महताब, टिकारी (गया): अनुमंडल मोड़ के समीप अवैध शराब तस्करी के खिलाफ टिकारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक सवार युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से देशी शराब की खेप भी बरामद की है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक के जरिए देशी शराब की ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल मोड़ के पास घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
इलाके में मचा हड़कंप
पुलिस की इस कार्रवाई से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। जिस समय यह कार्रवाई हुई, उसी दौरान अनुमंडल कार्यालय में डीएम समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद थे, जिससे इस ऑपरेशन को लेकर और भी चर्चा तेज हो गई।
पूछताछ में जुटी पुलिस
गिरफ्तार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
अभियान रहेगा जारी
इस संबंध में टिकारी थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जाने-माने समाजसेवी अरविंद चरण प्रियदर्शी का पटना एम्स में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से गया सहित पूरे विधिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।अरविंद चरण प्रियदर्शी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।विधिक सेवा के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान अतुलनीय रहा। गरीबों और जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता दिलाने के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे। उनके निधन को न्यायिक जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। उनके निधन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं समाजसेवियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति 🙏
राष्ट्रीय लीगल सर्विस अथॉरिटी, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को जागरूक करने के लिए रविवार को जिला न्यायालय परिसर, गया से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रचार वाहन को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया श्री प्रदीप कुमार मलिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि 09 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, चेक बाउंस के मामले, सिविल वाद, पारिवारिक विवाद, कुटुंब न्यायालय के प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा, ट्रैफिक चलान, ग्राम कचहरी व क्षतिपूर्ति मामलों का आपसी सहमति से समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार दास ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु अधिक से अधिक प्रकरणों को लोक अदालत में रखकर उनका निराकरण करने के लिए अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा, एडीजे-1 शशिकांत ओझा, सचिव अरविंद कुमार दास, प्रेसिडेंट ऑफ बार, प्रभारी सचिव बार, चीफ एलईडीसीएस, डिप्टी चीफ एलईडीसीएस और अन्य न्यायिक पदाधिकारीगण एवं अधिवक्तागण उपस्थित थे।
गया रेलवे स्टेशन पर 1 अप्रैल 2026 को हुई चोरी की घटना अब राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में है। एनआरआई महिला श्वेता शर्मा ने इस मामले को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उठाते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय, विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर, रेल मंत्री और रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों को टैग कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि घटना के इतने दिनों बाद भी उन्हें ठोस न्याय नहीं मिला है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
क्या है पूरा मामला
1 अप्रैल की सुबह ट्रेन संख्या 12307 अप हावड़ा–जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान गया स्टेशन पर उनका हैंडबैग चोरी हो गया। उस समय श्वेता शर्मा अपनी नाबालिग बेटी प्रिशा शर्मा के साथ कोच में सो रही थीं। जागने पर उन्होंने एक संदिग्ध का पीछा भी किया, लेकिन वह दूसरे कोच में जाकर ओझल हो गया।
चोरी हुए सामान: करोड़ों की नहीं, पर भारी नुकसान
पीड़िता के अनुसार बैग में मौजूद थे: ₹10,000 नकद करीब ₹10 लाख के स्वर्ण आभूषण आईफोन 12 भारतीय व विदेशी पासपोर्ट कनाडियन पीआर कार्ड (मां-बेटी दोनों के) बैंक कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज
यह घटना केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि पहचान और यात्रा से जुड़े दस्तावेज खोने के कारण गंभीर संकट बन गई है।
विदेश मंत्रालय से क्या मांग की गई
1.श्वेता शर्मा ने अपनी अपील में कई अहम बिंदु उठाए हैं: 2.घटना की समयबद्ध जांच 3.विदेशी नागरिकों के दस्तावेज चोरी होने पर स्पष्ट प्रक्रिया 4.एनआरआई परिवारों के लिए फास्ट-ट्रैक सिस्टम 5.पासपोर्ट से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों की समीक्षा
रेल पुलिस की कार्रवाई: FIR दर्ज, छापेमारी जारी
रेल पुलिस ने गया रेल थाना में कांड संख्या 108/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक संदिग्धों की पहचान के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
आईफोन बंद, लोकेशन ट्रेस नहीं
पुलिस के अनुसार चोरी हुआ आईफोन फिलहाल स्विच ऑफ है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही फोन चालू होगा, अपराधी तक पहुंचने में आसानी होगी।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गया रेल थाना क्षेत्र में इससे पहले भी विदेशी महिला पर्यटक नीना निकोनोवा का आईफोन चोरी हुआ था। हालांकि उस मामले में पुलिस और आरपीएफ की तत्परता से मोबाइल बरामद कर लिया गया था, जिससे पुलिस की कार्यशैली की सराहना हुई थी।
यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल गया स्टेशन पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से यात्रियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है, खासकर विदेशी और एनआरआई यात्रियों के बीच। पीड़िता श्वेता शर्मा मूल रूप से झारखंड के कोडरमा जिले की रहने वाली हैं, लेकिन वर्तमान में कनाडा में निवास करती हैं।
विचारणीय प्रश्न
गया रेलवे स्टेशन की यह घटना केवल एक चोरी नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बन गई है। अब देखना होगा कि जांच एजेंसियां कितनी तेजी से कार्रवाई कर पीड़िता को न्याय दिला पाती हैं।
गया: जिले के परैया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अपराधियों ने एक साइकिल सवार व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रामडीह और उपरैली के बीच खारपर के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान छककन बिगहा निवासी अवधेश शर्मा (45 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अवधेश किसी काम से साइकिल से परैया बाजार गए थे। दोपहर में घर लौटने के दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी काले रंग के गमछे से चेहरा ढके हुए थे। जैसे ही अवधेश खारपर के पास पहुंचे, बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। सूचना मिलते ही परैया थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने महज 7 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गया, 19 अप्रैल 2026: पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत एक युवक को 20 लीटर अंग्रेजी बीयर के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4400 रुपये बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ गया के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार, प्रधान आरक्षी संजय कुमार राय, आरक्षी शशि शेखर, अनिल प्रसाद एवं विकास कुमार की टीम, सीपीडीएस टीम के उप निरीक्षक मुकेश कुमार तथा जीआरपी गया के पुलिस अवर निरीक्षक शिव शंकर प्रसाद व महिला आरक्षी इशरत बानो के साथ गया जंक्शन पर संयुक्त रूप से गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान स्टेशन के ऑफिसर रेस्ट हाउस गेट के समीप एक युवक संदिग्ध स्थिति में बैग और झोला लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगा, जिसे तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रवीन कुमार (24 वर्ष), निवासी फतेहपुर, थाना अतरी, जिला गया बताया। उसने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल के आसनसोल से बीयर खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से ला रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 40 बोतल (प्रत्येक 500 एमएल) HAYWARDS 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर बरामद हुई, जो “FOR SALE IN WB ONLY” अंकित थी। कुल मात्रा 20 लीटर आंकी गई। आरपीएफ द्वारा मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त एवं जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना गया को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 111/2026 दर्ज करते हुए बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
बड़ा सवाल: जितने भी शराब तस्करी के आरोप में पकड़े जाते हैं उसके पास रहे मोबाइल को पुलिस जब्त प्रदर्श में नहीं दिखाती है, जबकि आम आदमी आज बगैर मोबाइल के नहीं होते।
कभी कभी आंखें कलम उठाने को मजबूर कर देती है। किसी खबरों से नजर चुराना भी पत्रकारों के लिए बड़ा ही कठिन हो जाता है। वो भी उन परिस्थितियों में जब आम आदमी के साथ कुछ नाजायज़ हो रहा हो। खैर, आम आदमी सुबह से देर रात तक सोशल साइट्स को निहारते रहते हैं। खास तो खास होते हैं। गया जंक्शन पूर्व मध्य रेल का एक ऐसा रेलवे स्टेशन है, जिस पर रेल मंत्रालय तक की नजर बराबर रहती है। विशेष कर आजकल। जब इसका स्वरूप विश्वस्तरीय बन रहा है।
सुबह में मगध लाइव की नजर फ़ेसबुक पेज पर पड़ी तो पता चला कि पिक एंड ड्रॉप करने आए एक वाहन के चालक या फिर मालिक से प्रीमियम पार्किंग शुल्क लिया गया। शिकायत करने वाले का आरोप है कि पिक एंड ड्रॉप करने आए वाहन से शुल्क(ठीकेदारी) वसूली हुई। बात में कितनी सच्चाई है ये तो मगध लाइव नहीं बता सकता है लेकिन शिकायत की जांच तो होनी ही चाहिए। जांच में क्या होता है ये तो पीड़ित बता सकते हैं या रेल प्रशासन।
इसके पहले ऑटो रिक्शा चालक के साथ हुई नाजायज़ वसूली का मामला ऊपर तक चला गया था। अंदरूनी जांच हुई। सुनने में आया है कि कथित आरोपी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी हुई है लेकिन मगध लाइव इसकी पुष्टि नहीं कर सकता है। लेकिन कानों कान ये बात पता चला है कि वेतन में कटौती की कार्रवाई हुई है।
गया जंक्शन पर नाजायज़ कृत्य की फेहरिस्त लंबी है। लिखने के लिए शुरू की जाए तो लोगों को पढ़ने में अरुचिकर लगने लगेगा। आज ऑटो स्टैंड की बात करें तो आप देख सकते हैं कि कितने नाजायज़ स्टैंड हैं। जहां दिन रात वाहनों की भीड़ होती है। जहां साहेब का ऑफिस है, वहीं से शुरू करें तो सब स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है। दो सरकारी स्टैंड पर अवैध पार्किंग की सूची काफी लंबी है।
प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों में नाजायज़ कृत्य हो रहे हैं। मगध लाइव कई बार सजीव चित्रण करते हुए वीडियो और फोटोज आप सभी के सामने रख चुका है लेकिन क्या मजाल कि इन अवैध कृत्यों पर कहें या नाजायज़ कारनामे पर पूर्ण विराम लगा हो। ट्रेन से हर सुबह खोवा आता है। वो भी पार्सल कार्यालय और आरएमएस कार्यालय के बीच दीवार से फांद कर सड़क पर हर दिन निकाला जा रहा है लेकिन रोके तो कौन?
रिज़र्वेशन टिकट काउंटर पर आज भी दलाल हावी है। सुनने को मिलते हैं कि यहां इस नाजायज़ के लिए सबकी आंखें बंद करा दी गई है। हाल ही में एक बड़े न्यूज़ चैनल पर स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा हुआ है कि आम यात्री लाइन में लगे रह जाते हैं और दलाल दोगुनी राशि लेकर कन्फर्म टिकट दिलवा देने का आश्वासन देते हैं। आखिर ये कैसे संभव होता है ये तो वही बता सकते हैं जो इसमें शामिल रहते होंगे। अमर कुमार नामक टिकट दलाल की गिरफ्तारी के बाद तो यहां गवाहों को भी मैनेज करने के लिए दवाब डाला गया था। इसकी चर्चा रेल महकमे से लेकर दलालों तक हो रही थी।
खैर! एक बात जो नहीं कहना चाहता है मगध लाइव। फिर भी सोशल मीडिया पर तेजी से आज भी वायरल हो रहे हैं कि स्टेशन परिसर को केंद्र बनाकर जिस्मफरोशी का भी धंधा करने वाले लोग सक्रिय हैं। इसमें एक प्रौढ़ावस्था के व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है जो स्टेशन परिसर में ही दातुन और प्लास्टिक बेचने वाली एक महिला के आसपास देर शाम के बाद से अल सुबह तक भटकते रहता है। जिसकी तस्वीर भी मगध लाइव ने कुछ दिन पहले सामने लाया था।
एक और बात, जो चर्चा में है कि ट्रेन से माफियाओं द्वारा लाई जा रही शराब की खरीद बिक्री करने वाले एक दो लोगों के नाम सामने आए हैं। जो रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित एक मंदिर के आसपास मंडराते रहते हैं। जिनके गुर्गे भी इसी मंदिर के आसपास विचरण करते रहते हैं। जिस ट्रेन से शराब आती है, ये सभी सक्रिय हो जाते हैं और उस रास्ते से ही शराब की खेप लेकर निकल जाते हैं, जहां खाकी वर्दी वालों का पहरा रहता है।
बहरहाल, गया जंक्शन पर नाजायज़ कृत्यों की फेहरिस्त लंबी है, इसमें कौन कौन शामिल हैं, इस बात का खुलासा तब हो सकता है जब ऐसे लोगों के मोबाईल फोन नंबर के सीडीआर खंगालने की कोशिश की जाती है।
सूबे की राजधानी पटना में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रामकृष्ण नगर थाना पुलिस ने संगठित मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की 7 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार सभी आरोपी गया जिले के टिकारी, अलीपुर, कोंच और पुरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पुरा थाना क्षेत्र के अमर कश्यप की निशानदेही पर इस गिरोह का खुलासा हुआ।
अमर कश्यप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलीपुर थाना क्षेत्र से सुमित कुमार, विपुल कुमार, संटू राज और सत्यम कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं टिकारी थाना क्षेत्र से छोटू कुमार, कुंदन कुमार और साहिल कुमार को पकड़ा गया। इसके अलावा कोंच थाना क्षेत्र से सन्नी कुमार और प्रतीक कुमार को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और चोरी की गाड़ियों को अलग-अलग इलाकों में बेच देता था। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
गया जी। मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बारा पावर ग्रिड के समीप आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा सफारी कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रियरंजन के अनुसार, उजले रंग की टाटा सफारी (संख्या BR-01PB-7996) की तलाशी लेने पर कुल 240 टेट्रा पैक/पेट बोतल में 43.200 लीटर विदेशी शराब तथा 432 कैन बीयर (216.000 लीटर) बरामद की गई। इस प्रकार कुल 259.200 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार (31 वर्ष), सुजीत कुमार (32 वर्ष), आरती देवी (31 वर्ष) एवं बिमला देवी (46 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के समस्तीपुर और वैशाली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक पूजा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार, मधनिषेध सिपाही विजय कुमार राय एवं विकास रंजन सहित अन्य गृह रक्षक जवान और सशस्त्र बल के सदस्य शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
गया, 17 अप्रैल 2026: गया रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित 2500 वर्ग मीटर के होल्डिंग एरिया के निर्माण को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह महानिरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल अमरेश कुमार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान रेलवे सुरक्षा बल, गया के सहायक सुरक्षा आयुक्त, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसआरपी आलोक कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी तथा राजकीय रेल पुलिस गया की प्रभारी थानाध्यक्ष निशा कुमारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रस्तावित होल्डिंग एरिया की आवश्यकता, उपयोगिता और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने अनुभव के आधार पर महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। महानिरीक्षक द्वारा निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बताया गया कि इस होल्डिंग एरिया के निर्माण से गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। इनके आगमन की सूचना मिलते ही होल्डिंग एरिया एवं सर्कुलेटिंग एरिया में अतिक्रमण हटाने का काम कर लिया गया था। जहां तहां लगने वाले बेतरतीब वाहनों को हटवा दिया गया था। वहीं कुछ दुकानें जो अवैध तरीके से लगे रहते थे वो सारे बंद करवा दिए गए थे। महानिरीक्षक श्री अमरेश कुमार गया जंक्शन पर आने से पहले रफीगंज स्टेशन पर भी सुरक्षात्मक जायजा ले चुके थे। गया जंक्शन पर एवं ट्रेनों में अवैध तरीके से चल रहे वेंडर्स भी नजर नहीं आए। वहीं आरपीएफ के स्थानीय प्रशासन श्री कुमार के आगमन के पूर्व सतर्कता बरतते देखे गए। ऑटो रिक्शा स्टैंड की स्थिति कुछ बदली हुई नजर आई। वहीं आम दिनों की तुलना में सभी जवान वर्दी में नजर आए। स्पेशल के नाम पर कुछ आरक्षी जो सादे लिबास में प्लेटफॉर्म पर एवं स्टेशन परिसर में नजर आते थे वे सभी वर्दियों में दिखाई दे रहे थे। श्री कुमार ने पदाधिकारी तथा जवानों को निष्ठापूर्वक ड्यूटी करते हुए यात्रियों की सुरक्षा के साथ साथ उनकी सुविधाओं पर विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया। कई मायनों में पूर्व मध्य रेल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार का गया आगमन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।