Blog

  • गया के 6 लोगों की हजारीबाग में दर्दनाक मौत, शादी में जाना था…रास्ते में पूरा परिवार खत्म, सिर्फ एक बेटा बचा

    गया के 6 लोगों की हजारीबाग में दर्दनाक मौत, शादी में जाना था…रास्ते में पूरा परिवार खत्म, सिर्फ एक बेटा बचा

    महताब अंसारी

    गया जिले के एक ही परिवार के 6 लोगों की झारखंड के हजारीबाग में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी लोग कार से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में कार अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का पता तब चला, जब एक राहगीर की नजर नीचे गिरी कार पर पड़ी।

    घटना हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ जंगल-घाटी के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।

    फ़ाइल फोटो

    मृतकों की पहचान

    हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं—

    शिव कुमार मांझी (43)

    पत्नी रूबी देवी (38)

    बेटी सोनी कुमारी (13)

    बेटी सोहानी कुमारी (12)

    ससुर कृत मांझी (60)

    प्रेम कुमार (10)

    सभी लोग गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के तेतरिया और मसूरी गांव के रहने वाले थे।

    बीमार ससुर को छोड़ने जा रहे थे

    जानकारी के अनुसार, शिव कुमार मांझी धनबाद में नौकरी करते थे। वे अपने बीमार ससुर कृत मांझी को इलाज के बाद गांव छोड़ने आ रहे थे। इसके बाद उन्हें गुरुआ के बरवाडीह गांव में रिश्तेदारी के शादी समारोह में भी शामिल होना था। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।

    घर में बचा सिर्फ एक बेटा

    इस हादसे के बाद परिवार में सिर्फ 14 वर्षीय बेटा रंजीत कुमार बचा है, जो फिलहाल धनबाद में है। उसने हाल ही में मैट्रिक पास किया है। परिजनों ने अभी तक उसे इस दर्दनाक हादसे की जानकारी नहीं दी है। गांव में मातम पसरा है और हर कोई बेटे के भविष्य को लेकर चिंतित है।

    पहले भी हो चुके हैं हादसे

    दनुआ घाटी में इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हर बार सड़क सुरक्षा, रेलिंग और चेतावनी बोर्ड की मांग उठती है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस बार फिर एक ही परिवार की 6 जिंदगियां सड़क निगल गई।

  • गया में कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम मोदी का 133वां ‘मन की बात’, डॉ. मनीष पंकज मिश्रा बोले- प्रेरणादायक संदेश राष्ट्र निर्माण में सहायक

    गया में कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम मोदी का 133वां ‘मन की बात’, डॉ. मनीष पंकज मिश्रा बोले- प्रेरणादायक संदेश राष्ट्र निर्माण में सहायक

    देवब्रत मंडल

    गया, 27 अप्रैल 2026
    देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 133वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम को रविवार को किसान मोर्चा कार्यालय, बूथ संख्या-200 में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से सुना।

    इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री हर माह ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों को प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक और राष्ट्रहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ देते हैं।

    विज्ञान-तकनीक और आत्मनिर्भर भारत पर जोर


    डॉ. मिश्रा ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने भारतीय टेक्नोलॉजी, वैज्ञानिक उपलब्धियों और देश के नवाचारों पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिक निरंतर नई खोजों और तकनीकी विकास से देश को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने में जुटे हैं।

    बुद्ध जयंती और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश


    कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भगवान गौतम बुद्ध की जयंती के अवसर पर उनके शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही नॉर्थ ईस्ट के कारीगरों द्वारा लकड़ी से निर्मित हस्तशिल्प की सराहना करते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर ही आत्मनिर्भर भारत का संकल्प मजबूत होगा।

    डिजिटल जनगणना और टैगोर जयंती का जिक्र


    प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय डिजिटल जनगणना पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना से पारदर्शिता बढ़ेगी, योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचेगा और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। आगामी 9 मई को रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती के संदर्भ में पीएम ने उनके साहित्य, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक योगदान को भी याद किया।

    गया की धरती से पीएम को धन्यवाद


    डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने गया जी की पावन धरती से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक संदेश राष्ट्र निर्माण में अत्यंत सहायक हैं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर, गोपाल प्रसाद यादव, अभिषेक कुमार, शेखर कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, अधिवक्ता महेश यादव, बबलू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम नागरिक मौजूद रहे।

  • यात्रीगण ध्यान दें! गया जंक्शन पर 27 अप्रैल से 16 मई तक 20 दिनों का ब्लॉक, कई ट्रेनें डायवर्ट, कुछ रद्द व शॉर्ट टर्मिनेट

    यात्रीगण ध्यान दें! गया जंक्शन पर 27 अप्रैल से 16 मई तक 20 दिनों का ब्लॉक, कई ट्रेनें डायवर्ट, कुछ रद्द व शॉर्ट टर्मिनेट

    देवब्रत मंडल

    रेलयात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। Indian Railways के पूर्व मध्य रेल (ECR) अंतर्गत डीडीयू डिवीजन ने गया जंक्शन पर 20 दिनों का ब्लॉक घोषित किया है। यह ब्लॉक 27 अप्रैल 2026 से 16 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म लाइन संख्या-1 पर CC एप्रन हटाने (dismantling) का कार्य किया जाएगा, जिससे कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा।

    🚧 क्या रहेगा असर?


    इस कार्य के कारण कई ट्रेनों को डायवर्ट, शॉर्ट टर्मिनेट, री-शेड्यूल और कम कोच के साथ चलाया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले पूरी जानकारी लेना बेहद जरूरी है।

    🚆 डायवर्ट होने वाली ट्रेनें


    03253 (पटना–चोपन TOD)
    27 अप्रैल से 16 मई तक
    मार्ग बदला जाएगा (गया होकर नहीं जाएगी)
    03254 (चोपन–पटना TOD)
    29 अप्रैल से 14 मई तक
    वैकल्पिक मार्ग से परिचालन
    03255 (चोपन–पटना TOD)
    1 मई से 14 मई तक

    डायवर्टेड रूट


    👉 इन ट्रेनों के रूट में गया स्टेशन शामिल नहीं रहेगा, इसलिए यात्रियों को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
    ⛔ शॉर्ट टर्मिनेट (बीच में ही खत्म/शुरू)
    15619 (गया–कामाख्या)
    28 अप्रैल से 16 मई तक
    अब यह ट्रेन मानपुर जंक्शन से ही चलेगी
    15620 (कामाख्या–गया)
    27 अप्रैल से 16 मई तक
    गया तक नहीं आएगी, मानपुर तक ही सीमित
    👉 इस दौरान इन ट्रेनों में पानी और सफाई की सीमित व्यवस्था रहेगी।

    ⏰ री-शेड्यूल ट्रेन


    63245/63289 (पटना–गया–डेहरी MEMU)
    63245 को पटना से 105 मिनट देरी से चलाया जाएगा
    आगमन/प्रस्थान समय में बदलाव

    🚃 कम कोच के साथ चलेंगी ट्रेनें


    कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में कोचों की संख्या घटाई जाएगी, जैसे:
    13349/13350 (सिंगरौली–पटना) → 20 से घटाकर 18 कोच
    13243/13244, 53213/53214 समेत अन्य ट्रेनें भी प्रभावित
    👉 इससे भीड़ बढ़ सकती है, इसलिए आरक्षित टिकट लेकर ही यात्रा करें।
    ⚠️ यात्रियों के लिए जरूरी सलाह


    यात्रा से पहले ट्रेन स्टेटस और रूट जरूर चेक करें
    गया स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्री वैकल्पिक ट्रेन/स्टेशन देखें
    भीड़ से बचने के लिए पहले से टिकट बुक करें
    स्टेशन पर अनाउंसमेंट और रेलवे ऐप/वेबसाइट अपडेट पर नजर रखें

    🧾 क्यों किया जा रहा है यह ब्लॉक?


    रेलवे के अनुसार यह ब्लॉक स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। CC एप्रन हटाने का काम पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

    📌 गया जंक्शन पर 20 दिनों का यह ब्लॉक रेलयात्रियों के लिए असुविधा जरूर पैदा कर सकता है, लेकिन थोड़ी सतर्कता और पहले से योजना बनाकर यात्रा करने से परेशानी से बचा जा सकता है।

  • संडे स्पेशल: मगध के विकास की नई उड़ान: गया-बोधगया को वैश्विक आस्था और पर्यटन हब बनाने की तैयारी

    संडे स्पेशल: मगध के विकास की नई उड़ान: गया-बोधगया को वैश्विक आस्था और पर्यटन हब बनाने की तैयारी

    देवब्रत मंडल

    काल्पनिक तस्वीर

    फल्गु नदी में 108 फीट की विष्णु प्रतिमा से बढ़ेगा धार्मिक आकर्षण

    बिहार सरकार ने राज्य के समग्र विकास को गति देने के साथ-साथ मगध क्षेत्र, विशेषकर गया जी और बोधगया को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल शुरू की है। इसी क्रम में अंतःसलिला फल्गु नदी में भगवान विष्णु की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित करने की योजना बनाई गई है। यह प्रतिमा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगी।
    पितृपक्ष और बोधगया की वैश्विक पहचान को मिलेगा नया आयाम
    गया जी सदियों से पितृपक्ष और पिंडदान के लिए विश्वविख्यात रहा है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु अपने पूर्वजों के निमित्त तर्पण करने पहुंचते हैं। वहीं बोधगया, जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई, अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में सरकार की यह पहल दोनों स्थलों की महत्ता को और अधिक सशक्त करेगी तथा धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगी।


    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास को रफ्तार

    राज्य में मजबूत राजनीतिक नेतृत्व के साथ विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा में मजबूत बहुमत के कारण नीतिगत फैसलों को तेजी से लागू करने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।

    पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विजन

    पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन को आगे बढ़ाने की कोशिश
    बिहार को विकास की मुख्यधारा में लाने का सपना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्षों पहले देखा था। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उनके कार्यकाल में जो नींव रखी गई, उसी को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान सरकार राज्य को और अधिक विकसित और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

    11 शहरों के सुनियोजित विकास का मास्टर प्लान

    राज्य सरकार ने मगध सहित बिहार के 11 शहरों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मार्च 2027 तक इन शहरों में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई है, ताकि पहले बुनियादी सुविधाएं, जैसे सड़क, बिजली, पानी और नाली व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जा सके। यह कदम अनियोजित शहरीकरण को रोकने और आधुनिक शहरों के निर्माण की दिशा में अहम माना जा रहा है।

    पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ

    फल्गु नदी में प्रस्तावित विष्णु प्रतिमा और शहरों के योजनाबद्ध विकास से गया और बोधगया में पर्यटन को नया आयाम मिलने की संभावना है। इससे न केवल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
    स्थानीय लोगों में उत्साह, भविष्य को लेकर उम्मीदें
    सरकार की इन योजनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। लोगों का मानना है कि आने वाले वर्षों में गया और बोधगया न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेंगे, जिस पर हर बिहारी को गर्व होगा।

  • प्यास बुझाने वाला चापानल बना ‘जुगाड़ बेंच’, गर्मी में व्यवस्था पर सवाल

    प्यास बुझाने वाला चापानल बना ‘जुगाड़ बेंच’, गर्मी में व्यवस्था पर सवाल

    देवब्रत मंडल


    बागेश्वरी मोहल्ले में खराब पड़ा चापानल बना बैठने की जगह, जल संकट के बीच प्रशासन की अनदेखी उजागर

    गया: भीषण गर्मी में जहां एक ओर लोगों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है, वहीं गया शहर के बागेश्वरी मोहल्ले में एक चापानल अपनी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रहा है। कभी राहगीरों और स्थानीय लोगों की प्यास बुझाने वाला यह चापानल अब खराब होकर बेकार पड़ा है।

    समाधान का अजब रास्ता निकाल लिया

    स्थानीय लोगों ने भी इस समस्या का समाधान अपने तरीके से निकाल लिया है। चापानल के ऊपरी हिस्से पर एक लकड़ी की पटरी रखकर और उसे बोल्ट-नट से कसकर अब इसे बैठने की जगह बना दिया गया है। यानी जो कभी पानी देता था, आज ‘बेंच’ बनकर रह गया है।

    व्यवस्था पर उठे सवाल

    यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा शहर में कई जगहों पर प्याऊ की व्यवस्था जरूर की गई है, लेकिन ऐसे बंद पड़े चापानलों की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
    स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इन चापानलों को ठीक कर दिया जाए, तो लोगों को राहत मिल सकती है। लेकिन न तो प्रशासन ने इस दिशा में पहल की है और न ही जनप्रतिनिधियों ने बंद पड़े चापानलों की सूची बनाकर इसे प्राथमिकता दी है।

    गर्मी में बढ़ी परेशानी

    गर्मी के इस मौसम में पानी की जरूरत सबसे ज्यादा होती है। ऐसे में सार्वजनिक जल स्रोतों का बंद होना आम लोगों की परेशानी को और बढ़ा देता है।

    बड़ा सवाल

    बागेश्वरी मोहल्ले का यह ‘जुगाड़ बेंच’ सिर्फ एक तस्वीर नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही का प्रतीक बन चुका है। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है और लोगों को उनका ‘पानी देने वाला चापानल’ वापस मिल पाता है या नहीं।

  • गया: बागेश्वरी गुमटी ROB निर्माण से पहले ट्रैफिक प्लान तैयार, बड़े वाहनों की एंट्री पर लगेगी रोक

    गया: बागेश्वरी गुमटी ROB निर्माण से पहले ट्रैफिक प्लान तैयार, बड़े वाहनों की एंट्री पर लगेगी रोक

    देवब्रत मंडल

    गया, 24 अप्रैल 2026
    गया जी के बागेश्वरी गुमटी (71-ए) पर बनने वाले रेल ओवरब्रिज को लेकर नया अपडेट सामने आया है। पुल निर्माण शुरू करने से पहले बागेश्वरी रोड पर भारी वाहनों का परिचालन बंद करने की तैयारी है। इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग पर मंथन शुरू कर दिया है।

    शुक्रवार को सदर एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और पुल निर्माण निगम के अभियंताओं की संयुक्त टीम ने बागेश्वरी मोहल्ले का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने ट्रैफिक दबाव और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर वैकल्पिक रूट पर चर्चा की।

    बागेश्वरी मंदिर साइड से शुरू होगा काम


    निरीक्षण के बाद टीम इस निष्कर्ष पर पहुंची कि ROB का निर्माण कार्य बागेश्वरी मंदिर की तरफ से बागेश्वरी रोड पर शुरू करना ज्यादा व्यावहारिक होगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। यदि एक साथ बागेश्वरी रोड और पावरगंज रोड दोनों को ब्लॉक किया गया तो शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा सकती है।

    बैरिकेडिंग के साथ चलेगा काम, दोपहिया को छूट


    टीम ने स्पष्ट किया कि चयनित वैकल्पिक मार्ग से स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। निर्माण स्थल पर सड़क के दोनों किनारे बैरिकेडिंग की जाएगी। शेष बचे हिस्से को सर्विस रोड के रूप में विकसित कर दोपहिया वाहनों के लिए खोला जाएगा, ताकि लोगों का आना-जाना जारी रहे।

    वहीं निर्माण के दौरान बड़े वाहनों को रोकने के लिए गांधी मोड़ के पास अवरोधक लगाए जाएंगे।

    शनिवार को डीएम करेंगे स्थल निरीक्षण


    अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को जिलाधिकारी को भी निरीक्षण के लिए आना था, लेकिन अन्य जरूरी कार्यों में व्यस्तता के कारण वे नहीं पहुंच सके। उम्मीद है कि डीएम शनिवार को स्थल का दौरा करेंगे। डीएम के आदेश के बाद ही रूट डायवर्जन पर अंतिम मुहर लगेगी।

    पुल निर्माण निगम के अभियंताओं के अनुसार, ROB बनने से बागेश्वरी गुमटी पर लगने वाले जाम से शहर को स्थायी राहत मिलेगी।

    मुख्य बिंदु:

    • निर्माण कहाँ से: बागेश्वरी मंदिर साइड, बागेश्वरी रोड से शुरू होगा
    • प्रतिबंध: निर्माण के दौरान बड़े वाहनों की नो एंट्री
    • राहत: दोपहिया वाहन सर्विस रोड से चल सकेंगे
    • अगला कदम: शनिवार को डीएम का निरीक्षण, उसके बाद रूट डायवर्ट
  • गया जी में सामने आया एक अजीब मामला: बकाया मांगने पर ठेकेदार के घर फिंकवाया कूड़ा? गया में निगम पर गंभीर आरोप, थाने में शिकायत

    गया जी में सामने आया एक अजीब मामला: बकाया मांगने पर ठेकेदार के घर फिंकवाया कूड़ा? गया में निगम पर गंभीर आरोप, थाने में शिकायत

    देवब्रत मंडल



    ▶️ 7 महीने से भुगतान लंबित, विरोध करने पर कार्रवाई का आरोप

    ▶️ CCTV फुटेज आया सामने, नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश


    गया। शहर में नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। एक ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि बकाया भुगतान मांगने पर निगम अधिकारियों ने उसके घर के सामने कूड़ा फिंकवा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेकेदार का कहना है कि पिछले करीब 7 महीने से उसका भुगतान लंबित है। कई बार मांग करने के बावजूद जब भुगतान नहीं हुआ, तो उसने विरोध जताया। इसके बाद निगम अधिकारियों पर दबाव बनाने की नीयत से कार्रवाई करने का आरोप लगाया गया है।

    रात में घर के गेट पर गिरवाया गया कूड़ा

    ठेकेदार के अनुसार, रात के समय ट्रैक्टर के जरिए उसके घर के गेट पर कूड़ा गिरा दिया गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कूड़ा गिराते वाहन देखे जा सकते हैं।

    बीमार मां को अस्पताल ले जाने में हुई परेशानी

    कूड़ा डाले जाने के कारण घर का रास्ता बंद हो गया, जिससे ठेकेदार के परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनकी बीमार मां को अस्पताल ले जाने में भी देरी हुई। वहीं इसी परिसर में एक बैंक की शाखा भी संचालित होने की बात बताई गई है।

    ⚠️ निगम अधिकारियों पर सीधे आरोप


    ठेकेदार ने नगर निगम के कुछ अधिकारियों, जिनमें सिटी मैनेजर और इंजीनियर शामिल हैं, पर सीधे तौर पर इस कार्रवाई का आरोप लगाया है।

    नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश

    एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मामले के तूल पकड़ने के बाद नगर आयुक्त ने कहा कि उन्हें इस घटना की पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने इसे गंभीर बताते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

    प्रशासनिक कार्यशैली पर उठे सवाल

    इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह प्रशासनिक दुरुपयोग का गंभीर मामला साबित हो सकता है।
    पीड़ित ने एक आवेदन magadhlive को अपने एक सहयोगी के माध्यम से उपलब्ध करवाया है। जो चंदौती थानाध्यक्ष के नाम से है।

  • रेलवे की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति मुक्त

    रेलवे की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति मुक्त

    देवब्रत मंडल

    कार्रवाई में शामिल टीम


    पूर्व मध्य रेल के डी.डी.यू. मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की 1020 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत एक करोड़ पचास हजार रुपये आंकी गई है। निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में 20 और 21 अप्रैल को दो दिवसीय अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। रे.सु.ब. पोस्ट गया के सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी विवेकानंद शर्मा, आरक्षी राकेश कुमार सिंह, आलोक कुमार सक्सेना, अनिल प्रसाद, रौशन कुमार व अमित कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। यह अभियान मार्शलिंग यार्ड कॉलोनी एवं इंस्पेक्टर कॉलोनी, गया में चलाया गया। यहाँ बाहरी लोगों ने अवैध रूप से झोपड़ी और खटाल बना लिए थे। सहायक मंडल अभियंता, गया की मौजूदगी में डेल्हा व सिविल लाइन थाना पुलिस, वरीय अनुभाग अभियंता/कार्य/गया तथा रे.सु.ब. के कुल 94 जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रेलवे की जमीन खाली कराई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसर को अतिक्रमण मुक्त करना, स्वच्छता बनाए रखना तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।

  • गया जंक्शन पर बढ़ती आपराधिक घटनाएं, यात्रियों और मीडियाकर्मियों में दहशत, कई कांडों में पुलिस खाली हाथ

    गया जंक्शन पर बढ़ती आपराधिक घटनाएं, यात्रियों और मीडियाकर्मियों में दहशत, कई कांडों में पुलिस खाली हाथ

    देवब्रत मंडल

    गया: गया जंक्शन पर इन दिनों अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एक पत्रकार के साथ पॉकेटमारी का सामने आया है, जहां अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन चुरा लिया। इस संबंध में थाना में सनहा दर्ज कर लिया गया है।

    पत्रकार और रेलवे यात्रियों पर लगातार निशाना

    गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले एक अखबार के ब्यूरो चीफ आकाश प्रियदर्शी भी प्लेटफॉर्म पर पॉकेटमारी का शिकार हो चुके हैं। वहीं आकाशवाणी (ऑल इंडिया रेडियो) के एक कर्मचारी साजिद की बाइक चोरी होने का मामला भी सामने आया था।

    महिला यात्रियों को भी बनाया जा रहा निशाना

    रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों की सुरक्षा भी सवालों के घेरे में है। एक अप्रवासी महिला यात्री श्वेता शर्मा के हैंडबैग(इसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज, स्वर्णाभूषण, आईफोन आदि) की चोरी का मामला इतना गंभीर हो गया कि वह प्रधानमंत्री कार्यालय और डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर तक पहुंच गया। इसके अलावा एक अन्य महिला यात्री के गले से मंगलसूत्र चोरी होने की घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

    पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

    लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद रेल पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। पांच महीने पहले 21 नवंबर 2025 को सोना लूट जैसे गंभीर मामले में भी अब तक न तो सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई है और न ही कोई ठोस सफलता हाथ लगी है।

    सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

    लगातार हो रही चोरी, पॉकेटमारी और लूट की घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि गया जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ती नजर आ रही है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन अधिकतर बार लावारिश तो कभी तस्कर के साथ देशी विदेशी शराब के पकड़े जाने की घटनाएं आम बात हो गई है। कछुए की तस्करी हो या फिर मादक पदार्थ गांजा की तो ये आम बात हो चली है।

    आम यात्री अब संभल कर ट्रेन से सफर करते हैं

    आम यात्रियों की धारणा बन गई है कि गया जंक्शन पर अपराधियों से बच के ही रहना होगा। कब किसका क्या चोरी चला जाए यह कहना मुश्किल हो गया है। बाइक चोरी मामले में पत्रकार के परिजनों को तो सीसीटीवी फुटेज में यह साफ दिखाई दिया है कि लाल रंग के शर्ट पहने सख्श ने इस घटना को अंजाम दिया है लेकिन वो अभी पकड़ से दूर है।

  • गया के एक गांव में लगी भीषण आग, 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को लाखों का नुकसान

    गया के एक गांव में लगी भीषण आग, 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को लाखों का नुकसान

    महताब अंसारी

    गुरारू (गया): गुरारू प्रखंड के ग्राम पंचायत डीहा अंतर्गत बंदरी गांव में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे भीषण आग लगने से व्यापक नुकसान हुआ। आग की चपेट में आकर लगभग 40 बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

    इस घटना से प्रभावित किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते खेतों में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

    डीहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिंटू वर्मा ने बताया कि इस अगलगी में मो. वसीर, मो. हलीम, मो. साबिर, ललन पासवान, सुरेंद्र पासवान एवं मो. मिस्टर सहित कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।

    घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

    घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए भारी नुकसान से कुछ राहत मिल सके।