Blog

  • गया जंक्शन पर फिर हादसा: लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से कटकर यात्री की मौत

    गया जंक्शन पर फिर हादसा: लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से कटकर यात्री की मौत

    पैर फिसलने से ट्रेन की चपेट में आया, अस्पताल टीम के पहुंचने से पहले तोड़ा दम

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन

    गया जंक्शन पर बुधवार को एक और यात्री की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है।

    कैसे हुआ हादसा


    22358 गया-मुंबई लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस जंक्शन से खुल चुकी थी। इसी दौरान एक यात्री सामान्य डिब्बे में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। तभी पैर फिसलने से वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसका पैर कट गया।

    डॉक्टर के पहुंचने से पहले मौत


    सूचना मिलते ही रेल मंडल अस्पताल की मंडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निरुपमा नर्सिंग स्टाफ के साथ प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं। डॉ. निरुपमा ने बताया कि उनके पहुंचने से पहले ही यात्री की मौत हो चुकी थी।

    शव पुलिस के हवाले


    घटना के बाद शव को गया रेल थाना पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक के साथ एक व्यक्ति था, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

    पहली घटना नहीं


    गया जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले महाबोधि एक्सप्रेस के दो यात्रियों और एक अन्य यात्री की इसी तरह मौत हो चुकी है।

    सुरक्षा पर सवाल


    ट्रेनों को सुरक्षित पास कराने के लिए आरपीएफ तैनात रहती है, फिर भी इस तरह की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। गौरतलब है कि गया से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच यह ट्रेन सप्ताह में सिर्फ बुधवार को चलती है।

    एक के बाद एक हो रहे हादसे गया जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं।

  • गया जंक्शन: लहसुन से लेकर सोना तक कुछ भी सुरक्षित नहीं, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का दावा कागजी, अप्रवासी व आम यात्रियों से लेकर पत्रकार तक बने शिकार

    गया जंक्शन: लहसुन से लेकर सोना तक कुछ भी सुरक्षित नहीं, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का दावा कागजी, अप्रवासी व आम यात्रियों से लेकर पत्रकार तक बने शिकार

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन

    अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेशन बनने की ओर बढ़ रहे गया जंक्शन पर अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। हालात ये हैं कि यहां लहसुन की बोरी तक चोरी हो जा रही है।

    छोटी-बड़ी हर चीज निशाने पर


    आम यात्रियों का पर्स कटना, ट्रेन की खिड़की से मोबाइल झपटना अब रोज की बात हो गई है। स्टेशन के बाहरी हिस्से से मोटरसाइकिल गायब हो रही हैं। ताजा मामला एक यात्री की बोरी में रखे लहसुन की चोरी का है।

    जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं


    पिछले साल नवंबर में सामने आए चर्चित सोना लूटकांड में तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह समेत चार सिपाहियों की संलिप्तता सामने आई। तीन आरोपियों पर चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। बाहरी लोगों की मदद से क्राइम को अंजाम देने के आरोप हैं।

    पत्रकार तक नहीं बचे


    बढ़ते अपराध की चपेट में आकाशवाणी के एक पत्रकार भी आ चुके हैं, जिनकी बाइक स्टेशन परिसर से चोरी हो गई। एक अन्य पत्रकार की एफओबी से उतरते समय पॉकेटमारी हो गई। महिला हो या पुरुष, कोई यात्री सुरक्षित नहीं।

    बदनाम होती छवि


    एनआरआई स्वेता शर्मा ने यहां हुई चोरी की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक पहुंचा दी है। कई पीड़ित यात्री गया में केस दर्ज न कराकर अपने गंतव्य पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं, जिससे हर जगह गया जंक्शन की बदनामी हो रही है।

    सुरक्षा सिर्फ कागजों में


    रेलवे और आरपीएफ चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का दावा करते हैं, लेकिन फाइलों में दर्ज केस कुछ और ही बयां करते हैं। जांच के नाम पर सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं। शराब तस्करी के मामले भी बढ़े हैं – कुछ पकड़े जाते हैं, कई ‘छूट’ जाते हैं।

    पर्यटन पर असर


    देश-विदेश से पर्यटक और सालभर तीर्थयात्री यहां आते हैं। कुछ महीनों में ही चोरी की घटनाओं ने स्टेशन की छवि धूमिल कर दी है। क्राइम कंट्रोल की जगह अब डैमेज कंट्रोल की बात हो रही है।

    सवाल बड़ा है – जब पुलिस पर ही सवाल हों, तो आम यात्री की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?

  • डीआरएम ने किया डीडीयू–मानपुर रेलखंड का निरीक्षण, गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

    डीआरएम ने किया डीडीयू–मानपुर रेलखंड का निरीक्षण, गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

    देवब्रत मंडल

    निरीक्षण करते डीआरएम


    गया, 3 जून 2026। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीणा ने बुधवार को डीडीयू–मानपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर ट्रैक संरक्षा, अनुरक्षण व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन से लेकर मानपुर और गया जंक्शन तक विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
    डीआरएम ने अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन क्षेत्र में हावड़ा दिशा की ओर ट्रैक सेक्शन का निरीक्षण करते हुए प्वाइंट्स, रेल गेज तथा लंबे वेल्डेड रेल सेक्शनों की स्थिति का परीक्षण किया। साथ ही ट्रैक की ज्यामितीय स्थिति, अनुरक्षण कार्यों और संरक्षा मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
    निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थायी पथ निरीक्षक (पीडब्ल्यूआई), ट्रैकमैन और ट्रॉलीमैन सहित ट्रैक अनुरक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों से संवाद किया। ट्रैक निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग तथा संरक्षा प्रक्रियाओं के पालन की जानकारी ली गई। भीषण गर्मी को देखते हुए रेल पटरियों पर तापमान के प्रभाव से निपटने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का भी आकलन किया गया। डीआरएम ने कर्मचारियों को गर्मी के दौरान अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
    इसके बाद उन्होंने मानपुर जंक्शन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, ट्रेन संचालन व्यवस्था तथा यात्री प्रबंधन प्रणाली का जायजा लिया। स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
    निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआरएम ने गया जंक्शन पहुंचकर स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और परिचालनिक सुगमता से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के बीच यात्रियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
    रेल अधिकारियों के अनुसार मंडल के प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रैक सेक्शनों पर संरक्षा, अनुरक्षण और यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा का अभियान लगातार जारी है, ताकि सुरक्षित और बेहतर रेल सेवाएं सुनिश्चित की जा

  • भीषण गर्मी में तपता रहा गया जंक्शन, यात्री शेड की कमी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

    भीषण गर्मी में तपता रहा गया जंक्शन, यात्री शेड की कमी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

    देवब्रत मंडल

    कड़ी धूप से बचते यात्री


    गया जी। बुधवार को गया शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और झुलसा देने वाले तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इसका असर गया जंक्शन पर भी साफ तौर पर देखने को मिला, जहां कई प्लेटफॉर्मों पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को चिलचिलाती धूप में ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
    गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से लेकर 7/8 तक कई स्थानों पर यात्री शेड की कमी देखने को मिली। ऐसे में यात्री तेज धूप और उमस के बीच घंटों ट्रेन की प्रतीक्षा करने को विवश रहे। भीषण गर्मी के कारण प्लेटफॉर्मों पर बैठे यात्रियों के चेहरे पर परेशानी साफ झलक रही थी।
    इधर, डीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीणा के गया आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों में तैनात रेलकर्मी भी तपती धूप के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते नजर आए। कई रेलकर्मी गर्मी और धूप से परेशान दिखे, लेकिन ड्यूटी के कारण उन्हें लगातार मैदान में बने रहना पड़ा।
    हालांकि रेलवे द्वारा गया जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की योजनाओं पर काम किया जा रहा है, लेकिन मौजूदा समय में मूलभूत यात्री सुविधाओं की कमी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

    बगैर यात्री शेड के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3


    पटना से गया पहुंचे यात्री अशोक कुमार ने बताया कि स्टेशन पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं होने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहना बेहद मुश्किल हो जाता है।
    वहीं महिला यात्री नीरू ने शिकायत करते हुए कहा कि स्टेशन के वाटर बूथों से ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी निकल रहा था। उन्होंने बताया कि मजबूरी में उन्हें पीने के लिए पानी खरीदना पड़ा।
    एक वृद्ध यात्री राम सुंदर ने स्टेशन की संरचनात्मक सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 से अन्य प्लेटफॉर्मों पर जाने के लिए बने फुट ओवरब्रिज अपेक्षाकृत संकरे हैं। साथ ही सीढ़ियां भी बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं हैं। इससे विशेष रूप से वृद्ध यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
    यात्रियों का कहना है कि गया जंक्शन के आधुनिकीकरण के साथ-साथ यात्री शेड, शीतल पेयजल और सुगम आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को भीषण गर्मी और अन्य मौसमीय परिस्थितियों में राहत मिल सके।

  • गया रेल थाना का बहुचर्चित सोना लूटकांड: तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत तीन पर चार्जशीट दाखिल

    गया रेल थाना का बहुचर्चित सोना लूटकांड: तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत तीन पर चार्जशीट दाखिल

    देवब्रत मंडल

    फ़ाइल फोटो(गिरफ्तार मोहित अग्रवाल व डीएसपी भास्कर रंजन)

    गया रेल थाना का चर्चित सोना लूटकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। रेल पुलिस ने कांड संख्या 334/2025 में तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, स्वर्ण व्यवसायी मोहित अग्रवाल उर्फ मोनू और परवेज आलम के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।

    क्या था मामला


    नवंबर 2025 में हावड़ा-बीकानेर जोधपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री से जांच के नाम पर करीब एक किलो सोना कथित तौर पर लूट लिया गया था। उस वक्त सोने की कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई थी।

    जांच में क्या सामने आया


    कांड की जांच पटना रेल पुलिस मुख्यालय के डीएसपी भास्कर रंजन के नेतृत्व में हुई। लोक अभियोजक विजय कुमार के मुताबिक, तीनों आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर संलिप्तता सामने आई है।

    पुलिस का दावा

    पुलिस का दावा है कि लूट का सोना स्वर्ण व्यवसायी मोहित अग्रवाल ने खरीदा था। उसके घर से करीब 98 ग्राम सोना बरामद हुआ। वहीं परवेज आलम के आरओ प्लांट में सोने की बिस्किट काटे जाने की बात बिनोद कुमार नाम के व्यक्ति ने पूछताछ में कबूली।

    कौन कहां है

    • परवेज आलम(बाहरी व्यक्ति): न्यायिक हिरासत में गया जेल में बंद
    • इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह, स्वर्ण व्यवसायी मोहित अग्रवाल: जमानत पर बाहर

    थाना के चार सिपाहियों को भी आरोपी बनाया गया है, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश पर उनकी गिरफ्तारी पर रोक है। ये चारों अभी तक कोर्ट में हाजिर नहीं हुए हैं। वहीं एक और बाहरी व्यक्ति भी आरोपी है।

    पुलिस की किरकिरी, घटनाएं रुकने का नाम नहीं रही


    गया रेल थाना पहले से बिहार के रेल थानों में सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है। जिस वक्त यह कांड हुआ, उस समय पटना रेल एसपी वर्तमान रेल एडीजी हैं। मामले में पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इधर हाल के कुछ महीनों में भी चोरी, छिनतई की कई घटनाएं हो चुकी है। पत्रकार सहित अप्रवासी भारतीय महिला के साथ हुई कथित चोरी की घटनाओं में सफलता हाथ नहीं लगी है। कुछ दिन पहले ही गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में एक महिला के पर्स काटकर गहने की चोरी का मामला सामने आया है।

    फिलहाल सोना लूटकांड में चार्जशीट दाखिल होने के बाद कोर्ट में ट्रायल शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

  • विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकाली गई जन-जागरूकता रैलीतंबाकू से हर वर्ष लाखों लोगों की मौत, युवाओं से दूर रहने की अपील

    विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकाली गई जन-जागरूकता रैलीतंबाकू से हर वर्ष लाखों लोगों की मौत, युवाओं से दूर रहने की अपील

    देवब्रत मंडल

    विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गया शाखा एवं ब्रह्मकुमारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार की सुबह जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
    रैली सुबह 6 बजे आईएमए गया शाखा परिसर से शुरू होकर सरस्वती सरोवर स्टेडियम, गांधी मैदान, जयप्रकाश उद्यान होते हुए गांधी मंडप तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को तंबाकू और उससे जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक किया।
    आईएमए गया शाखा के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 13 लाख लोगों की मृत्यु कैंसर से होती है, जिनमें करीब 80 लाख लोग तंबाकू जनित कैंसर से प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन से बड़ी संख्या में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, इसलिए युवाओं को विशेष रूप से इससे दूर रहने की आवश्यकता है।
    उन्होंने कहा कि तंबाकू कंपनियां आकर्षक विज्ञापनों के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास करती हैं, लेकिन युवाओं को अपने स्वास्थ्य, भविष्य और परिवार के हित में ऐसे प्रलोभनों से बचना चाहिए। डॉ. सिंह ने सरकार से भी अपील की कि भ्रामक एवं आकर्षक विज्ञापनों तथा निकोटिनयुक्त उत्पादों के उत्पादन और प्रचार-प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए, ताकि देश का भविष्य सुरक्षित रह सके।
    उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।
    रैली में आईएमए गया शाखा के सचिव डॉ. विमलेन्दु विमल, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. डी.के. सहाय, डॉ. उमेश कुमार वर्मा, डॉ. राकेश कुमार चंदेल, डॉ. प्रांशु कुमार, डॉ. कन्हैया कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. एम.ई. हक, जय प्रकाश नारायण हॉस्पिटल के प्रतिनिधि, ब्रह्मकुमारी संस्थान के संचालक विजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। गया कॉलेज एनएसएस इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार मिश्रा एवं अन्य स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया तथा लोगों से तंबाकू सेवन छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

  • औरंगाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: CPI माओवादी से जुड़े धमकी मामले में 6 गिरफ्तार

    औरंगाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: CPI माओवादी से जुड़े धमकी मामले में 6 गिरफ्तार

    तालाब खुदाई रोकने के लिए मांगी थी लेवी, देशी कट्टा-धनेट और मास्केट बरामद

    महताब अंसारी

    मगध प्रमंडल के औरंगाबाद जिले के बंदेया थाना क्षेत्र में तालाब खुदाई का काम रोकने और लेवी मांगने के लिए CPI माओवादी से संबंधित धमकी भरा पत्र देने के मामले में औरंगाबाद पुलिस ने 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं।

    1. क्या है पूरा मामला

    26 मई 2025 को बंदेया थाना क्षेत्र के ग्राम-चपरा में तालाब में चल रहे खुदाई कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए अज्ञात अपराधियों/नक्सलियों ने वादी और उनके साथियों को धमकी भरा पत्र देकर लेवी/रंगदारी मांगी। बंदेया थाना कांड संख्या-53/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई।

    27 मई 2026, रात 1:00 बजे चपरा से तालाब में खुदाई कर रहे कर्मियों ने बंदेया थानाध्यक्ष को सूचना दी कि अज्ञात नक्सलियों ने हमलोगों को धमकी देकर काम रोकने और सामान जलाने की बात कही। पिछले वर्ष भी काम रोकने हेतु पर्ची देने का जिक्र किया गया।

    2. कैसे हुई गिरफ्तारी


    सूचना के सत्यापन के लिए बंदेया थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पहुंची और आस-पास के लोगों का बयान दर्ज किया। इसके बाद औरंगाबाद पुलिस और STF ने तकनीकी विश्लेषण, आसूचना संकलन और CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई की:

    1. मुख्य आरोपी गिरफ्तार: उदय पासवान को गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
    2. हथियार बरामद: उदय कुमार की निशानदेही पर सेंठु यादव को ग्राम चपरा स्थित घर से गिरफ्तार किया गया। चपरा बधार से देशी कट्टा-01, धनेट-01 और मास्केट-01 बरामद हुआ।
    3. 4 और गिरफ्तार: दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र से 3 अभियुक्त और बंदेया थाना क्षेत्र से 1 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

    3. गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम

    1. उदय कुमार, पिता-बृजनंदन प्रसाद, कराई थाना-कोंच, जिला-गया
    2. सेंठु यादव, पिता-स्व. दशरथ यादव, मायापुर थाना-बंदेया, जिला-औरंगाबाद
    3. संजय पासवान उर्फ कर्मचारी, पिता-स्व. इंद्रदेव पासवान, चपरा थाना-बंदेया, जिला-औरंगाबाद
    4. रंजीत कुमार उर्फ नन्हे, पिता-स्व. दुधेश्वर पासवान, मझियांवां थाना-कोंच, जिला-गया
    5. अनिल यादव उर्फ राजेंद्र यादव, पिता-स्व. रघुनी यादव, बिचहरी थाना-कोंच, जिला-गया
    6. चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा, पिता-अवधेश कुमार, कराई थाना-कोंच, जिला-गया

    4. बरामदगी

    • देशी कट्टा: 02
    • धनेट: 01
    • मास्केट (रायफल): 01

    अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में बंदेया थाना कांड संख्या-57/26, दिनांक-30.05.2026 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    5. पुलिस का बयान


    गिरफ्तार सभी अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

  • भारत के सिनेमाघरों में रिलीज हुई जगदेव प्रसाद बनी ‘द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव’ फिल्म, नेता सहित कई ओहदेदार व युवा फ़िल्म देखने पहुंचे सिनेमाघरों में

    भारत के सिनेमाघरों में रिलीज हुई जगदेव प्रसाद बनी ‘द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव’ फिल्म, नेता सहित कई ओहदेदार व युवा फ़िल्म देखने पहुंचे सिनेमाघरों में

    बिहार और झरखण्ड के करीब दो सौ कलाकारों ने निभाया है अलग-अलग राॅल

    देवब्रत मंडल


    गया जी।
    अमर शहीद जगदेव प्रसाद की जीवनी पर आधारीत बायोपिक फिल्म की भारत के सिनेमाघरों में रिलीज किया गया । इसकी जानकारी देते हुए फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि बिहार, झारखण्ड, मुंबई समेत देश के पांच दर्जन सिनेमा घरों में रिलीज कि गई.

    The indian lenin Babu Jagdeo हिंदी फ़िल्म का उद्घाटन कला एवं संस्कृति युवा विकास मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने फीता काटकर किया. इस मौके पर फ़िल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी, क्रिकेटर शोएब खान, गुरुआ विधायक उपेंद्र प्रसाद, जगदेव बाबू के सुपुत्र भाजपा नेता नागमणि समेत हजारों कि संख्या में लोग मौजूद थे।

    जगदेव बाबू के बिहार में सर्वमान्य नेता के रूप में बड़ा नाम है, वे दलित, पिछड़े- अतिपिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यक समेत 90 प्रतिशत शोषितों के लिए आजीवन लड़ाई लड़ी। शोषित और वंचितों के हक-अधिकार के लिए लड़ाई लड़ते – लड़ते हुए कुर्था में शहीद हो गये थे। जिनपर 2 फरवरी 2023 से उनके गांव कुरहारी, धराऊत समेत जहानाबाद-गया जिला के पोखरपुर, डुमरिया, इमामगंज गुरिया तथा बांकेबाजार के कई गांव में शूटिंग की गई थी। कुछ भाग को झारखंड में भी शूट किया गया। फ़िल्म में सामाजिक, राजनीतिक, गरीबी और गांव में 1932 से लेकर 1974 तक की घटित जगदेव प्रसाद जी कि बचपन से लेकर उनके स्वयं, आस पास, परिवार गांव के लोगों के साथ घटित घटनाओं को प्रमुखता से फिल्माया गया है। जिसमें अपनी संस्कृति सभ्यता और उच्च-नीच, छूआ-छूत, ढ़ोंग, आडंम्बर, पाखंड, अंधविश्वास, छल- कपट, अमीरी-गरीबी, पंचकठिया प्रथा, वोट चोरी और ब्रहा्रणवाद को दिखाया गया है। यह फिल्म युवा महिला, किसान, बेरोजगार, भारतीय राजनीति से जुड़े नेता, अभिनेता, सभी वर्ग समुदाय के लोगों की इमोसन्स को टच करता है जिसे हर लोगों में यह फिल्म को सिनेमाघरों में आने का उत्साह है जिसे आते हीं लोग सिनेमा देखने के लिए टूट पड़े। क्योंकि मार घाड़ एक्सन और डायलाॅग के साथ साथ सामाजिक, राजनीतिक और सच्ची घटना पर यह आधरित फिल्म है जिसमें बिहार की राजनीति जुड़ी है। जगदेव प्रसाद जी द्वारा अपनी राजनीति दौर में दो वर्ष में छः बार सरकार गिराने और बनाने का रिकार्ड है जिन्हें भारत की राजनीतिक गुरू और उनके बताये मार्ग पर चलकर बिहार एवं अन्य राज्यों में राजनीति के शीर्ष पर बैठै हैं।
    नेक्सजेन हूमन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म की लागत करीब दो करोड़ है। इस फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी फिल्म निमार्ण समिति ने जगह दी है। जिसको लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कई कलाकार इसमें ऐसे हैं जिन्हें फिल्म में पहली बार जगह मिली है।

  • सशक्त स्थायी समिति चुनाव में अनुभव पर फिर लगा मुहर, गया नगर निगम में पुराने चेहरों की वापसी

    सशक्त स्थायी समिति चुनाव में अनुभव पर फिर लगा मुहर, गया नगर निगम में पुराने चेहरों की वापसी

    दो नए सदस्यों ने भी बनाई जगह, 14 प्रत्याशियों के बीच हुआ हाई-वोल्टेज मुकाबला

    देवब्रत मंडल


    गया नगर निगम की सियासत में गुरुवार को हुए सशक्त स्थायी समिति के चुनाव ने कई मायनों में पुराने राजनीतिक समीकरणों को फिर मजबूत कर दिया। सात सीटों के लिए हुए चुनाव में अनुभवी चेहरों ने एक बार फिर अपनी पकड़ कायम रखते हुए जीत दर्ज की, जबकि दो नए उम्मीदवार पहली बार समिति तक पहुंचने में सफल रहे।
    नगर निगम की सबसे प्रभावशाली समितियों में गिनी जाने वाली इस समिति के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से पार्षदों के बीच जोरदार लॉबिंग और रणनीति का दौर चल रहा था। सत्ता पक्ष और विरोधी खेमे दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। कुल 14 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसके कारण मुकाबला बेहद दिलचस्प बन गया था।
    परिणाम आने के बाद पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने फिर जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक सक्रियता का अहसास कराया। उनके अलावा मनोज कुमार, विनोद कुमार यादव, चुन्नू खान और तबस्सुम परवीन ने भी दोबारा सदस्य बनकर अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी।
    वहीं इस बार सारिका वर्मा और उपेंद्र कुमार नए चेहरे के रूप में समिति में पहुंचे। दूसरी तरफ वार्ड संख्या-1 की पूर्व सदस्य स्वर्णलता वर्मा इस बार चुनावी दौड़ में पिछड़ गईं।
    चुनाव परिणाम घोषित होते ही नगर निगम परिसर में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नई समिति से शहर के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
    जीत के बाद मोहन श्रीवास्तव ने शहर के विकास को लेकर कई बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा और जिन इलाकों में अब तक मशीनों से सड़क सफाई नहीं हो रही है, वहां भी जल्द यह सुविधा शुरू की जाएगी। साथ ही शहर में प्रदूषण नियंत्रण, आधुनिक बस स्टॉप, पुस्तक भवन और एलईडी लाइट जैसी योजनाओं पर तेजी से काम करने की बात कही गई।

  • गया नगर निगम: सशक्त स्थायी समिति चुनाव परिणाम, मनाई खुशियां

    गया नगर निगम: सशक्त स्थायी समिति चुनाव परिणाम, मनाई खुशियां

    देवब्रत मंडल

    शुक्रवार को DRDA कार्यालय में हुए मतदान के बाद सात सदस्यीय सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न हुआ। नतीजे लगभग वही रहे जिसकी चर्चा थी।

    विजेता सदस्य:

    1. अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव – पूर्व डिप्टी मेयर
    2. सारिका वर्मा – नया चेहरा ✨
    3. उपेंद्र कुमार – नया चेहरा ✨
    4. अन्य 4 वार्ड पार्षद

    परिणाम घोषित होते ही विजेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया गया। समर्थकों में खुशी की लहर है 🎉

    इस बार स्वर्णलता वर्मा और गजेंद्र सिंह को हार का सामना करना पड़ा।

    अब निगाहें इस नई समिति पर हैं – गया के विकास के लिए क्या नए फैसले सामने आते हैं।