Blog

  • गया में जलापूर्ति में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, बुडको के दो अधिकारियों समेत पंप ऑपरेटर पर एफआईआर के निर्देश

    गया में जलापूर्ति में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, बुडको के दो अधिकारियों समेत पंप ऑपरेटर पर एफआईआर के निर्देश

    देवब्रत मंडल

    गया, 1 अगस्त: गया शहर में पेयजल आपूर्ति में हुई गंभीर लापरवाही पर जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में गया नगर निगम और बुडको के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने जलापूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया।
    दो दिनों तक प्रभावित रही जलापूर्ति
    बैठक में डीएम को बताया गया कि पिछले दो दिनों से पुलिस लाइन सिंगरा स्थान जलापूर्ति केंद्र पर मोटर का संचालन नहीं होने के कारण जलमीनार में पानी नहीं भर सका। इसके चलते एपी कॉलोनी समेत आसपास के कई इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रही, जिससे हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
    बुडको अधिकारियों और पंप ऑपरेटर पर कार्रवाई
    इस मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने बुडको के परियोजना निदेशक से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि बुडको के उप परियोजना निदेशक नील कुमार एवं संबंधित जलापूर्ति पंप ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाए।
    इसके अलावा, जलापूर्ति केंद्र की निगरानी के लिए नगर निगम की ओर से नामित एरिया इंचार्ज सह निगम पदाधिकारी शुभम कुमार से भी स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
    बिना सूचना जलापूर्ति बंद नहीं होगी
    जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना पूर्व सूचना के शहर के किसी भी इलाके की जलापूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेयजल आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
    तकनीकी खराबी का तत्काल समाधान करने का निर्देश
    डीएम ने सभी जलापूर्ति केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और किसी भी तकनीकी खराबी का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद करनी पड़े तो संबंधित क्षेत्र के लोगों को पहले ही इसकी सूचना दी जाए, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
    लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
    बैठक के अंत में डीएम ने दोहराया कि गया शहर में निर्बाध और नियमित जलापूर्ति प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

  • बेटी की शादी के लिए जोड़े थे पैसे, 99 हजार रुपये साइबर ठगों ने उड़ाए; दो महीने से न्याय की आस में भटक रहा गरीब मजदूर

    बेटी की शादी के लिए जोड़े थे पैसे, 99 हजार रुपये साइबर ठगों ने उड़ाए; दो महीने से न्याय की आस में भटक रहा गरीब मजदूर

    मगध रेंज के आईजी से भी लगाई गुहार, फिर भी नहीं लौटे रुपये; साइबर थाना का काट रहा चक्कर

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    गया जी। एक गरीब मजदूर की जिंदगी भर की मेहनत की कमाई साइबर ठगों ने कुछ ही मिनटों में उड़ा दी। अब हालात ऐसे हैं कि जिस रकम से वह अपनी बेटी की शादी के सपने संजोए बैठा था, उसी रकम को वापस पाने के लिए पिछले दो महीने से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है।

    मामला डेल्हा थाना क्षेत्र के निवासी मजदूर का

    डेल्हा थाना क्षेत्र के छोटकी नवादा निवासी राजा कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए मजदूरी कर-करके रुपये जमा किए थे। लेकिन 7 मार्च 2026 को वह साइबर अपराध का शिकार हो गए और उनके खाते से 99 हजार रकम निकल गई। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद न तो उनकी राशि वापस मिल सकी और न ही उन्हें कोई ठोस राहत मिली।

    आईजी से लगाई थी उम्मीद, अब भी इंतजार

    न्याय की आस लेकर राजा कुमार जून 2026 में खुद मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से मिले और अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने आवेदन देकर जल्द कार्रवाई और अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई। आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी अंकित किए गए, लेकिन इसके बावजूद पीड़ित का कहना है कि आज तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।

    “हर सप्ताह साइबर थाना जाता हूं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है”

    राजा कुमार का कहना है कि वह नियमित रूप से साइबर थाना जाते हैं। हर बार उन्हें यही कहा जाता है कि “हो जाएगा”, लेकिन महीनों बाद भी उनकी रकम वापस नहीं मिली। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अब बेटी की शादी की चिंता उन्हें दिन-रात सता रही है।

    एक गरीब पिता की बेबसी

    राजा कुमार कोई बड़े कारोबारी नहीं हैं। वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की शादी के लिए उन्होंने बड़ी मुश्किल से एक-एक रुपये जोड़कर यह रकम जमा की थी। साइबर ठगी ने न सिर्फ उनकी जमा-पूंजी छीन ली, बल्कि एक पिता के सपनों पर भी गहरा आघात पहुंचाया है।

    प्रशासन से मानवीय पहल की उम्मीद

    साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच राजा कुमार का मामला उन गरीब परिवारों की पीड़ा को सामने लाता है, जिनके लिए कुछ हजार रुपये भी जीवनभर की कमाई होते हैं। ऐसे में पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करेंगे, ताकि बेटी की शादी के लिए जोड़ी गई मेहनत की कमाई उन्हें वापस मिल सके और एक गरीब पिता की चिंता कुछ कम हो सके।

  • पितृपक्ष मेला को गया जंक्शन पर उच्चस्तरीय बैठक, विधि व्यवस्था एवं सुविधाओं पर चर्चा

    पितृपक्ष मेला को गया जंक्शन पर उच्चस्तरीय बैठक, विधि व्यवस्था एवं सुविधाओं पर चर्चा

    देवब्रत मंडल

    शुक्रवार को पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियों के मद्देनज़र बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, शशांक शुभंकर जिला पदाधिकारी, गया एवं सुशील कुमार वरीय पुलिस अधीक्षक, गया द्वारा गया जंक्शन (रेलवे स्टेशन) का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पितृपक्ष मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, यात्री सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पितृपक्ष मेला प्रारंभ होने से पूर्व गया रेलवे स्टेशन एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण कर सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

  • श्रावणी मेला स्पेशल: गया से मधुपुर के लिए 15 दिन चलेगी ट्रेन, DDU मंडल ने की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    श्रावणी मेला स्पेशल: गया से मधुपुर के लिए 15 दिन चलेगी ट्रेन, DDU मंडल ने की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    देवब्रत मंडल

    श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल ने कमर कस ली है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई।

    उदय सिंह मीना, डीआरएम, डीडीयू

    बैठक में भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा, स्टेशन पर साफ-सफाई, पेयजल, खानपान, उद्घोषणा और सीसीटीवी निगरानी जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। DRM ने निर्देश दिया कि प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

    गया-मधुपुर के बीच स्पेशल ट्रेन
    श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 03654/03653 गया–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल चलाई जाएगी।

    • गया से मधुपुर: 02 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन
    • मधुपुर से गया: 03 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन

    इसके अलावा DDU मंडल के अंतर्गत अन्य रेलखंडों पर भी पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

    निगरानी और सहायता
    DRM ने कहा कि स्टेशनों की 24 घंटे सीसीटीवी और मंडल मुख्यालय के वार रूम से निगरानी होगी। यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए प्रभावी उद्घोषणा और त्वरित सहायता बूथ भी बनाए जाएंगे।

    DRM ने कहा–
    मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा, “श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता है। यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रेल सेवाएं उपलब्ध हों, इसके लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।”

  • बागेश्वरी गुमटी के पास ROB निर्माण में आई बाधा, जर्जर पुलिया क्षतिग्रस्त, कंपनी ने शुरू कराई मरम्मत

    बागेश्वरी गुमटी के पास ROB निर्माण में आई बाधा, जर्जर पुलिया क्षतिग्रस्त, कंपनी ने शुरू कराई मरम्मत

    देवब्रत मंडल

    क्षतिग्रस्त पुलिया

    गया जी: बागेश्वरी गुमटी के पास बन रहे रेल ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण कार्य में गुरुवार देर रात बाधा उत्पन्न हो गई। निर्माण कंपनी के प्लांट सह बेस कैंप कार्यालय से जुड़े मार्ग के पास स्थित एक पुरानी और जर्जर पुलिया भारी वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त हो गई। दरअसल यहां से बड़ा नाला गुजरा है। नाला के ऊपर से कंक्रीट पथ काफी पहले बनाया गया था जो जर्जर हालत में थी। जिसकी वजह से यह टूट गया था।

    पुलिया के लिए डाले गए ह्यूम पाइप

    जानकारी के अनुसार स्टोन चिप्स लदे भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण पुलिया टूट गई थी। सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टूटी पुलिया की जगह बड़े ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मार्ग तैयार कर दिया, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारू हो सके।

    क्या बोले प्रोजेक्ट मैनेजर
    इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि “पुलिया काफी पुरानी थी। भारी दबाव के कारण वह क्षतिग्रस्त हो गई। हमने तुरंत मरम्मती कार्य शुरू करा दिया है। शुक्रवार की शाम से ROB का निर्माण कार्य फिर से शुरू करवा दिया जाएगा।”

    क्षतिग्रस्त पाइप लाइन

    पानी की पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त
    इधर बागेश्वरी रोड पर जहां पिलर के फाउंडेशन का काम चल रहा है, वहां लोगों के घरों में जलापूर्ति करने वाली पाइप लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कंपनी ने समय पर पाइप की मरम्मत नहीं कराई, जिससे घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि पाइप लाइन की मरम्मत भी जल्द करा दी जाएगी।

    अतिक्रमण और ई-रिक्शा बने बाधा
    निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों ने बताया कि निर्माण स्थल पर अतिक्रमण और ई-रिक्शा का अवैध पड़ाव भी कार्य में बाधा डाल रहा है। कंपनी ने जिला प्रशासन से इस संबंध में त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

  • गया जंक्शन पर एक व्यक्ति की मौत, एक रेलकर्मी की बाइक उनके कार्यालय के सामने से गायब, जांच शुरू

    गया जंक्शन पर एक व्यक्ति की मौत, एक रेलकर्मी की बाइक उनके कार्यालय के सामने से गायब, जांच शुरू

    देवब्रत मंडल

    इस कार्यालय के सामने से रेलकर्मी की बाइक गायब हुई

    गया जंक्शन पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक रेलकर्मी की बाइक उनके कार्यालय के सामने से ही गायब हो गई। कथित बाइक चोरी की घटना की जानकारी रेल पुलिस को दे दी गई है वहीं प्लेटफॉर्म पर हुई व्यक्ति के शव को बरामद किया गया है।

    बताया जा रहा है कि गया जंक्शन के रिज़र्वेशन कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी विकास कुमार सिन्हा की बाइक उनके कार्यालय के सामने से ही गायब हो गई। जिसकी सूचना मिलने पर यहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। पीड़ित रेलकर्मी के गया जंक्शन से ट्रांसफर का आदेश जारी कर दिया गया है। जिसे लेकर वे बेहद परेशान हैं।

    इधर, गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 02 पर एक व्यक्ति के मृत्यु की सूचना पर रेल थाना की पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसकी उम्र करीब 30-35 वर्ष के बीच बताई गई है। जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।

    बता दें कि गुरुवार को गया-पटना रेलखंड के चाकन्द स्टेशन के आसपास चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत की सूचना पर गया रेल थाना पुलिस अग्रेतर कार्रवाही की। पूछे जाने पर रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाइक गायब होने के मामले की जांच की जा रही है।

  • श्रावणी मेला 2026: डीडीयू मंडल की व्यापक तैयारी, स्पेशल ट्रेन का प्रस्ताव, श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए विशेष व्यवस्था

    श्रावणी मेला 2026: डीडीयू मंडल की व्यापक तैयारी, स्पेशल ट्रेन का प्रस्ताव, श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए विशेष व्यवस्था

    30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी, मंडल मुख्यालय पर वार रूम सक्रिय

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर कांवरिए

    पवित्र श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल द्वारा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मेला अवधि 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधा, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं निर्बाध रेल परिचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी बीच गया जंक्शन से वाणिज्य विभाग के द्वारा मेला स्पेशल ट्रेन के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। मंडल मुख्यालय में इस पर विचार किया जा रहा है। 

    गया जंक्शन के विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षक ने मेला के दौरान श्रद्धालुओं सहित आम यात्रियों की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर एक समीक्षा बैठक होने की बात बताई गई है। जिसमें स्थानीय स्तर से मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहमति जताई गई है। जिसमें उद्घोषणा प्रणाली से जुड़े कर्मचारियों को अलर्ट रहने, अवैध वेंडिंग पर रोक लगाने, ट्रेन के आगमन व प्रस्थान के निर्धारित प्लेटफॉर्म में बदलाव की जब अतिआवश्यक समझा जाएगा तो उसकी पूर्व सूचना पूछताछ कार्यालय से समय से पहले घोषणा करने आदि जैसे अन्य यात्री सुविधाओं पर फोकस किया गया है।

    मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देशानुसार पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन एवं अनुग्रह नारायण रोड सहित अधिक यात्री दबाव वाले स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था के लिए स्टैंडबाय रेक तैयार रखे गए हैं।

    भीड़ नियंत्रण एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म, बुकिंग क्षेत्र, फुट ओवर ब्रिज एवं प्रवेश-निकास मार्गों पर अतिरिक्त आरपीएफ, जीआरपी एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। मंडल कार्यालय पर बनाए गए ‘वार रूम’ से उच्च स्तर पर प्रमुख स्टेशनों पर व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। CCTV कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग, कतार व्यवस्था तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों का मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाएगा।

    वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों एवं दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था के साथ प्रमुख स्टेशनों पर ‘May I Help You’ बूथ एवं 24 घंटे यात्री सहायता केंद्र सक्रिय रहेंगे। खानपान की भी पर्याप्त व्यवस्था है। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।

    मेला अवधि के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीडीयू मंडल द्वारा श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

  • डीडीयू मंडल में कई कर्मचारियों का हुआ तबादला, गया के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक बने लाल बाबू, देखें सूची कौन कहां गए

    डीडीयू मंडल में कई कर्मचारियों का हुआ तबादला, गया के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक बने लाल बाबू, देखें सूची कौन कहां गए

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग अंतर्गत कई कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया है। जिसमें गया जंक्शन के वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य) के पद पर सेवा दे चुके लाल बाबू को गया का मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक बनाया गया है। जबकि एक और सीएसजी रहे सीटीआई लोकेश कुमार को गया गुड्स में तबादला कर दिया गया है। 
    आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस तबादले की सूची में 44 रेलकर्मियों के नाम हैं, जिन्हें इधर से उधर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुग्रह नारायण रोड जंक्शन के चीफ बुकिंग सुपरवाइजर लाल बाबू को गया आरक्षण कार्यालय का मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक बनाया गया है। जबकि गया जंक्शन पर इस पद पर सेवा दे रहे मो. मसूद अख्तर को गया में चीफ बुकिंग सुपरवाइजर रंजीत कुमार के अधीन कार्य करने की जिम्मेवारी दी गई है।

    गया जंक्शन के सीआरएस विनोद कुमार का तबादला सासाराम स्टेशन पर कर दिया गया है। जबकि सीआरएस अनुराग कुमार को गया टिकट बुकिंग कार्यालय में योगदान करने का आदेश जारी किया गया है। वहीं रिज़र्वेशन क्लर्क विकास कुमार सिन्हा को गया जंक्शन से डेहरी-ऑन-सोन जंक्शन के टिकट बुकिंग कार्यालय भेजा गया है।

    इस तबादले के आदेश के अनुसार गया के सीबीएस-कम-टिकट बुकिंग क्लर्क गौतम कुमार का तबादला गुरारू स्टेशन के लिए किया गया है। सीआरएस अमन कुमार को रफीगंज, राम विनय सिंह सीआरएस गया को गया जंक्शन के पार्सल ऑफिस में किया गया है। गुड्स गया में पदस्थापित मृत्युंजय कुमार का तबादला सोननगर मालगोदाम (गुड्स) के लिए किया गया है।

    इसी प्रकार रिज़र्वेशन क्लर्क सुनील कुमार को रफीगंज से गया जंक्शन का रिज़र्वेशन क्लर्क के पद पर तबादला किया गया है। वहीं डेहरी-ऑन-सोन के सीआरएस का तबादला गया के पार्सल कार्यालय में कर दिया गया है।
    रेलवे सूत्रों ने बताया कि यह तबादला एक सामान्य प्रक्रिया के तहत की गई है। बताया गया एक ही जगह पर लंबे समय(नियमानुसार तय समय सीमा) से कार्य कर रहे कार्य करने वाले कर्मचारियों के तबादले समय समय पर किए जाने का सर्कुलर जारी किया गया है। उसी के अनुपालन में ये तबादले किए गए हैं।