगध मेडिकल थानाध्यक्ष ने बताया, “प्रारंभिक जांच चल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में जवान के बैग में कारतूस पहुंचे। हो सकता है कि आरपीएफ जवान सतीश कुमार को याद नहीं रहा हो कि उसके बैग में कारतूस हैं। फिर भी मामले में सभी एंगल से जांच की जा रही है।”


    फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां बरामद कारतूस के स्रोत और जवान के बैग में पहुंचने की वजह का पता लगा रही हैं। हिरासत में लिए गए जवान से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वैसे प्रथम दृष्टया में भूलवश बैग में ही रखा रह गया था कारतूस। परंतु सुरक्षा के लिहाज से गैरकानूनी कृत बताया जा रहा है।

  • IG और SSP की मौजूदगी में बागेश्वरी व महिला थाना में लोक संवाद, लोगों की सुनी समस्याएं

    IG और SSP की मौजूदगी में बागेश्वरी व महिला थाना में लोक संवाद, लोगों की सुनी समस्याएं

    पुलिस अधिकारियों ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा, शांति-भाईचारे की अपील; जनभागीदारी पर जोर

    मगध लाइव डेस्क | गया
    6 जून 2026

    आईजी व एसएसपी
    उपस्थित लोग

    पुलिस-जनता के बीच सीधा संवाद और भरोसा मजबूत करने के लिए शुक्रवार को गया में लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र विकास वैभव किऔर वरीय पुलिस अधीक्षक, गया सुशील कुमार की मौजूदगी में डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी परिसर तथा महिला थाना परिसर में कार्यक्रम हुआ।

    गोष्ठी के दौरान IG और SSP ने आम लोगों से सीधी बातचीत की। लोगों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव रखे। अधिकारियों ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष, डेल्हा थाना, महिला थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस पदाधिकारियों को त्वरित, प्रभावी और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

    इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनहित और जनसरोकार के मामलों का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की। साथ ही सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और शांति व्यवस्था को मजबूत करने में सक्रिय सहयोग देने को कहा।

    पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के समग्र विकास, सुरक्षित वातावरण और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से सकारात्मक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम में IG मगध क्षेत्र, SSP गया के अलावा डेल्हा थानाध्यक्ष, महिला थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

  • RPF हिरासत में मारपीट का आरोप: इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, रेलवे के जिम्मेदार अधिकारी से मांगा शपथपत्र

    RPF हिरासत में मारपीट का आरोप: इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, रेलवे के जिम्मेदार अधिकारी से मांगा शपथपत्र

    2022 का चोपन RPF पोस्ट का मामला, हाईकोर्ट ने कहा – आरोप गंभीर, मौलिक अधिकारों से जुड़ा मामला

    मगध लाइव डेस्क | गया/प्रयागराज
    6 जून 2026

    रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF की हिरासत में आरोपियों के साथ कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने रेलवे प्रशासन से जवाब तलब करते हुए एक जिम्मेदार अधिकारी को शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामला पूर्व मध्य रेल के धनबाद और डीडीयू मंडल के गया से जुड़ा है।

    क्या है पूरा मामला


    यह मामला वर्ष 2022 में आरपीएफ पोस्ट चोपन, सोनभद्र में दर्ज केस क्राइम संख्या 3/2022 से जुड़ा है। यह केस रेलवे संपत्ति गैरकानूनी कब्जा अधिनियम, 1966 की धारा 3 और 4 के तहत दर्ज हुआ था। इस मामले के आरोपित शकील अहमद एवं अन्य ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि रिमांड अवधि के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और मानवाधिकारों का उल्लंघन किया।

    याचिकाकर्ता का पक्ष


    याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता उदय चंदानी ने कोर्ट को बताया कि 13 मई 2022 के रिमांड आदेश में अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि आरोपितों के साथ अमानवीय व्यवहार नहीं किया जाएगा और उनके मानवाधिकारों का हनन नहीं होगा। इसके बावजूद इन निर्देशों का उल्लंघन किया गया। याचिका में तस्वीरों सहित आवेदन देकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।

    हाईकोर्ट ने क्या कहा


    मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने कहा कि लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और व्यक्तियों के जीवन एवं मौलिक अधिकारों से जुड़े हैं। कोर्ट ने प्रतिवादी संख्या 2 से 5 की ओर से पेश अधिवक्ता को निर्देश दिया कि रेलवे के किसी जिम्मेदार अधिकारी का शपथपत्र दाखिल किया जाए, जिसमें आरोपों की सत्यता का उल्लेख हो।

    कोर्ट ने फिलहाल प्रतिवादी संख्या 6 से 13 को नोटिस जारी करने की आवश्यकता नहीं समझी। साथ ही कहा कि अगली सुनवाई के दौरान आवश्यकता पड़ने पर रेलवे का कोई जिम्मेदार अधिकारी न्यायालय में उपस्थित रहे।

    अगली सुनवाई कब


    इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले को पुनः सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है। फिलहाल यह मामला रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी, प्रयागराज के न्यायालय में विचाराधीन है और हाईकोर्ट इसकी मॉनिटरिंग कर रहा है।

    मगध लाइव की पड़ताल


    इस मामले की तहकीकात में “मगध लाइव” की टीम ने प्रयागराज उच्च न्यायालय के एक वरिष्ठ अधिवक्ता से संपर्क किया। अधिवक्ता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चूंकि मामला न्यायिक दंडाधिकारी, रेलवे की अदालत में विचाराधीन है और हाईकोर्ट खुद इसकी निगरानी कर रहा है, इसलिए यह बेहद संवेदनशील है।

    क्यों है ये खबर अलग


    यह मामला सीधे रेलवे सुरक्षा बल से जुड़ा है और हिरासत में कथित मानवाधिकार उल्लंघन का है। इसलिए यह अब तक की अन्य खबरों से अलग है। मामला पुराना जरूर है, लेकिन भूला नहीं गया है। मगध लाइव की टीम इस मामले पर लगातार नजर रख रही है। जैसे ही कोई नया अपडेट प्राप्त होता है, उसे पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।

  • महाबोधि एक्सप्रेस के जनरल कोच में ‘सीट बिक्री’ का खेल, 200-200 रुपए लेकर बेची जा रही सीट, विरोध पर महिला यात्री से बदसलूकी

    महाबोधि एक्सप्रेस के जनरल कोच में ‘सीट बिक्री’ का खेल, 200-200 रुपए लेकर बेची जा रही सीट, विरोध पर महिला यात्री से बदसलूकी

    देवब्रत मंडल

    गया, 5 जून 2026 – गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस (12397) के सामान्य डिब्बे में सीट बेचने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को एक महिला यात्री ने आरोप लगाया कि कोच में पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने कई सीटों पर कब्जा कर रखा था और 200 रुपए लेकर बैठने दे रहा था। मना करने पर उस व्यक्ति ने महिला से दुर्व्यवहार किया।

    क्या है पूरा मामला


    पीड़िता गया जिले के टिकारी अनुमंडल के पंचानपुर की रहने वाली हैं। वे शुक्रवार को गया जंक्शन से भभुआ स्टेशन जाने के लिए महाबोधि एक्सप्रेस के जनरल कोच में चढ़ीं। कोच में पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने कई सीटों पर कब्जा कर रखा था। जब महिला ने बैठने की कोशिश की तो उसने 200 रुपए की मांग की। इसी बात पर दोनों में तीखी बहस हुई।

    पीड़िता का आरोप है कि कई अन्य यात्रियों से भी 200-200 रुपए लेकर सीट दी गई। “लोग मजबूरी में पैसे देकर सीट ले रहे थे,” उन्होंने कहा।

    कैसे चलता है ये ‘धंधा’

    महाबोधि एक्सप्रेस रोज दोपहर 2:00 बजे गया जंक्शन से नई दिल्ली के लिए खुलती है। ट्रेन करीब 1:30 बजे वाशिंग पिट लाइन से प्लेटफॉर्म पर आती है। नियमानुसार जनरल कोच में यात्रियों को लाइन में लगाकर बैठाने के लिए RPF की टीम मौजूद रहती है। आरोप है कि RPF के साथ कुछ निजी लोग भी रहते हैं जो “कारखास” कहलाते हैं। इनकी संख्या चार बताई जाती है। यात्रियों का आरोप है कि सीट बेचने का सौदा वाशिंग पिट लाइन पर और प्लेटफॉर्म पर फाइनल हो जाता है।

    एक आरोपी गिरफ्तार, रोज का खेल

    घटना की शिकायत ऊपर तक पहुंचने के बाद एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की सूचना मिली है। हालांकि यात्रियों का कहना है कि यह धंधा रोज चलता है।

    रेलवे की चुप्पी

    फिलहाल रेलवे या RPF की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यात्री मांग कर रहे हैं कि जनरल कोच में सीट बेचने वाले गिरोह पर सख्त कार्रवाई हो और RPF की भूमिका की भी जांच हो।

  • नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी को क्षेत्र भ्रमण नहीं करने पर चेतावनी, लोकेशन और सेल्फी साझा करने का निर्देश

    नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी को क्षेत्र भ्रमण नहीं करने पर चेतावनी, लोकेशन और सेल्फी साझा करने का निर्देश

    देवब्रत मंडल


    गया, 5 जून। नगर निगम गया के सामान्य शाखा द्वारा सहायक लोक स्वच्छता सह अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी शुभम कुमार को क्षेत्र में नियमित भ्रमण नहीं करने और नागरिकों की शिकायतों की अनदेखी करने के आरोप में कारण बताओ जैसी कड़ी चेतावनी जारी की गई है।
    नगर निगम द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायत मिली थी कि संबंधित अधिकारी नगर निगम क्षेत्र, विशेषकर नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण नहीं करते हैं तथा फोन कॉल का भी जवाब नहीं देते हैं। शिकायत की पुष्टि कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों से भी की गई।

    क्या है निर्देश

    पत्र में निर्देश दिया गया है कि संबंधित अधिकारी प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक क्षेत्र में भ्रमण सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्हें हर घंटे निगम के जीएमसी ग्रुप में अपनी लोकेशन और फील्ड में ली गई सेल्फी साझा करनी होगी।
    नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक कार्यालय में बुलाया न जाए, तब तक अधिकारी को क्षेत्र में ही रहकर कार्य करना होगा। आदेश का पालन नहीं करने की स्थिति में वेतन स्थगित करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

    पत्र जारी होने के बाद चर्चा का माहौल

    नगर आयुक्त के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र के बाद निगम कर्मियों और अधिकारियों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सफाई व्यवस्था और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए क्षेत्रीय निगरानी को सख्ती से लागू किया जा रहा है।

    कहा-आदेश का किया जा रहा अनुपालन

    इस तरह के पत्र जारी किए जाने के बावजूद संबंधित स्वच्छता पदाधिकारी की कार्यशैली में कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि शुक्रवार की देर शाम उनके निजी मोबाइल नंबर पर बात हुई तो उन्होंने कहा कि-वे शादी की सालगिरह मनाने को लेकर अवकाश पर हैं। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा जारी पत्र के अनुसार वे क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं और उनके निर्देशों का पालन भी कर रहे हैं।

    सोमवार तक अवकाश पर

    आगे उन्होंने बताया कि जिस मोबाइल नंबर पर उनकी बात हो रही है वो उनका निजी मोबाइल नंबर है। सरकारी मोबाइल नंबर के माध्यम से दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं और उचित प्लेटफॉर्म पर वीडियो और फोटो अपलोड किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार तक वे अवकाश पर हैं।

  • 294 करोड़ रुपये खाते में आने की बात निकली फर्जी, गया पुलिस ने दी जानकारी

    देवब्रत मंडल


    गया, 5 जून 2026। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित उस खबर को गया पुलिस ने पूरी तरह भ्रामक और असत्य बताया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि बोधगया थाना क्षेत्र के एक प्लंबर के बैंक खाते में 294 करोड़ रुपये जमा हो गए हैं।
    वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने बताया कि 5 जून को साइबर थाना गया को इस संबंध में सूचना मिली थी। मामले की सत्यता जांचने के लिए पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष, साइबर थाना गया के नेतृत्व में जांच कराई गई।
    जांच के दौरान संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते का तकनीकी सत्यापन किया गया। पुलिस के अनुसार संबंधित जियो पेमेंट्स बैंक खाते में मात्र 429.84 रुपये ही उपलब्ध पाए गए। खाते में 294 करोड़ रुपये जमा होने की बात पूरी तरह निराधार और गलत साबित हुई।
    गया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की खबरें अफवाह फैलाने वाली हैं और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट एवं भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच में 294 करोड़ रुपये खाते में आने की खबर पूरी तरह असत्य पाई गई है तथा ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
    पुलिस ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से तथ्यों की पुष्टि किए बिना किसी भी सूचना को साझा नहीं करने की अपील की है।

  • गया में सड़क हादसे के बाद पिकअप वैन में लगाई आग, तीन युवक घायल

    गया में सड़क हादसे के बाद पिकअप वैन में लगाई आग, तीन युवक घायल

    देवब्रत मंडल


    गया, 5 जून। गया शहर के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटारी हिल रोड स्थित पाम गार्डन के समीप गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे के बाद लोगों ने आक्रोश में पिकअप वैन में आग लगा दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार पिकअप वैन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
    घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग लगने से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


    घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
    पुलिस ने बताया कि घायल युवकों का इलाज चल रहा है। वहीं सड़क दुर्घटना और आगजनी की घटना को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन चालक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

  • भाजपा कला प्रकोष्ठ गया पूर्वी की नई टीम का गठन, 21 कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी

    भाजपा कला प्रकोष्ठ गया पूर्वी की नई टीम का गठन, 21 कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी

    देवब्रत मंडल


    गया जी। भारतीय जनता पार्टी, गया जिला इकाई के अंतर्गत कला प्रकोष्ठ गया पूर्वी की नई टीम का गठन किया गया है। कला प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक कुमार गुप्ता द्वारा जारी सूची में कुल 21 कार्यकर्ताओं को विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
    जारी सूची के अनुसार शत्रुघ्न सुमन, ऋषभ राज, कमलकांत आनंद एवं धीरज कुमार को सह संयोजक बनाया गया है। वहीं सुशील पासवान, मनीष कुमार दास, सुरेश आर्य, बबलू मिलन, सनिया कुमारी, जॉनी केशरी, डॉ. मनोज कुमार मंडल, रंजन कुमार यादव, राज कुमार मंडल, संजीत कुमार साहू, अनिल कुमार पटवा, सुनील कुमार, दयानंद जी, ललन कुमार, निशांत कुमार, पिंटू कुमार तथा राजन गुप्ता को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
    कला प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नई टीम का गठन किया गया है। उन्होंने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
    नई टीम के गठन से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई है कि यह टीम संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को और गति प्रदान करेगी।

  • गया रेलवे स्टेशन: ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ में 3 महिला चोर गिरफ्तार, 35 हजार के चोरी के मोबाइल बरामद, ट्रेनों में करती थीं हाथ की सफाई

    गया रेलवे स्टेशन: ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ में 3 महिला चोर गिरफ्तार, 35 हजार के चोरी के मोबाइल बरामद, ट्रेनों में करती थीं हाथ की सफाई

    देवब्रत मंडल

    रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत गुरुवार को गया जंक्शन से 3 महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से वीवो, वनप्लस और सैमसंग कंपनियों के तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35,000 रुपए है।

    कहां और कैसे हुई कार्रवाई


    यह कार्रवाई गुरुवार को प्लेटफॉर्म संख्या 1C पर सिग्नल नंबर DS-72 के पास नियमित गश्ती और निगरानी अभियान के दौरान हुई।

    संयुक्त टीम में कौन-कौन था


    RPF गया से उप निरीक्षक विकास कुमार, प्रधान आरक्षी विवेकानंद शर्मा, महिला प्रधान आरक्षी इंदु सिन्हा, आरक्षी शशि शेखर, आरक्षी आलोक कुमार सक्सेना शामिल थे।
    सीआईबी गया से उप निरीक्षक अनिल कुमार चौधरी, प्रधान आरक्षी महेश ठाकुर, सीपीडीएस से उप निरीक्षक मुकेश कुमार तथा जीआरपी गया के अपर थानाध्यक्ष मनोज कुमार एवं महिला सिपाही रूबी कुमारी भी टीम का हिस्सा थीं।

    गिरफ्तार महिलाओं की पहचान

    1. सुंदरी देवी (19 वर्ष), पति – मुलायम सिंह, निवासी अजगौर बिगहा, थाना बारुन, जिला औरंगाबाद, बिहार
    2. सोनाली देवी (22 वर्ष), पति – झारखंड खरवार, निवासी परेल नगर वार्ड संख्या-05, बिक्रमगंज, रोहतास, बिहार
    3. शकीला देवी (22 वर्ष), पति – संजोग गोस्वामी, निवासी डोटकी लारी, नायक टोला, राजरप्पा प्रोजेक्ट, रामगढ़, झारखंड

    पूछताछ में कबूला जुर्म


    तलाशी के दौरान तीनों महिलाओं के पास से तीनों मोबाइल चालू और लॉक अवस्था में मिले। पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि उन्होंने ये मोबाइल गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की ट्रेनों से चुराए थे।

    आगे की कार्रवाई


    तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर जीआरपी थाना को सौंप दिया गया है। स्वीकृति के बाद संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों अभियुक्त महिलाओं को हिरासत में लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • बेखौफ तस्कर: मिनी ट्रक से लेकर चल रहा था शराब तस्कर गिरफ्तार, जबकि ई-रिक्शा से शराब के साथ बालक पकड़ा गया

    बेखौफ तस्कर: मिनी ट्रक से लेकर चल रहा था शराब तस्कर गिरफ्तार, जबकि ई-रिक्शा से शराब के साथ बालक पकड़ा गया

    देवब्रत मंडल

    गया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
    सहायक आयुक्त उत्पाद प्रिय रंजन के अनुसार, समेकित जांच चौकी डोभी (थाना बाराचट्टी) क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पंजीकरण संख्या BR-01GK-0644 वाले एक मिनी ट्रक (410) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 1328.400 लीटर अवैध विदेशी शराब, कुल 3792 बोतलें, बरामद की गईं।
    कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान वीरेन्द्र कुमार (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय राम प्रसाद राय, निवासी भानपुर बेचा, थाना गोरौल, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है।
    उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अनुसंधान पूर्ण होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा।
    छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के कई अधिकारी एवं जवान शामिल थे, जिनमें विजय कुमार, दिलीप कुमार, कमल किशोर, हलेंद्र कुमार, धर्मेंद्र बैठा, बंटी यादव सहित सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल रहे।

    ई-रिक्शा से शराब तस्करी, 321 बोतल देसी शराब के साथ बालक गिरफ्तार

    गया जिले में अवैध शराब कारोबारियों द्वारा लगातार नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। एक-दो दिन पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के धंधे में धकेले गए एक निरुद्ध बालक को ई-रिक्शा में छिपाकर भारी मात्रा में देसी शराब लाते हुए पकड़ा था। अब एक और कार्रवाई में उत्पाद थाना शेरघाटी की टीम ने तीन पहिया टोटो से शराब की खेप ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
    उत्पाद विभाग के पदाधिकारी अनुसार, शेरघाटी थाना क्षेत्र के घनियारी प्राथमिक विद्यालय के समीप वाहन जांच के दौरान एक टोटो को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 96.300 लीटर अवैध देसी शराब (321 बोतल) बरामद की गई।
    मौके से गिरफ्तार आरोपी की 14 वर्षीय पहचान चंदन कुमार (काल्पनिक नाम), पिता संजय यादव, निवासी कुजापी, थाना आमस, जिला गया के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है तथा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
    इस छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह एवं नितु कुमारी सहित अन्य कर्मी शामिल थे।

    गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई से यह स्पष्ट हो रहा है कि शराब तस्कर पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए ई-रिक्शा, टोटो तथा अन्य छोटे वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। विभाग की सतर्कता के कारण उनकी कोशिशें नाकाम भी हो रही हैं। लेकिन लगातार हो रही बरामदगियां इस बात का संकेत हैं कि जिले में शराब तस्करी का नेटवर्क अभी भी सक्रिय है, जिस पर शिकंजा कसने के लिए अभियान जारी है।