देवब्रत मंडल

गया जी। मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बारा पावर ग्रिड के समीप आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा सफारी कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रियरंजन के अनुसार, उजले रंग की टाटा सफारी (संख्या BR-01PB-7996) की तलाशी लेने पर कुल 240 टेट्रा पैक/पेट बोतल में 43.200 लीटर विदेशी शराब तथा 432 कैन बीयर (216.000 लीटर) बरामद की गई। इस प्रकार कुल 259.200 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार (31 वर्ष), सुजीत कुमार (32 वर्ष), आरती देवी (31 वर्ष) एवं बिमला देवी (46 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के समस्तीपुर और वैशाली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
छापेमारी दल में अवर निरीक्षक पूजा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार, मधनिषेध सिपाही विजय कुमार राय एवं विकास रंजन सहित अन्य गृह रक्षक जवान और सशस्त्र बल के सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
