देवब्रत मंडल

गया: जिले के परैया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अपराधियों ने एक साइकिल सवार व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रामडीह और उपरैली के बीच खारपर के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान छककन बिगहा निवासी अवधेश शर्मा (45 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अवधेश किसी काम से साइकिल से परैया बाजार गए थे। दोपहर में घर लौटने के दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी काले रंग के गमछे से चेहरा ढके हुए थे। जैसे ही अवधेश खारपर के पास पहुंचे, बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही परैया थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने महज 7 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
