इंडिगो फ्लाइट से दिल्ली जा रहा था जवान सतीश कुमार, स्कैनर में दिखी संदिग्ध चीज; मगध मेडिकल पुलिस कर रही जांच
देवब्रत मंडल| गया
डेट: 6 जून 2026

गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार शाम सुरक्षा जांच के दौरान एक आरपीएफ जवान के बैग से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी जवान को मगध मेडिकल थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह फिलहाल आनंद विहार टर्मिनल स्टेशन, दिल्ली में पदस्थापित है।
क्या है मामला
मगध मेडिकल थानाध्यक्ष के अनुसार, पकड़े गए जवान का नाम सतीश कुमार है। वह गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। शनिवार को उसे इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से दिल्ली जाना था।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान जब जवान का बैग लगेज स्कैनर से गुजरा तो उसमें कुछ संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। संदेह के आधार पर सुरक्षा कर्मियों ने बैग की तलाशी ली। तलाशी में बैग से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। कारतूस मिलने के बाद जवान को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
थानाध्यक्ष ने कहा-की जा रही जांच
मगध मेडिकल थानाध्यक्ष ने बताया, “प्रारंभिक जांच चल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में जवान के बैग में कारतूस पहुंचे। हो सकता है कि आरपीएफ जवान सतीश कुमार को याद नहीं रहा हो कि उसके बैग में कारतूस हैं। फिर भी मामले में सभी एंगल से जांच की जा रही है।”
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां बरामद कारतूस के स्रोत और जवान के बैग में पहुंचने की वजह का पता लगा रही हैं। हिरासत में लिए गए जवान से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वैसे प्रथम दृष्टया में भूलवश बैग में ही रखा रह गया था कारतूस। परंतु सुरक्षा के लिहाज से गैरकानूनी कृत बताया जा रहा है।
