महताब अंसारी, कोंच
सूबे की राजधानी पटना में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रामकृष्ण नगर थाना पुलिस ने संगठित मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की 7 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार सभी आरोपी गया जिले के टिकारी, अलीपुर, कोंच और पुरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पुरा थाना क्षेत्र के अमर कश्यप की निशानदेही पर इस गिरोह का खुलासा हुआ।
अमर कश्यप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलीपुर थाना क्षेत्र से सुमित कुमार, विपुल कुमार, संटू राज और सत्यम कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं टिकारी थाना क्षेत्र से छोटू कुमार, कुंदन कुमार और साहिल कुमार को पकड़ा गया। इसके अलावा कोंच थाना क्षेत्र से सन्नी कुमार और प्रतीक कुमार को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और चोरी की गाड़ियों को अलग-अलग इलाकों में बेच देता था। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
