देवब्रत मंडल

गया, 19 अप्रैल 2026: पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत एक युवक को 20 लीटर अंग्रेजी बीयर के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4400 रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ गया के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार, प्रधान आरक्षी संजय कुमार राय, आरक्षी शशि शेखर, अनिल प्रसाद एवं विकास कुमार की टीम, सीपीडीएस टीम के उप निरीक्षक मुकेश कुमार तथा जीआरपी गया के पुलिस अवर निरीक्षक शिव शंकर प्रसाद व महिला आरक्षी इशरत बानो के साथ गया जंक्शन पर संयुक्त रूप से गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान स्टेशन के ऑफिसर रेस्ट हाउस गेट के समीप एक युवक संदिग्ध स्थिति में बैग और झोला लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगा, जिसे तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रवीन कुमार (24 वर्ष), निवासी फतेहपुर, थाना अतरी, जिला गया बताया। उसने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल के आसनसोल से बीयर खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से ला रहा था।
तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 40 बोतल (प्रत्येक 500 एमएल) HAYWARDS 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर बरामद हुई, जो “FOR SALE IN WB ONLY” अंकित थी। कुल मात्रा 20 लीटर आंकी गई।
आरपीएफ द्वारा मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त एवं जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना गया को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 111/2026 दर्ज करते हुए बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
बड़ा सवाल: जितने भी शराब तस्करी के आरोप में पकड़े जाते हैं उसके पास रहे मोबाइल को पुलिस जब्त प्रदर्श में नहीं दिखाती है, जबकि आम आदमी आज बगैर मोबाइल के नहीं होते।
