महताब अंसारी

गुरारू (गया): गुरारू प्रखंड के ग्राम पंचायत डीहा अंतर्गत बंदरी गांव में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे भीषण आग लगने से व्यापक नुकसान हुआ। आग की चपेट में आकर लगभग 40 बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
इस घटना से प्रभावित किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते खेतों में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
डीहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिंटू वर्मा ने बताया कि इस अगलगी में मो. वसीर, मो. हलीम, मो. साबिर, ललन पासवान, सुरेंद्र पासवान एवं मो. मिस्टर सहित कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए भारी नुकसान से कुछ राहत मिल सके।
