Blog

  • गया-पटना रेलखंड पर ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, पहचान नहीं हुई

    गया-पटना रेलखंड पर ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, पहचान नहीं हुई

    देवब्रत मंडल

    गया-पटना रेलखंड पर गुरुवार की सुबह ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। इस घटना की सूचना मिलते ही गया रेल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को बरामद किया।
    गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार ने बताया कि चंदौती थाना की सूचना पर टीम को घटनास्थल भेजा गया। शव को बरामद किया गया है। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। उन्होंने बताया कि मृतक के पास से कुछ ऐसा नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद उसकी पहचान के शव को नियमानुसार सुरक्षित रखा जाएगा। आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई इनकी पहचान कर सकते तो इसकी सूचना गया रेल थाना को दे सकते हैं।

  • गंगा-सतलुज एक्सप्रेस के कोच में चिंगारी से अफरातफरी, गया जंक्शन पर करीब आधे घंटे खड़ी रही ट्रेन, तकनीकी खराबी ठीक कर रवाना

    गंगा-सतलुज एक्सप्रेस के कोच में चिंगारी से अफरातफरी, गया जंक्शन पर करीब आधे घंटे खड़ी रही ट्रेन, तकनीकी खराबी ठीक कर रवाना

    देवब्रत मंडल

    गया, 30 जुलाई 2026
    धनबाद से फिरोजपुर जाने वाली 13307 अप धनबाद-फिरोजपुर गंगा-सतलुज एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की सूचना से बुधवार-गुरुवार की रात गया जंक्शन पर अफरातफरी मच गई। हालांकि घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

    रेलवे सूत्रों के अनुसार कोच एस-5 के कपलर के पास बिजली के तार से अचानक चिंगारी उठने लगी थी। उस समय ट्रेन धनबाद रेल मंडल क्षेत्र में थी। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल को दी गई।

    गया जंक्शन पर आधे घंटे रुकी रही ट्रेन
    सूचना मिलते ही गया जंक्शन अलर्ट हो गया। ट्रेन 29/30 जुलाई की रात 1:05 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची।

    यहां टीएक्सआर के कर्मचारी, गाड़ी प्रदीपन विभाग के सुपरवाइजर व कर्मचारी और ऑन ड्यूटी स्टेशन उपाधीक्षक ने ट्रेन का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि बिजली के तार का लूज कनेक्शन होने के कारण चिंगारी उठी थी।

    रेलवे कर्मियों ने गया जंक्शन पर ही कोच की तकनीकी खराबी को ठीक किया। इसके बाद ट्रेन रात 1:32 बजे गया जंक्शन से रवाना हुई। खराबी ठीक करने के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक प्लेटफॉर्म पर रुकी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

    रेलवे सूत्रों ने बताया कि घटना को लेकर संयुक्त जांच रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है।

  • रेलवे केबल चोरी मामले में 4 गिरफ्तार, 2 रिसीवर भी पकड़े गए, पूर्व मध्य रेल के 5 मंडलों में फैला था नेटवर्क, 10 से अधिक कांडों का उद्भेदन

    रेलवे केबल चोरी मामले में 4 गिरफ्तार, 2 रिसीवर भी पकड़े गए, पूर्व मध्य रेल के 5 मंडलों में फैला था नेटवर्क, 10 से अधिक कांडों का उद्भेदन

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल, मंडल धनबाद के आरपीएफ पोस्ट हजारीबाग टाउन ने रेलवे संपत्ति चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। रविवार रात IBS में चोरी करते 4 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले 2 रिसीवर को भी पकड़ा गया।

    कैसे हुई गिरफ्तारी?
    दिनांक 27.07.2026 की रात 21:41 बजे नियंत्रण कक्ष और सिग्नल स्टाफ से सूचना मिली कि बेस स्टेशन के पास स्थित IBS में कुछ लोग आपराधिक गतिविधि कर रहे हैं। सूचना पर निरीक्षक बाल गंगाधर और निरीक्षक प्रभारी CIB अरविंद कुमार राम के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।

    मौके पर 2 अभियुक्तों को 5 किलो कटा हुआ कॉपर केबल के साथ पकड़ा गया। जबकि 2 अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। तकनीकी सहायता से बाद में उन्हें भी रेल लाइन के किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया।

    गिरफ्तार अभियुक्त:

    1. बजरंगी तुरिया – उम्र 26, पिता राजकुमार तुरिया, निवासी गुरपा, गया
    2. रोहित कुमार – उम्र 18, पिता विजय चौहान, निवासी जोधन बीघा, शेखपुरा
    3. विकास कुमार राम – उम्र 25, पिता मनोज कुमार राम, निवासी हीरोडीह, गिरिडीह
    4. वीरेंद्र कुमार तुरी – उम्र 22, पिता रामदेव तुरी, निवासी मांगोडीह, नवादा

    रिसीवर गिरफ्तार, एक फरार
    पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी का सामान वजीरगंज, गया के कबाड़ियों को बेचा जाता था।
    रिसीवर के रूप में गिरफ्तार:

    1. अजय कुमार कसेरा – उम्र 46, निवासी केनर, वजीरगंज, गया
    2. राजू कुमार – उम्र 38, निवासी केनर चट्टी, वजीरगंज, गया
      फरार: गौरी शंकर – निवासी कुम्हरार टोली, अगमकुआं, पटना

    क्या-क्या बरामद हुआ?
    टीम ने कुल लगभग 37 किलो तांबे की तार और पत्तियां बरामद की। जब्त सामान की अनुमानित कीमत 55,500 रुपये है।
    साथ ही इंटरलॉकिंग चाबी, गैती, कुल्हाड़ी, हेक्सा ब्लेड, पेचकस, वायर कटर जैसे उपकरण भी मिले।

    बड़ा नेटवर्क, कई कांडों का उद्भेदन
    पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने पूर्व मध्य रेल के 10 से अधिक आरपीएफ पोस्ट में चोरी की है। उनका नेटवर्क पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडल में सक्रिय था।

    इस आधार पर RPF पोस्ट हजारीबाग टाउन में मुकदमा संख्या 08/26, दिनांक 28/7/26, धारा 3 RP(UP) एक्ट दर्ज किया गया। साथ ही पहले दर्ज कांड संख्या 02/2026 से 07/2026 तक का भी उद्भेदन कर लिया गया।

    आरपीएफ पोस्ट हजारीबाग टाउन के प्रभारी निरीक्षक सबइंस्पेक्टर बाल गंगाधर ने बताया कि इस कार्रवाई में धनबाद मंडल के CIB इंस्पेक्टर के साथ DDU, दानापुर, सोनपुर और समस्तीपुर मंडल के CIB इंस्पेक्टर भी शामिल थे। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से रेल क्षेत्र में हो रही रेलवे संपत्ति की चोरी पर काफी हद तक काबू पाया जा सकेगा। गिरोह के कुछ और सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाने का दावा किया गया है।

    छापेमारी टीम में शामिल थे:
    सीआईबी निरीक्षक अरविंद कुमार राम, उपनिरीक्षक बाल गंगाधर, उपनिरीक्षक अमित कुमार, सहायक उप निरीक्षक एस के तिवारी, प्रधान आरक्षी अनिल कुमार सिंह, तनवीर खान, फूलचंद महतो, विकास कुमार, संजय बारा, आरक्षी राजकुमार साव, सहजाद आलम।

  • गया जंक्शन पहुंचे सीनियर डीसीएम, वर्ल्ड क्लास स्टेशन के काम में तेजी लाने का निर्देश, वेटिंग हॉल में एसी लगाने का भी दिया आदेश

    गया जंक्शन पहुंचे सीनियर डीसीएम, वर्ल्ड क्लास स्टेशन के काम में तेजी लाने का निर्देश, वेटिंग हॉल में एसी लगाने का भी दिया आदेश

    देवब्रत मंडल


    डीडीयू मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन ने बुधवार को गया जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को वर्ल्ड क्लास स्टेशन निर्माण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

    क्या-क्या देखा सीनियर डीसीएम ने?
    निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम ने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा।

    इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित यात्री प्रतीक्षालय यानी वेटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया।

    वेटिंग हॉल में एसी लगाने का निर्देश
    गर्मी और उमस को देखते हुए सीनियर डीसीएम ने वेटिंग हॉल में यात्रियों की सुविधा के लिए एयर कंडीशनर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को बेहतर सुविधा देना रेलवे की प्राथमिकता है। जल्द से जल्द एसी स्थापित किया जाए ताकि यात्रियों को आरामदायक वातावरण मिल सके।

    सीनियर डीसीएम ने कहा कि गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने और लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान रेलवे के वाणिज्य एवं इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

  • गया: दो मासूम बच्चों की हत्या मामले में मां को उम्रकैद, अदालत ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

    गया: दो मासूम बच्चों की हत्या मामले में मां को उम्रकैद, अदालत ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

    देवब्रत मंडल


    गया। करीब नौ वर्ष पुराने बहुचर्चित दो मासूम बच्चों की हत्या के मामले में गया की अदालत ने दोषी मां को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1, गया शशि कांत ओझा की अदालत ने स्टेट ऑफ बिहार बनाम ब्यूटी देवी (सेशन ट्रायल संख्या-258/2017) में यह फैसला सुनाया।
    अदालत ने 21 जुलाई 2026 को ब्यूटी देवी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302/120बी एवं 201/120बी के तहत दोषी ठहराया था। इसके बाद 27 जुलाई 2026 को सजा के बिंदु पर सुनवाई करते हुए अदालत ने दोषी को आजीवन कारावास तथा ₹50,000 अर्थदंड की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं देने पर अतिरिक्त चार माह का साधारण कारावास भुगतना होगा।
    क्या था मामला
    अभियोजन के अनुसार, गुरारू थाना क्षेत्र के तिलोरी गांव निवासी शिकायतकर्ता ने वर्ष 2017 में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी बहू ब्यूटी देवी ने कथित रूप से प्रेम संबंध के कारण अपने दो छोटे बच्चों की हत्या कर शवों को जलाने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की और साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र दाखिल किया।
    अदालत की टिप्पणी
    सजा के दौरान अभियोजन पक्ष ने इसे अत्यंत जघन्य अपराध बताते हुए कठोर दंड की मांग की। वहीं बचाव पक्ष ने दोषी महिला होने और पूर्व में किसी आपराधिक इतिहास का हवाला देते हुए नरमी की अपील की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और मामले की गंभीरता को देखते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
    यह मामला वर्ष 2017 से न्यायालय में विचाराधीन था, जिसका फैसला अब जाकर आया है।

  • गया जंक्शन को रेल डिवीज़न बनाने की उठी मांग, कांग्रेस ने दिया धरना, रेलमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

    गया जंक्शन को रेल डिवीज़न बनाने की उठी मांग, कांग्रेस ने दिया धरना, रेलमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

    देवब्रत मंडल

    पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गया रेलवे जंक्शन परिसर में कांग्रेस पार्टी के बैनर तले शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरने के माध्यम से गया जंक्शन को रेलवे डिवीजन बनाने सहित वर्षों से लंबित कई मांगों को उठाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की।

    धरने में ये नेता रहे मौजूद
    धरने में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, सुनील कुमार पासवान, सैफुल इस्लाम, नवीन कुमार गुप्ता, उपेंद्र द्विवेदी, निरु देवी, सुनैना देवी, पूनम कुमारी, अंशु सिन्हा, नेयाज अशरफ, मोहम्मद शामिम, बाबूलाल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

    क्या-क्या मांगे उठीं?
    नेताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त और वर्ल्ड क्लास निर्माणाधीन गया रेलवे जंक्शन को रेल डिवीजन का दर्जा मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने निम्न मांगें रखीं:

    • गया से मुंबई, बंगलुरु, अहमदाबाद, हैदराबाद, पुरी आदि के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाए
    • वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, खिलाड़ियों को मिलने वाली रेल टिकट रियायत पुनः शुरू की जाए
    • चाकंद, बेलागंज, ईश्वर चौधरी हाल्ट, मानपुर, बंधुआ, पैमार, करजरा, काष्ठा आदि स्टेशनों का विकास हो
    • जिले की सड़कों पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण हो
    • टेंपो-टोटो से प्रतिदिन 25 रुपये ठेकेदारी वसूली बंद हो
    • जंक्शन परिसर में मॉल और व्यावसायिक केंद्र विकसित किए जाएं
    • पैसेंजर ट्रेन के नाम में ‘स्पेशल’ जोड़कर एक्सप्रेस भाड़ा लेने की परंपरा बंद हो
    • गया से पटना के लिए रात 8-9 बजे नई पैसेंजर ट्रेन शुरू हो
    • गया जंक्शन से बोधगया, CUSB, IIM के लिए 24 घंटे रिंग बस चलाई जाए

    नेताओं का कहना था कि इन मांगों के पूरा नहीं होने से मध्य और दक्षिण बिहार के लोगों में निराशा है।

    रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन
    धरना समाप्ति के बाद प्रतिनिधिमंडल ने गया रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार से मिलकर केंद्रीय रेल मंत्री के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

  • डीडीयू मंडल आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: सात माह में 233 शराब तस्करी के मामले उजागर, 97% की बढ़ोतरी

    डीडीयू मंडल आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: सात माह में 233 शराब तस्करी के मामले उजागर, 97% की बढ़ोतरी


    ऑपरेशन सतर्क और ऑपरेशन नारकोस के तहत शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा प्रहार, करोड़ों रुपये की अवैध सामग्री जब्त

    देवब्रत मंडल

    गया जी: पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वर्ष 2026 के पहले सात महीनों में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीणा के निर्देशन तथा वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
    आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन सतर्क के तहत जनवरी से जुलाई 2026 तक कुल 233 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान करीब 11.91 लाख लीटर देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 67 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। साथ ही 390 तस्करों को गिरफ्तार कर संबंधित एजेंसियों के हवाले किया गया।
    बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए आरपीएफ ने विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत 97 मामलों में लगभग 6.93 लाख लीटर शराब (अनुमानित कीमत करीब 25 करोड़ रुपये) जब्त की गई। वहीं उत्तर प्रदेश में 124 मामलों में करीब 4.35 लाख लीटर तथा झारखंड में 12 मामलों में करीब 63 हजार लीटर शराब बरामद की गई।
    वर्ष 2025 की समान अवधि की तुलना में वर्ष 2026 में शराब तस्करी के मामलों के उद्भेदन में 97 प्रतिशत, शराब की बरामदगी में 152 प्रतिशत तथा गिरफ्तारियों में 82 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

    ऑपरेशन नारकोस में भी बड़ी सफलता


    रेल मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत जनवरी से जुलाई 2026 तक 93 मामलों का खुलासा किया गया। इस दौरान लगभग 1.61 लाख किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 8 तस्करों को गिरफ्तार कर संबंधित एजेंसियों को सौंपा गया।
    आरपीएफ के अनुसार, वर्ष 2025 की तुलना में ऑपरेशन नारकोस के तहत मामलों के उद्भेदन में 62.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
    तस्करी रोकने के लिए अभियान रहेगा जारी
    आरपीएफ ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का उपयोग शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के लिए न हो, इसके लिए अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि रेल मार्ग को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखा जा सके।

  • 47वीं बटालियन सीआरपीएफ में धूमधाम से मनाया गया 88वां स्थापना दिवस, बच्चों को सुरक्षा और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

    47वीं बटालियन सीआरपीएफ में धूमधाम से मनाया गया 88वां स्थापना दिवस, बच्चों को सुरक्षा और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

    देवब्रत मंडल

    गयाजी। 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय, जेल कॉम्प्लेक्स, गया में सोमवार को सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट अवधेश कुमार ने किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं जवानों ने देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
    स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक, प्रेरणादायक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सीआरपीएफ के कार्यों, दायित्वों तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी दी गई। साथ ही आधुनिक हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन कर उनकी कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया, जिसे बच्चों ने उत्साह और जिज्ञासा के साथ देखा।
    कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों के बीच सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें संगठनात्मक विषयों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना पर विशेष बल दिया गया।
    जनसंपर्क एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के उद्देश्य से दो निजी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। विजेता प्रतिभागियों को कमांडेंट द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।
    इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना था। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि एक स्कूल के मयंक कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
    इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी के.के. सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी अनिल कुमार, उप कमांडेंट अभय सिंह भाटी, उप कमांडेंट पंकज कुमार, उप कमांडेंट उत्तम कुमार, अधिकारी, जवान, विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सीआरपीएफ के राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

  • गया नगर निगम के वार्ड पार्षद ने थामा भाजपा का दामन, भारी संख्या में समर्थकों के साथ ग्रहण की पार्टी की सदस्यता

    गया नगर निगम के वार्ड पार्षद ने थामा भाजपा का दामन, भारी संख्या में समर्थकों के साथ ग्रहण की पार्टी की सदस्यता

    देवब्रत मंडल

    गयाजी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में गया नगर निगम के वार्ड पार्षद, सशक्त स्थायी समिति सदस्य एवं समाजसेवी मनोज कुमार ने अपने भारी संख्या में समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी का पट्टा एवं सदस्यता पर्ची पहनाकर भव्य स्वागत किया।
    इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा निरंतर समाज के समर्पित, कर्मठ और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध लोगों को अपने साथ जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मनोज कुमार और उनके समर्थकों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों को और गति मिलेगी।
    वहीं मनोज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और विकासोन्मुख नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने अपने भारी संख्या में समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने, क्षेत्र के विकास तथा आम जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए सम्मान और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।

  • विश्व गर्दन एवं सिर कैंसर दिवस की पूर्व संध्या पर IMA का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 52 मरीजों की जांच, वरिष्ठ चिकित्सकों ने दी सलाह

    विश्व गर्दन एवं सिर कैंसर दिवस की पूर्व संध्या पर IMA का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 52 मरीजों की जांच, वरिष्ठ चिकित्सकों ने दी सलाह

    देवब्रत मंडल

    स्वास्थ्य परीक्षण करते चिकित्सक

    गया, 25 जुलाई 2026 
    विश्व गर्दन एवं गला कैंसर दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय चिकित्सा संघ IMA गया शाखा द्वारा आज एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

    किसकी अगुवाई में लगा शिविर?
    शिविर का नेतृत्व IMA अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह और सचिव डॉ. विमलेन्दु विमल ने किया।

    शिविर में डॉ. डी.के. सहाय, डॉ. आर.पी. ठाकुर, डॉ. उमेश वर्मा, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. प्रांशु कुमार, डॉ. रामाधार तिवारी, डॉ. शिव बचन सिंह, डॉ. एल.एम. सिंह, डॉ. यू.एस. अरुण, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. करूणेश कुमार, डॉ. हर्ष वर्धन और डॉ. राजीव कुमार सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक शामिल हुए।

    कितने मरीजों ने कराई जांच?
    शिविर में कुल 52 मरीज पहुंचे। सभी मरीजों की गर्दन, सिर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को समय पर जांच कराने और कैंसर के लक्षणों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

    IMA के पदाधिकारियों ने कहा कि गर्दन और सिर कैंसर के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य था। समय पर पहचान से इस बीमारी का इलाज संभव है।